आज की ताजा खबर, 22 मई 2024: मौसम विभाग ने केरल के पांच जिलों में किया रेड अलर्ट जारी, अचानक बिगड़ी शाहरुख खान की तबीयत, हॉस्पिटल में भर्ती
सपा के समय प्रदेश के सभी गुंडे-माफिया सरकार में शामिल होते थे : सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सुल्तानपुर और सिद्धार्थनगर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह जब गोरखपुर में सांसद थे तो माफिया को अकेले चैलेंज करते थे। गोरखपुर में इन्हें दौड़ाते थे।बुर्का पहनकर या मास्क लगाकर मतदान करने के लिए आने वाली महिलाओं की जांच हो : भाजपा
दिल्ली भाजपा ने चुनाव अधिकारियों से मांग की है कि बुर्का पहनकर या मास्क लगाकर मतदान करने के लिए आने वाली महिलाओं की जांच की जाए। ऐसी महिलाओं का चेहरा चेक किया जाए। दिल्ली भाजपा के एक प्रतिनिधमंडल ने बुधवार को इस संबंध में दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी को एक ज्ञापन भी दिया।दिल्ली के चुनाव प्रचार अभियान में उतरा मुस्लिम राष्ट्रीय मंच
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा मुस्लिम राष्ट्रीय मंच भी दिल्ली के चुनाव प्रचार अभियान में उतर गया है। दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होना है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संस्थापक, मुख्य संरक्षक एवं संघ के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में मंच के नेता और कार्यकर्ता मुस्लिम समाज में मतदान को लेकर बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत इंद्रेश कुमार बुधवार को निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पहुंचे। उन्होंने 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के प्रधानमंत्री मोदी के नारे को दोहराते हुए कहा कि इस बात को मुल्क का हर तरक्की पसंद मुसलमान भी मानता है।मौसम विभाग ने केरल के पांच जिलों में किया रेड अलर्ट जारी
केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है। इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को राज्य के पांच जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया और अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम एजेंसी के अनुसार, पत्तनमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। हालांकि अलाप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम के लिए पहले ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया था लेकिन बाद में आईएमडी ने चेतावनी को ‘रेड अलर्ट’ में बदल दिया। इसके साथ ही इन जिलों के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।भाजपा नीत केन्द्र सरकार संविधान बदलने पर तुली है: प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केन्द्र सरकार संविधान को बदलने पर तुली हुई है और उसने पिछले 10 वर्ष में संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है। वाद्रा ने गोड्डा और रांची में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि केंद्र की नीतियों का विरोध करने वाले सभी लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।दिल्ली के रोहिणी M2K के सामने एक साथ कई बिल्डिंगों मे लगी भीषण आग
दिल्ली के रोहिणी M2K के सामने, एक साथ कई बिल्डिंगों मे लगी भीषण आग लग गई है। जानकारी के अनुसार, मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद है।पाकिस्तान सरकार ने एक पीटीआई नेता पर हमले की जांच के लिए समिति बनायी
पाकिस्तान के कानून मंत्री आजम नजीर तरार ने बुधवार को कहा कि जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक -ए-इंसाफ (पीटीआई) के एक वरिष्ठ नेता पर एक दिन पहले हुए हमले की जांच के लिए एक जांच समिति गठित की गयी है। इस हमले को ‘अफसोसजनक एवं दुखद’ करार देते हुए कानून मंत्री ने आज सीनेट के सत्र में कहा कि ऐसे हमले नहीं होने चाहिए।लोकसभा चुनाव में महिला उम्मीदवार 10 फीसदी से भी कम : एडीआर
