LIVE

आज की ताजा खबर Live: वडनगर से वाराणसी तक पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में आयोजन....मनोज जरांगे ने तोड़ा अपना अनशन

अमित कुमार मंडलUpdated Sep 17, 2026, 10:40 IST

आज की ताजा खबर Live: वडनगर से वाराणसी तक पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में आयोजन....मनोज जरांगे ने तोड़ा अपना अनशन
आज की ताजा खबर Live: वडनगर से वाराणसी तक पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में आयोजन....मनोज जरांगे ने तोड़ा अपना अनशन

  • पीएम मोदी का आज जन्मदिन, देशभर में जश्न, दिग्गजों ने दी बधाई
  • मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरंगे ने अनशन खत्म किया
  • US हाउस से रूस प्रतिबंध बिल पास, अब ट्रंप की मंजूरी का इंतजार
  • हूतियों के हमले झेल रहे सऊदी अरब का पाकिस्तान साथ देगा या नहीं?
  • NASA के अंतरिक्ष यान ने चंद्रमा पर खोजा विशाल नया क्रेटर

SEPT 17, 2026 10:40 IST

दिशा सालियान के पिता ने दायर किया 500 करोड़ रुपये मानहानि का दावा


दिशा सालियान केस में आदित्य ठाकरे दोतरफा फंसते दिख रहे हैं। एक तरफ जहां सीबीआई की एफआईआर में उनका नाम है, तो वहीं अब दिशा सालियान के पिता ने आदित्य ठाकरे को मानहानि को नोटिस भी भेज दिया है, वो भी एक दो करोड़ का नहीं पूरे 500 करोड़ का। दिशा सालियान के पिता सतीश सालियन ने शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का आपराधिक मानहानि नोटिस भेजा है। नोटिस में दोनों नेताओं द्वारा दिए गए हालिया बयानों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और मुआवजा देने की मांग की गई है। सतीश सालियन के वकीलों द्वारा भेजे गए इस लीगल नोटिस में दोनों नेताओं को अपने आपत्तिजनक बयान वापस लेने और माफी मांगने के लिए 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है।
SEPT 17, 2026 10:07 IST

प्रधानमंत्री केंद्रीय मंत्रियों की दो दिवसीय ‘चिंतन बैठक' की अध्यक्षता करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी शासन और नीति-निर्माण से जुड़े प्रमुख पहलुओं पर चर्चा करने तथा सुधारों पर विशेष ध्याने के लिये अगले सप्ताह केंद्रीय मंत्रिमंडल के साथ दो दिवसीय चिंतन बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में शासन और नीति निर्माण से जुड़े अहम पहलुओं पर चर्चा होगी, जिसमें सुधारों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मामले से अवगत सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि विचार-विमर्श का यह सत्र 23 और 24 सितंबर को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सभी कैबिनेट मंत्रियों को अगले सप्ताह बैठक की तैयारी और इसमें शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में रहने को कहा गया है। यह तत्काल स्पष्ट नहीं है कि राज्य मंत्रियों को भी इस सत्र में शामिल होने के लिए बुलाया गया है या नहीं। सूत्रों ने बताया कि कुछ मंत्री अपनी-अपनी मंत्रालयों की ओर से किए गए नीतिगत फैसलों और विभिन्न क्षेत्रों में सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों पर प्रस्तुति दे सकते हैं।
SEPT 17, 2026 09:46 IST

मालेगांव मनपा में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाने का मामला बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचा

महाराष्ट्र मालेगांव मनपा में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाने का मामला बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचा, अदालत ने राज्य सरकार और मालेगांव मनपा को 2 हफ्ते में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। 16 सितंबर की शाम को इस मामले में हाईकोर्ट के समक्ष सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान डिप्टी मेयर शान-ए-हिंद की ओर से अधिवक्ता एम.पी. वासी ने अदालत के समक्ष पक्ष रखते हुए कहा कि कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाना गलत नहीं है। वहीं, सरकारी वकील ने महाराष्ट्र सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि सरकार ने जिन महापुरुषों की तस्वीरें लगाने को लेकर शासनादेश (जीआर) जारी किया है, कार्यालयों में उन्हीं महापुरुषों की तस्वीरें लगाई जानी चाहिए।
SEPT 17, 2026 09:32 IST

उधमपुर में दो आतंकी ढेर

भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कोर का कहना है, "16/17 सितंबर की दरमियानी रात को खुफिया जानकारी पर आधारित एक संयुक्त अभियान में उधमपुर के ब्रातल में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। अभियान अभी भी जारी है और इलाके में तलाशी और निगरानी अभियान चल रहे हैं।"
SEPT 17, 2026 09:30 IST

