ताजा खबर, 2 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़ : असम पहुंचे अमित शाह ने राहुल-मनमोहन को घेरा, AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता के पद से हटाया
-IPL में आज किसका मैच
-देश में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव
-ईरान युद्ध पर क्या बोले ट्रंप?
चुनाव आयोग चला रहा राज्य...' मालदा के मुद्दे पर बोलीं भड़कीं ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बड़ा बयान सामने आया है। उनका कहना है कि प्रशासन मेरे हाथ में नहीं है, कानून-व्यवस्था अब चुनाव आयोग के नियंत्रण में है और वे अमित शाह की सुनते हैं। डीजी से लेकर एसपी तक सभी को बदल दिया गया है। मेरी शक्तियां चुनाव आयोग को सौंप दी गई हैं, यह एक तरह से सुपर राष्ट्रपति शासन जैसा है।असम पहुंचे अमित शाह ने राहुल-मनमोहन को घेरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य में अपने 15 साल के शासनकाल में असम के विकास के लिए कुछ नहीं किया। असम के कलियाबोर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान को घुसपैठियों के हवाले कर दिया, जिन्होंने वन भूमि पर अतिक्रमण किया और एक सींग वाले गैंडे को खतरे में डाल दिया।देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि ’’देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है’’ और भारत पश्चिम एशिया संघर्ष के परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाले किसी भी ऊर्जा संकट से निपटने के लिए तैयार है।चुनावी राज्य केरल में एक सैनिक सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले देश के टैंकरों की सुरक्षा कर रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खाड़ी क्षेत्र में भारतीय हितों की रक्षा के लिए अपने कूटनीतिक कौशल का उपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ’’हम पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।’’
सिंह ने अपने भाषण के दौरान सभी से विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनने का आग्रह किया और कहा कि यह राज्य में बदलाव लाने के लिए सही राजनीतिक दल है और यह ’’मोदी की गारंटी’’ के साथ आता है।
घुसपैठ के कारण बंगाल का अस्तित्व खतरे में: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ इतनी बढ़ गई है कि राज्य का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है।शाह ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि उसने राज्य को अराजकता की स्थिति में पहुंचा दिया है, जहां गोलीबारी और बमबाजी की घटनाएं लगभग रोजाना होती हैं।
शाह ने कहा, ’’बंगाल में हर जगह तूफान चल रहा है। यह तूफान परिवर्तन लाने और ममता बनर्जी को अलविदा कहने के लिए है।’’
उन्होंने कहा, ’’हर तरफ भ्रष्टाचार है। हर तरफ सिंडिकेट राज है। अब समय आ गया है कि कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय और अन्य लोगों के सपनों के ’सोनार बांग्ला’ की स्थापना की जाए।’’
उन्होंने लोगों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।
शाह ने भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के नामांकन पत्र दाखिल करते समय उनके साथ मौजूद रहने से पहले इस रैली को संबोधित किया
जम्मू-कश्मीर में बिजली बकाया 3,747 करोड़ रुपये से अधिक : उमर अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर बिजली का बकाया 3,747 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।बिजली विकास विभाग (पीडीडी) के प्रभारी मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) से विधायक आगा सैयद मुन्तजिर मेहदी के सवाल के जवाब में विधानसभा में यह जानकारी दी।
आंकड़ों के अनुसार कुल बकाया 3,74,735.42 लाख रुपये है जिसमें कश्मीर पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (केपीडीसीएल) के अंतर्गत 2,31,022.41 लाख रुपये और जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेपीडीसीएल) के अंतर्गत 1,43,713.01 लाख रुपये शामिल हैं।
पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग (पीएचई) विभाग सबसे अधिक 1,30,043 लाख रुपये और इसके बाद सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग पर 58,059.72 लाख रुपये का बकाया है।
सुरक्षा एजेंसियों की बात करें तो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) पर 29,638.45 लाख रुपये, सेना पर 19,719.94 लाख रुपये और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पर 1,116.87 लाख रुपये बकाया है।
इसके अलावा गृह विभाग पर 22,306.46 लाख रुपये और आवास एवं शहरी विकास विभाग पर 14,449.47 लाख रुपये का बकाया है।
बिजली विकास विभाग पर स्वयं 10,756.53 लाख रुपये तथा ’पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन’ पर 2,277.51 लाख रुपये का बकाया है।
नगर निकायों का भी इसमें बड़ा हिस्सा है, जिन पर 24,163.80 लाख रुपये बकाया है। वहीं राजस्व एवं राहत विभाग पर 8,227.62 लाख रुपये और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग पर 11,989.31 लाख रुपये की देनदारी है।
अन्य विभागों में पर्यटन विभाग पर 4,759.05 लाख रुपये, शिक्षा विभाग पर 2,866.40 लाख रुपये, लोक निर्माण (आरएंडबी) विभाग पर 1,951.21 लाख रुपये और ग्रामीण विकास विभाग पर 1,062.95 लाख रुपये बकाया है।
एयरटेल 65 करोड़ ग्राहकों के साथ बना दुनिया का दूसरे सबसे बड़ा मोबाइल सेवा प्रदाता
भारती एयरटेल 65 करोड़ ग्राहकों के साथ दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी बन गई है। कंपनी ने जीएसएमए के आंकड़ों का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशंस (जीएसएमए) दुनिया भर के मोबाइल संचालकों और संबंधित कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक प्रमुख संगठन है।
कंपनी बयान के अनुसार, ’जीएसएमए इंटेलिजेंस’ के मुताबिक मोबाइल ग्राहक आधार के लिहाज से भारती एयरटेल वैश्विक स्तर पर दूसरे स्थान पर है। कंपनी भारत तथा अफ्रीका में सेवाएं देती है।
