LIVEआज की ताजा खबर 20 अक्टूबर 2023: छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता की हत्या; कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची

आज की ताजा खबर 20 अक्टूबर 2023: छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता की हत्या; कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 20 अक्टूबर 2023 और बड़ी खबरें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के प्राथमिकता वाले खंड का उद्घाटन किया। ये रैपिड रेल सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक चलेगा। ये करीब 180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलेगी। पीएम मोदी ने भारत में आरआरटीएस की शुरुआत करते हुए साहिबाबाद और दुहाई डिपो को जोड़ने वाली एक रैपिडएक्स ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी है। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस गलियारे का 17 किलोमीटर प्राथमिकता खंड गाजियाबाद, गुलधर और दुहाई स्टेशनों के जरिए साहिबाबाद को दुहाई डिपो से जोड़ेगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर राजस्थान कोर कमेटी की बैठक हो रही है। इस बैठक में उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर मंथन किया जा रहा है। आज की बैठक में ये तय किया जाएगा कि विधानसभा चुनावों में किन-किन नेताओं को टिकट मिलेगा। पहले लिस्ट में भाजपा ने 41 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 20 अक्टूबर (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।
कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जैसे नाम शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता की हत्या
छत्तीसगढ़ में चुनावी सरगर्मियों के बीच भाजपा नेता की हत्या का मामला सामने आया है। घटना मोहला मानपुर की है। भाजपा नेता का नाम बिरझू तारम बताया जा रहा है। घटना मोहला मानपुर के सरखेड़ा गांव की है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।भाजपा नेता बिरझू तारम की हत्या घर में घुसकर की गयी है। उसे दो से तीन गोलियां मारी गयी है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। वहीं औंधी थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंच गयी है और जांच में जुट गयी है। मोहला मानपुर सहित 20 विधानसभा में पहले चरण में चुनाव होना है।
कंगारूओं ने दी बाबर की सेना को पटखनी
बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 62 रन से हराया। टीम की यह मौजूदा वर्ल्ड कप में 4 मुकाबले में दूसरी जीत है। इसी जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम 4 अंक के साथ पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है।
AAP ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए 37 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सांसद संजय सिंह, पार्टी नेता मनीष सिसोदिया और अन्य नेताओं को स्टार प्रचारक के रूप में नामित किया गया है।
कच्छ के धोरडो गांव को मिला बेस्ट टूरिज्म विलेज का खिताब
गुजरात के कच्छ जिले के धोरडो गांव को विश्व पर्यटन संगठन ने बेस्ट टूरिज्म विलेज घोषित किया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वह इससे बेहद रोमांचित हैं क्योंकि यह सम्मान न केवल भारतीय पर्यटन की क्षमता को दर्शाता है बल्कि विशेष रूप से कच्छ के लोगों के समर्पण का भी परिचायक है।
कैंसर पीड़ितों को AIIMS देगा बड़ी राहत
एम्स में 359 तरह की दवाएं मुफ्त मिलेंगी। जेनेरिक फार्मेसी की सूची में विस्तार किया गया है। कैंसर, मधुमेह, गठिया और सोरायसिस सहित अन्य मरीजों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मरीजों की दवाओं की कमी को देखते हुए मौजूदा सूची में 63 दवाएं जोड़ी गईं हैं। एम्स की फार्मेसी में उपलब्ध दवाओं की सूची अभी तक 296 थी, जो नए फैसले के बाद बढ़कर 359 हो गई हैं।
500 करोड़ के घोटाले में उद्धव गुट के विधायक को समन
जोगेश्वरी बीएमसी प्लॉट और पांच सितारा होटल 500 करोड़ घोटाला मामले में मुंबई पुलिस ने उद्धव गुट के विधायक और पूर्व मंत्री रवींद्र वायकर को समन भेजा है। रवींद्र वायकर को सोमवार को पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
