ताजा खबर 19 मार्च 2026: बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा ने 111 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की जारी, पश्चिम एशिया में जारी तनाव को लेकर PM मोदी बैक-टू-बैक कर रहे बात, पढ़ें आज की अहम खबरें
- ईरान के साउथ पार्स प्राकृतिक गैस क्षेत्र पर हमला
- ईरान का पलटवार, कतर के गैस संयंत्र पर हमला
- ईरान ने एक ही रात में 9 देशों पर हमले किए
- दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदला, आज भी बारिश के आसार
- प्रधानमंत्री मोदी ने गुड़ी पड़वा के पर महाराष्ट्र और गोवा के लोगों को पत्र लिखा
पश्चिम एशिया में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों पर विदेश मंत्रालय का बयान आया सामने
पश्चिम एशिया में गैस भंडारण केंद्रों पर ताजा हमलों से पैदा चिंताओं के बीच भारत ने गुरुवार को कहा कि ऐसे हमले 'अस्वीकार्य हैं और इन्हें रोका जाना चाहिए।' भारत ने इन हमलों को अंत्यंत परेशान करने वाला बताया और कहा कि ये पहले से ही अनिश्चितता से गुजर रहे वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र को और अधिक अस्थिर करेंगे।पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से बादशाह को बड़ी राहत
मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह को ‘टटीरी’ गाने से जुड़े विवाद में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हरियाणा पुलिस ने अदालत को बताया कि वह जांच में सहयोग कर चुके हैं, इसलिए फिलहाल उनकी गिरफ्तारी की जरूरत नहीं है। इसी बीच उनके खिलाफ जारी लुक आउट नोटिस वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा ने 111 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की जारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की। इस लिस्ट में 111 उम्मीदवारों का ऐलान किया गया, जबकि पहली सूची में जारी एक उम्मीदवार को बदला गया है।एनर्जी कंपनियों को अब देनी होगी ये अहम जानकारी
ईरान युद्ध के चलते पैदा हुए ऊर्जा संकट के बीच सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने ऊर्जा से जुड़ी जानकारी को राष्ट्रीय सुरक्षा मामले के रूप में वर्गीकृत किया है। इससे तेल एवं गैस क्षेत्र से जुड़ी सभी कंपनियों के लिए विस्तृत परिचालन जानकारी देना अनिवार्य हो गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस (सूचना प्रदान करना) आदेश, 2026 के तहत सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों की रिफाइनरी कंपनियों, LNG आयातकों, पाइपलाइन संचालकों, शहरी गैस वितरकों और पेट्रोरसायन कंपनियों को पेट्रोलियम योजना एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ (PPAC) को नियमित रूप से (कुछ मामलों में दैनिक आधार पर) विस्तृत जानकारी देनी होगी।पश्चिम एशिया में जारी तनाव को लेकर PM मोदी बैक-टू-बैक कर रहे बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे सैन्य तनाव के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ चर्चा की। इससे पहले, पीएम मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम और ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल-सईद से बातचीत की।Market Crash: निफ्टी 776 और सेंसेक्स 2497 अंक टूटे, ₹13 लाख करोड़ स्वाहा
भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार 19 मार्च को बड़ी तबाही देखने को मिली। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 3 फीसदी से ज्यादा गिरकर बंद हुए हैं। इंट्रा डे में निफ्टी जहां 847 अंक तक फिसल गया। वहीं, सेंसेक्स 2753 अंक तक गिर गया। निफ्टी का इंट्रा डे लो 22,930.35 रहा, जबकि सेंसेक्स 73,950.95 तक फिसल गया।'जो राज्य PNG कनेक्शन बढ़ायेंगे उन्हें 10 प्रतिशत अतिरिक्त कमर्शियल LPG'
प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव, सुजाता शर्मा ने कहा, 'कल भारत सरकार ने सभी राज्य सरकारों को एक और पत्र लिखा, जिसमें उनसे कालाबाज़ारी और जमाखोरी को रोकने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाने और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाए, वहां कानून के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया। हमारी राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इसके अलावा, लगभग 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जिला-स्तरीय निगरानी समितियां भी गठित की गई हैं।'ईरान ने जनवरी में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिए गए तीन लोगों को फांसी दी
