LIVE

आज की ताजा खबर, 17 मार्च 2025 हिंदी न्यूज़: EPF पेंशन बढ़ाई जाए- संसदीय समिति, ईरान युद्ध के बीच पाकिस्तान ने 400 लोगों को मार डाला, बिहार राज्यसभा चुनाव में विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त' के आरोप को लेकर विपक्ष और NDA आमने-सामने

आज की ताजा खबर, 17 मार्च 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [पाकिस्तान काबुल हमला], [ईरान युद्ध], [मोजतबा खामेनेई गे], [भारत राज्यसभा चुनाव परिणाम] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: संसदीय समिति ने कहा है कि ईपीएफ पेंशन बढ़ाकर सम्मानजनक करने की जरूरत, 1,000 रुपया महीना पर्याप्त नहीं। वहीं, 400 की मौत, काबुल का अस्पताल तबाह...पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में किया सबसे घातक हमला। हालांकि, पाकिस्तान ने मंगलवार को अफगानिस्तान के इस आरोप को खारिज कर दिया कि उसके हवाई हमलों में काबुल स्थित एक अस्पताल को निशाना बनाया गया। वहीं, भारत में राज्यसभा की सीटों को लेकर चुनावों के नतीजे आ गए हैं। यहां आप हर राज्य से जुड़ा परिणाम जान सकते हैं। उधर, खुफिया दावे से ट्रंप हैरान कि मुजतबा खामेनेई समलैंगिक हो सकते हैं। ऐसा एक रिपोर्ट में बताया गया। खैर यहां पढ़ें- देश और दुनिया की सभी खबरें
आज की ताजा खबर, 17 मार्च 2025 हिंदी न्यूज़: EPF पेंशन बढ़ाई जाए- संसदीय समिति, ईरान युद्ध के बीच पाकिस्तान ने 400 लोगों को मार डाला, बिहार राज्यसभा चुनाव में विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त' के आरोप को लेकर विपक्ष और NDA आमने-सामने
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [पाकिस्तान काबुल हमला], [ईरान युद्ध], [मोजतबा खामेनेई गे], [भारत राज्यसभा चुनाव परिणाम] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar): संसदीय समिति ने कहा है कि ईपीएफ पेंशन बढ़ाकर सम्मानजनक करने की जरूरत, 1,000 रुपया महीना पर्याप्त नहीं। इसके अलावा अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल पर हवाई हमला करने का आरोप लगाया, जिसमें उसके अनुसार कम से कम 400 लोग मारे गए। पाकिस्तान ने इससे इनकार किया। वहीं, भारत में राज्यसभा की सीटों को लेकर चुनावों के नतीजे आ गए हैं। यहां आप हर राज्य से जुड़ा परिणाम जान सकते हैं। उधर, न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने संकेत दिया है कि मुजतबा का शायद एक ऐसे व्यक्ति के साथ लंबे समय से रिश्ता रहा हो, जो बचपन में उनका ट्यूटर था। इस समाचार आउटलेट ने बताया कि यह दावा उसे खुफिया समुदाय के दो अधिकारियों और व्हाइट हाउस के करीबी एक व्यक्ति ने बताया। पढ़ें- देश दुनिया की अन्य खबरें


-पाकिस्तान काबुल हमला
-ईरान युद्ध
-मोजतबा खामेनेई गे
-भारत राज्यसभा चुनाव परिणाम
Mar 17, 2026 | 05:21 PM IST

केसी त्यागी ने जदयू से नाता तोड़ा; कहा, भविष्य को लेकर जल्द फैसला करेंगे

बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता के.सी. त्यागी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने पार्टी छोड़ दी है और अपने भविष्य के कदम को लेकर जल्द फैसला करेंगे।

त्यागी समता पार्टी और जनता दल के विलय से अक्टूबर 2003 में अस्तित्व में आई पार्टी जदयू से जुड़े हुए थे।

उन्होंने जदयू में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया था।

त्यागी (75) ने ’पीटीआई-भाषा’के एक सवाल पर बताया, ’’हां, मैंने पार्टी छोड़ दी है।’’

पूर्व राज्यसभा सदस्य ने एक बयान में कहा, ’’पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। इस बार मैंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है।’’उन्होंने हालांकि रेखांकित किया कि समाज के वंचित वर्गों सहित दलितों, किसानों और कृषि श्रमिकों के हितों से संबंधित ’’व्यापक वैचारिक मुद्दों’’ के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ’’पहले की तरह ही दृढ़’’ है।
त्यागी ने कहा, ’’लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान अब भी अपरिवर्तित है।’’

उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक लोगों से परामर्श करने के बाद जल्द ही भविष्य को लेकर फैसला किया जाएगा।

त्यागी ने कहा,’’मेरे कुछ राजनीतिक मित्र, समर्थक और कार्यकर्ता 22 मार्च 2026 को मावलंकर हॉल, रफी मार्ग में देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की एक बैठक का आयोजन कर रहे हैं।’’

अनुभवी समाजवादी नेता ने कहा, ’’हम भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी, डॉ. राम मनोहर लोहिया जी और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेते रहेंगे।’’
Mar 17, 2026 | 04:36 PM IST

असम | ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) ने विधानसभा चुनाव-2026 के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। AIUDF चीफ बदरुद्दीन अजमल बिन्नाकांडी सीट से चुनाव लड़ेंगे।असम में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी और वोटों की गिनती 4 मई, 2026 को होगी।

Mar 17, 2026 | 04:36 PM IST

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की विधानसभाओं के चल रहे आम चुनाव और 6 राज्यों में उपचुनावों के लिए 1,111 ऑब्ज़र्वर तैनात किए हैं।

Mar 17, 2026 | 04:35 PM IST

हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राम किशन गुर्जर ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।

Mar 17, 2026 | 04:35 PM IST

नीतीश कुमार ने 171 करोड़ रुपये की 88 योजनाओं का किया उद्घाटन एव शिलान्यास, विपक्ष पर साधा निशाना

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अपनी ’समृद्धि यात्रा’ के दौरान भागलपुर जिले के जगदीशपुर स्थित बैजानी पंचायत में 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

कुमार ने इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार कुमार ने भागलपुर-बौंसी रेल लाइन पर निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज का निरीक्षण किया और अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री कुमार ने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले राज्य में ’जंगलराज’ की स्थिति थी। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उस समय लोग शाम के बाद घर से निकलने में डरते थे और महिलाएं असुरक्षित महसूस करती थीं, जबकि कानून-व्यवस्था की स्थिति भी अत्यंत खराब थी।


कुमार ने दावा किया कि उनकी सरकार ने राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई और बाद में मंदिरों की भी चहारदीवारी कराई गई, जिससे भूमि विवाद समाप्त हुए और प्रदेश में शांति कायम हुई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के गांवों को सड़कों और पुल-पुलियों के माध्यम से शहरों से जोड़ा गया है, जिससे आवागमन में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि बिहार के हर गांव तक बिजली पहुंचाई गई है और अब सरकार छतों पर मुफ्त सौर पैनल लगाने की योजना भी चला रही है।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया है तथा आगामी पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास में लगातार सहयोग कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में विकास को और गति मिलेगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, जिले के विधायक, जदयू के जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Mar 17, 2026 | 04:34 PM IST

यूजीसी विधेयक का विरोध करने वाले छात्र पर हमला, घायल

केंद्र सरकार के यूजीसी विधेयक का लगातार विरोध करने वाले एक युवक पर सोमवार को उसके कालेज में अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इस सिलसिले में 11 लोगों के खिलीाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित ने बताया कि यह हमला उस वक्त हुआ जब वह किसान कालेज से अपना अंकपत्र लेने जा रहा था।

उन्होंने बताया कि पीड़ित युवक की पहचान बहराइच जनपद के इंदनापुर गांव निवासी विमल शर्मा के तौर पर हुयी है।

विमल ने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि वह लगातार यूजीसी विधेयक का सक्रिय होकर विरोध कर रहा था।

उसने बताया, ’’रविवार को विधेयक के विरोध में मैने बहराइच से अयोध्या तक की पदयात्रा शुरू की थी, लेकिन पुलिस मुझे बहराइच सीमा से वापस ले आई थी।

छात्र ने बताया, ’’सोमवार को मैं किसान डिग्री कालेज से अपना अंकपत्र लेने जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने मुझपर जानलेवा हमला कर मुझे घायल कर दिया।’’

देहात कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने मंगलवार को बताया कि "अंकपत्र लेने कालेज गये विमल शर्मा ने सोमवार को छः नामजद व सात अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराधिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।’’

