LIVEआज की ताजा खबरें: इंडिगो की फ्लाइट 6E 7642 नोएडा वापस लौटी, काला जठेड़ी 6 घंटे की कस्टडी पैरोल के बाद तिहाड़ रवाना
आज की ताजा खबर 20 सितंबर 2026: सऊदी अरब ने पुष्टि की है कि यमन के हूती विद्रोहियों ने उसकी राजधानी रियाद को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाने की कोशिश की। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ग्रेटर नोएडा में आएंगे।

आज की ताजा खबरें: इंडिगो की फ्लाइट 6E 7642 नोएडा वापस लौटी, काला जठेड़ी 6 घंटे की कस्टडी पैरोल के बाद तिहाड़ रवाना
आज की ताजा खबर 20 सितंबर 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की IT और सोशल मीडिया टीम की अहम बैठक रविवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जारी है। बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी पहुंचे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हास्के समेत IT और सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारी बैठक में मौजूद हैं। देश के अलग-अलग राज्यों से बीजेपी के IT और सोशल मीडिया प्रमुख और सह-प्रमुख भी इस बैठक में शामिल हुए हैं।
सऊदी अरब ने पुष्टि की है कि यमन के हूती विद्रोहियों ने उसकी राजधानी रियाद को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाने की कोशिश की। शनिवार देर रात सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि मिसाइल को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग के कांसुलर अफेयर्स ने कहा है कि क्षेत्र का सुरक्षा माहौल जटिल बना हुआ है और हालात अचानक बिगड़ सकते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ग्रेटर नोएडा में आएंगे। यहां मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में आयोजित प्रेरणा विमर्श-2026 के समापन समारोह में 5000 से अधिक युवाओं और महिलाओं को संबोधित करेंगे।
गणेशोत्सव के सातवें दिन रात नौ बजे तक मुंबई में 6,436 प्रतिमाओं का विसर्जन
मुंबई में रविवार को गणेशोत्सव के सातवें दिन रात नौ बजे तक कुल 6,436 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया और इस दौरान कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी। बीएमसी की रिपोर्ट के अनुसार, विसर्जित की गईं प्रतिमाओं में 99 सार्वजनिक गणेश मंडलों की, 6,127 घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाएं और 210 देवी गौरी की प्रतिमाएं शामिल थीं। नगर निकाय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है, जिनमें कृत्रिम तालाब भी शामिल हैं।
बीएमसी ने कहा कि विसर्जन प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रही।
हिमाचल में अलग-अलग सड़क हादसों में केरलम के पर्यटक समेत तीन लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के जीभी इलाके में मोटरसाइकिल के खाई में गिरने से केरलम के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि एक को चोटें आईं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार अपराह्न करीब 1:50 बजे जीभी-सोजा संपर्क मार्ग पर हुआ। इस हादसे में सबिन मैथ्यू कुरियन की मौत हो गई, जबकि अक्षरा जोस को घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों एर्नाकुलम जिले के रहने वाले थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ’’प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो दिया, जिससे मोटरसाइकिल सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी।’’ पुलिस ने बताया कि दोनों को बंजार के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से जोस को उपचार के लिए कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच, एक अन्य हादसे में सिरमौर जिले के काला अंब में शनिवार देर रात ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सुरदीप कुमार और हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के निवासी ज्ञान सिंह के रूप में हुई है।
नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,451 हुई, 6000 से अधिक लोग अब भी लापता
नेपाल में पिछले महीने अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 1,451 हो गई, जबकि 6000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को बर्फीली चट्टान के खिसकने के कारण अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई थी। नेपाल पुलिस ने एक बयान में कहा कि प्रभावित इलाकों से और शव बरामद होने के बाद अचानक आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,451 हो गई है। चीनी मीडिया के अनुसार, बाढ़ के कारण चीन की तरफ भी 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि वहां 500 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। नेपाल पुलिस के बयान के अनुसार, नेपाल के चितवन जिले में 367 शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा रसुवा से 236, नवलपरासी पूर्व से 232 और नवलपरासी पश्चिम से 222 शव मिले हैं। बयान में कहा गया कि इसी तरह नुवाकोट से 203, गोरखा से 79, धादिंग से 72 और तनहूं से 38 शव बरामद किए गए हैं। बाढ़ के दो पीड़ितों की इलाज के दौरान काठमांडू के अस्पतालों में भी मौत हो गई। अब तक देशभर से बाढ़ प्रभावित 13,784 लोगों को बचाया जा चुका है। नेपाल पुलिस का अनुमान है कि बाढ़ के बाद करीब 6,000 लोग अब भी लापता हैं।