ईरान की न्यायपालिका ने जनवरी में देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिए गए तीन लोगों को फांसी दिए जाने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। यह इस मामले में फांसी दिए जाने का पहला ज्ञात मामला है। ईरान की मिजान समाचार एजेंसी ने आरोपियों को फांसी दिए जाने की जानकारी दी। ईरान में आम तौर पर मृत्युदंड पाने वाले को फांसी दी जाती है। मिजान ने बताया कि मेहदी गासेमी, सालेह मोहम्मदी और सईद दव्वोदी को फांसी दी गई। एजेंसी ने कहा कि इन तीन लोगों ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान राजधानी तेहरान से करीब 130 किलोमीटर दक्षिण में स्थित कोम में दो पुलिस अधिकारियों की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। ईरान की न्यायपालिका विरोध प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों को फांसी देने की धमकी देती रही है। ईरान ने इन प्रदर्शनों को अत्यधिक हिंसा का प्रयोग कर दबा दिया था। इस हिंसा में हजारों लोग मारे गए थे और दसियों हजार लोगों को हिरासत में लिया गया था। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई है कि ईरान विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों को सामूहिक रूप से फांसी दे सकता है।राष्ट्रपति मुर्मू अयोध्या में राम मंदिर गईं, स्वर्ण जड़ित श्री राम यंत्र की स्थापना की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को अयोध्या में राम मंदिर गईं और वहां विशेष धार्मिक समारोहों के तहत 150 किलोग्राम सोने से जड़ित श्री राम यंत्र की स्थापना की। भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कहा गया, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पवित्र अयोध्या धाम में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा की। पोस्ट में कहा गया है, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पावन अयोध्या धाम में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, श्री माता अमृतानंदमयी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में दिव्य मंदिर में श्रीराम यंत्र की स्थापना की। उन्होंने रामलला मंदिर में दर्शन और आरती की तथा प्रभु रामलला से सबकी सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इससे पहले सोशल मीडिया मंच एक्स पर राष्ट्रपति कार्यालय के एक आधिकारिक पोस्ट में कहा गया था कि मुर्मू के अयोध्या पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया।गोरखपुर के गिडा सेक्टर 13 में वुड प्लाई फैक्ट्री में लगी आग
गोरखपुर के गिडा सेक्टर 13 स्थित एक वुड प्लाई फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8 बजे लगी इस आग की लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है। हालांकि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया जा रहा है। मौके पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फायर विभाग के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।शैनन में फंसे यात्रियों को एअर इंडिया की विशेष उड़ान से दिल्ली लाया गया
आयरलैंड के शैनन शहर में फंसे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर एअर इंडिया की विशेष उड़ान बृहस्पतिवार तड़के दिल्ली पहुंची। एक अधिकारी ने बताया कि इस उड़ान में 220 से अधिक यात्री थे और प्रत्येक को सद्भावना स्वरूप 20-20 हजार रुपये की पेशकश की गई। न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहे विमानन कंपनी के ए350 विमान को सोमवार को किसी तकनीकी खराबी के कारण शैनन की ओर मोड़ दिया गया था। विमान को वहां हवाई अड्डे पर उतारा गया था और यात्री एवं चालक दल के सदस्य आयरलैंड के इस शहर में फंस गए थे। बोइंग 787 विमान द्वारा संचालित विशेष उड़ान ज्यूरिख से शैनन पहुंची और बाद में बुधवार दोपहर को दिल्ली के लिए रवाना हुई।अधिकारी ने कहा कि यह विशेष उड़ान बृहस्पतिवार तड़के राष्ट्रीय राजधानी पहुंच गई। एअर इंडिया ने सोमवार को कहा था कि न्यूयॉर्क (जेएफके) से दिल्ली आ रहे विमान एआई102 को तकनीकी खराबी की आशंका के कारण एहतियाती तौर पर आयरलैंड के शैनन की ओर मोड़ दिया गया था। विमानन कंपनी ने यह भी कहा था कि विमान स्थानीय समयानुसार तड़के साढ़े चार बजे शैनन हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