भारती एयरटेल के कार्यकारी वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा, ’’ हम नवाचार, विश्वसनीयता एवं सेवाओं के अनुभव के स्तर को और ऊंचा करने का प्रयास करेंगे, ताकि हर ग्राहक के साथ संपर्क भरोसा जीतने तथा मूल्य प्रदान करने का अवसर बने।’’
कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि यह संख्या 31 मार्च तक उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं।
एयरटेल ने कहा कि भारत में उसके 36.8 करोड़ से अधिक मोबाइल ग्राहक हैं, जबकि अफ्रीका के 14 देशों में 17.9 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं।
कंपनी के अनुसार, अपने क्षेत्रीय बाजारों से आगे बढ़ते हुए एयरटेल ’यूटेलसैट वनवेब’ और ’स्पेसएक्स’ के साथ रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से डिजिटल खाई को पाटने का प्रयास कर रही है।
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में भवानीपुर सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।शाह और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ अधिकारी ’जय श्री राम’ और ’भाजपा जिंदाबाद’ के नारों के बीच भवानीपुर और आसपास के इलाकों में रोड शो के बाद सर्वे बिल्डिंग कार्यालय पहुंचे।
अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह दो बार विधायक रह चुके हैं।
भाजपा भवानीपुर में होने वाले इस मुकाबले को 2026 के विधानसभा चुनाव की सबसे चर्चित चुनावी जंग के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है, जहां अधिकारी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके गृह क्षेत्र में चुनौती देने के लिए तैयार हैं।
राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल होंगे। मतों की गिनती चार मई को होगी।
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन ने इस साल केंद्रीय अनुबंध में जगह नहीं मिलने के बाद गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की, लेकिन कहा कि वह अपनी घरेलू टीम लायंस की तरफ से खेलते रहेंगे।जोहानिसबर्ग के 37 वर्षीय खिलाड़ी वान डेर डुसेन ने पिछले साल मार्च से दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कोई मैच नहीं खेला था। उन्होंने 2018 में 29 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था तथा 18 टेस्ट, 71 वनडे और 57 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।
वान डेर डुसेन ने एक्स पर जारी किए गए बयान में कहा, ’’मैं अत्यंत गर्व और कृतज्ञता के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं।’’
उन्होंने कहा, ’’दक्षिण अफ्रीका की जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है जिसमें आपकी दृढ़ता और समर्पण की परीक्षा होती है और आपको इसका इनाम भी मिलता है। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से खेलना मेरे लिए अपने खेल जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।’’
हिमंत 'सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री'; मोदी, शाह के साथ मिलकर असम में ‘लैंड एटीएम' चला रहे :राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को भारत का ’’सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’’ बताते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि शर्मा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में ’’लैंड एटीएम’’ चला रहे हैं और आम लोगों से जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं।बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार रतन इंगती के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग असम और उसके लोगों के लिए खड़े थे और कांग्रेस पार्टी राज्य में सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर उनकी मौत के मामले में न्याय दिलाएगी।
राहुल ने कहा, ’’भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा हैं और उनका परिवार भी भ्रष्टाचार के मामले में पहले नंबर पर है। कांग्रेस सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। अभी वह चाहे जितनी डींगें मार लें, उसके बाद वह पूरी तरह चुप हो जाएंगे।’’
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने दावा किया कि असम में तीन बड़े कॉरपोरेट घरानों को कुल 98,400 बीघा जमीन सौंप दी गई है।
उन्होंने कहा, ’’ये जमीनें जनता से छीनी गई हैं। नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और हिमंत विश्व शर्मा ने असम में एक ’लैंड एटीएम’ बना दिया है। वे लोगों से जमीन छीनते हैं और बड़े उद्योगपतियों को दे देते हैं।’’
प्रसिद्ध संगीतकार जुबिन गर्ग का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह पूरे राज्य और उसके लोगों का प्रतिनिधित्व करते थे। गर्ग की पिछले साल सितंबर में सिंगापुर में डूबने से मौत हो गई थी।
AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता के पद से हटाया
आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है। उनकी जगह पर अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गुरुवार को राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के पद से हटाने का फैसला लिया। वहीं राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल अब राज्यसभा में पार्टी की रणनीति और सदन के भीतर मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।मिजोरम में सात दिन में 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, आठ लोग गिरफ्तार
मिजोरम पुलिस ने पिछले सप्ताह कई तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और राज्य के विभिन्न स्थानों से 25.01 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ, विशेष रूप से हेरोइन और मेथम्फेटामाइन जब्त की हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) एच रामथलेंग्लियाना ने बताया कि 25 मार्च से 31 मार्च तक चलाए गए इस अभियान के दौरान म्यांमा के दो नागरिकों, मणिपुर के चार और असम के एक नागरिक सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
