LIVE

आज की ताजा खबर, 24 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: अमेरिका में बड़ा हादसा, बसों की टक्कर के बाद पेंटागन मेट्रो स्टेशन बंद, महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल और तमिलनाडू चुनाव, ईरान अमेरिका युद्ध, इजराइल लेबनान युद्ध, आईपीएल में आज का मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar): संदीप पाठक - मैं 10 साल से आम आदमी पार्टी से जुड़ा रहा हूं, लेकिन आज मैं आम आदमी पार्टी छोड़ रहा हूं, मैंने सोचा नहीं था कि ये दिन भी आएगा।, दुनिया और देश में कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। इजराइल और लेबनान के बीच चल रहा सीजफायर तीन हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है, जिसकी घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की। वहीं पर देश में हुए दो राज्यों के विधानसभा चुनाव जिनमें पश्चिम बंगाल में 91% और तमिलनाडु में 84% से ज्यादा मतदान हुआ है, जो रिकॉर्ड बताया जा रहा है। दूसरी ओर आईपीएल में आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मैच खेला जाएगा। देश में गर्मी भी तेजी से बढ़ रही है और कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है।
आज की ताजा खबर, 24 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: अमेरिका में बड़ा हादसा, बसों की टक्कर के बाद पेंटागन मेट्रो स्टेशन बंद, महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल और तमिलनाडू चुनाव, ईरान अमेरिका युद्ध, इजराइल लेबनान युद्ध, आईपीएल में आज का मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar):
  • ईरान के बाद अब इजराइल और लेबनान के बीच भी सीजफायर की तारीख बढ़ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि इजराइल और लेबनान के बीच जारी सीजफायर तीन हफ्ते के लिए और बढ़ा दी गई है। यह फैसला व्हाइट हाउस में हुई उच्चस्तरीय बातचीत के बाद सामने आया, जो पिछले एक हफ्ते में दोनों पक्षों के बीच दूसरी अहम बैठक थी।
  • पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के संपन्न हुए मतदान में 91 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उधर, तमिलनाडु की संभी 234 सीटों पर 84 फीसदी से ज्यादा मत डाले गए। इनमें से कई ऐसी सीटें हैं, जहां अबतक के इतिहास में सबसे अधिक मतदान किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बंगाल में आजादी के बाद सबसे ज्यादा मतदान हुआ है।
  • आईपीएल 2026 का 34वां मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास रहने वाला है। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला शुक्रवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां हमेशा की तरह दर्शकों का उत्साह देखने लायक होगा।
  • आरसीबी के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि वह अपने घरेलू मैदान पर आखिरी मुकाबला जीतकर फैंस को खुश करना चाहेगी। टीम अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाकर सीजन का समापन मजबूत तरीके से करना चाहती है। खिलाड़ियों पर अच्छा खेल दिखाने का दबाव भी रहेगा, ताकि वे अपने समर्थकों को जीत का तोहफा दे सकें।
  • देश के ज्यादातर राज्य गर्मी से जूझ रहे हैं और अब हीटवेव हालत खराब कर रही है। इसी बीच कुछ राज्यों में हल्की मौसमी गतिविधियां होने से प्री मानसून के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने इस सप्ताह उत्तर भारत में तापमान बढ़ेगा और यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है।
  • अगले 24 घंटे में पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक बार फिर से मौसम बदलेगा और हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर व उत्तराखंड के कुछ ऊंचे हिस्सों पर तेज हवाओं के साथ बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी है। स्काईमेट ने वीकेंड तक लगातार पूर्वोत्तर के राज्यों में मेघ गर्जन के साथ तूफान और मध्यम से भारी बारिश से मौसम खराब रहने का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, झारखंड, ओडिशा, त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ में हीटवेव परेशान करेगी।
Apr 24, 2026 | 10:02 PM IST

अमेरिका में बड़ा हादसा, बसों की टक्कर के बाद पेंटागन मेट्रो स्टेशन बंद

अमेरिका के आर्लिंगटन में शुक्रवार सुबह एक बस हादसे के बाद पेंटागन मेट्रो स्टेशन और ट्रांसिज सेंटर को बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। पेंटागन पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:19 बजे पेंटागन साउथ पार्किंग के पास हादसे की सूचना मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो बसों की आमने-सामने टक्कर हुई।
Apr 24, 2026 | 07:48 PM IST