उन्होंने कहा, ’’मामले की तफ्तीश की जा रही है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित युवक का इलाज कराया गया है, उसकी हालत स्थिर है।"

पुलिस निरीक्षक ने बताया, ’’पदयात्रा व मारपीट दो अलग अलग मामले हैं, पदयात्रा दो तीन दिन पूर्व निकालने की सूचना मिली थी, जबकि मारपीट की घटना सोमवार को कालेज में अंकपत्र लेने जाते समय हुई है।’’

उन्होंने बताया कि शुरूआती जांच में पदयात्रा तथा यूजीसी विधेयक विरोध का इस मारपीट से कोई ताल्लुक नहीं नजर आ रहा है, फिर भी मामले की जांच के दौरान किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
Mar 17, 2026 | 04:32 PM IST

न्यायालय ने गुरु गोविंद सिंह की जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश संबंधी याचिका खारिज की

उच्चतम न्यायालय ने सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह की जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश संबंधी याचिका मंगलवार को खारिज कर दी। यह जयंती प्रकाश पर्व के रूप में मनाई जाती है।

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की एक पीठ ने कहा कि वह अखिल भारतीय शिरोमणि सिंह सभा की याचिका पर विचार करने की इच्छुक नहीं है। याचिकाकर्ता ने देश में ’’सार्वजनिक या राजपत्रित अवकाश घोषित करने के लिए विशेष दिशानिर्देश जारी करने’’ की भी मांग की थी।

पीठ ने कहा, ’’खारिज। विस्तृत आदेश बाद में आएगा।’’ याचिकाकर्ता संगठन की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा कि वर्तमान में कोई नीति नहीं है और यह सुनिश्चित होना चाहिए कि सार्वजनिक अवकाश कैसे तय किया जाएगा।

याचिका में केंद्र को यह निर्देश देने की मांग की गई थी कि वह "दसवें सिख गुरु ’गुरु गोविंद सिंह जी’ के प्रकाश पर्व को राजपत्रित/सार्वजनिक अवकाश घोषित करे, जो पूरे भारत में मनाया जाए।

याचिका में कहा गया, ’’भारत में राजपत्रित अवकाश घोषित करने के संबंध में किसी भी प्राधिकारी के कोई मार्गदर्शन सिद्धांत न होने के कारण, सरकार में बैठे राजनीतिक समूहों के कहने पर अधिकारी अपनी इच्छा और पसंद के अनुसार अवकाश घोषित करते हैं, जो विशेष जनता के एक वर्ग को संतुष्ट करने के राजनीतिक उद्देश्य के लिए होता है।"
Mar 17, 2026 | 04:31 PM IST

बिहार रास चुनाव: विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त' के आरोप को लेकर विपक्ष और राजग आमने-सामने

बिहार की पांच राज्यसभा सीट के लिए सोमवार को हुए चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली शत प्रतिशत जीत के बाद विपक्ष ने मंगलवार को विधायकों की ’खरीद-फरोख्त’ का आरोप लगाया और दलबदल विरोधी कानून की समीक्षा की मांग की।

भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने हालांकि विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि विरोधी पक्ष अपने विधायकों को संभालने में विफल रहा और मतदान के दौरान व्हिप जारी करने की मानक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ’’यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीतिक नैतिकता निम्नतम स्तर पर पहुंच गई है। लोग अब उन राजनीतिक दलों का सम्मान नहीं करते जो उन्हें सदन में लाए हैं। दलबदल विरोधी कानून पर गंभीरता से पुनर्विचार करने का समय आ गया है, क्योंकि हर चुनाव में विधायकों की खरीद-फरोख्त के मामले सामने आते हैं। जो कभी एक छिटपुट घटना होती थी अब यह व्यापक समस्या बन गई है।’’

लालू प्रसाद यादव नीत राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि राजग ने ’धनबल’ का इस्तेमाल करके जीत हासिल की।

उन्होंने कहा, ’’न केवल तेजस्वी यादव, बल्कि पूरे देश ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए हैं। उन्होंने हरियाणा, ओडिशा, बिहार और अन्य राज्यों में भी ऐसा किया है।’’