इस बार के लोकसभा चुनाव में महिला प्रत्याशियों की संख्या 10 प्रतिशत से भी कम है। चुनाव अधिकारों से जुड़े विषयों पर काम करने वाली एक संस्था ने अपने विश्लेषण में यह जानकारी साझा की। ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) के अनुसार उसने 8,337 उम्मीदवारों का विश्लेषण किया जिनमें से महिलाएं केवल 797 हैं जो कि चुनाव के सात चरणों में मैदान में उतरे कुल उम्मीदवारों का मात्र 9.5 प्रतिशत है।ओडिशा में लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए 20 करोड़पति उम्मीदवार मैदान में
ओडिशा की छह लोकसभा सीट पर एक जून को होने वाले अंतिम चरण के मतदान में 20 करोड़पति चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव सुधारों से जुड़ी गैर-सरकारी संस्था ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) ने बुधवार को यह जानकारी दी। एडीआर के अनुसार, इन छह निर्वाचन क्षेत्रों- बालासोर, भद्रक, जगतसिंहपुर, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और मयूरभंज में चुनाव लड़ रहे 66 उम्मीदवारों में से 20 के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। एडीआर ने बताया कि इस चरण में नामांकित व्यक्तियों की औसत संपत्ति 3.83 करोड़ रुपये है।मनजिंदर सिंह सिरसा ने सेना का अपमान करने पर राहुल पर साधा निशाना
बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने सेना का अपमान करने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी ना महज भारतीय सेना को मजदूर बता रहे हैं, बल्कि उनकी शहादत को भी बांट रहे हैं। मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और राहुल गांधी को यह याद दिलाना चाहता हूं कि राहुल जी जब आप अपने दिवंगत पिता राजीव गांधी फाउंडेशन के नाम से करोड़ों रुपए ले रहे थे, तब हमारे सैनिक सीमा पर लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हो रहे थे।“अचानक बिगड़ी शाहरुख खान की तबीयत, हॉस्पिटल में भर्ती
डिहाइड्रेशन और खासी के चलते अभिनेता शाहरुख खान अहमदाबाद के KD हॉस्पिटल में भर्ती हुए है। डॉक्टर ने शाहरुख खान को अंडर ऑब्जर्वेशन के लिए किया भर्ती किया है। आज शाम 4 बजे बाद अभिनेता शाहरुख खान को KD हॉस्पिटल लाया गया था। आईपीएल के मैच के चलते अभिनेता शाहरुख खान अहमदाबाद में थे। जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद के ITC नर्मदा होटल में रुके हुए थे शाहरुख खान। फिलहाल शाहरुख खान की तबियत ठीक होने की बात अस्पताल द्वारा की गई।राशिद अल्वी ने भाजपा को दी नसीहत, कहा- हर धर्म की इज्जत करनी चाहिए
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हर धर्म की इज्जत करनी चाहिए। आप किसी धर्म को मानें या ना मानें। एक-दूसरे के धर्म की इज्जत करना जरूरी है। भारत पूरी दुनिया में इसी बात को लेकर जाना जाता है। आज दुनियाभर के अखबार प्रधानमंत्री की कार्यशैली की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “विश्व के अखबार आज हमारे लोकतंत्र को कमजोर बता रहे हैं। अमेरिका के फॉरेन अफेयर्स तक कह रहे हैं कि भारत में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।“वोटिंग टर्न आउट को लेकर कोई पारदर्शिता नहीं है : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वोटिंग टर्न आउट को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि एक दिन चुनाव आयोग कहता है कि 52 प्रतिशत वोट पड़े और 6 दिन बाद कहता है कि 62 पर्सेंट वोट पड़े। ऐसे में 10 प्रतिशत वोट कहां से बढ़े, इसको लेकर कोई पारदर्शिता नहीं है। पूर्व चुनाव आयुक्त भी मानते हैं कि वोटिंग टर्नआउट का डाटा रियल टाइम आ सकता है।यूएपीए : न्यायालय ने पीएफआई के आठ कथित सदस्यों की जमानत रद्द की
उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को मद्रास उच्च न्यायालय के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें गैर-कानूनी गतिविधि (निरोधक) अधिनियम (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के आठ कथित सदस्यों को जमानत दी गई थी। न्यायालय ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है। न्यायमूर्ति बेला एम. त्रिवेदी और न्यायमूर्ति पंकज मिथल की पीठ ने उच्च न्यायालय से पिछले साल 19 अक्टूबर को जमानत पाए आरोपियों को तत्काल आत्मसमर्पण करने और जेल जाने का निर्देश दिया।