LIVE

आज की ताजा खबर Live 21 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: राहुल गांधी ने उठाई गौतम अडाणी को गिरफ्तार करने की मांग, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए AAP उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आयुष सिन्हाUpdated Nov 21, 2024, 14:05 IST

आज की ताजा खबर लाइव 21 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: उद्योगपति गौतम अडानी पर अमेरिकी अभियोजकों ने भारत में सौर बिजली अनुबंध हासिल करने के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने का आरोप लगाया है। अमेरिकी अभियोजकों ने अडानी (62), उनके भतीजे सागर अडानी और अन्य पर सौर ऊर्जा अनुबंध हासिल करने के लिए 2020 से 2024 के बीच भारतीय सरकारी अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर से अधिक की रिश्वत देने का आरोप लगाया। एक अनुमान के अनुसार इससे समूह को संभावित रूप से दो अरब डॉलर से अधिक का लाभ हो सकता है। अडानी के खिलाफ आरोपों पर राहुल गांधी ने कहा कि यह अब अमेरिका में बिल्कुल स्पष्ट और स्थापित हो चुका है कि गौतम अडानी ने भारतीय और अमेरिकी कानून तोड़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि अडानी को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनकी ‘संरक्षक’ माधबी पुरी बुच की जांच होनी चाहिए। अमेरिका में अडानी पर अभियोग के बाद राहुल गांधी ने आरोप लगाया अगर प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी और (गौतम) अडानी साथ हैं, तो वे भारत में सुरक्षित हैं। विपक्ष के नेता के तौर पर मैं इस मुद्दे को लोकसभा में उठाऊंगा, जेपीसी की हमारी मांग कायम है। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) ने अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा घोषित 11 उम्मीदवारों की सूची में हाल ही में भाजपा और कांग्रेस छोड़कर आए छह नेताओं के नाम शामिल हैं। इसके अलावा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुयाना ने अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया। इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साझा की। एक दिन पहले ही बुधवार को गुयाना और बारबाडोस ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया था। वहीं डोमिनिका ने भी पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया था।

आज की ताजा खबर Live 21 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: राहुल गांधी ने उठाई गौतम अडाणी को गिरफ्तार करने की मांग, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए AAP उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर Live 21 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: राहुल गांधी ने उठाई गौतम अडाणी को गिरफ्तार करने की मांग, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए AAP उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर लाइव 21 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: उद्योगपति गौतम अडानी पर अमेरिकी अभियोजकों ने भारत में सौर बिजली अनुबंध हासिल करने के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने का आरोप लगाया है। अमेरिकी अभियोजकों ने अडानी (62), उनके भतीजे सागर अडानी और अन्य पर सौर ऊर्जा अनुबंध हासिल करने के लिए 2020 से 2024 के बीच भारतीय सरकारी अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर से अधिक की रिश्वत देने का आरोप लगाया। एक अनुमान के अनुसार इससे समूह को संभावित रूप से दो अरब डॉलर से अधिक का लाभ हो सकता है। अडानी के खिलाफ आरोपों पर राहुल गांधी ने कहा कि यह अब अमेरिका में बिल्कुल स्पष्ट और स्थापित हो चुका है कि गौतम अडानी ने भारतीय और अमेरिकी कानून तोड़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि अडानी को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनकी ‘संरक्षक’ माधबी पुरी बुच की जांच होनी चाहिए। अमेरिका में अडानी पर अभियोग के बाद राहुल गांधी ने आरोप लगाया अगर प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी और (गौतम) अडानी साथ हैं, तो वे भारत में सुरक्षित हैं। विपक्ष के नेता के तौर पर मैं इस मुद्दे को लोकसभा में उठाऊंगा, जेपीसी की हमारी मांग कायम है। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) ने अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा घोषित 11 उम्मीदवारों की सूची में हाल ही में भाजपा और कांग्रेस छोड़कर आए छह नेताओं के नाम शामिल हैं। इसके अलावा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुयाना ने अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया। इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साझा की। एक दिन पहले ही बुधवार को गुयाना और बारबाडोस ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया था। वहीं डोमिनिका ने भी पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया था।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव

  • अमेरिका में अडानी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर क्या बोले राहुल गांधी
  • गौतम अडानी पर रिश्वत देने और धोखाधड़ी करने के आरोप, मामला दर्ज
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए AAP की 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी
  • पीएम मोदी को मिला गुयाना का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार 'द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस'
  • भारत और गुयाना ने 10 समझौतों पर किए हस्ताक्षर
  • कैरीकॉम के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार
  • नागपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईवीएम ले जा रही कार पर किया हमला

NOV 21, 2024 14:03 IST

दिल्ली चुनाव के लिए AAP की 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

आम आदमी पार्टी (आप) ने अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा घोषित 11 उम्मीदवारों की सूची में हाल ही में भाजपा और कांग्रेस छोड़कर आए छह नेताओं के नाम शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर
NOV 21, 2024 14:01 IST

केजरीवाल के आवास के बाहर भाजपा ने किया प्रदर्शन

राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर उनके द्वारा पहले इस्तेमाल किए गए आधिकारिक बंगले के नवीनीकरण में 'अत्यधिक आलीशान वस्तुओं' का इस्तेमाल किया गया। छह, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले को 'शीशमहल' बताते हुए भाजपा नेताओं ने दावा किया कि वहां पाई गई अत्यधिक महंगी वस्तुएं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा उपलब्ध नहीं कराई गई थीं। भाजपा के कई सांसदों, पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा और विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने फिरोज शाह रोड स्थित केजरीवाल के मौजूदा आवास के पास प्रदर्शन किया। इस सप्ताह की शुरुआत में आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए दिल्ली के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। केजरीवाल ने इस साल अक्टूबर में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला खाली कर दिया था। भाजपा ने बंगले के पुनर्निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लगाया है और दावा किया है कि इसमें अत्यधिक महंगे घरेलू सामान का इस्तेमाल किया गया है।
NOV 21, 2024 14:00 IST

ओडिशा में मुठभेड़ में माओवादी ढेर, पुलिसकर्मी घायल

ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा के निकट जिनेलिगुडा जंगल में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ में एक माओवादी को मार गिराया गया तथा एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात को उस समय गोलीबारी हुई जब पुलिस कर्मियों ने मलकानगिरी जिले के जंगल के रास्ते ओडिशा में माओवादियों के प्रवेश को रोकने के लिए एक अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान दो माओवादियों को भी गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मी की पहचान दमरू बदनायक के रूप में हुई है और उसे मलकानगिरी जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि मृतक माओवादी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया, ‘‘इस दौरान दो घंटे तक गोलीबारी जारी रही। बाद में पुलिस ने इलाके में तलाश अभियान शुरू किया।’’
NOV 21, 2024 14:00 IST

अदाणी समूह ने रिश्वतखोरी के आरोपों को निराधार बताया

​अदाणी समूह ने अमेरिकी अधिकारियों के रिश्वतखोरी के आरोपों को बृहस्पतिवार को खारिज करते हुए इन्हें निराधार बताया और कहा कि समूह सभी कानूनों का अनुपालन करता रहा है। उद्योगपति गौतम अदाणी पर अमेरिकी अभियोजकों ने भारत में सौर बिजली के ठेके हासिल करने के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 25 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने का आरोप लगाया है। समूह ने कहा कि वह इस मामले में सभी कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेगा। अदाणी समूह के प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘ अमेरिकी न्याय विभाग और अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) द्वारा अदाणी ग्रीन के निदेशकों के खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं और हम इन्हें खारिज करते हैं।’’ प्रवक्ता ने अमेरिकी न्याय विभाग के बयान का हवाला दिया जिसमें कहा गया था कि ‘‘ अभियोग केवल ‘‘आरोप’’ हैं और जब तक दोष साबित न हो जाए तब तक प्रतिवादियों को निर्दोष माना जाएगा।’’ प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ अदाणी समूह ने हमेशा अपने परिचालन के सभी क्षेत्रों में कामकाज, पारदर्शिता और नियामकीय अनुपालन के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता दिखाई है। हम अपने हितधारकों, भागीदारों और कर्मचारियों को आश्वस्त करते हैं कि हमारा एक कानून का पालन करने वाला संगठन है, जो सभी कानूनों का पूरी तरह से अनुपालन करता है।’’
NOV 21, 2024 13:03 IST