सिंह ने कहा, ’’चुनाव बिना बहुमत के, धन बल का इस्तेमाल करके लड़े जा रहे हैं। विधायकों को तोड़ा जा रहा है। लोकतंत्र को इस तरह काम नहीं करना चाहिए। दल-बदल विरोधी कानून ठीक इसी तरह की कार्रवाइयों को रोकने के लिए बनाया गया है। इसके तहत कोई पार्टी तभी टूट सकती है जब उसके पास दो-तिहाई बहुमत हो।’’

विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए बिहार की पश्चिम चंपारण लोकसभा सीट से भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा, ’’कांग्रेस पार्टी ने तीन-पंक्ति वाला व्हिप जारी नहीं किया, जो मतदान के दौरान एक मानक प्रक्रिया है। राहुल गांधी कंबोडिया में छुट्टियां मना रहे थे, तेजस्वी यादव यूरोप में छुट्टियां मना रहे थे। इसका अभिप्राय है कि उनके नेता अन्य जगहों पर व्यस्त थे। वे व्हिप भी जारी नहीं कर सके और अब वे सवाल कर रहे हैं कि किसने किसे वोट दिया।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी व्हिप की अवहेलना करने पर दल-बदल विरोधी कानून के तहत किसी विधायक या सांसद को सदस्यता के लिए अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
Mar 17, 2026 | 04:30 PM IST

न्यूजीलैंड ने दूसरे टी20 में दक्षिण अफ्रीका को 68 रन से हराकर श्रृंखला बराबर की

सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने 60 रन की आकर्षक पारी खेली जबकि तेज गेंदबाज बेन सीयर्स और लॉकी फर्ग्यूसन ने तीन-तीन विकेट लिए जिससे न्यूजीलैंड ने मंगलवार को यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को 68 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली।

कॉनवे की 49 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल हैं। उनके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया जिसमें जोश क्लर्कसन नाबाद 26 रन बनाकर दूसरे बड़े स्कोरर रहे। इससे न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 175 रन बनाए।

इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 15.3 ओवर में 107 रन पर आउट हो गई। उसके बल्लेबाजों को पिच की गति और उछाल से सामंजस्य बिठाने में परेशानी हुई। उनकी टाइमिंग सही नहीं थी जिसके कारण उसके सभी बल्लेबाज कैच आउट हुए।

दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी छह विकेट 40 रन पर गंवाए। जॉर्ज लिंडे की तूफानी पारी के दम पर ही वह 100 रन की संख्या पार कर पाया। लिंडे ने 12 गेंदों में तीन चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 33 रन बनाए।

हाल ही में टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के रिजर्व खिलाड़ी रहे सियर्स ने 14 रन देकर तीन जबकि फर्ग्यूसन ने 16 रन देकर तीन विकेट लिए।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान केशव महाराज ने कहा, ’’मुझे लगा कि हमने एक समय तक बहुत अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन बल्लेबाजी में हमारा प्रदर्शन खराब रहा। खेल आगे बढ़ने के साथ विकेट बल्लेबाजी के लिए मुश्किल हो गया था।’’

तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच शुक्रवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
Mar 17, 2026 | 05:26 PM IST

ईपीएफ पेंशन बढ़ाकर सम्मानजनक करने की जरूरत, 1,000 रुपया महीना पर्याप्त नहीं: संसदीय समिति

संसद की एक समिति ने मंगलवार को ईपीएफओ की कर्मचारी पेंशन योजना, 1995 के तहत न्यूनतम मासिक पेंशन 1,000 रुपये की तत्काल और व्यापक समीक्षा की सिफारिश की। समिति ने कहा कि इसे सम्मानजनक स्तर तक बढ़ाने की जरूरत है।

यह सिफारिश ऐसे समय की गयी है जब पेंशनधारक पेंशन को बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रति माह करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि 1,000 रुपये से गुजर-बसर करना मुश्किल है।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) द्वारा संचालित कर्मचारी पेंशन योजना 1995 (ईपीएस-95) के तहत पेंशनधारकों ने न्यूनतम मासिक पेंशन को बढ़ाकर 7,500 रुपये करने की मांग को लेकर नौ मार्च से जंतर-मंतर पर तीन दिवसीय विरोध प्रदर्शन भी किया था।

श्रम, वस्त्र एवं कौशल विकास से जुड़ी संसद की स्थायी समिति ने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ’अनुदान मांगों (2026-27)’ पर अपनी 15वीं रिपोर्ट में कहा कि महंगाई बढ़ने के बावजूद कर्मचारी पेंशन योजना के तहत न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये प्रति माह काफी समय से अपरिवर्तित है।