प्रमुख अभियान 25 मार्च की सुबह हुआ, जब सीआईडी (विशेष शाखा) के अभियान दल ने आइजोल के पास तुइरियल ब्रिज पर एक ट्रक को रोका।
बुधवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि सैतुअल जिले के सेइलिंग से आइजोल की ओर आ रहे एक ट्रक की गहन तलाशी में 19.836 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन (याबा) की गोलियां बरामद हुईं, जिनकी कीमत 15.86 करोड़ रुपये है।
पुलिस ने अमेरिका निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 40 कारतूस भी बरामद किए।
उन्होंने बताया कि भारत-म्यांमा सीमा पर स्थित पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले के निवासी 23 वर्षीय चालक को हिरासत में लिया गया है।
रामथलेंग्लियाना ने कहा कि 27 मार्च से 29 मार्च के बीच सैतुअल जिले के कीफांग के पास तीन अभियानों में पुलिस दलों ने तीन वाहनों को रोका, जिससे कुल 8.93 करोड़ रुपये मूल्य की 4.46 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
कीफांग में मणिपुर के चार और असम के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया।
आईजोल के जेम्बॉक इलाके में 31 मार्च को चलाए गए अभियान में म्यामां के दो नागरिक पकड़े गए जिनके पास से 20.4 लाख रुपये मूल्य की 104 ग्रामी हेरोइन मिली।
राजग ने विश्वासघात किया, पश्चिम एशिया में संकट के बीच एमएसएमई का गला घोंटा: स्टालिन
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बृहस्पतिवार को राजग पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने मौजूदा पश्चिम एशिया संकट के दौरान सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) का ’गला घोंटा’ है।इरोड में एक चुनावी रैली में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन के कथित विश्वासघातों को गिनाते हुए स्टालिन ने कहा कि राजग नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) को रद्द करने में नाकाम रहा और संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) लाना जनता के खिलाफ था।
उन्होंने राजग पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा, ’’राजग अमेरिकी शुल्क के संबंध में बुनकरों की रक्षा करने में नाकाम रहा और पश्चिम एशिया संकट के दौरान उसने एमएसएमई का गला घोंटा।’’
उन्होंने ई. के. पलानीस्वामी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ’अपने करीबी रिश्तेदार (संबंधी) को ठेका दिया’। स्टालिन ने टीटीवी दिनाकरन, अंबुमणि रामदास एवं अन्नाद्रमुक के अन्य नेताओं का सीधे तौर पर नाम लिए बिना उन्हें भ्रष्ट बताया।
उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ’डबल इंजन’ के नारे का उपहास उड़ाते हुए इसे ’डब्बा इंजन’ बताया और कहा कि विधानसभा चुनाव में राजग की करारी हार होगी।
यूडीएफ ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया
कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने केरल में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपना घोषणापत्र जारी किया जिसमें राज्य परिवहन बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, कल्याण पेंशन बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह करने और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को एक-एक हजार रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया गया है।कांग्रेस नेता वी डी सतीशन ने घोषणापत्र का ब्योरा देते हुए कहा कि केरल के हर परिवार को 25-25 लाख रुपये की बीमा योजना उपलब्ध कराई जाएगी और छोटे कारोबारों को पांच-पांच लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।
घोषणापत्र में राज्य में विमानन क्षेत्र के विकास, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं जैसे कर्मियों के वेतन में संशोधन, 100 करोड़ रुपये के कारोबार वाले सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को वित्तीय सहायता तथा वायनाड में एक जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना का भी वादा किया गया है।
एक लाख दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के निर्माण के लिए अधिकारियों से मिले एमसीए अध्यक्ष
मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने मुंबई महानगर क्षेत्र में एक लाख दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के निर्माण के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की।नाइक ने हाल ही में महाराष्ट्र नगर एवं औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (सीआईडीसीओ) के अधिकारियों से मुलाकात कर स्टेडियम के निर्माण को लेकर चर्चा की।
इस स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव काफी समय पहले रखा गया था।
नाइक ने बयान में कहा, ’’यह पहल महाराष्ट्र के खेल जगत के लिए एक निर्णायक क्षण है। मुंबई महानगर क्षेत्र में एक लाख दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम न केवल मुंबई क्रिकेट को बढ़ावा देगा बल्कि महाराष्ट्र को वैश्विक खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित भी करेगा।’’
पंजाब किंग्स के खिलाफ लय हासिल करने की कोशिश करेगा चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए अपना घरेलू मैदान मजबूत गढ़ रहा है, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में जीत हासिल करने के लिए उसे खेल के प्रत्येक विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।सीएसके की राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच में शुरुआत निराशाजनक रही थी। युवा खिलाड़ियों से भरी उसकी टीम गुवाहाटी में किसी भी विभाग में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। सीएसके अब उस हार को भुलाकर नए सिरे से अपना अभियान शुरू करने की कोशिश करेगा।