पिनराई विजयन और एलडीएफ को तीसरी बार सत्ता नहीं मिलेगी: जी सुधाकरन
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व नेता जी. सुधाकरन ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिनराई विजयन और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को तीसरी बार सत्ता में आने का मौका नहीं मिलेगा, क्योंकि वामपंथी पार्टी का नेतृत्व राजनीतिक रूप से विफल रहा है, जबकि कांग्रेस और यूडीएफ के विजेता बनने की संभावना दिखाई दे रही है।हाल ही में अंबालाप्पुझा विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला करने वाले सुधाकरन ने यह टिप्पणी एक पोस्ट में की। चार बार के विधायक और पूर्व मंत्री सुधाकरन ने अपनी पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराने का निर्णय लिया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनके परिवार को माकपा कार्यकर्ताओं के ऑनलाइन हमलों का सामना करना पड़ा और उन्हें पार्टी के जिला नेतृत्व से भी उचित मान्यता नहीं मिली। उनके निर्णय के बाद, माकपा ने उनके खिलाफ रैली आयोजित की। अपने पोस्ट में सुधाकरन ने कहा कि उन्होंने छह दशकों से अधिक समय तक कम्युनिस्ट आंदोलन में सदस्य और नेतृत्व के रूप में काम किया, लेकिन पिछले कई वर्षों से वह अपने राजनीतिक कार्यों को निडरता और ईमानदारी से जारी नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोगों और अपराध और माफिया राजनीति में लिप्त लोगों के खिलाफ उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया।
असम विधानसभा चुनाव के लिए BJP की 88 उम्मीदवारों की पहली सूची
Assam assembly polls- भारतीय जनता पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इसमें मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को जलुकबारी सीट से मैदान में उतारा गया है। भाजपा ने कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुए प्रद्युत बोरदोलोई को असम की दिसपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। कैबिनेट मंत्री जो अपनी वर्तमान सीटों से चुनाव लड़ेंगे, वे हैं गोलाघाट से अजंता नियोग, धेमाजी (एसटी) से शिक्षा मंत्री रनोज पेगु, डूमडूमा से रूपेश गोवाला, तिंगखोन से बिनल बोरा, जगीरोड (एससी) से पिजुष हजारिका, नलबाड़ी से जयंत मल्ला बरुआ, ढेकियाजुली से अशोक सिंघल, पाथरकांडी से कृष्णेंदु पॉल और लखीपुर से कौशिक राय।भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार शाम को पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा चुनाव समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। भाजपा की असम इकाई के प्रमुख दिलीप सैकिया और मुख्यमंत्री भी बैठक में मौजूद थे। 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को होगी।
विक्रम के. दुरईस्वामी चीन में होंगे भारत के अगले राजदूत
विक्रम के. दुरईस्वामी को पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना में भारत के अगले राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में यूनाइटेड किंगडम में भारत के उच्चायुक्त हैं। विदेश मंत्रालय ने आज यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने कहा कि उनके जल्दी ही पदभार ग्रहण करने की संभावना है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को घोषणा की कि विक्रम के. दुरईस्वामी को पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। दुरईस्वामी 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं, और वर्तमान में यूनाइटेड किंगडम में भारत के उच्चायुक्त के पद पर कार्यरत हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, उनके जल्दी ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है।भाजपा ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी सूची जारी की
भारतीय जनता पार्टी ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।पाकिस्तान: कराची में भारी बारिश और आंधी-तूफान से कम से कम 19 लोगों की मौत