असम: 12 घुसपैठियों को भारत में प्रवेश करने से रोका गया

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि 12 विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने से रोका गया।उन्होंने राज्य को "जनसांख्यिकीय आक्रमण" के खतरे से सुरक्षित करने के लिए असम पुलिस की सराहना की। सरमा ने बुधवार शाम को X पर एक पोस्ट में कहा, "नजरें तेज, कार्रवाई त्वरित! उनकी गतिविधियों पर नज़र रखते हुए, @assampolice ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से असम में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले 12 घुसपैठियों को रोका - जिससे हमारा राज्य जनसांख्यिकीय आक्रमण के खतरे से सुरक्षित हो गया।" हालांकि, उन्होंने घुसपैठियों की जातीयता, उन्हें भारत में प्रवेश करने से कहाँ रोका गया और उनके मूल देश जैसी जानकारी साझा नहीं की। असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सालमारा-मनकाचर जिले बांग्लादेश के साथ 267.5 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं। श्रीभूमि जिले के सुतारकंडी में एक एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) है। पूर्वोत्तर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर कुल तीन एकीकृत चेक पोस्ट हैं, जिनमें से अन्य दो मेघालय के डाउकी और त्रिपुरा के अखौरा में स्थित हैं। इस क्षेत्र में भारत-भूटान सीमा पर असम के दर्रांगा में एक और एकीकृत चेक पोस्ट है।
SEPT 17, 2026 09:18 IST

दिल्ली में 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार, करीब 1 करोड़ बरामद

दिल्ली पुलिस ने 1.5 करोड़ रुपये की हथियारबंद लूट के मामले को सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से करीब 1 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। दरअसल, 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे गीता कॉलोनी फ्लाईओवर, आउटर रिंग रोड के पास हथियारबंद लूट की वारदात हुई थी। शिकायतकर्ता अपने एक साथी के साथ चांदनी चौक से ऑटो रिक्शा में सफदरजंग एन्क्लेव की तरफ जा रहा था। उनके पास एक बैग में करीब 1.5 करोड़ रुपये कैश था। जब ऑटो गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने ऑटो को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों में से एक ने पिस्टल दिखाकर शिकायतकर्ता और उसके साथी को धमकाया और कैश से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से ITO की तरफ फरार हो गए। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह चांदनी चौक में पेमेंट कलेक्टर/डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता है और लूटी गई रकम उसके एंप्लॉयर की थी। इस मामले में थाना दरियागंज में FIR नंबर 329/2026, दिनांक 8 सितंबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस टीमों ने CCTV फुटेज और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये की रकम बरामद की। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूटी गई बाकी रकम की बरामदगी के साथ-साथ वारदात में उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
SEPT 17, 2026 08:52 IST

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकी अभियान के बीच मुठभेड़

अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के वन क्षेत्र में चल रहे आतंकी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद बुधवार रात करीब 9 बजे मजलता के सुदूर ब्रातेल सोआन और खुब्बन इलाकों में सेना, पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान शुरू होने के कुछ ही समय बाद जंगल में संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाते हुए सुरक्षा बलों द्वारा गोलीबारी और विस्फोट की कुछ आवाजें सुनी गईं। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि रात भर इलाका काफी हद तक शांत रहा, लेकिन गुरुवार सुबह आतंकवादियों ने घेराबंदी तोड़ने के प्रयास में भारी गोलीबारी शुरू कर दी।
SEPT 17, 2026 08:45 IST

लखनऊ में ऋषभ राय नाम के युवक पर हमला

लखनऊ में ऋषभ राय नाम के युवक पर हमला हुआ है। रंजिश के चलते मारी गई गोली। पुलिस के मुताबिक हाथ में गोली लगी है। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना थाना बीबीडी क्षेत्र की है।
SEPT 17, 2026 08:38 IST

NASA के अंतरिक्ष यान ने चंद्रमा पर खोजा विशाल नया क्रेटर

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के वैज्ञानिकों ने चंद्रमा की सतह पर एक विशाल नए क्रेटर (गड्ढे) की खोज की है। रोमन कोलोसियम (Colosseum) से भी बड़ा यह क्रेटर दो साल पहले हुए एक शक्तिशाली उल्कापिंड प्रभाव का परिणाम है, जो शुरुआती समय में पकड़ में नहीं आ सका था। शोधकर्ताओं के अनुसार, लगभग 728 फीट (222 मीटर) चौड़ा और 141 फीट (43 मीटर) गहरा यह गड्ढा हाल के समय में सौर मंडल में बना अब तक का सबसे बड़ा ज्ञात इम्पैक्ट क्रेटर है।
SEPT 17, 2026 08:38 IST

हूतियों के हमले झेल रहे सऊदी अरब का पाकिस्तान साथ देगा या नहीं?