समिति ने साक्ष्यों पर गौर करने के दौरान पाया कि पेंशनधारकों से विशेषकर वृद्ध और आर्थिक रूप से कमजोर लाभार्थियों को होने वाली वित्तीय कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए न्यूनतम पेंशन में वृद्धि की मांग के साथ अनेक प्रतिवेदन प्राप्त हुए हैं।

समिति ने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के इस प्रतिवेदन पर भी गौर कि भारत सरकार इस योजना के लिए पहले से ही वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। इसके तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के वर्तमान में कार्यरत सदस्यों के लिए 1.16 प्रतिशत का योगदान और 1,000 रुपये प्रति माह की न्यूनतम पेंशन सुनिश्चित करने के लिए प्रदान की गई बजटीय सहायता शामिल है।
Mar 17, 2026 | 04:28 PM IST

बच्चों को पौष्टिक भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना जरूरी है : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं और यह आवश्यक है कि उन्हें पौष्टिक भोजन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आसानी से उपलब्ध हो।

मुर्मू ने कहा कि बच्चों के लिए एक सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य केवल सरकार की नहीं बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा, ’’जब शिक्षक, माता-पिता, सामाजिक संगठन, कॉर्पोरेट जगत और समाज के सभी वर्ग मिलकर काम करते हैं, तभी हम आने वाली पीढ़ी के लिए एक मजबूत नींव रखते हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन, अच्छा स्वास्थ्य और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिले। ये मूलभूत तत्व बच्चों के सर्वांगीण विकास को संभव बनाते हैं।’’

मुर्मू यहां राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में ’अक्षय पात्र फाउंडेशन’ द्वारा भोजन के पांच अरब पैकेट वितरण के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह अक्षय पात्र फाउंडेशन की एक सराहनीय उपलब्धि है।
Mar 17, 2026 | 02:13 PM IST

डाक विभाग ने 24 व 48 घंटे में डिलिवरी की गारंटी वाली प्रीमियम सेवाएं कीं शुरू

डाक विभाग ने त्वरित एवं समयबद्ध पार्सल के लिए 24 घंटे और 48 घंटे में डिलिवरी की गारंटी वाली तीन प्रीमियम सेवाएं मंगलवार को शुरू कीं। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहां ’24 स्पीड पोस्ट’, ’24 स्पीड पोस्ट पार्सल’ और ’48 स्पीड पोस्ट’ की शुरुआत की।

प्रारंभिक चरण में ये सेवाएं दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में शुरू की गई हैं। निर्धारित समय सीमा का पालन करने के लिए विभाग विशेष प्रसंस्करण एवं प्राथमिकता आधारित हवाई परिवहन का उपयोग करेगा।

सिंधिया ने कहा कि यह पहल इंडिया पोस्ट के लिए नए दौर की शुरुआत है और इसमें व्यापक संभावनाएं निहित हैं।

उन्होंने बताया कि ई-कॉमर्स बाजार 2030 तक बढ़कर लगभग 30 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है जो वर्तमान के 11 लाख करोड़ रुपये से लगभग तीन गुना है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, नई सेवाओं में ’ओटीपी’ (वन टाइम पासवर्ड) आधारित सत्यापन के साथ डिलिवरी, शुरू से अंत तक ’ट्रैकिंग’ सुविधा और वास्तविक समय में ’एसएमएस अलर्ट’ शामिल होंगे।
व्यवसायों के लिए ’अभी बुक करें, बाद में भुगतान करें’ सुविधा, केंद्रीकृत बिलिंग तथा एपीआई एकीकरण के विकल्प भी उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, थोक शिपमेंट के लिए मुफ्त पिकअप और निर्धारित समय में डिलिवरी न होने पर धनवापसी की गारंटी भी दी जाएगी।
Mar 17, 2026 | 01:47 PM IST

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग' के लिए ओडिशा के तीन विधायकों को निलंबित किया

ओडिशा में विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में मतदान करने और उन्हें राज्यसभा चुनाव जीतने में मदद करने के लिए अपने तीन विधायकों को मंगलवार को निलंबित कर दिया। पार्टी ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।

इन विधायकों में सनाखेमुंडी के रमेश चंद्र जेना, मोहना के दशरथी गोमांगो और बाराबती-कटक की सोफिया फिरदौस शामिल हैं।