पाकिस्तान के कराची में भारी बारिश और आंधी-तूफान से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। बुधवार रात भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने के कारण मकानों की छतें तथा दीवारें ढह गईं, जगह-जगह पेड़ और साइनबोर्ड गिर गए। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को और अधिक बारिश होने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। कोरांगी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संगहार मलिक ने बताया कि दूरभाष केंद्र की छत और दीवार ढह जाने से 12 लोगों की मौत हो गई। ये लोग वहां चाय पी रहे थे। उन्होंने कहा, तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बारिश के कारण सईदबाद क्षेत्र के मोचको गोठ में एक इमारत ढह गई। एसएसपी ने कहा कि बचाव दल अब भी मलबा हटा रहा है तथा मलबे के नीचे और भी लोग हो सकते हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक असद रजा ने बृहस्पतिवार सुबह मीडिया को बताया कि कोरांगी में और लोगों के हताहत होने की सूचना मिली है, जहां एक घर की छत गिर जाने से वहां रहने वाले दंपति की मौत हो गई जबकि मलिर में दो लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।अतनु चक्रवर्ती ने नैतिक चिंताओं का हवाला देते हुए एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा
देश के दूसरे सबसे बड़े ऋणदाता एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने अचानक नैतिक चिंताओं का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। यह पहली बार है जब एचडीएफसी बैंक के किसी अंशकालिक चेयरमैन ने कार्यकाल के बीच में पद छोड़ा है। इससे बैंक के कामकाज को लेकर सवाल उठे हैं। उनका कार्यकाल चार मई 2027 को समाप्त हो रहा था। उन्होंने 17 मार्च को भेजे अपने इस्तीफे में कहा, पिछले दो वर्ष में बैंक के भीतर कुछ ऐसी घटनाओं व प्रथाओं को मैंने देखा है जो मेरे व्यक्तिगत मूल्यों एवं नैतिकता के अनुरूप नहीं हैं। यही मेरे इस निर्णय का आधार है। शासन, नामांकन, पारिश्रमिक समिति के चेयरमैन एच. के. भनवाला को लिखे पत्र में चक्रवर्ती ने कहा, उपरोक्त के अलावा मेरे इस्तीफे का कोई अन्य महत्वपूर्ण कारण नहीं है। एचडीएफसी बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चक्रवर्ती ने 18 मार्च 2026 को तत्काल प्रभाव से अंशकालिक चेयरमैन एवं स्वतंत्र निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है।गुजरात के सूरत सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत और 9 घायल
गुजरात के सूरत शहर में एक इमारत में आग लगने और सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत और नौ घायल: अधिकारी।प्रधानमंत्री मोदी ने गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर महाराष्ट्र और गोवा के लोगों को पत्र लिखा है, जो नव वर्ष को विजय, समृद्धि और नई शुरुआत के प्रतीक के रूप में मनाते हैं।
ट्रंप ने विमान दुर्घटना में मारे गए छह अमेरिकी सैनिकों को सैन्य अड्डे पर दी श्रद्धांजलि
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईंधन भरने वाले एक विमान के पश्चिम एशिया में दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण मारे गए छह अमेरिकी सैनिकों को बुधवार को डेलावेयर स्थित एक सैन्य अड्डे पर श्रद्धांजलि दी। सैनिकों के पार्थिव अवशेषों को बाद में उनके परिवारों को सौंप दिया गया। यह 28 फरवरी को ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद दूसरी बार है जब ट्रंप ने "डिग्निफाइड ट्रांसफर" नामक सैन्य रस्म में हिस्सा लिया। उन्होंने पूर्व में इसे अपने कमांडर-इन-चीफ के रूप में किए जाने वाले सबसे कठिन कामों में से एक बताया था। ट्रंप के साथ रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन और अन्य सांसद भी मौजूद थे। पिछले सप्ताह पश्चिमी इराक में मित्र क्षेत्र (फ्रेंडली टेरिटरी) के ऊपर वायु सेना के विमान 'केसी-135' के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक दल के सभी छह सदस्यों की मौत हो गई थी। यह विमान ईरान के खिलाफ जारी अभियानों में मदद पहुंचा रहा था। ये सैनिक अलबामा, इंडियाना, केंटकी, ओहायो और वॉशिंगटन से थे। इस दुर्घटना के बाद "ऑपरेशन एपिक फ्यूरी" में मरने वाले अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। पेंटागन के अनुसार, करीब 200 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर है।नागपुर: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने नागपुर में गुड़ी पड़वा मनाने के लिए पारंपरिक रूप से गुड़ी पूजा (गुड़ी पड़वा पूजा) की।