पद्मश्री से सम्मानित मशहूर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जी. विजयराघवन का निधन
केरल के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. जी. विजयराघवन का रविवार को तिरुवनंतपुरम में निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। उनके परिजनों के मुताबिक, वह उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते इलाज करा रहे थे। डॉ. विजयराघवन तिरुवनंतपुरम स्थित KIMS अस्पताल के वाइस चेयरमैन थे। मूल रूप से कोल्लम के पेरुम्पुझा के रहने वाले विजयराघवन ने 1964 में तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज से MBBS और 1969 में जनरल मेडिसिन में MD की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने वेल्लोर के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज से कार्डियोलॉजी में डॉक्टरेट की। उनकी रिसर्च का प्रमुख विषय एंडोमायोकार्डियल फाइब्रोसिस था। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में भी शोध कार्य किया और कार्डियोलॉजी से जुड़ी कई किताबें लिखीं।
कर्नाटक में पूर्व मंत्री बी. रमनाथ राय की SUV को बस ने मारी जोरदार टक्कर, पांच लोग घायल
कर्नाटक के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बी. रमनाथ राय रविवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मूडबिद्री के पास सनूर जंक्शन पर हुए इस हादसे में रमनाथ राय समेत पांच लोग घायल हुए हैं। हादसा करकला-मूडबिद्री हाईवे पर उस समय हुआ, जब करकला से मूडबिद्री की ओर जा रही एक निजी बस ने रमनाथ राय की एसयूवी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा और पूर्व मंत्री वाहन के अंदर फंस गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद रमनाथ राय को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें और दोनों वाहनों में घायल हुए अन्य लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। करकला पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
कैलाश विजयवर्गीय ने साधा राहुल गांधी पर निशाना
मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, वामपंथी और ‘अर्बन नक्सल’ इस कार्यक्रम की आड़ में देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं। विजयवर्गीय ने कहा कि उनका उद्देश्य भारत में ऐसी स्थिति पैदा करना है, जैसी श्रीलंका और बांग्लादेश में देखने को मिली थी।
इंडिगो की फ्लाइट 6E 7642 तकनीकी दिक्कत की वजह से नोएडा वापस आ गई
नोएडा से जयपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 7642 तकनीकी दिक्कत की वजह से नोएडा वापस आ गई। सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गई।
बदायूं में गिरा निर्माणाधीन लेंटर
बदायूं के थाना उसहैत क्षेत्र के ग्राम नौगवां नसीर नगर में एक दुकान पर निर्माणाधीन लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। बताया जा रहा है कि दुकान पर नया लेंटर डाला जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ और मलबे के नीचे करीब पांच लोगों के दबे होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही उसहैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
काला जठेड़ी 6 घंटे की कस्टडी पैरोल के बाद तिहाड़ रवाना
सोनीपत के जठेड़ी गांव में जुड़वां बेटियों के नामकरण समारोह में शामिल होने के बाद गैंगस्टर काला जठेड़ी अब वापस तिहाड़ जेल के लिए रवाना हो चुका है। दिल्ली की अदालत ने काला जठेड़ी को अपने गांव जठेड़ी स्थित घर पर बच्चों के नामकरण समारोह में शामिल होने के लिए 6 घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। पैरोल की अवधि पूरी होने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच वापस दिल्ली ले जाया गया। सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस, सोनीपत पुलिस और हरियाणा STF की टीमें तैनात रहीं। आला अधिकारियों की मौजूदगी में सैकड़ों पुलिसकर्मी और दर्जनों वाहन काफिले में शामिल रहे। पूरे रूट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और पुलिस टीम काला जठेड़ी को वापस तिहाड़ जेल लेकर रवाना हुई।
राजकोट में तेज रफ्तार आयशर का कहर, पारेवड़ी चौक पर कई वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत
राजकोट के पारेवड़ी चौक में तेज रफ्तार आयशर टेम्पो ने कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, आयशर टेम्पो में डीजे का सामान भरा हुआ था। भगवतीपरा पुल से नीचे उतरते समय टेम्पो तेज रफ्तार में आता दिखाई दिया। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और आयशर ने रास्ते में दो रिक्शा समेत दो से तीन बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों और टेम्पो चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
दिल्ली के नजफगढ़ में नकाबपोशों ने दवा की दुकान पर चलाई गोली, कोई घायल नहीं
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ में मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश लोगों ने दवा की एक दुकान पर कथित तौर पर गोली चलायी, जो दुकान के ऊपरी हिस्से में लगी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे नया बाजार स्थित दवा की एक दुकान में हुई। पुलिस ने बताया कि दुकान के मालिक 51 वर्षीय संजय रोहिल्ला ने पुलिस को सूचना दी कि करीब 25 से 30 वर्ष की उम्र के दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों में से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से उतरा और कथित तौर पर छत की ओर गोली चला दी। गोली दुकान की छत के पास गेट के ऊपरी हिस्से में लगी। इसके बाद दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