Asif Khawaja: सऊदी अरब पर हूतियों का हमला लगातार जारी है और उसने भारी नुकसान पहुंचाया है। इन हमलों के आगे सऊदी अरब बेबस दिख रहा है और मक्का सैन्य पैक्ट के बावजूद पाकिस्तान-तुर्की की ओर से उसे कोई सैन्य मदद नहीं मिल रही है। ऐसे में पाकिस्तान ने एक बार फिर सऊदी अरब को कोरा आश्वासन ही दिया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने स्पष्ट किया है कि अगर यमन के हूती विद्रोहियों के साथ संघर्ष बढ़ता है, तो पाकिस्तान सऊदी अरब के साथ व्यावहारिक और कूटनीतिक दोनों स्तरों पर मजबूती से खड़ा रहेगा।
SEPT 17, 2026 08:38 IST

रूस के आर्थिक क्षेत्रों पर बढ़ेगा दबाव

दिवंगत सीनेटर लिंडसे ग्राहम के सम्मान में लाए गए इस बिल को तैयार करने में एक साल से अधिक समय की बातचीत लगी है। इसमें रूसी अधिकारियों, वित्तीय संस्थानों और बैंकिंग क्षेत्र पर नए प्रतिबंधों का प्रावधान है। विधेयक में रूस की तेल और गैस की बिक्री को जारी रखने में मदद करने वाले कथित ‘शैडो फ्लीट’ के जहाजों को भी निशाना बनाया गया है। ये वे जहाज हैं जिनका इस्तेमाल पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद रूसी ऊर्जा निर्यात जारी रखने के लिए किए जाने का आरोप है।
SEPT 17, 2026 08:37 IST

US हाउस से रूस प्रतिबंध बिल पास, अब ट्रंप की मंजूरी का इंतजार

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (House of Representatives) ने बुधवार (स्थानीय समय) को रूस के खिलाफ एक कड़ा प्रतिबंध विधेयक (Sanctions Bill) भारी बहुमत से पास कर दिया है। 262 के मुकाबले 159 वोटों से पारित होने के बाद अब यह बिल अंतिम मुहर के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास भेजा गया है। जिसके बाद अमेरिकी प्रशासन को रूस और उसके साथ ऊर्जा कारोबार करने वाले देशों पर अतिरिक्त प्रतिबंध और टैरिफ लगाने के अधिकार मिल सकेंगे।
SEPT 17, 2026 08:37 IST

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरंगे ने अनशन खत्म किया

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने गुरुवार को अपना 20 दिन का अनशन समाप्त कर दिया और महाराष्ट्र सरकार को चेतावनी दी कि अगर तीन महीने के भीतर उनकी मराठा आरक्षण संबंधी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे विरोध प्रदर्शन मुंबई ले जाएंगे। जरंगे ने बीड जिले के पाटोदा में सरकारी प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के बाद यह घोषणा की। इस प्रतिनिधिमंडल में मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, दादा भूसे, एमएलसी प्रसाद लाड, विधायक सुरेश धास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस बयान के कुछ दिनों बाद सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार किसी भी प्रकार की धमकी को बर्दाश्त नहीं करेगी और गणेश उत्सव के दौरान आंदोलन के समय पर सवाल उठाया था।
SEPT 17, 2026 08:37 IST

पीएम मोदी का आज जन्मदिन, देशभर में जश्न, दिग्गजों ने दी बधाई

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन है। देश-विदेश से उन्हें बधाइयों का सिलसिला जारी है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी गुरुवार से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत करेगी। पहले दिन रक्तदान शिविर, यज्ञ, वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के साथ ही कर्तव्य पथ व अन्य स्थानों पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित होगा। भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। बहरहाल, पीएम मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाओं का दौर जारी है और तमाम बड़े नेताओं ने उनके दीर्घायु होने की कामना की है। गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा, एक सामान्य स्वयंसेवक से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी जी की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि जब जीवन का लक्ष्य राष्ट्रसेवा हो, तो कठिन से कठिन संकल्प भी सिद्ध किए जा सकते हैं।