LIVE

वार्ता और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते, POK जल्द खाली करे पाकिस्तान, विदेश मंत्रालय की दो-टूक

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 22 मई 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 22 मई (गुरुवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...
वार्ता और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते, POK जल्द खाली करे पाकिस्तान, विदेश मंत्रालय की दो-टूक
Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 22 मई 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: भारत में कोरोना के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। महाराष्ट्र में इस साल जनवरी से अब तक कोविड-19 से संबंधित मौत के दो मामले सामने आए हैं। कोविड-19 संबंधी ये दोनों मौत मुंबई में हुई हैं। कोविड-19 से जिन दो लोगों की जान गई है वे पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे। हिमाचल प्रदेश के पशुपालन विभाग ने राज्य में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद सूअरों की खरीद-बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। हाल ही में बिलासपुर के झंडूता उपमंडल की कोलका पंचायत में अफ्रीकी स्वाइन फ्लू से संक्रमण का मामला सामने आने के बाद ये आदेश जारी किए गए। इस संक्रमण के कारण एक सूअर पालन केंद्र में 36 सूअरों की मौत हो गई थी जबकि चार को विभाग ने नियमानुसार मार दिया था। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम 11 लोग घायल हो गए। पाकिस्तान रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार, शालीमार एक्सप्रेस कराची से लाहौर आ रही थी, लेकिन लाहौर से लगभग 130 किलोमीटर दूर फैसलाबाद के पास एक रेलवे फाटक पर उसकी टक्कर एक ट्रैक्टर ट्रॉली से हो गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रेन के कम से कम 12 डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए, जिससे 11 यात्री घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
May 22, 2025 | 05:25 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: वार्ता और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते, POK जल्द खाली करे पाकिस्तान, विदेश मंत्रालय की दो-टूक

विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर पाकिस्तान को चेताते हुए कहा कि वार्ता और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते। आतंकवाद पर भारत की जीरो टॉलरेंस नीति है और ट्रेड और टॉक एक साथ नहीं हो सकता। साथ ही विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान जल्द POK खाली करे। बता दें कि आज पीएम मोदी ने भी पाकिस्तान को चेताते हुए कहा था कि अब उसके साथ बातचीत सिर्फ पीओके के मुद्दे पर ही होगी। विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, अपनी पिछली ब्रीफिंग में मैंने इस मुद्दे पर बात की थी। मुझे और कुछ नहीं कहना है। आप हमारी स्थिति से भली-भांति परिचित हैं कि भारत-पाकिस्तान के बीच कोई भी बातचीत द्विपक्षीय होनी चाहिए। साथ ही, मैं आपको याद दिलाना चाहूंगा कि बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते। आतंकवाद के मामले में हम उन कुख्यात आतंकवादियों को भारत को सौंपने पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं, जिनकी सूची कुछ साल पहले पाकिस्तान को दी गई थी।
May 22, 2025 | 04:49 PM IST

भ्रष्टाचार के मामले सत्यपाल मलिक के खिलाफ चार्जशीट दाखिल


सीबीआई ने सत्यपाल मलिक के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। सीबीआई ने जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मालिक सहित कुल 6 लोगो के खिलाफ चार्ज शीट दाखिल की है। जम्मू-कश्मीर के कीरू हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट (Kiru Hydro Electric Project) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने यह चार्जशीट दाखिल की है।
May 22, 2025 | 04:43 PM IST

नोएड़ा के BDC मार्केट में भीषण आग



नोएड़ा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र स्थित BDC मार्केट में भीषण आग। ई रिक्शा की बैटरी की दुकान में आग लगने की सूचना है। फिलहाल, दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू कर लिया है। घटना में किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन, आगजनी से लाखों का सामान जलकर राख हो गया है।
May 22, 2025 | 04:24 PM IST

