LIVE
2 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश, विश्व पर 2 अप्रैल से लागू होगा 'ट्रंप टैरिफ'
2 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: सरकार ने बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक 2025 लोकसभा में पेश किया। इस विधेयक पर करीब आठ घंटे की चर्चा होने वाली है और फिर इसे पारित किया जाएगा। जदयू, तेदेपा और जेडीएस ने बिल का समर्थन करने का फैसला किया है जबकि कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष इस संशोधन विधेयक का विरोध कर रहा है। संसद सत्र का बजट सत्र चार अप्रैल को समाप्त हो रहा है। सरकार की कोशिश इससे पहले इस विधेयक को पारित कराने की होगी। वक्फ विधेयक में संशोधन पहले भी 1995 और 2013 में हो चुके हैं। भारत और चिली ने मंगलवार को व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर वार्ता शुरू करने की घोषणा की।
2 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: सरकार ने बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक 2025 लोकसभा में पेश किया। इस विधेयक पर करीब आठ घंटे की चर्चा होने वाली है और फिर इसे पारित किया जाएगा। जदयू, तेदेपा और जेडीएस ने बिल का समर्थन करने का फैसला किया है जबकि कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष इस संशोधन विधेयक का विरोध कर रहा है। संसद सत्र का बजट सत्र चार अप्रैल को समाप्त हो रहा है। सरकार की कोशिश इससे पहले इस विधेयक को पारित कराने की होगी। वक्फ विधेयक में संशोधन पहले भी 1995 और 2013 में हो चुके हैं। भारत और चिली ने मंगलवार को व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर वार्ता शुरू करने की घोषणा की।
- वक्फ संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश
- इस संशोधन विधेयक पर करीब आठ घंटे चर्चा होगी
- राज्यसभा में गुरुवार को हो सकता है पेश
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बढ़ा हुआ टैरिफ आज से लागू होगा
APR 02, 2025 18:49 IST
चीनी सेना ने ताइवान के आसपास बड़े पैमाने पर किया सैन्य अभ्यास
चीन ने बुधवार को ताइवान के आसपास व्यापक पैमाने पर दो दिवसीय सैन्य अभ्यास किया और कहा कि उसने संयुक्त अभ्यास के सभी निर्धारित कार्य पूरे कर लिए हैं। मध्य और दक्षिणी ताइवान जलडमरूमध्य में स्ट्रेट थंडर-2025ए अभ्यास का उद्देश्य द्वीप की नाकेबंदी को लागू करना था। चीन ताइवान को अपनी मुख्य भूमि का हिस्सा बताता है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के ईस्टर्न थिएटर कमान के प्रवक्ता शी यी के हवाले से बताया कि पूर्वी थियेटर कमान ने मंगलवार और बुधवार को आयोजित संयुक्त अभ्यास के सभी निर्धारित कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। शी ने कहा कि अभ्यासों में सैनिकों की एकीकृत संयुक्त संचालन क्षमताओं का परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि थिएटर कमान के सैनिक हर समय हाई अलर्ट पर रहते हैं और वे ‘‘ताइवान की स्वतंत्रता’’ की मांग करने वाली सभी अलगाववादी गतिविधियों को दृढ़तापूर्वक विफल करने के लिए गहन प्रशिक्षण के साथ युद्ध की तैयारी को मजबूत करना जारी रखेंगे।
APR 02, 2025 15:40 IST
भारत और नेपाल ने10 MOU पर हस्ताक्षर किये
भारत और नेपाल ने हिमालयी देश में अत्याधिक प्रभाव डालने वाली सामुदायिक विकास परियोजनाओं के लिए 10 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इन परियोजनाओं के लिए भारत 62.5 करोड़ नेपाली रुपये की मदद करेगा। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। भारतीय दूतावास द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कृति क्षेत्रों में विकास के लिए मंगलवार को समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में बताया, ‘‘इन उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजनाओं(एचआईसीडीपी) का निर्माण भारत सरकार की 62.5 करोड़ नेपाली रुपये की वित्तीय सहायता से नेपाल-भारत विकास सहयोग के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कृति क्षेत्रों में किया जा रहा है। विज्ञप्ति के मुताबिक इन परियोजनाओं के कार्यान्वयन से ‘‘नेपाल के लोगों को बेहतर शैक्षिक, स्वास्थ्य देखभाल और सांस्कृतिक सुविधाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी।’’ इन परियोजनाओं में तीन विद्यालयों, एक मठ, एक विद्यालय में एक ई-लाइब्रेरी तथा दो स्वास्थ्य केन्द्र भवनों का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही, भारत ने 2003 से अब तक नेपाल में 573 से अधिक एचआईसीडीपी परियोजनाएं शुरू की हैं, जिनमें से 495 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं।
APR 02, 2025 14:10 IST
वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करेगी बीजद
संसद में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर बहस शुरू होने के बीच ओडिशा की विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने बुधवार को कहा कि वह इस विवादास्पद विधेयक का विरोध करेगी।