डोनाल्ड ट्रंप ने दी ईरान को चेतावनी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वादा किया है कि इजराइल ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर कोई और हमला नहीं करेगा, लेकिन अगर ईरान ने कतर पर फिर से हमला किया, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा और पूरे क्षेत्र को बड़े पैमाने पर उड़ा देगा। बुधवार रात को जब युद्ध ने वैश्विक ऊर्जा बाजारों को हिलाकर रख दिया और ईरानी मिसाइलों ने कतर को निशाना बनाया उसके बाद सोशल मीडिया पर ट्रंप ने यह धमकी दी। ट्रंप ने कहा, मैं इस स्तर की हिंसा और विनाश को स्वीकार नहीं करना चाहता क्योंकि इसका ईरान के भविष्य पर लंबा असर पड़ेगा। लेकिन अगर कतर के द्रवीकृत प्राकृतिक गैस स्थलों पर फिर से हमला हुआ तो वह ऐसा करने में संकोच नहीं करेंगे।दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदला
दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदल गया है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। कुछ दिनों से बदल रहे मौसम ने अचानक बुधवार की शाम करवट ली। दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा समेत कई इलाकों में तेज आंधी और मेघ गर्जन के साथ बारिश और कहीं-कहीं छोटे साइज के ओले देखे गए। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों यानी 19, 20 और 21 मार्च को एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। इस बारिश से न सिर्फ मौसम और भी सुहावना हो गया है, बल्कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी और सुधार देखने को मिला है।ईरान ने एक ही रात में 9 देशों पर हमले किए
ईरान ने एक ही रात में 9 देशों पर हमले किए, जिनमें दुनिया के कई सबसे अमीर देश भी शामिल हैं। यह कार्रवाई तेहरान की ओर से उस हमले के जवाब में बताई जा रही है, जब इजराइल ने दुनिया के सबसे बड़े गैस फील्ड साउथ पार्स गैस फील्ड (South Pars Gas Field) पर हमला किया था। साउथ पार्स हमले के कुछ ही घंटों के भीतर, ईरान ने खाड़ी में ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर जवाबी कार्रवाई की। कतर ने कहा कि ईरान द्वारा उसके क्षेत्र की ओर पांच बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से एक ने रास लाफान औद्योगिक शहर को निशाना बनाया जो दुनिया का सबसे बड़ा द्रवीकृत प्राकृतिक गैस निर्यात टर्मिनल है।ईरान का पलटवार, कतर के गैस संयंत्र पर हमला
पलटवार करते हुए ईरान ने कतर में एक प्रमुख प्राकृतिक गैस संयंत्र पर हमला किया और फारस की खाड़ी में स्थित अपने पड़ोसी देशों की ऊर्जा सुविधाओं पर हमले जारी रखे। ईरान ने सऊदी अरब के विशाल पूर्वी प्रांत पर भी हमला किया, जहां उसके कई तेल क्षेत्र स्थित हैं, साथ ही इजराइल, कुवैत, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात पर भी हमले किए। कुल मिलाकर ईरान ने रात भर 9 देशों पर मिसाइल हमले किए।ईरान के साउथ पार्स प्राकृतिक गैस क्षेत्र पर हमला
ईरान-इजराइल युद्ध ने एक नया मोड़ ले लिया है और अब दुनिया में ऊर्जा संकट बढ़ने की आशंका गहरा गई है। दुनिया के सबसे बड़े गैस क्षेत्रों में से एक और एक प्रमुख एलएनजी केंद्र पर हुए हमलों से वैश्विक आपूर्ति में बड़े व्यवधान की आशंका बढ़ गई है। ईरानी सरकारी मीडिया ने बुधवार को बताया कि इजराइल ने साउथ पार्स प्राकृतिक गैस (South Pars Natural Gas) क्षेत्र पर हमला किया, जो देश के लिए एक महत्वपूर्ण ऊर्जा स्रोत है और असलुयेह के पास खाड़ी तट पर स्थित है। इस क्षेत्र से जुड़ी सुविधाओं में आग लगने की खबरें हैं, जो ईरान की लगभग 80% प्राकृतिक गैस की आपूर्ति करता है।बंगाल चुनाव में BJP ने खर्च किए 286.99 करोड़, 5 राज्यों में कांग्रेस के कुल खर्च से भी ज्यादा
'SIR में यदि अवैध प्रक्रिया अपनाई गई है तो CEC पर चलना चाहिए आपराधिक मुकदमा', प्रियंका ने की कार्रवाई की मांग
विधायक उमेश शर्मा किस पर भड़के? अमरोहा में इनके ही फार्म पर लाई गई हरियाणा की महिला, CRPF जवानों ने लूटी अस्मत
अगर एक खून माफ होता तो ज्ञानेश कुमार को गोली मार देते- मुकेश सहनी का CEC पर विवादित बयान
'CEC पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं गोवा CEO के ई-मेल', नैतिकता बची है तो इस्तीफ दें ज्ञानेश कुमार', दूसरी रिपोर्ट पर कांग्रेस का हमला
© 2026 Times Horizon Private Limited