पार्टी के अनुसार, इन विधायकों ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान राय के पक्ष में वोट दिया था।

उनके निलंबन की घोषणा करते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ’’जो लोग कांग्रेस के साथ विश्वासघात करते हैं, वे राष्ट्र के साथ विश्वासघात करते हैं।’’

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अरबिंद दास ने कहा कि उनके कृत्यों की सावधानीपूर्वक समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया और इन कृत्यों को पार्टी के हितों के लिए हानिकारक माना गया।
उन्होंने बताया कि पार्टी की इस कार्रवाई की सूचना अध्यक्ष को दी जाएगी ताकि उन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित किया जा सके।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, ’’इन विधायकों से इस तरह के विश्वासघात की उम्मीद नहीं थी। हम सुनिश्चित करेंगे कि संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत उन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित किया जाए।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को इस फैसले की जानकारी दे दी गई है।
Mar 17, 2026 | 01:46 PM IST

अगले 5 साल में देश भर में 10 AIIMS की स्थापना की जाएगी : सरकार

सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि अगले पांच साल में देश भर में 10 अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना की जाएगी और इसके स्थानों के बारे में ’’आवश्यकता और योग्यता’’ के आधार पर फैसला किया जाएगा।

आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवालों के जवाब में यह जानकारी दी।

माकपा सदस्य जॉन ब्रिटास ने सवाल किया था कि 2026-27 के बजट में देशभर में तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (आया) की स्थापना की घोषणा की गई है और क्या उनमें से किसी एक संस्थान की स्थापना केरल में की जाएगी।

इसके जवाब में आयुष मंत्री जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आयुष में काफी दिलचस्पी है और वह आयुष का प्रचार चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि बजट में तीन ऐसे संस्थानों की घोषणा किए जाने के बाद कई राज्यों के सांसदों ने मांग की है कि उनके प्रदेश में ऐसी एक इकाई स्थापित की जाए।

जाधव ने कहा कि केरल में आयुर्वेद का काम बहुत अच्छा है और वहां दूर-दूर से लोग आयुर्वेदिक उपचार के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले ही जिक्र किया है कि आने वाले पांच साल में दस ऐसे संस्थान खोले जाएंगे। इस बजट में तीन संस्थाओं की घोषणा की गई थी और सात संस्थानों की घोषणा बाद में की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि समय के अनुसार सभी लोग बैठकर तय करेंगे और ’’आवश्यकता तथा योग्यता’’ पर गौर करते हुए संस्थानों की स्थापना की जाएगी।
Mar 17, 2026 | 12:55 PM IST

हरियाणा राज्यसभा चुनाव: भाजपा के भाटिया, कांग्रेस के बौद्ध निर्वाचित, ‘क्रॉस-वोटिंग' हुई

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध को हरियाणा से राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित किया गया। अधिकारियों के अनुसार, प्रतिष्ठा का सवाल बनी इन दोनों सीटों के लिए मतगणना गोपनीयता के उल्लंघन के आरोपों के कारण दोनों दलों के बीच विवाद के कारण आधी रात के बाद तक हुई।

अधिकारियों ने बताया कि पांच वोट अमान्य घोषित किए गए जिनमें चार कांग्रेस के और एक भाजपा का है।

भाजपा के भाटिया (58) करनाल से पूर्व लोकसभा सदस्य हैं, वहीं बौद्ध (61) हरियाणा सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारी और एक प्रमुख दलित कार्यकर्ता हैं जो वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति विभाग के समन्वयक के रूप में सेवा दे रहे हैं।

इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के दो विधायकों ने मतदान नहीं किया जिससे 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में वैध मतों की संख्या घटकर 88 रह गई।

इनेलो के नेता अभय सिंह चौटाला और आदित्य देवी लाल ने कहा कि पार्टी ने जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मतदान से दूर रहने का फैसला किया।

भाटिया ने पहली सीट पर आसानी से जीत हासिल की, उन्हें 39 प्रथम वरीयता वोट मिले।

दूसरी सीट के लिए हुए मुकाबले में बौद्ध को 28 वोट मिले जबकि निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल (63) को 16 वोट मिले। पांच मतपत्र - कांग्रेस के चार और भाजपा का एक - निर्वाचन अधिकारी द्वारा अमान्य घोषित कर दिए गए।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के पांच विधायकों ने कथित तौर पर ’क्रॉस-वोटिंग’ की और अगर एक और कांग्रेस विधायक निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में ’क्रॉस-वोटिंग’ करता तो नांदल भाटिया के 11 द्वितीय वरीयता वोट हासिल कर 28 तक पहुंच सकते थे।
Mar 17, 2026 | 12:54 PM IST