गुजरात के समुद्री तटों पर चक्रवात का अलर्ट

गुजरात के समुद्री तटों पर संभवित चक्रवात के चलते मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। विभाग ने ओखा कोस्टगार्ड द्वारा मछवारो को समुद्र किनारे पहुचने की सूचना दी गई। समुद्री इलाको में कोस्टगार्ड एलर्ट पर हैं। ओखा कोस्टगार्ड के जवानों और समुद्र किनारे मछुआरों को वापस लौट आने की सूचना दी जा रही है। मौसम विभाग की चेतावनी के चलते ओखा कोस्टगार्ड द्वारा मछवारो को एनाउंसमेंट कर सूचित किया जा रहा है।
May 22, 2025 | 03:40 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: अंतिम सुनवाई के बाद भी लगे कि वक्फ कानून असंवैधानिक है तो कोर्ट इसे रद्द कर सकता है, केंद्र ने SC में कहा

Waqf Law Hearing in Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को भी नए वक्फ कानून को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस एजी मसीह की बेंच के सामने केंद्र सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलीलें रखीं। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने किसी भी तरह के अंतरिम आदेश का विरोध करते हुए दलील दी कि अगर अंतिम सुनवाई के बाद कोर्ट को लगता है कि कानून असंवैधानिक है तो कोर्ट इसे रद्द कर सकता है। लेकिन, अगर कोर्ट अंतरिम आदेश से कानून पर रोक लगाता है और इस दौरान कोई संपत्ति वक्फ को चली जाती है, तो उसे वापस पाना मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि वक्फ अल्लाह का होता है और एक बार जो वक्फ हो गया, उसे पाना आसान नहीं होगा। सॉलिसिटर जनरल मेहता ने कहा, वक्फ बनाना और वक्फ को दान देना दोनों अलग हैं। यही कारण है कि मुसलमानों के लिए 5 साल की प्रैक्टिस की जरूरत रखी गई है, ताकि वक्फ का इस्तेमाल किसी को धोखा देने के लिए न किया जाए। तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि मान लीजिए कि मैं हिंदू हूं और मैं वक्फ के लिए दान करना चाहता हूं, तो भी वक्फ को दान दिया जा सकता है।
May 22, 2025 | 03:11 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: कांग्रेस ने विदेशों में डेलिगेशन भेजने को बताया निर्रथक कवायद, कहा- ट्रंप के दावे पर संसद में जवाब दें प्रधानमंत्री

Jairam Ramesh: कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयान को लेकर फिर सरकार को निशाने पर लिया है। कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुप्पी साधने के बजाय संसद का विशेष सत्र बुलाकर सदन के पटल पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और सभी दलों के नेताओं से भी बातचीत करनी चाहिए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि सांसदों के प्रतिनिधिमंडलों को विभिन्न देशों के दौरे पर भेजना दिखावे की निरर्थक कवायद है और फिलहाल यह जरूरी है कि पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर को रोके जाने से जुड़े सवालों का सरकार जवाब दे और संसद से एक सामूहिक संकल्प दुनिया के सामने रखा जाए।
May 22, 2025 | 02:56 PM IST

पाकिस्तान में 100 साल पुराने हिंदू मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा: हिंदू समुदाय के प्रमुख

पाकिस्तान में सिंध प्रांत के टांडो जाम कस्बे के पास जिस जमीन पर 100 साल पुराना शिव मंदिर है, उस पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है और उसके आसपास निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। हिंदू समुदाय के एक प्रतिनिधि ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पाकिस्तान में हिंदू समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन ‘दरावर इत्तेहाद पाकिस्तान’ के प्रमुख शिव काच्छी ने कहा, मंदिर एक सदी से अधिक पुराना है लेकिन दबंगों ने इस पर कब्जा कर लिया है और मंदिर के आसपास की भूमि पर अवैध निर्माण शुरू कर दिया है। साथ ही शिव मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग और प्रवेश को बाधित किया है।
May 22, 2025 | 01:37 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: ज्योति मल्होत्रा ​​की पुलिस हिरासत की अवधि चार दिन बढ़ाई