ओडिशा के ढेंकनाल में एक व्यक्ति ने पत्नी की ‘हत्या' करने के बाद ‘आत्महत्या' की
ओडिशा के ढेंकनाल जिले में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के कारण अपनी पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी और फिर फंदा लगाकर "आत्महत्या कर ली।" पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना शनिवार रात जिले के परजांग थाना सीमा के अंतर्गत दादराघाटी गांव में हुई। मृतकों की पहचान मिथुन नायक (33) और उसकी पत्नी रश्मिता नायक (30) के रूप में हुई है। एसडीपीओ (कामाख्यानगर) चित्तरंजन बेहरा ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार दंपति के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद व्यक्ति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर पछतावे के कारण अपने बच्चों को दूसरे कमरे में बंद करके खुद फंदे से लटक गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
महाराष्ट्र के नागपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो भाइयों की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो किसानों की की मौत हो गई। मरने वाले दोनों किसान चचेरे भाई थे। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात मोहपा थाना क्षेत्र के तिष्टी खुर्द गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि दोनों मवेशियों को चराने के लिए खेत गए थे, जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और गांव के एक मंदिर में दोनों के शव मिले। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान तिबुराज राजेराम कनफड़े (64) और लक्ष्मण घनश्याम कनफड़े (55) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बारिश के कारण दोनों ने मंदिर में शरण ली थी और आशंका है कि वहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी मौत हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।
BJP IT सेल की अहम बैठक शुरू, नितिन नबीन पहुंचे पार्टी मुख्यालय; Gen-Z और चुनावी डिजिटल रणनीति पर मंथन
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की IT और सोशल मीडिया टीम की अहम बैठक रविवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जारी है। बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी पहुंचे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हास्के समेत IT और सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारी बैठक में मौजूद हैं। देश के अलग-अलग राज्यों से बीजेपी के IT और सोशल मीडिया प्रमुख और सह-प्रमुख भी इस बैठक में शामिल हुए हैं।
बैठक में पार्टी की डिजिटल और सोशल मीडिया रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की पहुंच और प्रभाव को बढ़ाने के तरीकों पर मंथन किया जा रहा है। इसके साथ ही सोशल मीडिया के जरिए संगठन और पार्टी के अभियानों को ज्यादा प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हो रही है।
अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की चेतावनी
अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग के कांसुलर अफेयर्स ने कहा है कि क्षेत्र का सुरक्षा माहौल जटिल बना हुआ है और हालात अचानक बिगड़ सकते हैं। विभाग ने पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकियों से ज्यादा सतर्क रहने को कहा है। वहीं, जो अमेरिकी नागरिक अभी पश्चिम एशिया से बाहर हैं, उन्हें इस क्षेत्र में या इसके रास्ते यात्रा करने पर गंभीरता से दोबारा विचार करने की सलाह दी गई है।
सीएम योगी का आज नोएडा दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ग्रेटर नोएडा में आएंगे। यहां मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में आयोजित प्रेरणा विमर्श-2026 के समापन समारोह में 5000 से अधिक युवाओं और महिलाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही मुख्यमंत्री नोएडा में पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के घर जाएंगे। इसके बाद जीबीयू वापस आकर यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
हूती विद्रोहियों ने सऊदी की राजधानी पर की हमले की कोशिश
सऊदी अरब ने पुष्टि की है कि यमन के हूती विद्रोहियों ने उसकी राजधानी रियाद को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाने की कोशिश की। शनिवार देर रात सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि मिसाइल को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।
यह गठबंधन यमन में हूतियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी समर्थित बलों का नेतृत्व करता है। गठबंधन के अनुसार, मिसाइल हमले के प्रयास को समय रहते विफल कर दिया गया। बताया जा रहा है कि ईरान समर्थित हूतियों और सऊदी समर्थन वाले यमनी सरकारी बलों के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद रियाद को निशाना बनाने की यह पहली कोशिश है। इससे क्षेत्र में जारी तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।