पार्टी ने कहा कि उसने विधेयक में शामिल करने के लिए कुछ सुझाव दिए थे जिन्हें खारिज कर दिया गया। बीजद के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सस्मित पात्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि बीजद विधेयक का विरोध करेगी।
पार्टी ने कहा कि उसने विधेयक में शामिल करने के लिए कुछ सुझाव दिए थे जिन्हें खारिज कर दिया गया। बीजद के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सस्मित पात्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि बीजद विधेयक का विरोध करेगी।
APR 02, 2025 12:53 IST
'वक्फ बोर्ड में 10 मुस्लिम सदस्य होंगे', रिजिजू बोले- 2 रिटायर्ड जज भी होंगे
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में वक्फ विधेयक को चर्चा और पारित कराने के लिए रखते हुए कहा कि वक्फ बोर्ड में 10 मुस्लिम सदस्य होंगे, जिनमें 2 महिला मेंबर जरूरी हैं।
APR 02, 2025 12:47 IST
UP पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
संसद में आज वक्फ संशोधन विधेयक पेश हुआ जिसके मद्देनजर यूपी पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। आईजी एल/ओ ने प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस संबंध में आदेश जारी किया है।
APR 02, 2025 12:40 IST
वक्फ संशोधन विधेयक के समर्थन में सड़कों पर उतरा मुस्लिम समाज
लोकसभा में बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक पेश गया। इस विधेयक में किए गए प्रावधानों से मुस्लिम समाज खुश और उत्साहित है। यही कारण है कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सड़कों पर उतरकर मुस्लिम समुदाय के लोग इस संशोधन विधेयक का समर्थन कर रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा बुधवार को लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया जा रहा है। इसको लेकर राजनीतिक दल दो हिस्सों में बटे हुए हैं, सत्ताधारी दल एनडीए के साथी इस विधेयक को मुस्लिम समाज के हित में बता रहे हैं, वहीं कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल इसे मुस्लिमों के हक पर प्रहार बता रहे हैं।
APR 02, 2025 12:36 IST
वक्फ बिल पर हो रही चर्चा, संसद में राहुल गांधी मौजूद नहीं
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया। इस दौरान सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मौजूद नहीं रहे।
APR 02, 2025 12:32 IST
वक्फ बिल पर लोगों को किया जा रहा गुमराह: किरेन रिरिजू
लोकसभा में वक्फ बिल पर चर्चा के दौरान संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिरिजू ने कहा कि वक्फ बिल पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है... जितनी गलतफहमी है सभी दूर करेंगे।
APR 02, 2025 12:29 IST
मध्य प्रदेश के मंडला में दो नक्सली ढेर
मध्य प्रदेश के मंडला जिले में बुधवार सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो महिला नक्सली मारी गईं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना ने बताया कि मुठभेड़ बिछिया थाना क्षेत्र में हुई। घटनास्थल से एक एसएलआर राइफल, एक साधारण राइफल, वायरलेस सेट और कुछ दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गईं। डीजीपी ने बताया कि अन्य नक्सलियों की तलाश जारी है।
APR 02, 2025 12:01 IST
पार्टी के सांसद वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ मतदान करेंगे: माकपा
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा प्रस्तावित वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करने का ऐलान किया और कहा कि उनके पार्टी के सांसद इसके खिलाफ मतदान करेंगे। पार्टी का यह बयान कैथोलिक चर्च के विरोध के बीच आया है जो बिल पर केरल के सांसदों के रुख की आलोचना कर रहा है। माकपा की राज्य इकाई के सचिव एम वी गोविंदन ने तमिलनाडु के मदुरै में दो से छह अप्रैल तक आयोजित पार्टी के 24वें अधिवेशन से इतर मीडिया से बातचीत में पार्टी के रुख पर बात की।
APR 02, 2025 12:00 IST
गुरुग्राम में गोदाम में लगी भीषण आग
गुरुग्राम में सरस्वती एन्क्लेव के एक गोदाम में भीषण आग लग गई, जिसके बाद आग बुझाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियों को तैनात किया गया। सेक्टर-37 के दमकल केंद्र के अग्निशमन अधिकारी जय नारायण ने बताया कि आग मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे लगी और बुधवार सुबह तक इस पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था। नारायण ने बताया, ‘‘दमकल विभाग को मंगलवार रात 11 बजकर 39 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। आग बुझाने के लिए गुरुग्राम, नूंह और झज्जर से दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। आग बुझाने का काम अब भी जारी है। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है।’’
APR 02, 2025 11:40 IST