हिसार की एक अदालत ने यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की पुलिस हिरासत की अवधि बृहस्पतिवार को चार दिन के लिए बढ़ा दी। पुलिस प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। जासूसी के संदेह में गिरफ्तार यूट्यूबर (33) को पांच दिन की पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर अदालत में पेश किया गया था। मल्होत्रा ​​उन 12 लोगों में शामिल है जिन्हें पिछले दो सप्ताह में जासूसी के संदेह में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। जांचकर्ताओं को उत्तर भारत में पाकिस्तान से जुड़े जासूसी नेटवर्क के सक्रिय होने का संदेह है। हिसार की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति के चैनल का नाम है ‘ट्रैवल विद जो’ है। पिछले सप्ताह न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था।
May 22, 2025 | 01:37 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में जबरन घुसा शख्स

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में 20 मई की शाम एक अंजान शख्स के घुसने की खबर सामने आई है। पुलिस ने उस संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले पूछताछ शुरू कर दी है। घटना 20 मई की शाम 7 बजकर 15 मिनट की है। यह शख्स अवैध रूप से सलमान खान के घर में घुसा। जब इसकी सूचना पुलिस को मिली, तो उन्होंने उस शख्स को हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच में पता चला कि इस व्यक्ति का नाम जितेंद्र कुमार सिंह है और वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। अब पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि वह सलमान खान के घर क्यों गया? उसकी मंशा क्या थी? या फिर क्या वह कोई फैन है या इसके पीछे कोई और वजह है।
May 22, 2025 | 12:59 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: लुधियाना में जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत

लुधियाना जिले के बस्ती जोधेवाल में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इससे कुछ दिन पहले अमृतसर में जहरीली शराब के सेवन से 27 लोग मारे जा चुके हैं। हालांकि, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) दविंदर चौधरी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का असल कारण स्पष्ट हो सकेगा। नूरवाला रोड पर बुधवार रात खाली भूखंड पर तीन मजदूर - रिंकू (40), देबी (27) और मंगू (32) ने कथित रूप से शराब पी, जिसके कुछ ही देर बाद वे बेहोश हो गए और उनके मुंह से झाग निकलने लगा।
May 22, 2025 | 12:59 PM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में तीन अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया

धानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को केंद्र की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम बंगाल में तीन पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन स्टेशनों का उद्घाटन किया गया उनमें पानागढ़, कल्याणी घोषपाड़ा और जॉयचंडी पहाड़ शामिल हैं। ये स्टेशन देशभर में प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटित 103 अमृत भारत स्टेशनों में शामिल हैं। उद्घाटन कार्यक्रम राजस्थान के बीकानेर से किया गया।
May 22, 2025 | 11:13 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: राजस्थान : प्रधानमंत्री मोदी ने करणी माता मंदिर के दर्शन किए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को बीकानेर जिले में करणी माता मंदिर में देवी के दर्शन किए। मोदी बीकानेर हवाई अड्डे पर पहुंचे और देशनोक स्थित मंदिर की ओर रवाना हुए। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अन्य लोग भी थे।
May 22, 2025 | 10:47 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: नोएडा में आंधी और बारिश के कारण दो वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौत

गौतम बुद्ध नगर जिले में बुधवार को आंधी और तेज बारिश के कारण दो वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आंधी के कारण नोएडा में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और सड़क पर पेड़ों, बिजली के खंभों एवं मोबाइल फोन के टावर गिरने के कारण कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ।
May 22, 2025 | 10:23 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: नोएडा: नाबालिग से बलात्कार के दोषी 80 वर्षीय चित्रकार को 20 साल की जेल

नोएडा में नाबालिग से बलात्कार के दोषी 80 वर्षीय चित्रकार को अदालत ने 20 साल कारावास की सजा सुनाई है और उस पर जुर्माना भी लगाया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायालय, गौतमबुद्ध नगर में अतिरिक्त सत्र एवं विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम) प्रथम की अदालत ने नाबालिग से बलात्कार के मामले में बुधवार को आरोपी मोरिस राइडर को दोषी करार दिया। अदालत ने दोषी को 20 साल के कारावास की सजा सुनाई, साथ ही 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं देने की स्थिति में दोषी को एक साल और कारावास की सजा भुगतनी होगी।
May 22, 2025 | 09:53 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: नेतन्याहू ने गाजा में सहायता पहुंचाने के लिए नयी योजना लागू करने की घोषणा की

