LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: EC ने राहुल गांधी के 'वोट चोरी' वाले आरोपों को बताया आधारहीन; अक्टूबर में भारत आएंगे ब्रिटिश PM कीर स्टार्मर

Piyush KumarUpdated Sep 18, 2025, 18:51 IST

Aaj Ki Taza Khabar 18 Sep 2025 LIVE: खबरों के लिहाज से आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वहीं, अमित शाह आज पटना में संतों-एनडीए नेताओं से मिले। रोहतास-बेगूसराय में कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। DUSU चुनाव में आज मतदान होना है। परिणाम कल जारी किए जाएंगे। आंध्र प्रदेश विधानसभा का सत्र आज से शुरू होने वाला है। वहीं, इस साल अक्टूबर में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर कीर स्टार्मर भारत का दौरा कर सकते हैं।

Aaj Ki Taza Khabar
Aaj Ki Taza Khabar: EC ने राहुल गांधी के 'वोट चोरी' वाले आरोपों को बताया आधारहीन; अक्टूबर में भारत आएंगे ब्रिटिश PM कीर स्टार्मर

Aaj Ki Taza Khabar 18 Sep 2025 LIVE: आज का दिन राजनीतिक हलचलों और बड़े घटनाक्रमों से भरा रहेगा। सुबह 10 बजे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इसी दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पटना में संतों और एनडीए नेताओं से मुलाकात करेंगे तथा रोहतास और बेगूसराय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के लिए आज मतदान होगा, जिसके नतीजे कल घोषित किए जाएंगे। आंध्र प्रदेश विधानसभा का सत्र भी आज से शुरू होने जा रहा है। वहीं, अक्टूबर में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के भारत दौरे की संभावना है।

SEPT 18, 2025 18:51 IST

लीबिया तट के पास नौका डूबी, 50 प्रवासियों की मौत

सूडान के शरणार्थियों को ले जा रही एक नाव रविवार को लीबिया के तट पर आग लगने के कारण डूब गई, जिससे कम से कम 50 लोग मारे गए। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने बताया कि नाव पूर्वी लीबिया में तोब्रुक तट से लगभग 60 किलोमीटर दूर डूब गई। नाव यूनान जा रही थी। आईओएम ने इस सप्ताह की शुरुआत में ‘एक्स’ पर बताया था कि इस नाव में 75 सूडानी शरणार्थी सवार थे, जिनमें से केवल 24 को बचाया जा सका।
SEPT 18, 2025 18:48 IST

पुडुचेरी विधानसभा 45 मिनट बाद अनिश्चित काल के लिए स्थगित

पुडुचेरी विधानसभा का एक दिवसीय सत्र बृहस्पतिवार को केवल 45 मिनट के बाद अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। सदन की कार्यवाही की शुरुआत अध्यक्ष आर. सेल्वम द्वारा पोप फ्रांसिस, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और पुडुचेरी के पूर्व एआईएडीएमके विधायक के. शिवलोकनाथन सहित प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
SEPT 18, 2025 16:40 IST

तेलंगाना में छह माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया

प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के छह सदस्यों ने बृहस्पतिवार को तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। छत्तीसगढ़ के छह माओवादी कैडर, जिनमें एक एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम) भी शामिल है, ने पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा आदिवासी लोगों के विकास और कल्याण के उद्देश्य से चलाए गए “ऑपरेशन चेयुथा” पहल के तहत भद्राद्री कोठागुडेम के पुलिस अधीक्षक बी. रोहित राजू के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
SEPT 18, 2025 15:41 IST

मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने गुलमर्ग में कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को गुलमर्ग के पर्यटन स्थल पर एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया। यह पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं एवं उद्यमों के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में उठाया गया कदम है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा, “मुख्यमंत्री ने आज गुलमर्ग में कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक सुविधा पर्यटन को प्रोत्साहित करेगी, एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंसेज, एग्ज़िबिशंस) गतिविधियों को बढ़ावा देगी और स्थानीय युवाओं तथा व्यवसायों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।”
SEPT 18, 2025 12:33 IST

मुख्य निर्वाचन आयुक्त "वोट चोरों" की रक्षा कर रहे हैं : राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उनकी पार्टी के समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के प्रयास हुए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार "लोकतंत्र की हत्या करने वालों" तथा "वोट चोरों" की रक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार को ऐसे लोगों को संरक्षण देना बंद करना चाहिए और एक सप्ताह में निर्वाचन आयोग को कर्नाटक की सीआईडी के साथ पूरी जानकारी साझा करनी चाहिए। कांग्रेस नेता के आरोप पर निर्वाचन आयोग की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
SEPT 18, 2025 09:38 IST

दिल्ली पुलिस की गाड़ी ने एक व्यक्ति को कुचल दिया

सेंट्रल दिल्ली के राम कृष्ण आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली पुलिस की गाड़ी ने एक व्यक्ति को कुचल दिया जिसकी मौके पर मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने दोनो पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया। क्राइम टीम और दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर रही है। बॉडी को पास के अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल जिस व्यक्ति मौत हुई है उसकी पहचान पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है
SEPT 18, 2025 07:29 IST

राहुल गांधी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। संभावना है कि वोट चोरी कैंपेन को लेकर वह जिस हाइड्रोजन बम (hydrogen bomb) फोड़ने की बात करते आ रहे हैं। आज सुबह 10 बजे राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
SEPT 18, 2025 07:28 IST

अक्टूबर में भारत आएंगे कीर स्टार्मर

ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर अक्टूबर में भारत का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर 7 से 9 अक्तूबर तक होने वाले तीन दिवसीय ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) में हिस्सा लेंगे। यह वार्षिक कार्यक्रम दुनियाभर से नीति निर्माताओं, निवेशकों और वित्तीय विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने के लिए जाना जाता है
SEPT 18, 2025 07:27 IST

अमित शाह करेंगे बिहार का दौरा

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गृह मंत्री अमित शाह आज पटना में संतों-एनडीए नेताओं से मिलेंगे। वहीं वो रोहतास-बेगूसराय में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।