अडानी मामले में राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कुछ कहा? सुनिए

NOV 21, 2024 13:02 IST

अडानी को भारत में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा- राहुल गांधी का दावा

अमेरिका में अडानी के खिलाफ आरोपों पर राहुल गांधी ने कहा कि जांच सभी राज्यों में होनी चाहिए, चाहे वहां सत्ता में कोई भी पार्टी हो। राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा, मैं गारंटी दे सकता हूं कि अडानी को भारत में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा या उनकी जांच नहीं की जाएगी क्योंकि सरकार उन्हें बचा रही है।
NOV 21, 2024 13:02 IST

राहुल गांधी ने अडानी मामले में पीएम मोदी पर लगाया गंभीर आरोप

अमेरिका में अडानी पर अभियोग के बाद राहुल गांधी ने आरोप लगाया अगर प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी और (गौतम) अडानी साथ हैं, तो वे भारत में सुरक्षित हैं। विपक्ष के नेता के तौर पर मैं इस मुद्दे को लोकसभा में उठाऊंगा, जेपीसी की हमारी मांग कायम है।
NOV 21, 2024 13:02 IST

अमेरिका में अडानी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर क्या बोले राहुल गांधी

अडानी के खिलाफ आरोपों पर राहुल गांधी ने कहा कि यह अब अमेरिका में बिल्कुल स्पष्ट और स्थापित हो चुका है कि गौतम अडानी ने भारतीय और अमेरिकी कानून तोड़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि अडानी को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनकी ‘संरक्षक’ माधबी पुरी बुच की जांच होनी चाहिए।
NOV 21, 2024 11:42 IST

हिंसा प्रभावित मणिपुर में केंद्रीय बल की आठ और कंपनियां पहुंचीं

मणिपुर में हिंसा बढ़ने के बीच केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की आठ कंपनियां राज्य की राजधानी इंफाल पहुंच गई हैं जिन्हें संवेदनशील एंव सीमांत क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। ये बल बुधवार को इंफाल पहुंचे। एक दिन पहले ही सीएपीएफ की 11 कंपनियों का एक और जत्था राज्य में पहुंचा था। अधिकारी ने कहा, "सीआरपीएफ और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चार-चार कंपनियां राज्य के संवेदनशील और सीमांत क्षेत्रों में तैनात की जाएंगी।" सीआरपीएफ की कंपनियों में से एक महिला बटालियन की है। केंद्र ने हाल ही में घोषणा की है कि मणिपुर में सीएपीएफ की 50 नई कंपनियां तैनात की जाएंगी। राज्य में हिंसा बढ़ गई है और पिछले सप्ताह पहाड़ी जिले जिरीबाम में कांग्रेस और भाजपा के कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई। सुरक्षा बलों ने शनिवार शाम मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के पैतृक आवास पर धावा बोलने की आंदोलनकारियों की कोशिश को विफल कर दिया। हिंसा तब और बढ़ गई जब 11 नवंबर को सुरक्षा बलों और संदिग्ध कुकी-जो उग्रवादियों के बीच गोलीबारी के बाद जिरीबाम जिले में एक राहत शिविर से मेइती समुदाय की तीन महिलाएं और तीन बच्चे लापता हो गए। इस मुठभेड़ में 10 उग्रवादी मारे गए। पिछले कुछ दिनों में इन छह लापता लोगों के शव बरामद किए गए। पिछले साल मई से इम्फाल घाटी स्थित मेइती और आसपास की पहाड़ियों पर बसे कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 220 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
NOV 21, 2024 11:41 IST

आतंकवादी घुसपैठ मामले में जम्मू क्षेत्र में एनआईए की छापेमारी

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आतंकवादी घुसपैठ मामलों की जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को जम्मू क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि संभाग में नौ अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी आतंकवादियों की जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ से जुड़े मामले दर्ज किए जाने के बाद छापेमारी की जा रही है। पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान एनआईए अधिकारियों के इस अभियान में उन्हें सहयोग दे रहे हैं।
NOV 21, 2024 11:41 IST