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि उनका देश कुछ दिन में गाजा में नयी सहायता प्रणाली लागू करेगा जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना की जा रही है। नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल गाजा हमास से मुक्त एक क्षेत्र बनाने की योजना बना रहा है, जहां युद्ध के दौरान विस्थापित हुई आबादी को लाया जाएगा और उन्हें आवश्यक सहायता आपूर्ति की जाएगी।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र ने बुधवार को कहा कि वह इस सप्ताह गाजा में पहुंची अत्यंत आवश्यक सहायता को फलस्तीनियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। दरअसल, लूटपाट की आशंका और इजराइली सैन्य प्रतिबंधों के कारण इसमें देरी हुई है।
May 22, 2025 | 09:53 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: गोलीबारी में इजराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की मौत

वाशिंगटन स्थित इजराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की बुधवार शाम एक यहूदी संग्रहालय के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम ने यह जानकारी दी। नोएम ने ‘एक्स पर एक पोस्ट में ‘कैपिटल यहूदी संग्रहालय’ के बाहर हुई गोलीबारी में दो कर्मचारियों के मारे जाने की जानकारी दी। यह संग्रहालय देश की राजधानी में एफबीआई के क्षेत्रीय कार्यालय से कुछ दूरी पर स्थित है।
May 22, 2025 | 09:17 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: यमुना को स्वच्छ बनाने की योजना पर मंथन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में यमुना की सफाई को लेकर गुरुवार सुबह 11.30 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल विनय सक्सेना, और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक का उद्देश्य यमुना की सफाई के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा करना और भविष्य की रणनीति तैयार करना है। यमुना की सफाई तीन चरणों में होनी है, जिसमें यमुना में मिलने वाले ड्रेनेज की सफाई, यमुना के तटों के सौंदर्यीकरण और नदी के प्रवाह को अविरल बनाने का प्रयास शामिल है।
May 22, 2025 | 08:55 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: नेतन्याहू ने दोहराया गाजा पर पूर्ण कब्जे का इरादा,

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को गाजा पर पूरी तरह से कब्जा करने के अपने इरादे को दोहराया और युद्ध समाप्ति के लिए किसी भी प्रकार के समझौते की संभावना से इनकार किया। उन्होंने कहा कि "गाजा में 20 बंधक अब भी जीवित हैं, जबकि 38 अन्य के मारे जाने की आशंका है।" पश्चिम यरूशलम स्थित अपने कार्यालय में बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने अपनी मंशा जाहिर की।
May 22, 2025 | 08:54 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायोग के कर्मचारी को निष्कासित किया

पाकिस्तान सरकार ने भारतीय उच्चायोग के एक कर्मचारी को निष्कासित करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। इससे पहले, भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत एक पाकिस्तानी अधिकारी को जासूसी में संलिप्तता के आरोप में बुधवार को निष्कासित कर दिया था। भारत में पिछले एक सप्ताह में निष्कासन का यह दूसरा मामला है।
May 22, 2025 | 08:51 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: बदायूं में ट्रांसफॉर्मर से उठी चिंगारी के कारण लगी आग में 200 घर हुए राख

बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र के टप्पा जामनी गांव में बुधवार देर रात को आंधी के चलते ट्रांसफॉर्मर से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते पूरे गांव के लगभग 200 घरों को अपने चपेट में ले लिया और पूरा गांव राख का ढेर तब्दील हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक गांव के लोगों ने भाग कर अपनी जान बचा ली लेकिन एक व्यक्ति आग में झुलस कर घायल हो गया और सैकड़ों की संख्या में पालतू पशु जलकर मर गए। झुलसे व्यक्ति को उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कर शुरू कराया। हालांकि, दमकल की गाड़ियां जब तक गांव पहुंचीं तब तक पूरा गांव राख में तब्दील हो चुका था।
May 22, 2025 | 07:29 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट का आयोजन जयपुर में 12 सितंबर से

राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) का पांचवा संस्करण 12 से 14 सितंबर तक जयपुर में आयोजित होगा। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन से पहले उदयपुर सिटी पैलेस और राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ के महुआ बाग में भागीदारों की बैठक आयोजित की गई। इसका आयोजन फेडरेशन आफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) और राज्य पर्यटन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसमें होटल व्यवसायियों, ट्रैवल ऑपरेटर तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य भागीदार साथ आए और चर्चा की।
May 22, 2025 | 07:29 AM IST

भाखड़ा बांध की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के 296 कर्मियों की तैनाती को मंजूरी दी

भाखड़ा बांध के पानी के बंटवारे को लेकर पंजाब और हरियाणा के मध्य गतिरोध के बीच केंद्र ने बांध को आतंकवाद रोधी सुरक्षा प्रदान करने के लिए सीआईएसएफ के 296 कर्मियों की टुकड़ी को मंजूरी दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि केंद्रीय खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा तैयार की गई खतरे की आशंका संबंधी रिपोर्ट के मद्देनजर पंजाब-हिमाचल प्रदेश सीमा पर नांगल में स्थित बांध पर बल तैनात किया जाए।
May 22, 2025 | 07:23 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: उत्तर प्रदेश में कोविड संक्रमण के मामले में चिंता जैसी कोई बात नहीं : योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोविड-19 के ताजा उपवेरिएंट जेएन.1 से संबंधित वैश्विक और राष्ट्रीय स्थिति को देखते हुए प्रदेश में कोविड-19 की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के संक्रमण को लेकर चिंता जैसी कोई बात नहीं है, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
May 22, 2025 | 07:17 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: यौन शोषण का मुकदमा दर्ज होने पर आरोपी कांस्टेबल ने खुदकुशी की

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ एक युवती द्वारा यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराने के बाद आरोपी कांस्टेबल ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोप है कि शादीशुदा होने के बावजूद कांस्टेबल ने 25 साल की युवती को शादी का झांसा देकर उसका चार साल तक यौन शोषण किया। कांस्टेबल का यहां से दूसरे जनपद तबादला होने के बाद युवती ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
May 22, 2025 | 07:16 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: राजस्थान : मुख्यमंत्री शर्मा ने मेट्रो फेज-2 की डीपीआर का अनुमोदन किया

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का अनुमोदन किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के इस निर्णय के उपरांत डीपीआर को केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय से अनुमोदन के लिए भिजवाया गया है। केन्द्र सरकार की मंजूरी मिलते ही इस परियोजना का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025-26 के राज्य बजट में सरकार ने जयपुर मेट्रो के फेज-2 का काम हाथ में लिए जाने की घोषणा की थी।
May 22, 2025 | 07:05 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: ‘ऑपरेशन सिंदूर' भारत का सबसे बड़ा आतंकवाद विरोधी अभियान: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सैनिकों की बहादुरी की सराहना की और इसे ‘‘भारत का सबसे बड़ा आतंकवाद विरोधी अभियान’’ और आतंकवाद के खिलाफ देश के अटूट संकल्प का प्रमाण बताया। अपने संसदीय क्षेत्र के त्रिवेणी नगर में आयोजित ‘वरिष्ठ नागरिक संवाद’ में सिंह ने बड़ी संख्या में उपस्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 70 से 85 वर्ष की आयु के वरिष्ठ नेताओं के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
May 22, 2025 | 06:51 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: हरियाणा सरकार ने 12 नए श्रम अदालत की स्थापना को मंजूरी दी: मंत्री अनिल विज

हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने बुधवार को कहा कि औद्योगिक विवादों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने 12 जिलों में 12 नये श्रम अदालतों की स्थापना को मंजूरी दी है। परिवहन एवं श्रम मंत्री विज ने बताया कि इसी के साथ हरियाणा में श्रम अदालतों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो जाएगी।
May 22, 2025 | 06:51 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: उप्र : मथुरा में 2,500 लीटर मिलावटी दूध जब्त, एक गिरफ्तार