प्रधानमंत्री का यह आरोप पूरी तरह झूठ है कि कांग्रेस राम मंदिर पर बुलडोजर चलवा देगी: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह आरोप पूरी तरह झूठ है कि कांग्रेस अगर सत्ता में आयी तो राम मंदिर पर बुलडोजर चलवा देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म और सभी की आस्था का सम्मान करती है। खरगे ने यह भी कहा कि कांग्रेस 55 साल तक सत्ता में रही, लेकिन कभी किसी को पूजा करने से नहीं रोका या किसी का मंगलसूत्र नहीं छीना, जैसा कि प्रधानमंत्री ने दावा किया है।ममता वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता कर रही हैं: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने और घुसपैठियों को राज्य की जनसांख्यिकी बदलने की अनुमति देकर ‘पाप करने का’ आरोप लगाया। पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कांथि में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी कहा कि राज्य में भाजपा के 30 लोकसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद तृणमूल कांग्रेस बिखर जाएगी और ममता बनर्जी सरकार की विदाई हो जाएगी।चुनाव आयोग ने नड्डा और खरगे को भेजा नोटिस
चुनाव आयोग (ECI) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे को स्टार प्रचारकों के द्वारा अपने भाषण को सही करने, सावधानी बरतने के लिए औपचारिक नोट जारी करने का निर्देश दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबरअसम के नलबाड़ी स्थित ‘स्ट्रांगरूम' की सुरक्षा में सेंध, जांच के आदेश दिए गए
असम सरकार ने सात मई को मतदान के दिन नलबाड़ी जिले में ईवीएम रखने के लिए बनाए गए ‘स्ट्रांगरूम’ की सुरक्षा में कथित चूक की जांच के लिए बुधवार को आदेश जारी किया। एक आधिकारिक पत्र में यह जानकारी दी गई। गृह एवं राजनीतिक विभाग के प्रधान सचिव बी. कल्याण चक्रवर्ती को चुनाव के दिन सुरक्षा में कथित सेंध की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। बारपेटा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नलबाड़ी जिले में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सात मई को मतदान कराया गया था।कोलकाता इलाज कराने आए बांग्लादेशी सांसद की हत्या
बांग्लादेश से इलाज कराने कोलकाता आए सत्तारूढ़ पार्टी के सांसद अनवारूल अजीम बुधवार को मृत मिले। बताया जा रहा है कि सांसद की कथित रूप से तीन लोग शामिल है। इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच एक संयुक्त टीम द्वारा शुरू कर दी गई है।कांग्रेस ने अपने ही पूर्व प्रत्याशी को बताया फरार
इंदौर लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस के पूर्व उम्मीदवार क्षय कांति बम के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने पर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने शहर में अलग-अलग जगह पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टर में बम (46) को हत्या के कथित प्रयास के 17 साल पुराने मामले में फरार बताया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबरझारखंड के मंत्री आलमगीर आलम की ईडी रिमांड पांच दिन के लिए बढ़ाई गई
विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत ने एक धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए गए झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम की एजेंसी की रिमांड बुधवार को पांच दिन के लिए बढ़ा दी। वकीलों ने यह जानकारी दी। एजेंसी द्वारा दो दिन तक पूछताछ करने के बाद 15 मई को आलम को गिरफ्तार किया गया था।भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को BJP ने किया निष्कासित
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई ने राज्य की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने पर भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने एक बयान में कहा कि पवन सिंह को पार्टी के फैसले के खिलाफ काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने पर तत्काल प्रभाव से भाजपा से निष्कासित कर दिया गया है। बिहार भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा द्वारा जारी और पवन सिंह को संबोधित एक पत्र में कहा गया है, 'लोकसभा चुनाव में आप राजग के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे हैं। आपका यह कार्य दल विरोधी है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है