हाल ही में हुए टी20 विश्व कप के दौरान चेन्नई की पिच के व्यवहार को को देखते हुए यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा विकेट होना चाहिए।
सीएसके के स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी गुवाहाटी नहीं गए थे क्योंकि वह पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। उनका हालांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में रहने की संभावना है जिससे कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को काफी फायदा मिलेगा।
संजू सैमसन सीएसके के लिए अपने पहले मैच में खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे और वह इसकी भरपाई करने के लिए बेताब होंगे। सीएसके को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में डेवाल्ड ब्रेविस की सेवाएं नहीं मिल पाई थी और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह साइड स्ट्रेन से पूरी तरह उबर चुके हैं या नहीं।
शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के नहीं चल पाने के कारण सरफराज खान को इंपैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतारा गया लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए हालांकि वह सहज नजर आ रहे थे।
टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ-साथ कार्तिक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों से और अधिक उम्मीदें की जाएंगी।
गेंदबाजी की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे मैट हेनरी और नूर अहमद जैसे गेंदबाज फीके पड़ गए। वे इससे उबरने के लिए बेताब होंगे।
जहां तक पंजाब किंग्स का सवाल है तो उसने कुछ विषम परिस्थितियों से गुजरने के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत हासिल की। उसे ऑस्ट्रेलिया के कूपर कॉनॉली के रूप में तीसरे नंबर का भरोसेमंद बल्लेबाज मिल गया है। उन्होंने पिछले मैच में टीम को खराब शुरुआत से उबारकर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
पंजाब किंग्स की गेंदबाजी भी मजबूत नजर आ रही है। अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टाइटंस के खिलाफ अपनी लाइन और गति में विविधता से प्रभावित किया। उन्होंने बीच के ओवरों में रन प्रवाह रोका और दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। उन्हें तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाक का अच्छा सहयोग मिला।
मिजोरम में सात दिन में 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, तीन गिरफ्तार
मिजोरम पुलिस ने पिछले सप्ताह कई तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और राज्य के विभिन्न स्थानों से 25.01 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ, विशेष रूप से हेरोइन और मेथम्फेटामाइन जब्त की हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) एच रामथलेंग्लियाना ने बताया कि 25 मार्च से 31 मार्च तक चलाए गए इस अभियान के दौरान म्यांमा के दो नागरिकों, मणिपुर के चार और असम के एक नागरिक सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
प्रमुख अभियान 25 मार्च की सुबह हुआ, जब सीआईडी (विशेष शाखा) के अभियान दल ने आइजोल के पास तुइरियल ब्रिज पर एक ट्रक को रोका।
बुधवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि सैतुअल जिले के सेइलिंग से आइजोल की ओर आ रहे एक ट्रक की गहन तलाशी में 19.836 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन (याबा) की गोलियां बरामद हुईं, जिनकी कीमत 15.86 करोड़ रुपये है।
पुलिस ने अमेरिका निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 40 कारतूस भी बरामद किए।
उन्होंने बताया कि भारत-म्यांमा सीमा पर स्थित पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले के निवासी 23 वर्षीय चालक को हिरासत में लिया गया है।
रामथलेंग्लियाना ने कहा कि 27 मार्च से 29 मार्च के बीच सैतुअल जिले के कीफांग के पास तीन अभियानों में, पुलिस दलों ने तीन वाहनों को रोका, जिससे कुल 8.93 करोड़ रुपये मूल्य की 4.46 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
कीफांग में मणिपुर के चार और असम के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया।
आईजोल के जेम्बॉक इलाके में 31 मार्च को चलाए गए अभियान में म्यामां के दो नागरिक पकड़े गए जिनके पास से 20.4 लाख रुपये मूल्य की 104 ग्रामी हेरोइन मिली।
बलिया में बिजली का तार चोरी करने वाले गिरोह के सात शातिर अपराधी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बलिया जिले में पुलिस ने बिजली का तार चोरी करने वाले एक गिरोह से संबंद्ध सात शातिर अपराधियों को बुधवार देर रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो बदमाश गोली लगने से घायल भी हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि सहतवार व बांसडीह पुलिस की संयुक्त टीम अकबरपुर गांव के निकट बुधवार देर रात एक बजे वाहनों की जांच कर रही थी तभी दो वाहन समर्थपुर की तरफ से आते हुए दिखाई दिए।
शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने वाहनों को रुकने का इशारा किया लेकिन दोनों वाहन पीछे मुड़कर जाने लगे, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दी।
उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोग नीचे उतरे और कथित तौर पर उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलाईं।
स्पेसएक्स ने आईपीओ लाने के लिए प्रारंभिक दस्तोवज किए दाखिल
उद्योगपति एलन मस्क नीत अंतरिक्ष अन्वेषण कंपनी स्पेसएक्स ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए हैं। इस घटनाक्रम से अवगत दो सूत्रों ने यह जानकारी दी।यह एक बहुचर्चित पेशकश है, जो संभवतः अब तक की सबसे बड़ी पेशकश साबित हो सकती है। यह निर्गम इसके संस्थापक को दुनिया का पहला खरबपति भी बना सकता है।