राजस्थान के धौलपुर से राया कस्बे में एक डेयरी में 2,500 लीटर दूध ले जा रहा एक संदिग्ध मिलावटी दूध का टैंकर बुधवार को मथुरा जिले में जब्त किया गया। जांच के बाद दूध को नष्ट कर दिया गया और टैंकर के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। उप जिलाधिकारी (महावन) आदेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि धौलपुर से संदिग्ध दूध का एक टैंकर राया में आपूर्ति करने के लिए लाया रहा है, इसलिए प्रशासन ने बलदेव-सादाबाद रोड पर हनुमान तिराहे पर थानाध्यक्ष व पुलिस दस्ते के साथ मोर्चा संभाल लिया और बुधवार सुबह जैसे ही आगरा होते हुए सादाबाद की ओर से वांछित टैंकर आता दिखा तो उसे रोककर दूध की जांच की।
May 22, 2025 | 06:46 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: बिहार में एसएसपी कार्यालय परिसर से शराब की बोतलें बरामद

शराबबंदी वाले बिहार के गया जी जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय परिसर से भारी मात्रा में शराब की सीलबंद बोतलें बरामद की गईं और इस सिलसिले में दो पुलिसकर्मियों को पहले हिरासत में लिया गया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
May 22, 2025 | 06:46 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बच्चे की मौत के मामले में दो शिक्षिकाएं गिरफ्तार

प्रयागराज के यमुना नगर में महेवा के पास एक स्कूल में 15 मई को नर्सरी कक्षा के चार वर्षीय बच्चे की पिटाई से मौत के मामले में बुधवार को दो शिक्षिकाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि थाना नैनी में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर अध्यापिका आरती जायसवाल और शिवांगी जायसवाल को चौकी एग्रीकल्चर के पास गिरफ्तार किया और नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
May 22, 2025 | 06:32 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: विवाह पंजीकरण नियम में संशोधन करे उत्तर प्रदेश सरकार: उच्च न्यायालय

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने विवाह पंजीकरण के फर्जी मामलों का स्वतः संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार को उत्तर प्रदेश विवाह पंजीकरण नियम, 2017 में संशोधन करने का निर्देश दिया ताकि एक पुख्ता और सत्यापन योग्य विवाह पंजीकरण व्यवस्था अस्तित्व में आ सके। न्यायमूर्ति विनोद दिवाकर ने कहा कि यह कवायद छह महीने के भीतर पूरी होनी चाहिए। अदालत ने घर से भागे जोड़ों द्वारा दायर 124 याचिकाओं पर सुनवाई के बाद यह निर्देश दिया।
May 22, 2025 | 06:32 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने मुलाकात की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुधवार को यहां उनके सरकारी आवास पर टाटा संस के चेयरमैन एन. चन्द्रशेखरन ने मुलाकात की। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
मुलाकात के दौरान राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश बढ़ाने, भविष्य की रणनीतियों तथा प्रदेश को देश-विदेश के निवेशकों के लिए एक आदर्श गंतव्य बनाने के विषय पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
May 22, 2025 | 06:32 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: भिंड में ‘त्रूटिपूर्ण' मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के आरोप में तहसीलदार को हटाया गया

मध्यप्रदेश के भिंड जिले में बुधवार को एक तहसीलदार को लापरवाही से ‘‘त्रुटिपूर्ण’’ मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के आरोप में पद से हटा दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक तहसीलदार ने एक ऐसा मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया जिसमें आवेदक से लेकर मृतक (आवेदक के पिता) और स्थान तक में ‘भिंड’ ही ‘भिंड’ लिखा गया है।
May 22, 2025 | 06:24 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस सूर्यकुमार यादव (नाबाद 73 रन) के अर्धशतक के बाद मिचेल सैंटनर और जसप्रीत बुमराह के तीन तीन विकेट की बदौलत बुधवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अहम मुकाबले में दिल्ली कैपिट्स को 59 रन से हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली चौथी टीम बन गई। गुजरात टाइटन्स (18), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (17), पंजाब किंग्स (17) पहले ही क्वालीफाई कर चुकी थीं। मुंबई इंडियंस के इस जीत से 16 अंक हो गए जिससे उसने 11वीं बार नॉकआउट के लिए क्वालीफाई किया। दिल्ली कैपिटल्स (13) की टीम बाहर हो गई।
May 22, 2025 | 06:17 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद चार अपराधी गिरफ्तार