गुजरात के तिलकवाड़ा में मगरमच्छ ने 60 वर्षीय बुजुर्ग को खींचा, दर्दनाक मौत

नर्मदा किनारे बकरियां चरा रहे 60 वर्षीय मयुद्दीन अमीरभाई राठौड़ पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। यह घटना तिलकवाड़ा तालुका के सिंधियापुरा गांव के पास दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मयुद्दीन राठौड़ नदी किनारे अपने रोज़मर्रा के काम में व्यस्त थे, तभी अचानक पानी में छिपे मगरमच्छ ने उन पर झपट्टा मारा और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया। घटना इतनी अचानक थी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही तिलकवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व तैराकों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग का शव पानी से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए तिलकवाड़ा सरकारी अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस नदी में कई मगरमच्छ मौजूद हैं और पहले भी ऐसे खतरे की आशंका जताई जा चुकी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मगरमच्छों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर इंसान और जंगल के बीच बढ़ते टकराव की हकीकत को सामने ला दिया है।
Apr 24, 2026 | 05:41 PM IST

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा मुख्यालय पहुंचे

Apr 24, 2026 | 04:33 PM IST

महाराष्ट्र की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: भंडारा में भीषण सड़क हादसा

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मारी। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य चार घायल हो गए।
Apr 24, 2026 | 04:33 PM IST

जम्मू कश्मीर की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: पुंछ में जंग लगा मोर्टार गोला बरामद

जम्मू कश्मीर के पुंछ स्थित मेंढर सेक्टर के सीमावर्ती क्षेत्र में शुक्रवार को एक जंग लगा मोर्टार गोला बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मेंढर के नारोल के पास एक मैदान में ग्रामीणों ने मोर्टार गोला देखा। उन्होंने बताया कि सेना के बम रोधी दस्ते को बुलाया गया और बाद में मोर्टार गोले को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
Apr 24, 2026 | 03:59 PM IST

आम आदमी पार्टी: आज की ताजा खबर हिंदी न्यूज लाइव

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में संदीप पाठक ने कहा, मैं 10 साल से आम आदमी पार्टी से जुड़ा रहा हूं, लेकिन आज मैं आम आदमी पार्टी छोड़ रहा हूं, मैंने सोचा नहीं था कि ये दिन भी आएगा।
Apr 24, 2026 | 03:47 PM IST

आज की ताजा खबर, 24 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: आम आदमी पार्टी से संदीप पाठक, सुनील मित्तल, राघव चड्ढा ज्वाइन करेंगे बीजेपी

जिस पार्टी को मैंने अपनी जवानी के 15 साल दिए, जिस AAP को मैंने अपने खून पसीने से सींचा वह आप अपने कोर मॉडल से भटक चुकी है।
AAP अब देशहित के काम नहीं कर रही है। यह पार्टी अपने पर्सनल हित के लिए काम कर रही है। मैं आम आदमी पार्टी से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं। हम अपना करियर बनाने के लिए राजनीति में नहीं आए थे। आज हम ऐसे मोड़ पर खड़े हैं, वहां दो विकल्प हैं। या हम राजनीती छोड़ दें या हम अनुभव को लेकर पॉजिटिव पॉलिटिक्स करें। हम बीजेपी के साथ मर्ज करेंगे। हम दो तिहाई आम आदमी पार्टी राज्यसभा सांसद बीजेपी में खुद का विलय करते हैं।
Apr 24, 2026 | 03:04 PM IST

तिरुवनंतपुरम में हमले में एक व्यक्ति की मौत, आरोपी फरार

केरल के तिरुवनंतपुरम के कट्टाकडा में विवाद के बाद एक व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला किए जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कट्टाकडा के पास एल्लुविला निवासी राहुल (24) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब पौने ग्यारह बजे कट्टाकडा के किल्ली के पास ’राजश्री’ सभागार के सामने राहुल और आरोपी के बीच हाथापाई हुई थी।
Apr 24, 2026 | 02:57 PM IST

बेंगलुरु के एक श्रद्धालु ने तिरुपति मंदिर को 95 लाख रुपये मूल्य के सोने के पदक दान किए

बेंगलुरु के एक श्रद्धालु ने शुक्रवार को तिरुमला में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर को 95 लाख रुपये मूल्य के सात स्वर्ण पदक दान किए। तिरुपति में श्री वेंकटेश्वर मंदिर के आधिकारिक संरक्षक, तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) द्वारा जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि एम महादेवाम्मा ने 753 ग्राम वजन के पदक दान किए।