तथा पार्टी अनुशासन के विरुद्ध आपने यह कार्य किया है। अतः आपको दल विरोधी इस कार्य के लिए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के आदेशानुसार पार्टी से निष्कासित किया जाता है।' राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा काराकाट सीट से राजग उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। पवन सिंह पश्चिम बंगाल के आसनसोल से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद यहां से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे हैं। पवन सिंह के राजग उम्मीदवार के खिलाफ काराकाट से चुनाव लड़ने के फैसले की इससे पहले केंद्रीय मंत्री आरके सिंह सहित भाजपा के कुछ नेताओं ने आलोचना की थी। काराकाट लोकसभा सीट पर एक जून को मतदान होना है।केरल के राज्यपाल ने आचार संहिता का हवाला देते हुए अध्यादेश लौटाए
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने स्थानीय निकायों में वार्ड के परिसीमन और उनकी संख्या बढ़ाने से जुड़े राज्य मंत्रिमंडल द्वारा पारित अध्यादेशों को आदर्श आचार संहिता लागू होने का हवाला देते हुए लौटा दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि राज्यपाल को मंगलवार को अध्यादेश मिले थे और उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव को उन्हें लौटा दिया है। एक सूत्र ने बताया कि राज्यपाल ने लोकसभा चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने का हवाला देते हुए सरकार को अध्यादेश लौटा दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग की स्वीकृति के बिना अध्यादेशों को मंजूरी नहीं दी जा सकती है। मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा पारित अध्यादेशों में केरल पंचायती राज कानून, 1994 और केरल नगरपालिका कानून, 1994 में संशोधन का प्रस्ताव है। इन्हें 2025 में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर पारित किया गया।फलस्तीन को देश के तौर पर औपचारिक रूप से मान्यता देगा नॉर्वे
नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनस गार स्तूर ने बुधवार को कहा कि उनका देश फलस्तीन को एक देश के तौर पर औपचारिक रूप से मान्यता दे रहा है। उन्होंने कहा, 'अगर मान्यता नहीं दी गयी तो पश्चिम एशिया में शांति स्थापित नहीं हो सकती।' उन्होंने कहा कि नॉर्वे 28 मई तक फलस्तीन को देश के तौर पर मान्यता दे देगा। यूरोपीय संघ के कई देशों ने पिछले सप्ताहों में संकेत दिया है कि वे मान्यता देने की योजना बना रहे हैं, उनकी दलील है कि क्षेत्र में शांति के लिए द्वि-राष्ट्र समाधान आवश्यक है। नॉर्वे इजराइल और फलस्तीन के बीच द्वि-राष्ट्र समाधान का कट्टर समर्थक रहा है। वह यूरोपीय संघ का सदस्य नहीं है लेकिन इस मुद्दे पर उसका रुख भी यूरोपीय संघ के अन्य सदस्यों के समान है। उन्होंने कहा, 'हमास और आतंकवादी समूहों ने आतंक फैलाया है जो द्वि-राष्ट्र समाधान और इजराइल सरकार के समर्थक नहीं हैं।'रांची के पोल्ट्री फॉर्म में बर्ड फ्लू का प्रकोप, 920 पक्षियों को मारा गया
झारखंड सरकार ने राजधानी रांची के एक पोल्ट्री फॉर्म में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद बुधवार को एक अलर्ट जारी किया। एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मोराबादी में राम कृष्ण आश्रम द्वारा संचालित पोल्ट्री फॉर्म ‘दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र’ में 770 बत्तखों समेत 920 पक्षियों को मार दिया गया। उन्होंने बताया कि कुल 4,300 अंडों को भी नष्ट कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि भोपाल में आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान को भेजे गए नमूनों में एविएन इन्फ्लूएंजा ए वायरस के एक प्रकार एच5एन1 की पुष्टि हुई है।कोविड पर रिपोर्टिंग करने वाली चीनी पत्रकार चार साल बाद रिहा