दिल्ली की अदालत ने बीकानेर हाउस की कुर्की का आदेश दिया

दिल्ली की एक अदालत ने एक कंपनी को 50.31 लाख रुपये की मध्यस्थता राशि का भुगतान नहीं करने पर राजस्थान में नोखा नगर पालिक के स्वामित्व वाले बीकानेर हाउस को कुर्क किए जाने का निर्देश दिया है। जिला न्यायाधीश विद्या प्रकाश ने आदेश पारित करते हुए कहा कि नगर पालिका द्वारा इस वर्ष की शुरुआत में दायर की गई अपील खारिज होने के बाद ‘एनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के पक्ष में 2020 का मध्यस्थता आदेश अंतिम हो गया है। न्यायाधीश ने 18 सितंबर को पारित आदेश में कहा कि अदालत के निर्देशों का पालन नहीं किया गया। न्यायाधीश ने कहा, ‘‘इस बात पर गौर करते हुए कि बार-बार मौका दिए जाने के बावजूद देनदार अपनी संपत्ति का हलफनामा पेश करने के निर्देश का पालन करने में विफल रहा है, अदालत ने डिक्री धारक (डीएच) की ओर से पेश किए गए तर्कों से सहमति जताते हुए पाया कि देनदार की अचल संपत्ति अर्थात बीकानेर हाउस के खिलाफ कुर्की वारंट जारी करने का यह एक उपयुक्त मामला है।’’ अदालत ने 21 जनवरी 2020 को मध्यस्थता अधिकरण द्वारा पारित आदेश को लागू करने का अनुरोध वाली एक अर्जी पर यह व्यवस्था दी। न्यायाधीश ने कहा कि अदालत ने नोखा नगर पालिका संपत्ति को न बेच सकती है या न ही उपहार या अन्य तौर पर इसे हस्तांतरित कर सकती है। न्यायाधीश ने नोखा नगर पालिका के प्रतिनिधि को 29 नवंबर को अगली सुनवाई में अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है।
NOV 21, 2024 11:40 IST

ट्रंप ने नाटो, कनाडा में अमेरिकी राजदूत के नाम का ऐलान किया

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में अमेरिकी राजदूत के लिए कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल मैथ्यू जी व्हिटेकर और कनाडा में पूर्व सांसद पीट होकेस्ट्रा को नामित किया। होकेस्ट्रा ने कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में मिशिगन के सेकंड डिस्ट्रिक्ट का लगभग 20 वर्षों तक प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान वह प्रतिनिधि सभा की खुफिया समिति के अध्यक्ष भी रहे। ट्रंप ने कहा कि व्हिटेकर यह सुनिश्चित करेंगे कि अमेरिकी हितों को आगे बढ़ाया जाए और उनकी रक्षा की जाए। उन्होंने कहा, ‘‘मैथ्यू हमारे नाटो सहयोगियों के साथ संबंधों को मजबूत करेंगे और शांति तथा स्थिरता के लिए खतरों का दृढ़ता से सामना करेंगे। वह अमेरिका को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरे दूसरे कार्यकाल में, पीट (पूर्व सांसद पीट होकेस्ट्रा) एक बार फिर अमेरिका को ऊंचाइयों तक ले जाने में मेरी मदद करेंगे। उन्होंने हमारे पहले चार वर्षों के दौरान नीदरलैंड में अमेरिका के राजदूत के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया और मुझे विश्वास है कि वह इस नई भूमिका में हमारे देश का बेहतर प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगे।’’
NOV 21, 2024 11:39 IST

उत्तर प्रदेश: खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई मोटरसाइकिल, तीन युवकों की मौत

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में सड़क पर खडी़ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटरसाइकिल टकरा गई जिससे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक धर्म सिंह मार्छाल ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार रात हल्दौर-नहटौर मार्ग पर डींगरपुर गांव के पास हल्दौर की ओर से आ रही मोटरसाइकिल सड़क पर खराब खडी़ ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। उन्होंने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार रविन्द्र (24), दीपक (23) और ऋतिक (21) गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्होंने बताया कि तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मार्छाल ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
NOV 21, 2024 11:39 IST