विपक्ष के आठ लोकसभा सदस्यों का निलंबन रद्द

लोकसभा ने मंगलवार को उन आठ विपक्षी सदस्यों का निलंबन रद्द कर दिया जिन्हें संसद के बजट सत्र के पहले चरण में सदन की अवमानना के मामले में निलंबित किया गया था।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को सभी दलों के नेताओं की एक बैठक बुलाई थी, जिसमें आठ विपक्षी सदस्यों का निलंबन वापस लेने पर सहमति बनी थी।

सदन में कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश ने आसन से निलंबन रद्द करने का अनुरोध किया और विपक्षी सदस्यों के आचरण पर खेद भी जताया।

इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने निलंबन खत्म करने का प्रस्ताव सदन में रखा जिसे सदन ने ध्वनिमत से मंजूरी दी।

बजट सत्र के पहले चरण के दौरान तीन फरवरी को आसन की ओर कागज फेंकने के बाद, सदन की अवमानना के मामले में विपक्ष के आठ सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था।
निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एस. वेंकटेशन शामिल हैं।

निलंबन के बाद से ये सांसद कार्यवाही वाले दिन संसद के मकर द्वार पर धरना दे रहे थे।
Mar 17, 2026 | 12:53 PM IST

पश्चिम एशिया संकट से प्रभावित निर्यातकों के लिए राहत की मांग: व्यापार मंडल ने आरबीआई को लिखा पत्र

भारत वाणिज्य मंडल (बीसीसी) ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक लॉजिस्टिक्स एवं शिपिंग मार्गों में व्यवधान से प्रभावित निर्यातकों के लिए सहायक बैंकिंग उपायों की मांग की है।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा को सोमवार को लिखे पत्र में मंडल ने कहा कि पश्चिम एशिया न केवल भारतीय निर्यात का एक प्रमुख गंतव्य है, बल्कि यूरोप व अफ्रीका जाने वाले माल के लिए एक महत्वपूर्ण ’ट्रांस-शिपमेंट’ (माल आवाजाही) केंद्र भी है।

पत्र में कहा गया ’’ मौजूदा स्थिति के कारण जहाजों के मार्ग बदल रहे हैं, बंदरगाहों पर भीड़ बढ़ रही है, माल भाड़ा एवं बीमा लागत बढ़ गई है तथा परिवहन अवधि लंबी हो गई है जिससे निर्यातकों की कार्यशील पूंजी तथा नकदी स्थिति पर दबाव पड़ा है।’’

बीसीसी ने आरबीआई से आग्रह किया कि वह बैंकों को कार्यशील पूंजी सीमा बढ़ाकर, तदर्थ ऋण सुविधाएं प्रदान करके और शिपमेंट से पहले व बाद में निर्यात ऋण की अवधि बढ़ाकर एक सहायक ऋण दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रोत्साहित करे।

इसके अलावा, ’पैकिंग क्रेडिट’ के नवीनीकरण में अधिक लचीलापन और निर्यात बिल की देय तिथियों को बढ़ाने की भी मांग की गई है।

मंडल ने यह भी अनुरोध किया कि ऋण अदायगी पर स्थगन अवधि को 2026 की पहली और दूसरी तिमाही तक बढ़ाया जाए, ताकि लॉजिस्टिक्स व्यवधान झेल रहे निर्यात क्षेत्रों को राहत मिल सके।

साथ ही, यह भी कहा गया कि शिपिंग में देरी के कारण होने वाली भुगतान देरी पर निर्यातकों को दंडात्मक ब्याज से बचाने और ब्याज समानीकरण योजना (आईईएस) के लाभों की सुरक्षा के लिए नियामकीय राहत दी जाए।

बीसीसी ने परिवहन अवधि के नियमों पर मांग की कि उधार अवधि वाले निर्यात बिल के लिए अनुमत समय को ’’ सामान्य परिवहन अवधि + 25 दिन’’ से बढ़ाकर ’’+ 60 दिन ’’ किया जाए विशेषकर सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों के लिए समानता सुनिश्चित करने हेतु।
Mar 17, 2026 | 12:53 PM IST