श्रद्धालु ने श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के भीतर रंगनायकुला मंडपम में टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी एम रविचंद्र और अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी सी वेंकैया चौधरी को पदक भेंट किए।
Apr 24, 2026 | 02:53 PM IST

'वे झालमुरी का वादा करते हैं, मैं भेलपुरी दूंगी, कोलकाता रैली में बोलीं ममता बनर्जी

कोलकाता में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने बोवबाजार में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा।

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के झारग्राम दौरे के दौरान जलेबी नहीं बल्कि झालमुड़ी खाने का कार्यक्रम भी चुनावी रणनीति के तहत पहले से तय किया गया था। उन्होंने कहा कि उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और पूरी व्यवस्था को पहले से ही तैयार किया गया था।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे दिल्ली वालों को भेलपुरी भेजेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वे अलग-अलग राज्यों के खाने का सम्मान करती हैं और सभी भारतीय व्यंजनों को पसंद करती हैं।
Apr 24, 2026 | 02:17 PM IST

‘35 साल में एक भी गवाह से पूछताछ नहीं': दंगा करने के आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्यवाही पर रोक

उच्चतम न्यायालय ने 1989 के दंगा और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के मामले में एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही पर रोक लगा दी और कहा कि 35 वर्षों में अभियोजन पक्ष के किसी भी गवाह से पूछताछ नहीं हुई। शीर्ष अदालत ने कहा कि वह केवल देरी के आधार पर कार्यवाही को रद्द करने के पक्ष में है लेकिन आगे बढ़ने से पहले वह राज्य की दलील सुनना चाहेगा।

न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई की पीठ ने आपराधिक कार्यवाही को रद्द करने से इनकार करने के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली पुलिस अधिकारी की याचिका पर उत्तराखंड सरकार को नोटिस जारी किया।

पीठ ने कहा ’’हमें सूचित किया गया है कि कुल पांच आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किए गए थे, जिनमें वर्तमान याचिकाकर्ता भी शामिल है। इन पांचों में से दो सह-आरोपियों का निधन हो गया है और अन्य दो सह-आरोपियों को पहले ही बरी कर दिया गया है क्योंकि अभियोजन पक्ष मौखिक साक्ष्य दर्ज करने के उद्देश्य से किसी भी गवाह को पेश करने में विफल रहा।’’
Apr 24, 2026 | 02:14 PM IST

देवरिया के मेडिकल कॉलेज में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला

देवरिया जिले की पुलिस ने शुक्रवार सुबह महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मेडिकल कॉलेज के मरीजों के लिए बने शेड के पास सुबह करीब छह बजे लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में देखा और इसकी सूचना सुरक्षाकर्मियों को दी।
Apr 24, 2026 | 02:13 PM IST

शीना बोरा मामला : न्यायालय का इंद्राणी मुखर्जी की विदेश जाने की नयी याचिका पर सुनवाई से इनकार

उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को शीना बोरा हत्या मामले की आरोपी इंद्राणी मुखर्जी की विदेश यात्रा की अनुमति मांगने वाली नयी याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने मुखर्जी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी से कहा कि शीर्ष अदालत पहले ही उन्हें किसी भी राहत के लिए निचली अदालत जाने को कह चुकी है, जहां उनके खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही लंबित है।

जेठमलानी ने कहा कि पिछले वर्ष उच्चतम न्यायालय ने विदेश यात्रा की मुखर्जी की याचिका पर गुण-दोष के आधार पर फैसला नहीं दिया था, लेकिन अब कुछ तात्कालिक जरूरत है।
पीठ ने कहा कि पिछले वर्ष का आदेश केवल याचिकाकर्ता को निचली अदालत में आवेदन देने की अनुमति देने के लिए था, न कि शीर्ष अदालत में।

न्यायालय ने आदेश दिया, ’’उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुए हम याचिकाकर्ता को निचली अदालत में आवेदन दायर करने की स्वतंत्रता देते हैं। यदि आवेदन दायर किया जाता है, तो उस पर हमारे आदेश के अनुरूप निर्णय लिया जाए। तात्कालिकता को देखते हुए आवेदन का निपटारा चार सप्ताह के भीतर किया जाए।’’
Apr 24, 2026 | 02:08 PM IST

बिहार विधानसभा में सम्राट चौधरी सरकार ने विश्वास मत हासिल किया

बिहार में सम्राट चौधरी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। राज्य विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान चौधरी ने यह प्रस्ताव पेश किया कि ’’सदन राज्य की वर्तमान मंत्रिपरिषद में अपना विश्वास व्यक्त करे।’’