चीन के वुहान में कोरोना वायरस फैलने के शुरुआती दिनों में रिपोर्टिंग करने से जुड़े मामले में चार साल की सजा काटने के बाद चीनी पत्रकार झांग झान को जेल से रिहा कर दिया गया। पत्रकार ने रिहा होने के आठ दिन बाद मंगलवार को एक वीडियो में यह जानकारी दी। झांग झान को ‘झगड़ा कराने और गड़बड़ी पैदा’ करने के जुर्म में चार साल की सजा सुनाई गई थी। झांग झान के रिहा होने के दिन उनके पूर्व वकील झान से या उनके परिवार से संपर्क नहीं कर सके। एक संक्षिप्त वीडियो में झांग ने बताया कि उन्हें 13 मई को जेल से रिहा किया गया और पुलिस ने उनके भाई झांग जू के घर पर उन्हें छोड़ा था। उन्होंने कहा, 'मैं सभी को मेरी मदद करने के लिए धन्यवाद देती हूं।' चीनी पत्रकार का यह वीडियो एक विदेशी कार्यकर्ता जेन वांग ने साझा किया। उन्होंने झांग झान को रिहा करने के लिए ब्रिटेन में अभियान शुरू किया था और वह झांग के पूर्व वकीलों से लगातार संपर्क में रहे थे। वांग ने एक बयान में कहा कि झांग को अभी भी सीमित स्वतंत्रता है। अब उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि पुलिस चीनी पत्रकार झांग को और अधिक नियंत्रण में रखेगी, भले ही वह अब जेल में न हो। झांग उन मुट्ठी भर पत्रकारों में से एक थीं जिन्होंने महामारी के शुरुआती दिनों और फरवरी 2020 में चीन सरकार द्वारा पूर्ण लॉकडाउन लगाए जाने के बाद वुहान में जगह-जगह जा कर रिपोर्टिंग की थी।हेमंत सोरेन को झटका, सिब्बल ने वापस ली याचिका
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को देश की सर्वोच्च अदालत से तगड़ा झटका लगा है। कई तथ्यों का खुलासा नहीं करने के लिए सोरेन को सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद उनके वकील कपिल सिब्बल ने याचिका वापस ली। एससी ने सोरेन की गिरफ्तारी रद्द करने से इनकार कर दिया। साथ ही कोर्ट ने अंतरिम जमानत देने से भी इनकार कर दिया। पढ़ें पूरी खबरआरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 23 मई को आएंगे त्रिपुरा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत 23 मई को अपने छह दिवसीय दौरे पर त्रिपुरा पहुंचेंगे। संघ के एक पदाधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। भागवत पश्चिमी त्रिपुरा के खैरपुर स्थित आरएसएस के राज्य मुख्यालय में प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। आरएसएस के राज्य प्रचार प्रभारी तपस रॉय ने बताया, "आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत बृहस्पतिवार को पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्य से आए आरएसएस प्रचारकों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां पहुंचेंगे। वह प्रचारकों के साथ एक अलग सत्र भी करेंगे।" उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों से कुल 112 प्रचारक 20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। भागवत 28 मई को राज्य से रवाना होंगे।प्रधानमंत्री की द्वारका में होने वाली रैली से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली से पहले राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने एक परामर्श जारी कर लोगों को यातायात के मार्ग में बदलाव की जानकारी दी है और यात्रियों से कुछ खास मार्गों से जाने से बचने को कहा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। चूंकि द्वारका क्षेत्र हरियाणा के साथ अपनी सीमाएं भी साझा करता है, इसलिए सुचारू कामकाज सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी और अतिरिक्त जांच बिंदु होंगे।" परामर्श के अनुसार प्रधानमंत्री शाम छह बजे द्वारका के सेक्टर-14 में वेगास मॉल के सामने स्थित डीडीए पार्क में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। परामर्श में कहा गया कि उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है जिससे आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। परामर्श के मुताबिक, इस्कॉन चौक, ओम अपार्टमेंट चौक, गोल्फ कोर्स रोड पर डीएक्सआर टी-प्वाइंट, द्वारका मोड़, कारगिल चौक और राजपुरी क्रॉसिंग सहित अन्य स्थानों से यातायात के मार्ग में बदलाव किया गया है। परामर्श में लोगों से द्वारका रोड नंबर 201, एनएसयूटी टी-प्वाइंट से वेगास मॉल, पीपल चौक, रोड नंबर 205 और रोड नंबर 210 तक जाने से बचने को कहा गया है।ममता की टिप्पणी के विरोध में साधु निकालेंगे कोलकाता में रैली