गाजियाबाद में बुधवार को मुठभेड़ के बाद चार संदिग्ध लुटेरों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से चोरी किए गए चांदी के 4.5 किलोग्राम आभूषण बरामद किए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह ने पिछले माह गाजियाबाद में एक आभूषण की दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उसने बताया कि लोनी इलाके में स्थित ट्रॉनिका सिटी के गेट नंबर-दो के पास मुठभेड़ हुई।
May 22, 2025 | 06:17 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: हिमाचल के मुख्यमंत्री ने मोदी को लिखा पत्र

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से तुर्किये से सेब आयात को हतोत्साहित करने और स्थानीय किसानों के हितों की रक्षा के लिए सेब पर सीमा शुल्क 50 से बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देश का ‘सेब का कटोरा’ कहा जाता है और यह स्वादिष्ट किस्म के सेबों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने आग्रह किया कि आयातित सेबों पर मात्रात्मक प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए।
May 22, 2025 | 06:16 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: आतंकवाद के सभी रूपों की स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए: आईओआरए की बैठक में भारत ने कहा

भारत ने हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) की एक महत्वपूर्ण बैठक में बुधवार को दोहराया कि ‘‘राज्य प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद’’ सहित सभी रूपों में आतंकवाद क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और विकास के लिए गंभीर खतरा है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आईओआरए अध्यक्ष श्रीलंका की मेजबानी में ऑनलाइन माध्यम से आईओआरए मंत्रिपरिषद की 24वीं बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक का विषय ‘भविष्य की पीढ़ी के लिए टिकाऊ हिंद महासागर’ था।
May 22, 2025 | 06:16 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: कई सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक किए गए: मंत्रालय

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक संसदीय समिति को सूचित किया है कि उसने पहलगाम आतंकवादी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद राष्ट्रीय हित के खिलाफ काम कर रहे कई सोशल मीडिया ‘यूआरएल’ और अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया है। मंत्रालय ने कहा कि उसने ओटीटी मंचों, मीडिया प्रसारण मंचों और सोशल मीडिया मंचों को मूल रूप से पाकिस्तान में बनीं वेब-सीरीज, फिल्म, गाने, पॉडकास्ट और अन्य सामग्री का प्रसारण बंद करने की सलाह दी है।
May 22, 2025 | 06:15 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: द्वारका एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत

दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 फ्लाईओवर के पास मजदूरों को ले जा रहे एक टेम्पो के पलटने से बुधवार अपराह्न दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब 22 मजदूरों को निजामुद्दीन से मानेसर ले जा रहे वाहन का पिछला टायर फट गया। मृतकों में 26 वर्षीय महिला रंजीत और उसकी बेटी शामिल हैं।
May 22, 2025 | 06:15 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: दिल्ली में देर शाम आई आंधी और बारिश के बाद कई इलाकों में बिजली गुल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार देर शाम बारिश और तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बिजली आपूर्ति कंपनी ‘बीएसईएस’, ‘बीआरपीएल’ और ‘बीवाईपीएल’ के प्रवक्ता ने बताया कि आंधी और ओलावृष्टि के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। उन्होंने कहा कि बिजली के तारों पर पेड़ और टहनियां गिरने के कारण ऐसा हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘बीएसईएस की मरम्मत टीम अलर्ट पर हैं और शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीम को तैनात किया गया है। ज्यादातर मामलों में बिजली आपूर्ति तेजी से बहाल हो रही है।’’