राज्य के 243 सदस्यीय सदन में यह प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया, जहां भाजपा नीत राजग को 202 सीट के साथ भारी बहुमत प्राप्त है। इस महीने की शुरुआत में जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद चौधरी राज्य में सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले भाजपा नेता बने।
Apr 24, 2026 | 01:19 PM IST

पीएम मोदी चुनावी रैली आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: 'भ्रष्टाचार और सिंडिकेट पर सख्त कार्रवाई होगी', कोलकाता रैली में बोले प्रधानमंत्री

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के दमदम में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने बंगाल (Bengal Chunav 2026) को क्रांति और वीरों की धरती बताया और कहा कि यहां के लोगों ने हमेशा बदलाव और साहस की पहचान बनाई है।

पीएम मोदी ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद जनता का रुझान साफ दिख रहा है और बदलाव की लहर और मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में मिले समर्थन ने बीजेपी के पक्ष में मजबूत संकेत दिए हैं और आगे के चरणों में भी यही रुझान जारी रहेगा।
Apr 24, 2026 | 12:15 PM IST

बंगाल चुनाव पर अमित शाह का बयान

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बीच गृह मंत्री व बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने प्रेस कांफ्रेंस किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा, मतदाताओं को बहुत अभिनंदन करना चाहता हूं। भय से भरोसे की यात्रा को बहुत अच्छे से शुरू किया है। लंबे समय बाद मतदान में एक भी मौत नहीं हुई है, मैं इसके लिए जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं।

शाह ने कहा, कल बंगाल चुनाव के पहले चरण में मतदान के सारे रिकॉर्ड टूटे हैं। बंगाल की जनता ने भय से भरोसे की ओर की यात्रा को अच्छे से शुरू किया है। अब दूसरे चरण के वोटर भी भय से भरोसे की ओर की यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। बंगाल में परिवर्तन के लिए वोट डाला गया है।
Apr 24, 2026 | 11:32 AM IST

अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: बंगाल में पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान-गृहमंत्री

बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के बाद अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस: "कल बंगाल में पहले चरण के मतदान को लेकर दावा किया गया कि कई पुराने रिकॉर्ड टूट गए। कहा जा रहा है कि मतदान के दौरान जनता में भारी उत्साह देखने को मिला। समर्थकों का मानना है कि लोग भय से भरोसे की ओर बढ़ रहे हैं और परिवर्तन के लिए वोट डाल रहे हैं। अब दूसरे चरण पर नजर है।"
Apr 24, 2026 | 11:22 AM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: सज्जन कुमार को सुप्रीम कोर्ट से झटका

1984 के सिख दंगों से जुड़े मामले में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया। इस फैसले के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मामला गंभीर अपराध से जुड़ा होने के कारण राहत नहीं मिली।
Apr 24, 2026 | 11:03 AM IST

<b>राजस्थान विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ATS, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर मौजूद है, तलाशी अभियान जारी है।</b>

Apr 24, 2026 | 10:47 AM IST

पवन खेड़ा आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: कांग्रेस नेता को गुवाहाटी हाईकोर्ट से झटका

गुवाहाटी हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया है, जिससे उनकी गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है। यह मामला असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर से जुड़ा है।

पवन खेड़ा ने इस एफआईआर के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था। उन पर मुख्यमंत्री की पत्नी पर कई पासपोर्ट रखने जैसे आरोप लगाने का मामला है।
Apr 24, 2026 | 10:14 AM IST

तमिलनाडु चुनाव आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को संपन्न होने के बाद निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने सीलबंद ईवीएम, वीवीपैट मशीनों और अन्य मतदान सामग्री को राज्य भर में निर्धारित मतगणना केंद्रों के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रूप से स्थानांतरित कर दिया।

ईवीएम मशीनों को पुलिस और सशस्त्र बलों की सुरक्षा में 62 मतगणना केंद्रों तक पहुंचाया गया, जहां चार मई को सभी 234 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना होगी। निर्धारित मतगणना केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
Apr 24, 2026 | 10:08 AM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: न्यूयॉर्क में बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में चार प्रवासी सदस्यों को सम्मानित किया गया

बिहार दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष समारोह में बिहार मूल के प्रवासी समुदाय के चार लोगों को उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए यहां सम्मानित किया गया।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने ’बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएसए ईटीजेड’ और ’बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ के सहयोग से इस सप्ताह की शुरुआत में बिहार दिवस मनाया।