दिवाली-छठ के लिए रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
दिवाली और छठ जैसे त्योहारों पर भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने स्पेशल ट्रेंने चलाने का फैसला किया है।
यहां देखें पूरी सूची...बहरीन में भारतीय मूल के डॉक्टर को नौकरी से निकाला
बहरीन के एक अस्पताल से भारतीय मूल के डॉक्टर सुनील राव को एक ट्वीट चलते नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिलिस्तीन विरोधी टिप्पणियां की थीं, जिसके बाद रॉयल बहरीन अस्पताल ने उन्हें बर्खास्त कर दिया है।
संजय सिंह को HC से बड़ा झटका
दिल्ली शराब घोटाले में गिरफ्तार आप सांसद संजय सिंह को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका को खारिज कर दिया है।
निठारी हत्याकांड: मोनिंदर पंढेर जेल से रिहा
निठारी हत्याकांड के आरोपी मोनिंदर सिंह पंढेर को आज जेल से रिहाई मिल गई। शुक्रवार को पंढेर को ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जेल से रिहा कर दिया गया। इस मामले में पंढेर को तीन दिन पहले हाई कोर्ट ने बरी किया था। जेल से रिहा होने के बाद 65 वर्षीय कारोबारी पंढेर एक गाड़ी में बैठा और बिना किसी से बात किए चला गया।
कहां और कैसे देखें Gaganyaan क्रू एस्केप टेस्ट
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) शनिवार 21 अक्टूबर को सुबह 7.30 बजे गगनयान व्हीकल टेस्ट उड़ान करने जा रहा है। परीक्षण के दौरान गगनयान क्रू मॉड्यूल के शुरुआती संस्करण को परीक्षण के लिए 17 किलोमीटर की ऊंचाई पर ले जाया जाएगा जिसके इसकी मिड-एयर क्रू एस्केप प्रणाली का पता चलेगा। इसरो अपनी वेबसाइट, फेसबुक और यूट्यूब सहित कई प्लेटफार्मों के जरिए परीक्षण उड़ान का लाइवस्ट्रीमिंग करेगा। आप इसे नीचे लाइवस्ट्रीम के माध्यम से देख सकते हैं। अगर आप इसे टीवी पर देखना चाहते हैं, तो मिशन का सीधा प्रसारण डीडी नेशनल पर किया जाएगा।
चोटिल पंड्या NZ के खिलाफ मैच से बाहर
आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में इंडिया का अगला मुकाबला न्यूजीलैंड के साथ है। मगर इस मुकाबले में भारत को बड़ा झटका लग सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि चोटिल हुए हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या कीवी टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबले में नहीं होंगे।
सीवर सफाई करने वालों के हक में सुप्रीम फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने ये आदेश दिया है कि सरकारी अधिकारी सीवर सफाई के दौरान मरने वालों के परिजनों को 30 लाख रुपये का मुआवजा देंगे। फैसला सुनाते हुए न्यायमूर्ति भट ने कहा कि यदि सफाईकर्मी अन्य दिव्यांगता से ग्रस्त है तो अधिकारियों को 10 लाख रुपये तक का भुगतान करना होगा।
राजस्थान कोर कमेटी की बैठक में अमित शाह भी पहुंचे
राजस्थान विधान सभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर विचार करने के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर राजस्थान भाजपा कोर कमेटी के नेताओं की बैठक हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बैठक में शामिल होने के लिए जेपी नड्डा के आवास पर पहुंच गए हैं।
राजस्थान चुनाव के लिए भाजपा बना रही आगे का प्लान
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर राजस्थान कोर कमेटी की बैठक हो रही है। इस बैठक में उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर मंथन किया जा रहा है। आज की बैठक में ये तय किया जाएगा कि विधानसभा चुनावों में किन-किन नेताओं को टिकट मिलेगा। पहले लिस्ट में भाजपा ने 41 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी।
पढ़ें पूरी खबरपीएम मोदी ने देश की पहली रैपिड रेल को दिखाई हरी झंडी
साहिबाबाद (उत्तर प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के प्राथमिकता वाले खंड का उद्घाटन किया। ये रैपिड रेल सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक चलेगा। ये करीब 180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलेगी। पीएम मोदी ने भारत में आरआरटीएस की शुरुआत करते हुए साहिबाबाद और दुहाई डिपो को जोड़ने वाली एक रैपिडएक्स ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी है। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस गलियारे का 17 किलोमीटर प्राथमिकता खंड गाजियाबाद, गुलधर और दुहाई स्टेशनों के जरिए साहिबाबाद को दुहाई डिपो से जोड़ेगा।