सूत्रों ने नाम न उजागर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि वे अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) के साथ की गई गोपनीय पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करने के लिए अधिकृत नहीं हैं।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने से मुझे आत्मविश्वास मिला: रिजवी
दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के मौके का पूरा फायदा उठाया और अब उनका ध्यान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने पर है।रिजवी ने अपने कौशल का शानदार नमूना पेश करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को लखनऊ सुपर जायंट्स पर छह विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वह ’इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में बल्लेबाजी करने के लिए उतरे थे।
दिल्ली की टीम ने 142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट 26 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद रिजवी ने जिम्मेदारी संभाली और 47 गेंद पर नाबाद 70 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स (32 गेंदों पर नाबाद 39 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 119 रन की अटूट साझेदारी की।
रिजवी ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ’’कोच ने मुझे पहले ही बता दिया था कि तुम नंबर चार पर खेलोगे और हम तुम्हारा साथ देंगे। बस अपना स्वाभाविक, सकारात्मक खेल खेलो।’’
उन्होंने कहा, ’’जब भी मैं उत्तर प्रदेश के लिए या यूपीटी20 लीग में खेलता हूं तो चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करता हूं। अगर आपको आईपीएल में भी उसी नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिले तो इससे काफी आत्मविश्वास मिलता है। यह मेरे लिए एक बड़ा अवसर है और कोच भी मुझे अपना स्वाभाविक खेल खेलने की आजादी दे रहे हैं। इसलिए मैं इन अवसरों को भुनाने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं।’’
रिजवी ने कहा, ’’मैंने अभी तक आईपीएल में ज्यादा मैच नहीं खेले हैं लेकिन मैं अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करूंगा और इस पारी को भूलकर अगले मैच पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करूंगा।’’
केरल के खेल मंत्री ने कहा, अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने धोखा दिया
केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान ने गुरुवार को कहा कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने पैसे लेने के बावजूद यहां मैच खेलने के लिए नहीं आकर राज्य को धोखा दिया।अब्दुरहीमान ने कहा कि वह वास्तव में चाहते थे कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम और लियोनेल मेस्सी केरल आएं और राज्य में एक मैच खेलें।
उन्होंने यहां एक टीवी चैनल से कहा, ’’इसके लिए मैंने कई बार बातचीत की थी। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम को देने के लिए 250 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाने के लिए प्रायोजक ढूंढना आसान काम नहीं था।’’
अब्दुरहीमान ने कहा, ’’लेकिन पैसे मिलने के बावजूद अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने हमें धोखा दिया। हमें उनसे ऐसे विश्वासघात की उम्मीद नहीं थी। वादा करने के बावजूद उसकी टीम यहां नहीं आई।’’
केरल के खेल मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने इस संबंध में पूछताछ की तो पता चला कि अर्जेंटीना ने पांच अन्य देशों के साथ भी ऐसा ही किया था।
अब्दुरहीमान ने कहा, ’’उन्होंने उन देशों से पैसे तो लिए लेकिन वहां खेलने नहीं गए। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के खिलाफ मामला दर्ज करना होगा और उन्हें हमें मुआवजा देना होगा।’’
उप्र: दुधवा बफर जोन में बाघिन की मौत के मामले की जांच के आदेश दिए गए
दुधवा बफर जोन में ट्रेन की चपेट में आने से एक बाघिन की मौत के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि करीब पांच-छह साल उम्र की बाघिन दुधवा बफर जोन के मैलानी रेंज में बांकेगंज-मैलानी रेलवे पटरी के पास मृत मिली।
दुधवा बफर जोन के अधिकारियों ने पोस्टमार्टम के बाद उसकी मौत की जांच शुरू कर दी।
दुधवा बफर जोन के उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, ’’यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि हादसा किस ट्रेन से हुआ और क्या वह ट्रेन वन्य जीवों की मौजूदगी वाले आरक्षित वन क्षेत्रों से गुजरने वाली ट्रेन के लिए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) द्वारा निर्धारित गति सीमा का पालन कर रही थी।’’
बाघिन की मौत के बाद दुधवा बाघ अभयारण्य (डीटीआर) के फील्ड निदेशक एच राजामोहन एवं चौधरी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दिल्ली में बादल छाए रहने का अनुमान, वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में
दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता ’मध्यम’ श्रेणी में रही।राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और शुक्रवार और शनिवार को गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 167 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 एक्यूआई ’अच्छा’, 51-100 ’संतोषजनक’, 101-200 ’मध्यम’, 201-300 ’खराब’, 301-400 ’अत्यंत खराब’ और 401-500 ’गंभीर’ माना जाता है।
गायक जुबिन गर्ग की मौत मामले की जांच पूरी हुई : सिंगापुर पुलिस
सिंगापुर पुलिस बल (एसपीएफ) ने पुष्टि की है कि 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में हुई गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में जांच पूरी हो गई है और इसमें किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक कृत्य के सबूत नहीं मिले हैं।बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया कि सिंगापुर के ’कोरोनर्स एक्ट, 2010’ के तहत एसपीएफ ने मामले की गहन जांच की, उपलब्ध सबूतों की पड़ताल की और सभी संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए।