दिल्ली में मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया

दिल्ली में एक सप्ताह तक प्रदूषण के गंभीर स्तर से बेहाल रहने के बाद, राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ, लेकिन यह अभी भी 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। बृहस्पतिवार की सुबह मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.1 डिग्री कम है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। रविवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई, जिसके कारण अधिकारियों को ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) 4 के तहत उपाय लागू करने पड़े। सोमवार और मंगलवार को वायु गुणवत्ता और भी खराब हो गई और अत्यधिक गंभीर श्रेणी में पहुंच गई तथा एक्यूआई 450 से अधिक हो गया। बुधवार तक एक्यूआई में मामूली सुधार हुआ, लेकिन यह गंभीर श्रेणी में ही बना रहा। इन उपायों में निर्माण और तोड़ फोड़ की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध तथा स्कूलों में प्रत्यक्ष कक्षाओं का निलंबन शामिल है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने अतिरिक्त प्रतिबंध भी लागू किए हैं, जिनमें दिल्ली और राजधानी से सटे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के जिलों में सिर्फ बीएस-चार वाहनों और आवश्यक या आपातकालीन सेवाओं के लिए उपयोग किए जाने वाले वाहनों को छोड़कर चार पहिया डीजल हल्के मोटर वाहनों (एलएमवी) के परिचालन पर प्रतिबंध शामिल है। डीजल से चलने वाले मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, सिवाय आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों के। अपवाद स्वरूप आवश्यक सेवाओं के वाहन को छोड़कर केवल इलेक्ट्रिक और सीएनजी ट्रकों को ही अनुमति दी गई है। 2017 में पहली बार अधिसूचित किए गए ग्रैप वायु गुणवत्ता को गंभीरता के आधार पर चार चरणों में वर्गीकृत किया गया है: चरण एक - ‘खराब’ (एक्यूआई 201-300), चरण दो - ‘बहुत खराब’ (एक्यूआई 301-400), चरण तीन - ‘गंभीर’ (एक्यूआई 401-450) और चरण चार - ‘अत्यंत गंभीर’ (एक्यूआई 450 से ऊपर)।
NOV 21, 2024 11:36 IST

तमिलनाडु के सेलम में आग लगने से आरा मिल हुई जलकर खाक

तमिलनाडु में सेलम जिले के सन्नियासिगुंडु के पास किच्चिपलायम में लकड़ी की एक आरा मिल में आग लग जाने से लकड़ी का पूरा भंडारण जलकर खाक हो गया। अग्निशमन और बचाव सेवा विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात को कथित तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिससे मिल में रखी लकड़ियां जलकर खाक हो गईं। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, आग से करीब 50 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
NOV 21, 2024 10:54 IST

प्रधानमंत्री मोदी गुयाना की संसद के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को गुयाना की संसद के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में सबसे अधिक विदेशी संसदों को संबोधित करने का गौरव प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मोदी के 14 भाषण पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा विदेशी संसदों में दिए गए भाषणों की संख्या से दोगुने हैं। अधिकारियों ने बताया कि इंदिरा गांधी ने विदेशी संसदों को चार बार संबोधित किया था, जबकि जवाहरलाल नेहरू ने तीन बार ऐसा किया था। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी ने दो बार ऐसे भाषण दिए, जबकि मोरारजी देसाई और पीवी नरसिम्हा राव ने केवल एक बार ही विदेशी संसद को संबोधित किया। एक अधिकारी ने कहा,‘‘ उनके संबोधन वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते प्रभाव का प्रमाण हैं।’’
NOV 21, 2024 09:29 IST

भारतीय उद्योगपति अदाणी पर निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप, मामला दर्ज

​भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी पर अमेरिका में निवेशकों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगा है। अदाणी पर आरोप हैं कि उन्होंने भारतीय उपमहाद्वीप में सौर परियोजनाओं के अनुबंध और वित्त पोषण हासिल करने लिए बड़े पैमाने पर रिश्वत दी और यह बात उन्होंने अमेरिकी निवेशकों से छिपाई। अदाणी के साथ जिन अन्य लोगों पर आरोप लगे हैं, उनमें उनके भतीजे और अडानी ग्रीन एनर्जी के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी और कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रहे विनीत जैन शामिल हैं। जैन 2020 से 2023 तक कंपनी के सीईओ थे और वह इसके निदेशक मंडल के प्रबंध निदेशक हैं। बासठ वर्षीय अदाणी पर बुधवार को प्रतिभूति धोखाधड़ी करने और उसकी साजिश रचने के आरोप लगाए गए। उनके खिलाफ दो मामले ब्रुकलीन की संघीय अदालत में दर्ज किए गए हैं। यह मामला अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और एक अन्य कंपनी के लिए भारत सरकार को 12 गीगावाट सौर ऊर्जा बेचने को लेकर अधिकारियों को रिश्वत देने से जुड़ा है। अभियोग में अदाणी और अन्य पर भारत में अरबों डॉलर के अनुबंध और वित्त पोषण हासिल करने के लिए सरकारी अधिकारियों को लगभग 26.5 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने या देने की योजना बनाने के आरोप हैं।
NOV 21, 2024 09:12 IST