पश्चिम बंगाल के साधुओं ने रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम संघ के कुछ साधुओं के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणी के विरोध में 24 मई को कोलकाता में रैली निकालने का फैसला किया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और पश्चिम बंगाल में साधुओं की शीर्ष संस्था बंगीय संन्यासी समाज के सदस्य उत्तरी कोलकाता में 'संत स्वाभिमान यात्रा' का आयोजन करेंगे। विहिप नेता सौरीश मुखर्जी ने कहा, 'मुख्यमंत्री वोट बैंक की राजनीति के कारण ऐसी टिप्पणी कर रही हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। पश्चिम बंगाल के साधु-संत इन टिप्पणियों के खिलाफ रैली निकालेंगे।' मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि पश्चिम बंगाल में प्रभावशाली मठों के कुछ साधु चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निर्देश पर काम कर रहे हैं।दारोगा और साथी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा
यूपी की देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र स्थित सतराव चौकी में तैनात एक दारोगा तथा उसके साथी पुलिसकर्मियों की कथित पिटाई से एक युवक की मौत हो गई। इस मामले में दारोगा तथा साथी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने मंगलवार रात को बताया कि सतराव पुलिस चौकी पर तैनात दारोगा वीरेंद्र कुशवाहा और उसके कुछ साथी पुलिसकर्मियों द्वारा सतराव गांव निवासी दद्दन यादव (32) की सोमवार को कथित रूप से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि परिजनों का आरोप है कि पिटाई से दद्दन यादव की हालत नाजुक हो गई। शर्मा ने कहा कि गंभीर रूप से घायल हालत में उसे स्थानीय स्वास्थ केंद्र ले जाया गया जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया और मंगलवार रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने दावा किया कि किसी पूर्व विवाद को लेकर कुशवाहा ने यादव की पिटाई की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के परिजन की तहरीर पर दारोगा वीरेंद्र कुशवाहा और उसके अज्ञात साथी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मंगलवार देर रात हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी दारोगा की तलाश की जा रही है।जबलपुर में 14 साल की नाबालिग का अपहरण कर गैंगरेप
मध्य प्रदेश के जबलपुर में 14 साल की नाबालिग का अपहरण कर गैंगरेप की वारदात सामने आई है। गैंगरेप के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। नाबालिग को फोन कर घर के बाहर बुलाकर बोलेरो कार में अपहरण कर आईटी पार्क ले गए थे। आईटी पार्क स्थित सुनसान जगह में बोलेरो कार में वारदात को अंजाम दिया। तीनों आरोपी 22 वर्ष से 25 वर्ष की उम्र के हैं। थाना गढ़ा निवासी शुभम रजक, जितेंद्र उर्फ जित्तू थाना संजीवनी नगर और शाहनाला थाना तिलवारा निवासी आशीष कोरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। तिलवारा थाना में तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 363, 366A 376, 376DA 504, 4(2) SC ST, पॉक्सो एक्ट और गैंगरेप की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। 16 एवं 17 मई की दरमियानी रात आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। तिलवारा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।पुणे में उजनी बांध में नाव पलटने से छह लोग डूबे
महाराष्ट्र के पुणे जिले में उजनी बांध में नाव पलटने से दो बच्चों समेत छह लोग डूब गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को तेज हवाएं चलने और बारिश के बाद हुई। इंदापुर के तहसीलदार श्रीकांत पाटिल ने बताया कि डूबने वालों में तीन पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नाव सेवा कलाशी और भूगांव गांव के बीच संचालित होती है। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम सात लोगों को ले जा रही नाव तेज हवाओं और बारिश के बाद पलट गई। उन्होंने बताया कि नाव पर सहायक पुलिस निरीक्षक श्रेणी का एक अधिकारी भी सवार था जो नाव पलटने पर तैरकर सुरक्षित निकल आया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन की मदद से तलाश अभियान जारी है।सड़क पार कर रही चार महिलाओं की कार की चपेट में आने से मौत