एसपीएफ ने कहा कि यह बयान मीडिया के सवालों के जवाब में जारी किया गया है और आमजन को ऐसी टिप्पणियां करने से बचने की सलाह दी गई है जो अदालत के फैसले या न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाती हों।
बयान में कहा गया कि एसपीएफ की जांच से स्थापित हुआ है कि गर्ग लाजरूस आइलैंड के पास के समुद्री क्षेत्र में एक नौका (यॉट) यात्रा पर थे।
तैराकी के दौरान उन्होंने शुरू में लाइफ जैकेट पहन रखी थी लेकिन बाद में उन्होंने उसे उतार दिया था और वह लाइफ जैकेट के बिना ही नौका पर लौटे थे।
बयान के मुताबिक, जब वह दूसरी बार पानी में उतरे तो उन्होंने अकेले एवं नौका से दूर तैराकी की तथा पानी में जाने से पहले ’लाइफ जैकेट’ की पेशकश किए जाने के बावजूद वह उसके बिना ही पानी में गए। इसके बाद वह नौका की ओर तैरकर लौटते समय अचेत होते देखे गए।
बयान के अनुसार, गर्ग को नौका के कैप्टन एवं उनके समूह के सदस्यों ने तुरंत बाहर निकाला और उन्हें नौका पर वापस लाया गया जहां उन्हें फौरन ’कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन’ (सीपीआर) दिया गया।
घरेलू शेयर बाजरों में शुरुआती कारोबार में दो प्रतिशत की गिरावट
घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की चेतावनी के बाद बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से बाजारों में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है।
इसके अलावा विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी घरेलू शेयर बाजारों की कमजोरी को और बढ़ा दिया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,433.72 अंक या 1.96 प्रतिशत टूटकर 71,700.60 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 445.70 अंक या 1.97 प्रतिशत फिसलकर 22,233.70 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट में रहे। सन फार्मास्युटिकल्स, इंडिगो, अदाणी पोर्ट्स, इटर्नल, लार्सन एंड टुब्रो, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और पावरग्रिड के शेयर में सबसे अधिक गिरावट आई।
एशियाई बाजारों में व्यापक गिरावट देखी गई। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.31 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 2.24 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 1.04 प्रतिशत और चीन का एसएसई कम्पोजिट 0.53 प्रतिशत टूटा।
मोदी सरकार ने पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य योजना संबंधी मेरे सवालों को टालने की कोशिश की: राहुल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि जब उन्होंने संसद में भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) से जुड़ा विषय उठाया तो मोदी सरकार ने उनके सवालों को टालने की कोशिश की।राहुल गांधी ने बीते 20 मार्च को लोकसभा में पूछे गए अपने लिखित प्रश्न और सरकार के उत्तर की प्रति साझा करते हुए यह आरोप भी लगाया कि बकाया रकम के भुगतान में देरी के कारणों के बारे में सरकार के पास स्पष्ट जानकारी नहीं है।
राहुल गांधी ने एक पोस्ट में कहा, ’’कुछ दिनों पहले देश की रक्षा में घायल हुए पूर्व सैनिकों से मुलाकात हुई। उन्होंने ईसीएचएस में गंभीर खामियों के बारे में बताया, जैसे प्रतिपूर्ति में देरी, दवाइयों की कमी, अस्पतालों का इलाज से इनकार या बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण योजना से बाहर हो जाना।’’
उन्होंने कहा कि 72 लाख से भी अधिक पूर्व सैनिक और उनके परिवार अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इस योजना पर निर्भर हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, ’’ मैंने जब यह मुद्दा संसद में उठाया, तो मोदी सरकार ने मेरे सवालों को टालने की कोशिश की। सरकार के पास न बकाया रकम के बारे में कोई जानकारी है, न ही उसने देरी के कारणों पर कोई स्पष्ट जानकारी दी- बस इतना स्वीकार किया कि देरी होती है।’’
राहुल गांधी के अनुसार, कैग ने हाल ही में कहा है कि ईसीएचएस को पर्याप्त धनराशि नहीं मिल रही है, लेकिन सरकार ने यह जवाब देने से मना कर दिया कि पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक धनराशि क्यों नहीं दी जा रही है।
खबर शेयर खुला
सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,414.48 अंक टूटकर 71,719.84 अंक पर जबकि निफ्टी 440.60 अंक फिसलकर 22,238.80 अंक पर पहुंचा।खबर रुपया खुला
रुपया शुरुआती कारोबार अपने सर्वकालिक निचले स्तर से 105 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.65 पर ।खबर आयात शुल्क कटौती दो
आयात शुल्क में कटौती से प्लास्टिक, पैकेजिंग, वस्त्र, फार्मा, रसायन और ऑटो कंपोनेंट्स क्षेत्रों को लाभ होगा; उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी: वित्त मंत्रालय।पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने महत्वपूर्ण पेट्रोरसायन उत्पादों को सीमा शुल्क से छूट दी
सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच आपूर्ति स्थिरता सुनिश्चित करने और अंतिम उत्पादों के उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण पेट्रोरसायन उत्पादों के आयात पर सीमा शुल्क से छूट दे दी है। यह छूट 30 जून तक लागू रहेगी और इससे प्लास्टिक, पैकेजिंग, वस्त्र, दवा, रसायन, मोटर वाहन घटक तथा अन्य विनिर्माण क्षेत्रों जैसे पेट्रोरसायन ’फीडस्टॉक’ और ’इंटरमीडिएट’ पर निर्भर उद्योगों को लाभ मिलेगा।वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उससे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में उत्पन्न व्यवधान को देखते हुए सरकार ने महत्वपूर्ण पेट्रोरसायन उत्पादों पर पूर्ण सीमा शुल्क छूट देने का फैसला किया है।
मंत्रालय ने कहा कि यह कदम एक अस्थायी एवं लक्षित राहत उपाय के रूप में उठाया गया है, ताकि घरेलू उद्योग के लिए आवश्यक पेट्रोरसायन आपूर्ति की उपलब्धता बनी रहे, ’डाउनस्ट्रीम’ क्षेत्रों पर लागत का दबाव कम हो और देश में आपूर्ति स्थिरता सुनिश्चित की जा सके। इससे अंतिम उत्पादों के उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।