महाराष्ट्र के पालघर में तारापुर MIDC के पास एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग

NOV 21, 2024 09:07 IST

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, सीएम योगी ने दिए जरूरी निर्देश

यूपी के मुख्ययमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसा का संज्ञान लिया। अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। सीएम योगी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बता दें कि अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया था। एक बस ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बस सवार पांच लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद सड़क पर दोनों तरफ से वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी, जिसके चलते जाम की स्थिति बन गई। बस के यात्रियों की मानें तो बस का चालक नशे में था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा होने के बाद चीख पुकार मच गई थी। लोग जहां तहां फंसे हुए थे, किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह हादसा इतना भीषण था कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकलवाया। पुलिस ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जिसमें एक महिला और पांच माह का बच्चा भी शामिल है। बस अयोध्या से दिल्ली होते हुए आजमगढ़ जा रही थी। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।
NOV 21, 2024 09:07 IST

कैरीकॉम के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

​कैरेबियाई समुदाय (कैरिकॉम) के नेताओं ने ग्लोबल साउथ की आवाज बनने और कैरेबियाई देशों की चिंताओं को विश्व के एजेंडे में रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। बुधवार को दूसरे इंडिया-कारिकॉम समिट (भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन) में पीएम मोदी ने कहा कि जब क्षेत्र और ग्लोबल साउथ नई वैश्विक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, तो भारत कैरेबियाई देशों को लगातार मदद और सहयोग प्रदान करने को प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा ग्लोबल वैश्विक चिंताओं का संज्ञान लिया है। कैरिकॉम के अध्यक्ष डिकन मिशेल ने कहा, "मैं कैरिकॉम के सभी नागरिकों की ओर से पीएम मोदी, भारत सरकार और भारत के लोगों का दिल से धन्यवाद अर्पित करता हूं, जिन्होंने ग्लोबल साउथ सिद्धांतों और आकांक्षाओं को बढ़ावा देने में सक्रिय और प्रभावशाली भूमिका निभाई है।" उन्होंने आगे कहा, "इस जटिल और आपस में जुड़े वैश्वीकरण के युग में हम भारत द्वारा हमारे क्षेत्र के सतत विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की सराहना करते हैं।" उन्होंने कैरिकॉम नेताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता और सतत विकास के प्रति उनके समर्पण ने हम सभी के लिए एक अद्वितीय उदाहरण स्थापित किया है।" उन्होंने कैरीकॉम देशों को भारत द्वारा कोविड वैक्सीन देने की बात का जिक्र करते हुए कहा, "इससे यह दिखाया गया कि अपनी बड़ी जरूरत के समय में भी, भारत ने कैरीकॉम के में अपने भाइयों और बहनों की चिंता की।" उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का "दूरदर्शी नेतृत्व भारत और कैरिकॉम के बीच संबंधों को मजबूत करने में सहायक रहा है।" मिशेल ने कहा, "हमारा सहयोग विभिन्न क्षेत्रों में फैला हुआ है, जिनमें व्यापार, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और जलवायु लचीलापन शामिल हैं, जो हमारे क्षेत्रों के सतत विकास और समृद्धि में योगदान कर रहे हैं' और 'भारत की कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य, मानव संसाधन विकास और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेषज्ञता इस क्षेत्र की मदद कर सकती है।" कैरिकॉम शिखर सम्मेलन के मेजबान गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि उनके "दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय में एक प्रभावशाली आवाज बन गया है, आप वैश्विक दक्षिण की आवाज के रूप में उभर रहे हैं।"