कानपुर जिले के महाराजपुर थाने के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार महिलाओं की मौत हो गई तथा एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी क्षेत्र) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार रात महाराजपुर थाने के पास जीटी रोड पर कुछ महिलाएं सड़क पार कर रही थीं तभी वहां से गुजर रही एक कार ने उन्हें कुचल दिया। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में सरिता (40), पूनम पांडे (40), ज्योति तिवारी उर्फ रूपा (30) और दिव्या उर्फ चंचल (26) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में अपर्णा नामक युवती गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।वियतनाम के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी टू लैम होंगे देश के नए राष्ट्रपति
वियतनाम के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी टू लैम देश के नए राष्ट्रपति होंगे। राष्ट्रपति पद के लिए उनके नाम की पुष्टि बुधवार को की गई। टू लैम ने शीर्ष सुरक्षा अधिकारी के पद पर रहते हुए अनेक पुलिस और खुफिया अभियानों का संचालन किया है। वहीं मानवाधिकार के क्षेत्र में काम करने वाले संगठनों का कहना है कि उस दौरान बुनियादी स्वतंत्रता को सिलसिलेवार ढंग से दबाया गया। साथ ही खुफिया सेवा पर अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन के भी आरोप लगे हैं। वियतनाम की नेशनल असेंबली ने राष्ट्रपति पद के लिए लैम के नाम की पुष्टि तब की जब उनके पूर्ववर्ती ने देश में जारी भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के बीच इस्तीफा दे दिया। भ्रष्टाचार विरोधी अभियान ने देश के नेताओं और उद्योगपतियों को हिलाकर रख दिया है और इसे देखते हुए सरकार में शीर्ष स्तर पर कई बदलाव किए गए हैं। सिंगापुर के आईएसईएएस-यूसुफ इशाक इंस्टीट्यूट में विश्लेषक गुयेन हैक गियांग ने कहा कि वियतनाम का राष्ट्रपति पद काफी हद तक औपचारिक है लेकिन राष्ट्राध्यक्ष के रूप में नयी भूमिका लैम को कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव बनने के लिए ‘बहुत मजबूत स्थिति’ में रखती है। यह देश में सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक पद है।एम्स में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोप में नर्सिंग अधिकारी गिरफ्तार
AIIMS ऋषिकेश में एक महिला डॉक्टर से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में मंगलवार को एक नर्सिंग अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट ने 'पीटीआई भाषा' को बताया कि नर्सिंग अधिकारी सतीश कुमार ने महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ रविवार शाम अस्पताल परिसर में की। उनके अनुसार आरोपी ने महिला डॉक्टर को अश्लील एसएमएस भी भेजे। इस घटना सामने आने के बाद अस्पताल के ‘रेजीडेंट’ डॉक्टरों ने रोष जताया और ‘डीन एकेडेमिक्स’ के दफ्तर के बाहर नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया जिसके बाद सोमवार शाम को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।सिंधिया के बेटे की कंपनी में किसने किया धन गबन, शिकायत दर्ज
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महानार्यमन सिंधिया की स्टार्टअप ‘मायमंडी’ ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपने ही प्रबंधक के खिलाफ धन गबन करने का आरोप लगाते हुए धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। जनकगंज थाने के प्रभारी विपेंद्र चौहान ने बताया कि ‘मायमंडी ऐप’ के ‘अकाउंट मैनेजर’ उत्कर्ष हांडे ने कंपनी के खरीद प्रबंधक शिवम गुप्ता के खिलाफ धन गबन की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने बताया कि कंपनी ‘मायमंडी ऐप’ के जरिए सब्जियों और फलों की खरीद-फरोख्त करती है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शिकायत की जांच शुरू कर दी है। यह पूछे जाने पर कि क्या केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के बेटे महानार्यमन इस कंपनी के मालिक हैं, चौहान ने कहा कि उन्होंने शिकायतकर्ता से दस्तावेज मांगे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दस्तावेज मिलने और जांच के बाद गबन और धोखाधड़ी की रकम का पता चल सकेगा। ‘माई मंडी’ ऐप के अनुसार, महानार्यमन सिंधिया इस कंपनी के दो निदेशकों में से एक हैं, जबकि उद्योगपति रतन टाटा इस कंपनी के अन्य निवेशक हैं।