मेथनॉल, एनहाइड्रस अमोनिया, टॉलुइन, स्टाइरीन, डाइक्लोरोमिथेन (मेथिलीन क्लोराइड), विनाइल क्लोराइड मोनोमर, पॉली ब्यूटाडाइन, स्टाइरीन ब्यूटाडाइन और अनसैचुरेटेड पॉलिएस्टर रेजिन को सीमा शुल्क छूट दी गई है।
पश्चिम एशिया युद्ध के कारण शिपिंग मार्गों में व्यवधान से उर्वरक, कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के आयात को लेकर चिंता बढ़ गई है। भारत उर्वरक एवं पेट्रोलियम का बड़ा आयातक है।
अमेरिका और इजराइल के 28 फरवरी को ईरान पर सैन्य हमले शुरू करने और तेहरान की व्यापक जवाबी कार्रवाई के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
सरकार ने पिछले सप्ताह वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के असर से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क 10 रुपये प्रति लीटर घटा दिया था। साथ ही डीजल पर 21.50 रुपये प्रति लीटर और एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) यानी विमान ईंधन पर 29.50 रुपये प्रति लीटर का निर्यात शुल्क लगाया गया है। फिलहाल पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क तीन रुपये प्रति लीटर और डीजल पर शून्य है।
पश्चिम बंगाल चुनाव: शुभेंदु अधिकारी के नामांकन पत्र दाखिल करते समय मौजूद रहेंगे अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करते समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद होंगे और बृहस्पतिवार को इलाके में रोड शो के दौरान उनके साथ रहेंगे। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी।शाह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राजनीतिक गढ़ में शक्ति प्रदर्शन के दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अधिकारी के साथ मौजूद रहेंगे।
भाजपा नेताओं के अनुसार, शाह और अधिकारी दोपहर में हाजरा क्रॉसिंग से ’रोड शो’ शुरू करेंगे। पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी उनके साथ होंगे।
रोड शो भवानीपुर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगा और ’सर्वे बिल्डिंग’ पर समाप्त होगा जहां अधिकारी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि काफिला ’सर्वे बिल्डिंग’ से करीब 200 मीटर पहले रुक जाएगा और शाह, अधिकारी के साथ उस दफ्तर तक पैदल जाएंगे जहां भाजपा नेता अपना नामांकन पत्र जमा करेंगे।
मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार, गोला-बारूद जब्त
मणिपुर के दो जिलों में जबरन वसूली में संलिप्तता के आरोप में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को सुरक्षा बलों को गिरफ्तार किया है।राज्य के तीन घाटी जिलों से अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले के थोंगखोंग लक्ष्मी बाजार से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जो जबरन वसूली में संलिप्त था।
पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सदस्य को मंगलवार को इंफाल पूर्व जिले के खाबेइसोई इलाके से गिरफ्तार किया गया।
उसी दिन, कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल) के एक अन्य सक्रिय सदस्य को इंफाल पूर्व जिले के कोंगपाल कोंगखाम लेइकाई से गिरफ्तार किया गया।
बुधवार को सुरक्षा बलों ने एक अभियान के दौरान थौबल जिले के हेइरोक पार्ट-2, खंगाबोक महादेवा चिंग क्षेत्र से विस्फोटक और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया।
इस अभियान के दौरान दो हथगोले, विभिन्न हथियार आदि जब्त किए गए।
नासा के आर्टेमिस-2 मिशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्री रवाना, दशकों बाद चांद की ओर फिर बढ़े इंसानी कदम
अमेरिका से चार अंतरिक्ष यात्री बुधवार को चांद की ओर रवाना हुए जो 50 साल से अधिक समय बाद पहला मानवयुक्त चंद्र मिशन है।यह मिशन दो साल में चांद पर उतरने की अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ’नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन’ (नासा) की कोशिश की शुरुआत है।
अमेरिका के तीन और कनाडा के एक अंतरिक्ष यात्री को लेकर 32 मंजिला रॉकेट नासा के केनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुआ जहां इस नए युग की शुरुआत देखने के लिए दसियों हजार लोग एकत्र हुए थे। आसपास की सड़कें और समुद्र तट भी लोगों से खचाखच भर गए जिससे 1960 और 70 के दशक के अपोलो चंद्र अभियानों की याद ताजा हो गई। यह चांद पर स्थायी मौजूदगी स्थापित करने की दिशा में नासा का अब तक का सबसे बड़ा कदम है।
आर्टेमिस 2 ने फ्लोरिडा के उसी प्रक्षेपण स्थल से उड़ान भरी जहां से बहुत पहले अपोलो के अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर भेजा गया था। उनमें से जो चंद लोग अब भी जीवित हैं, उन्होंने भी स्पेस लॉन्च सिस्टम (एसएलएस) रॉकेट से उड़ान भर रही नयी पीढ़ी का उत्साह बढ़ाया।
आर्टेमिस 2 के कमांडर रीड वाइजमैन ने ’’चलो चांद पर चलते हैं!’’ के घोष के साथ अंतरिक्ष की ओर इस अभियान की अगुवाई की और उनके साथ पायलट विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडा के जेरेमी हैनसेन थे। यह चंद्रमा के लिए रवाना हुआ अब तक का सबसे विविध दल है जिसके तहत पहली बार कोई महिला, गैर-श्वेत समुदाय का कोई व्यक्ति और कोई गैर-अमेरिकी नागरिक नासा के नए ओरियन कैप्सूल में सवार हुए।
अंतरिक्ष यात्रियों ने अपने परिवारों को अलविदा कहते समय हाथों से दिल का आकार बनाया और प्रक्षेपण स्थल तक जाने के लिए एस्ट्रोवैन में सवार हुए, जहां उनका अंतरिक्षयान उनका इंतजार कर रहा था।
अंतरिक्ष यात्री अपनी 10 दिवसीय परीक्षण उड़ान के पहले 25 घंटे पृथ्वी के करीब ही रहेंगे, पृथ्वी के चारों ओर कक्षा में कैप्सूल की जांच करेंगे और फिर मुख्य इंजन को चालू करेंगे जो उन्हें चंद्रमा तक ले जाएगा।