बाइडेन ने अमेरिकियों से की इज़राइल व यूक्रेन का समर्थन करने की अपील
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने देश के नागरिकों से इजरायल और यूक्रेन का समर्थन करने का आग्रह किया। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को ओवल कार्यालय से राष्ट्र के नाम एक संबोधन में राष्ट्रपति ने इतिहास में इस क्षण को एक महत्वपूर्ण बिंदु बताया। उन्होंने अमेरिकी लोगों से अपील की और यूक्रेन, इज़राइल, ताइवान और अमेरिकी सीमा पर सहायता और संसाधन पहुंचाने के लिए कांग्रेस से लगभग 100 बिलियन डॉलर की अनुमति का अनुरोध किया। बाइडेन ने कहा, 'हमास और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अलग-अलग खतरों का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन वे इसे साझा करते हैं: वे दोनों पड़ोसी लोकतंत्र को नष्ट करना चाहते हैं।' उन्होंने कहा, 'हम एक महान राष्ट्र के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के रास्ते में क्षुद्र पक्षपातपूर्ण, क्रोधपूर्ण राजनीति को नहीं आने दे सकते। हम हमास जैसे आतंकवादियों और पुतिन जैसे अत्याचारियों को जीतने नहीं दे सकते और न ही जीतने देंगे।'
जयशंकर ने सिंगापुर के उद्योग मंत्री के साथ सहयोग के नए क्षेत्रों पर की चर्चा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को सिंगापुर के व्यापार एवं उद्योग मंत्री गान किम योंग से मुलाकात की और दीर्घकालिक प्रभाव वाले द्विपक्षीय सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा की। जयशंकर दक्षिण पूर्व एशिया के दो देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में यहां पहुंचे हैं। वह सिंगापुर के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे तथा साझेदारी बढ़ाने के अवसर तलाशेंगे। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, 'आज (शुक्रवार) सुबह व्यापार एवं उद्योग मंत्री गान किम योंग से मिलकर अच्छा लगा। हमने दीर्घकालिक प्रभाव वाले सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा की।' उन्होंने कहा कि वह भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन (आईएसएमआर) में इन विचारों को आगे बढ़ाने को उत्सुक हैं। जयशंकर अपनी दो देशों की आधिकारिक यात्रा के अंतिम चरण में वियतनाम से सिंगापुर पहुंचे हैं।
गाजा पट्टी पर इजराइल के हमले जारी, अमेरिका ने नष्ट कीं मिसाइलें
इजराइल के रक्षामंत्री द्वारा सैनिकों को गाजा को 'भीतर से देखने' यानी व्यापक स्तर पर जमीनी हमले के लिए तैयार होने के आदेश दिए जाने बीच बृहस्पतिवार को गाजा पट्टी पर हवाई हमले जारी रहे और इसके दक्षिणी भाग पर भी हमले किए गए जहां फलस्तीनियों को शरण लेने के लिए कहा गया था। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि जमीनी स्तर हमला कब शुरू होगा। गाजा में अधिकारी जहां मिस्र से आने वाली अत्यंत आवश्यक मानवीय सहायता का प्रबंध कर रहे हैं। वहीं, गाजा के अस्पताल घटती चिकित्सा आपूर्ति और जनरेटरों के लिए ईंधन के इंतजाम की कोशिश में लगे हैं। हालत यह है कि चिकित्सक अंधकार में डूबे वार्डों में मोबाइल फोन की रोशनी में सर्जरी कर रहे हैं। एनेस्थीसिया से लेकर कई आवश्यक दवाओं के अभाव में संक्रमित घावों के इलाज के लिए सिरके (विनेगर) का इस्तेमाल किया जा रहा है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने युद्ध के बीच इजराइल की सुरक्षा के लिए 'आज और हमेशा' अटूट समर्थन का वादा किया। उन्होंने कहा कि घिरे हुए गाजा पट्टी में निर्दोष फलस्तीनियों को दुनिया नजरअंदाज नहीं कर सकती। इजराइल की यात्रा से वाशिंगटन लौटने के कुछ घंटों बाद बाइडन ने बृहस्पतिवार रात ओवल कार्यालय से एक संबोधन में आम फलस्तीनी नागरिकों और गाजा को नियंत्रित करने वाले आतंकवादी समूह हमास के बीच अंतर बताया। उन्होंने गाजा में मौजूदा युद्ध को यूक्रेन पर रूसी हमले से जोड़ते हुए कहा कि हमास और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन "दोनों लोकतंत्र को पूरी तरह से नष्ट करना चाहते हैं।"