मोदी सरकार सत्ता में वापस नहीं आएगी: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि मोदी सरकार सत्ता में वापस नहीं आएगी और लोकसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद चार जून को ‘इंडिया’ गठबंधन केंद्र में सरकार बनाएगा। केजरीवाल ने उत्तर पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार कन्हैया कुमार के समर्थन में रोड शो किया। केजरीवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुझे जेल भेज दिया था और मैं वहां से सीधे लौटा हूं। जेल में मुझे आप लोगों की बहुत याद आई। मोदी ने मुझे जेल के अंदर रखने की बहुत कोशिश की, लेकिन बजरंगबली की कृपा से मैं बाहर आ गया।" उन्होंने कहा कि पूरे देश ने चार जून को मोदी सरकार को सत्ता में वापस न आने देने का मन बना लिया है।एनआईए ने चार राज्यों में 11 जगह छापेमारी की
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे विस्फोट की पूरी साजिश को उजागर करने और “विदेश से आरोपियों को दिशा-निर्देश देने” में शामिल अन्य साजिशकर्ताओं की पहचान के प्रयासों के तहत मंगलवार को कई राज्यों में छापे मारे। आधिकारिक बयान में कहा गया कि एक समन्वित कार्रवाई के तहत एनआईए टीमों ने मामले के संबंध में कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 11 स्थानों पर छापे मारे। मामले में 11 संदिग्धों से जुड़े परिसरों में व्यापक तलाशी ली गई। कर्नाटक के बेंगलुरु में ब्रुकफील्ड के आईटीपीएल रोड पर स्थित कैफे में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में कई ग्राहक और कर्मचारी घायल हो गए थे। एनआईए ने एक बयान में कहा, "एनआईए ने मंगलवार को रामेश्वरम कैफे विस्फोट मामले की पूरी साजिश को उजागर करने और विदेश से आरोपियों को दिशा-निर्देश देने में शामिल अन्य साजिशकर्ताओं की पहचान करने के प्रयासों के तहत चार राज्यों में कई स्थानों पर छापेमारी की।" गत एक मार्च को हुए आईईडी विस्फोट में संपत्ति को भी भारी नुकसान हुआ था। एनआईए ने कहा कि जिन 11 संदिग्धों के ठिकानों पर मंगलवार को छापे मारे गए, उनमें 2012 में बेंगलुरु और हुबली जिलों में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) साजिश मामले में दोषी ठहराए गए व्यक्ति शामिल हैं।मतदान केंद्र के अंदर सेल्फी लेने पर कर्मी निलंबित
लोकसभा चुनाव के तहत उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में सोमवार को मतदान अधिकारी के रूप में तैनात एक सहायक अध्यापक को मतदान केंद्र के अंदर सेल्फी खींचने के आरोप में मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मुस्करा विकासखंड के उमरी स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक आशीष कुमार आर्या को श्री विद्या मंदिर इण्टर कालेज हमीरपुर के मतदेय स्थल 112 में मतदान अधिकारी (प्रथम) के रूप में ड्यूटी पर तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोप है कि आर्या ने मतदान के दिन मतदाताओं की फोटो खींचते हुए मोबाइल फोन से सेल्फी ली, जो निर्वाचन आयोग के निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस गंभीर उल्लंघन के चलते हमीरपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आर्या को निलंबित करते हुए उसे ब्लाक संसाधन केंद्र मुस्करा से संबद्ध किया है। इस प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय को जांच अधिकारी नामित किया गया है।जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन को लेकर अलर्ट, दिल्ली पुलिस सतर्क, 4 हजार जवान तैनात; बॉर्डर पर बढ़ी निगरानी
NLSIU का दीक्षांत समारोह 17 अक्टूबर को, CJI सूर्यकांत होंगे शामिल; सितंबर में विवाद के बाद रद्द हुआ था कार्यक्रम
'वोट चोरी' पर आज भी सियासी संग्राम, राहुल-प्रियंका की हिरासत के विरोध में Black Day का ऐलान; दिल्ली में ही रहेंगे कांग्रेसी सांसद
'पुलिसवालों ने भीड़ से निकाला, नहीं तो...',अंकित कसाना ने सुनाई आपबीती, प्रियंका गांधी के महिला पुलिसकर्मी से भिड़ने का VIDEO वायरल
‘धर्म परिवर्तन कराने वाली संस्थाओं को FCRA रजिस्ट्रेशन नहीं’, मद्रास हाईकोर्ट ने केंद्र का फैसला रखा बरकरार
© 2026 Times Horizon Private Limited