इस अवसर पर समुदाय के प्रतिष्ठित सदस्यों को बिहार विश्व गौरव सम्मान 2026 प्रदान किया गया। सम्मान पाने वालों में विश्व बैंक समूह के जल विभाग के वैश्विक निदेशक सरोज कुमार झा, फुलक्रम डिजिटल के अध्यक्ष एवं संस्थापक राजेश सिन्हा, एएमडी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य सूचना अधिकारी हसमुख रंजन तथा सिल्वामो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी संजय चौबे शामिल थे। उन्हें उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
Apr 24, 2026 | 09:42 AM IST

मुंबई आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: निर्माणाधीन स्थल पर गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत, 10 लोग घायल

मुंबई के भांडुप (पश्चिम) इलाके में एक निर्माणाधीन स्थल पर गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। निकाय अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे जनता मार्केट के निकट मेट्रो मॉल के पास हुई जहां झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (एसआरए) की एक इमारत का निर्माण हो रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित कथित तौर पर पास के मातोश्री मैरिज हॉल में एक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे और इस दौरान वे पूर्वी उपनगर में एसआरए निर्माण स्थल पर एक गड्ढे में दुर्घटनावश गिर गए। एक निकाय अधिकारी ने बताया कि पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और वार्ड कर्मियों के साथ मुंबई दमकल विभाग की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
Apr 24, 2026 | 09:40 AM IST

अमित शाह आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: गृहमंत्री आज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, बंगाल चुनाव पर रख सकते हैं पार्टी का पक्ष

आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं, जिसमें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय में हो रही है, जब राज्य में पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस का समय सुबह 11 बजे बताया जा रहा है, इस दौरान पहले चरण में हुई रिकॉर्ड वोटिंग और आगे की चुनावी रणनीति पर फोकस रहने की उम्मीद है।
Apr 24, 2026 | 08:51 AM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: जब तक मुसलमानों को न्याय नहीं मिल जाता, भारत विश्वगुरु नहीं बन सकता: ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बृहस्पतिवार को कहा कि जब तक देश में मुसलमानों को न्याय नहीं मिलता, भारत ’विश्वगुरु’ नहीं बन सकता। उन्होंने भुज के मतदाताओं से स्थानीय निकाय चुनावों से पहले समुदाय के भीतर राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने का आग्रह किया।

भुज कस्बे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि अल्पसंख्यकों के लिए न्याय और समानता के बिना विश्व स्तर पर अग्रणी बनने संबंधी भारत की परिकल्पना अधूरी रहेगी।
उन्होंने कहा, ’’अगर इस देश को विश्वगुरु या महाशक्ति बनना है, तो यह तब तक संभव नहीं है जब तक भारत के मुसलमानों को उनके अधिकार नहीं मिल जाते।’’
Apr 24, 2026 | 07:31 AM IST

मध्य प्रदेश आज की ताजा खबर, 24 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: महिला को एंबुलेंस में लेकर घूमते हुए पाए जाने पर चालक बर्खास्त

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में 108 आपातकालीन सेवा की एम्बुलेंस में एक कॉलेज छात्रा को बिठाकर सायरन बजाते घूमते पाए जाने का वीडियो प्रसारित होने के बाद चालक को बर्खास्त कर दिया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार की देर शाम सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार से जा रही एम्बुलेंस को स्थानीय लोगों ने पीछा कर रुकवाया और पाया कि उसमें मरीज के बजाय एक युवती बैठी थी।

उन्होंने कहा कि पूछताछ में चालक भगत सिंह यादव ने युवती को अपनी बहन बताकर बचने की कोशिश की, लेकिन उसका नाम बताने में असमर्थ रहा।
अधिकारी ने बताया कि मौके पर जमा लोगों ने पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर लिया। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
Apr 24, 2026 | 07:22 AM IST

दिल्ली फायरिंग आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: सेंट्रल दिल्ली के फैज रोड पर फायरिंग, एक व्यक्ति घायल

सेंट्रल दिल्ली के फैज रोड इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। यह घटना आज तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुई।
Apr 24, 2026 | 07:20 AM IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: इरबिल में जोरदार धमाके, ईरान विरोधी कुर्द ठिकानों को बनाया गया निशाना

इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र की राजधानी एरबिल से हाल ही में तेज धमाकों की खबर सामने आई है, जिसने इलाके में डर और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये धमाके उन इलाकों में सुने गए जहां ईरान विरोधी कुर्द संगठनों के मुख्यालय मौजूद हैं।