AAP ने अपने सांसदों के लिए जारी किया तीन लाइन का व्हिप
आम आदमी पार्टी ने लोकसभा सांसदों को आज संसद में उपस्थित रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
APR 02, 2025 11:34 IST
रांची के पास गांव में जुलूस के दौरान दो पक्षों में संघर्ष, आठ घायल
रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के हेठबालू गांव में मंगलवार की रात आदिवासियों के त्योहार सरहुल पर निकाले गए जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है। इस संघर्ष में दोनों पक्ष से करीब सात-आठ लोग घायल हो गए हैं। घायलों में एक आदिवासी पाहन (पुजारी) भी हैं। हालांकि, इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम ने स्थिति को तत्काल काबू में कर लिया। इसके बाद गांव में बड़ी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई है। बताया गया है कि हेठबालू गांव में एक समुदाय के लोगों ने अपने त्योहार को लेकर सड़क के दोनों छोर पर बिजली की लड़ियां लगाई थीं।
APR 02, 2025 10:42 IST
ठाणे की आवासीय इमारत में लगी आग, पांच वाहन जलकर खाक
महाराष्ट्र में ठाणे शहर के पंचपखड़ी इलाके में मंगलवार देर रात एक आवासीय इमारत के परिसर में आग लगने से चार मोटरसाइकिल और एक कार जलकर खाक हो गयी। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि चंदनवाड़ी में महादेव मंदिर के सामने स्थित नव-रामराज्य सोसायटी में हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना देर रात करीब ढाई बजे मिली, तीन बजे तक इसपर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
APR 02, 2025 10:18 IST
मणिपुर: दो एसपी समेत 14 पुलिस अधिकारियों का तबादला
मणिपुर सरकार ने दो जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) सहित 14 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने मंगलवार को जारी एक आदेश में कहा कि जिरीबाम के पुलिस अधीक्षक शेख मोहम्मद जाकिर को काकचिंग जिले के एसपी के रूप में स्थानांतरित किया गया है। आदेश के अनुसार, काकचिंग की एसपी प्रियदर्शिनी लैशराम जिरीबाम की नयी एसपी होंगी। यारीपोक के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) गौरव डोगरा को सिंगजामेई में तैनाती दी गई है, जबकि सहायक कमांडेंट प्रथम मणिपुर राइफल्स के अभिनव कांगपोकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
APR 02, 2025 09:13 IST
UP: भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर जिले में बरला-बसेड़ा मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार के ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी जिससे एक परिवार के दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को बताया कि घटना मंगलवार रात की है जिसमें मेरठ जिले की निवासी खुशनुमा (35), सानिया (15), तैयबा (3) और मिरहा (2) की मौत हो गई। ये सभी कार में सवार थे। उसने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब जुनेद के परिवार के सदस्य ईद के मौके पर रिश्तेदारों से मिलने के लिए कमालपुर (मेरठ) से सहारनपुर के गोपाली गांव जा रहे थे।
APR 02, 2025 08:46 IST
महाराष्ट्र के बुलढाणा में बस और कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में बुधवार सुबह एक बस और स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खामगाव-शेगाव राजमार्ग पर महाराष्ट्र राजकीय परिवहन निगम की एक बस, एक एसयूवी से टकरा गई। उन्होंने बताया कि इसके तुरंत बाद एक निजी बस ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि निजी बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और उसमें फंसे चालक को निकालने के प्रयास जारी हैं।
APR 02, 2025 08:40 IST
APR 02, 2025 07:22 IST
संभल हिंसा के मास्टर माइंड का करीबी इनामी अपराधी गिरफ्तार
संभल जिले की पुलिस ने चार साल से फरार और सांप्रदायिक हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा के करीबी एवं 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी दिलीप उर्फ हरीश को मंगलवार को गिरफ्तार किया। संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पत्रकारों को बताया कि संभल जिले की असमोली थाने की पुलिस ने 25000 के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है जिसकी पहचान दिलीप उर्फ हरीश के रूप में है।
APR 02, 2025 06:34 IST
भारत और चिली व्यापार समझौते के लिए वार्ता शुरू करने पर सहमत
भारत और चिली ने मंगलवार को व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर वार्ता शुरू करने की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चिली के राष्ट्रपति गैब्रियल बोरिक फॉन्ट ने व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यापक चर्चा की। लातिन अमेरिका में चिली को भारत का एक महत्वपूर्ण ‘मित्र और साझेदार’बताते हुए मोदी ने कहा कि आगामी दशक में समग्र सहयोग बढ़ाने के लिए कई नयी पहल की पहचान की गई है।
