LIVEआज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 22 अप्रैल 2024: सूरत सीट पर बीजेपी कैंडिडेट की निर्विरोध जीत, गाज़ीपुर ‘लैंडफिल' पर आग लगने को लेकर आप-भाजपा में तकरार

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 22 अप्रैल 2024: सूरत सीट पर बीजेपी कैंडिडेट की निर्विरोध जीत, गाज़ीपुर ‘लैंडफिल' पर आग लगने को लेकर आप-भाजपा में तकरार
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 22 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से अन्य उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वापस लिए जाने के बाद सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मुकेश दलाल को इस सीट से निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम मौजूदा लोकसभा चुनाव में भाजपा की पहली जीत का प्रतीक है। पूर्वी दिल्ली के गाज़ीपुर ‘लैंडफिल’ स्थल (कचरा एकत्र करने की जगह) में लगी आग को लेकर सोमवार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) शासित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर हमला किया। आग लगने के बाद स्थानीय निवासी सांस लेने में परेशानी का सामना करने के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा कि घटना के कारण का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जाएगी। आगे पढ़ें देश-दुनिया की सभी खबरों के ताजा अपडेट्स...
MI vs RR Live Score Latest Updates
मणिपुर के 11 मतदान केंद्रों पर हुए पुनर्मतदान में 81.76 प्रतिशत वोटिंग
इनर मणिपुर लोकसभा क्षेत्र के 11 मतदान केंद्रों पर सोमवार को हुए पुनर्मतदान में कुल 81.6 प्रतिशत वोटिंग हुई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी भी मतदान केंद्र से कोई अप्रिय घटना या हिंसा की सूचना नहीं मिली। अधिकारी ने कहा कि हालांकि कि कांग्रेस की ओर से एक शिकायत प्राप्त हुई है जिसमें दावा किया गया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को मोइरंगकम्पु साजेब में मतदान केंद्र खाली करने की धमकी दी है।
लाहौर में भारतीय सिख तीर्थयात्री की मृत्यु
पाकिस्तान आये एक सिख तीर्थयात्री की सोमवार को दिल का दौरा पड़ने के कारण यहां मृत्यु हो गई। एक पाकिस्तानी अधिकारी ने यह जानकारी दी। इवैकुई ट्रस्ट प्रापर्टी बोर्ड के प्रवक्ता आमिर हाशमी ने बताया कि पटियाला निवासी सरदार जांगीर सिंह (67) की सोमवार को दिल का दौर पड़ने के बाद मौत हो गई।
नईमा खातून एएमयू की कुलपति नियुक्त
नईमा खातून को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की कुलपति नियुक्त किया गया है और वह 100 साल में इस पद को संभालने वाली पहली महिला होंगी। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खातून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मंजूरी मिलने के बाद कुलपति नियुक्त किया गया। राष्ट्रपति विश्वविद्यालय की विजिटर भी हैं। सूत्रों ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) से मंजूरी मांगी गई थी।
पूर्वी भारत में अगले पांच दिन तक जारी रहेगी उष्ण लहर : आईएमडी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में उष्ण लहर (हीट वेव) अगले पांच दिन तक जारी रहेगी। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में उष्ण लहर की स्थिति है और यह इस महीने में दूसरी बार है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल से ओडिशा में और 17 अप्रैल से पश्चिम बंगाल में गंगा के किनारे वाले क्षेत्रों में उष्ण लहर की स्थिति बनी हुई है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शरीफ चीन में ‘स्वास्थ्य संबंधी जांच' कराएंगे
पाकिस्तान के तीन बार के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सोमवार को चीन की पांच दिवसीय निजी यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वह स्वास्थ्य संबंधी जांच भी कराएंगे। मीडिया की एक खबर में यह जानकारी दी गई है। ब्रिटेन में चार साल के स्वनिर्वासन के बाद शरीफ पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान लौटे थे। पाकिस्तान लौटने के बाद 74 वर्षीय शरीफ की यह पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा होगी।
जनवरी-मार्च तिमाही में जियो को 5,337 करोड़ रुपये का मुनाफा
रिलायंस जिओ इंफोकॉम का शुद्ध मुनाफा इस साल जनवरी-मार्च की तिमाही में 5,337 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल अक्टूबर-दिसंबर की तिमाही की तुलना में 2.5 प्रतिशत ज्यादा है। रिलायंस जियो ने सोमवार को वित्तीय परिणाम जारी करते हुए बताया कि सब्सक्राइबरों की संख्या बढ़ने से उसका मुनाफा बढ़ा है। तिमाही के दौरान कंपनी का राजस्व दो प्रतिशत बढ़कर 25,959 करोड़ रुपये पर और कर पूर्व लाभ 2.5 प्रतिशत बढ़कर 13,612 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
थरूर के खिलाफ उम्मीदवार उतार कर वाम दलों ने गलती की: प्रकाश राज
अभिनेता प्रकाश राज ने सोमवार को कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ ने कांग्रेस नेता शशि थरूर के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करके गलती की। प्रकाश राज को विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर वाम समर्थक रुख अपनाने के लिए जाना जाता है। राज ने थरूर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक नेता भी सुनते हैं।
कांग्रेस के पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह केपी शिअद में शामिल
कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व संसद सदस्य मोहिंदर सिंह केपी सोमवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) में शामिल हो गए। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, मोहिंदर को पार्टी में शामिल कराने के लिए जालंधर स्थित उनके आवास पर गए। बादल ने इस अवसर पर जालंधर (सुरक्षित) लोकसभा सीट से केपी को शिअद उम्मीदवार बनाने की भी घोषणा की। कांग्रेस के लिए गत दो दिन में यह दूसरा झटका है। इससे पहले दिवंगत कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी की पत्नी करमजीत कौर भी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई थीं।
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से प्रधानमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
कांग्रेस ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ठोस कार्रवाई करे, क्योंकि उन्होंने ‘विभाजनकारी एवं दुर्भावनापूर्ण’ बयान देकर आचार संहिता का स्पष्ट रूप से उल्लंघन किया है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी और कुछ अन्य विषयों पर शिकायतें कीं। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और गुरदीप सप्पल शामिल थे।
सूरत का घटनाक्रम बाबासाहेब के संविधान को खत्म करने की दिशा में बढ़ाया गया कदम: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात के सूरत संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के निर्विरोध विजेता घोषित किए जाने के बाद सोमवार को दावा किया कि यह बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के संविधान को खत्म करने की दिशा में बढ़ाया गया एक और कदम है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि तानाशाह की असली ‘सूरत’ एक बार फिर देश के सामने है।
केजरीवाल ने लिखी चिट्ठी
आम आदमी पार्टी (आप) के सूत्रों ने सोमवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तिहाड़ जेल अधीक्षक को पत्र लिखकर दावा किया है कि वह अपना शर्करा स्तर बढ़ने के बीच रोजाना इंसुलिन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने जेल अधिकारियों के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि एम्स के डॉक्टरों ने कहा है कि मुख्यमंत्री की सेहत के बारे में चिंता करने की कोई वजह नहीं है।
सूरत सीट पर निर्विरोध जीती बीजेपी
Surat Lok Sabha Seat Result: लोकसभा चुनाव में बीजेपी का खाता खुल गया है। सूरत सीट पर बिना वोटिंग के ही बीजेपी जीत गई है। सूरत सीट से बीजेपी कैंडिडेट मुकेश दलाल ने निर्विरोध जीत हासिल कर ली है। हालांकि इसकी औपराचिक घोषणा होनी अभी बाकी है।
पढ़ें पूरी खबरबिहार के मुजफ्फरपुर स्टेशन पर वलसाड एक्सप्रेस में लगी आग
बिहार के मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर वलसाड एक्सप्रेस में सोमवार को आग लगने और फिर विस्फोट होने की घटना में एक आरपीएफ जवान की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, श्रमिक एक्सप्रेस सोमवार को वलसाड से आकर मुजफ्फरपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी थी। इसी दौरान एक एसी बोगी में किसी कारण आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश की जा रही थी कि एक विस्फोट हो गया।
सपा ने कन्नौज से तेज प्रताप यादव को दिया टिकट
समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए बलिया और कन्नौज सीट पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। पार्टी ने यह जानकारी दी। सपा ने 'एक्स' पर उम्मीदवारों की सूची साझा की, जिसमें पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव को कन्नौज और सनातन पांडेय को बलिया से उम्मीदवार घोषित किया गया है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पौत्र और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद तेज प्रताप यादव 2014 से 2019 तक मैनपुरी से सांसद रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने PM Modi से मिलने का मांगा वक्त
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी ने मिलने का वक्त मांगा है।
बंगाल सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए 2016 की भर्ती परीक्षा रद्द
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा सहायता प्राप्त विद्यालयों में राज्य स्तरीय चयन परीक्षा-2016 (एसएलएसटी) की चयन प्रक्रिया सोमवार को अमान्य घोषित कर दी और इसके जरिए हुई सभी नियुक्तियों को रद्द करने का आदेश दिया।
आंध्र प्रदेश: विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 38 उम्मीदवारों की सूची जारी की
सुप्रीम कोर्ट ने राखी सावंत को दिया झटका
बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा झटका दिया है। उनकी अग्रिम जमानत की मांग वाली याचिका खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राखी सावंत को निचली अदालत में चार सप्ताह के भीतर सरेंडर करने को कहा है।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पर हमला
संतकबीरनगर जिले में एक शादी समारोह में देर रात शामिल होने पहुंचे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद व उनके समर्थक पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इसमें मंत्री संजय निषाद को चोटें आईं हैं।
सपा उम्मीदवार नीरज मौर्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की आंवला लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी नीरज मौर्य और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का प्रत्याशी बताकर नामांकन करने वाले कथित प्रत्याशी सत्यवीर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।