वे न तो चंद्रमा पर रुकेंगे और न ही उसकी परिक्रमा करेंगे, जैसा कि अपोलो 8 के पहले चंद्रयात्रियों ने 1968 की क्रिसमस की पूर्व संध्या पर किया था। उनका कैप्सूल चंद्रमा के पास से गुजरेगा और उससे 6,400 किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद यू-टर्न लेकर सीधे प्रशांत महासागर में उतरेगा। इसी के साथ वे सबसे दूर तक जाने वाले इंसान बन जाएंगे।
उत्तरी इंडोनेशिया के जलक्षेत्र में भूकंप से उठीं सुनामी की लहरें
इंडोनेशिया के जलक्षेत्र में बृहस्पतिवार को आए भूकंप से सुनामी की छोटी लहरें उठीं, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और घरों एवं इमारतों को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप की तीव्रता 7.4 थी और इसका केंद्र मोलूका सागर में 35 किलोमीटर की गहराई पर था।
इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान एवं भूभौतिकी एजेंसी के अनुसार, भूकंप के आधे घंटे से भी कम समय में कई निगरानी केंद्रों में सुनामी की लहरें दर्ज की गईं, जिनमें बिटुंग में आंठ इंच और पश्चिम हलमाहेरा में एक फुट ऊंची लहरें शामिल हैं।
होनोलुलु स्थित प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि दक्षिणी फिलीपीन के दावाओ में दो इंच ऊंची लहरें उठीं लेकिन दूरदराज के क्षेत्रों के लिए सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार उत्तरी सुलावेसी प्रांत के तटीय शहर बिटुंग और आसपास के इलाकों के साथ-साथ पड़ोसी प्रांत उत्तर मलुकु के टेरनेट शहर में 10 से 20 सेकंड तक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
प्रारंभिक आकलन से पता चला है कि टेरनेट के कुछ हिस्सों में थोड़ा नुकसान हुआ है। स्थानीय आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि बटांग दुआ द्वीप जिले में एक गिरजाघर प्रभावित हुआ है और दक्षिण टेरनेट में दो घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिटुंग में नुकसान का आकलन अभी जारी है।
ईरान में अमेरिकी बल ‘‘काम खत्म करेंगे'': ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा कि अमेरिकी बल ईरान में जल्द ही ’’काम खत्म करेंगे क्योंकि मुख्य रणनीतिक उद्देश्य लगभग पूरे होने वाले हैं।’’ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ युद्ध में उनके लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और ये लक्ष्य हैं ईरान की मिसाइल उत्पादन क्षमता एवं नौसेना को नष्ट करना तथा यह सुनिश्चित करना कि उसके लिए काम करने वाले छद्म संगठन अब क्षेत्र को अस्थिर नहीं कर सकें और ईरान परमाणु हथियार नहीं बना सके।
ट्रंप ने ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद राष्ट्र के नाम अपने पहले संबोधन में कहा कि यह सैन्य कार्रवाई तेल समेत ईरान के किसी विशाल संसाधन को हासिल करने के लिए नहीं की गई है, बल्कि यह अमेरिका के सहयोगियों की मदद के लिए की गई है।
उन्होंने कहा, ’’हम पश्चिम एशिया से पूरी तरह अलग हैं लेकिन फिर भी हम मदद करने के लिए वहां हैं।’’
उन्होंने कहा, ’’हमें वहां रहने की जरूरत नहीं है। हमें उनके तेल की जरूरत नहीं है। उनके पास जो कुछ भी है, उसकी हमें जरूरत नहीं है लेकिन हम अपने सहयोगियों की मदद करने के लिए वहां हैं।’’
ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ’व्हाइट हाउस’ के क्रॉस हॉल में बुधवार रात कहा कि पिछले एक महीने में ऑपरेशन ’एपिक फ्यूरी’ की कार्रवाई से ईरान की ’’मिसाइल और ड्रोन दागने की क्षमता में उल्लेखनीय कमी आई है और हथियार बनाने वाली उसकी फैक्टरी एवं रॉकेट प्रक्षेपक तहस-नहस किए जा रहे हैं।’’
ट्रंप ने कहा कि ईरान की ’’नौसेना खत्म हो चुकी है, उसकी वायु सेना तबाह हो चुकी है और उस देश के नेता ’’अब मारे जा चुके हैं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ’’इस वक्त हमारी कार्रवाई में बुरी तरह तबाह किया जा रहा है।’’
ट्रंप ने इजराइल के साथ मिलकर करीब एक महीने पहले ईरान पर हमला करने के बाद ’प्राइम टाइम’ पर पहली बार देश को संबोधित किया है।
ट्रंप ने कहा, ’’पिछले सप्ताह हमारे सशस्त्र बलों ने युद्धक्षेत्र में कई तेज, निर्णायक और जबरदस्त जीत हासिल की हैं।’’
IPL में आज किसका मैच
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आज केकेआर का सामना एसआरएच से होगा। केकेआर ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में रविवार (29 मार्च) को मुंबई इंडियंस का सामना किया था, लेकिन 220 रन बनाने के बावजूद उन्हें 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद शनिवार (28 मार्च) को खेले गए टूर्नामेंट के पहले मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से चार विकेट से हारने के बाद गुरुवार को नाइट राइडर्स के खिलाफ मैदान में उतर रही है।बंगाल में चुनाव आयोग ने क्या किया?
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने 15 मार्च को विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद से पश्चिम बंगाल में 483 प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश दिया है। यह संख्या उन 23 अधिकारियों के तबादले के आदेश से 21 गुना ज्यादा है, जिनका तबादला आयोग ने अप्रैल में चुनाव का सामना करने वाले तीन अन्य राज्यों असम, केरल और तमिलनाडु में करने का आदेश दिया था। यानी अकेले बंगाल में चुनाव से पहले 483 अधिकारी बदले गए और अन्य राज्यों में आयोग ने केवल 23 अधिकारियों का ही तबादला किया।मुकेश अंबानी पर एलन मस्क का फिर तीखा हमला, BJP को चंदे और फेसबुक कैंपेन वाली खबरें शेयर कर घेरा
दिपके, रांका-दास को हिरासत में लिए जान से पहले प्लेन में क्या कुछ हुआ, असहज दिखे यात्री, सामने आया Video
अभिजीत दिपके की दादी का निधन, प्रोटेस्ट के चलते पुलिस हिरासत में हैं CJP फाउंडर
CJP प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस पर पथराव और धक्का-मुक्की, कई पुलिसकर्मियों को लगी चोट
मुंबई से दिल्ली तक नजर और फिर महिला पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, दिपके को हिरासत में लेने के लिए पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
© 2026 Times Horizon Private Limited