अदालत ने दिया हरदीप पुरी की बेटी को एप्स्टीन से जोड़ने वाली सोशल मीडिया सामग्री हटाने का निर्देश

दिल्ली उच्च न्यायालय ने केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की बेटी को दोषी अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से जोड़ने वाली सोशल मीडिया सामग्री को 24 घंटे के भीतर हटाने का मंगलवार को निर्देश दिया।

न्यायमूर्ति मिनी पुष्कर्ना ने उपयोगकर्ताओं को सोशल मीडिया मंचों पर किसी भी तरह से ऐसी सामग्री प्रकाशित या प्रसारित करने से भी रोका।
हिमायनी पुरी द्वारा दायर एक मुकदमे की सुनवाई कर रहीं न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि यदि सोशल मीडिया उपयोगकर्ता पोस्ट नहीं हटाते हैं, तो मंच ऐसी सामग्री को हटा देंगे या उस तक पहुंच को अवरुद्ध कर देंगे।

अदालत ने कहा कि हिमायनी पुरी के पक्ष में प्रथम दृष्टया मामला बनता है और यदि अंतरिम राहत नहीं दी गई तो उन्हें अपूरणीय क्षति होगी।

उच्च न्यायालय ने कहा, ’’परिणामस्वरूप, अगली सुनवाई की तारीख तक निम्नलिखित निर्देश जारी किए जाते हैं।’’ अदालत ने मामले पर अगली सुनवाई अगस्त में तय की।

वादी की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने कहा कि वित्त पेशेवर के रूप में उनकी मुवक्किल की ’’वैश्विक प्रतिष्ठा’’ है जिसकी उन्हें रक्षा करनी है और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप ’’पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण हैं।’’

हिमायनी पुरी ने अपने मुकदमे में 10 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है और कई संस्थाओं को मानहानिकारक सामग्री फैलाने से रोकने का आदेश देने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें एप्स्टीन और उसके अपराधों से जोड़ने के लिए एक ’’समन्वित और दुर्भावनापूर्ण ऑनलाइन अभियान’’ चलाया गया।

उन्होंने आरोपियों से बिना शर्त माफी मांगने और अपने पोस्ट वापस लेने की भी मांग की।

याचिका में कहा गया है, ’’22 फरवरी 2026 के आसपास से सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल मंचों, जिनमें ’एक्स’, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक, लिंक्डइन, डिजिटल समाचार पोर्टल और अन्य वेब आधारित प्रकाशन शामिल हैं, पर झूठे, भ्रामक और मानहानिकारक पोस्ट, लेख, वीडियो और सामग्री प्रकाशित और प्रसारित किए गए।’’

हिमायनी पुरी ने दावा किया कि वह एक सफल वित्त और निवेश पेशेवर हैं और उन्हें केवल इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री की बेटी हैं।

उनके मुकदमे के अनुसार, प्रतिवादियों ने यह ’’निराधार आरोप’’ फैलाए कि हिमायनी पुरी के जेफ्री एप्स्टीन के साथ प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष व्यावसायिक, वित्तीय या व्यक्तिगत संबंध थे।

याचिका में कहा गया कि ये सभी आरोप पूरी तरह झूठे, दुर्भावनापूर्ण और तथ्यहीन हैं।

एप्स्टीन फाइल्स हजारों पन्नों के दस्तावेजों का एक संग्रह है, जो एप्स्टीन और उसकी सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल के खिलाफ यौन तस्करी से जुड़ी दो आपराधिक जांचों से संबंधित है। इनमें यात्रा रिकॉर्ड, रिकॉर्डिंग और ईमेल शामिल हैं और 2019 में हिरासत में एप्स्टीन की मौत के बाद से ये लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं।
Mar 17, 2026 | 11:54 AM IST

उच्चतम न्यायालय की नौ सदस्यीय संविधान पीठ ने ‘उद्योग' की परिभाषा पर सुनवाई शुरू की

उच्चतम न्यायालय ने औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 के तहत ’’उद्योग’’ शब्द की परिभाषा से संबंधित विवादास्पद मुद्दे पर सुनवाई शुरू की।

भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति बी वी नागरत्ना, न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा, न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता, न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां, न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची, न्यायमूर्ति आलोक अराधे और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की नौ न्यायाधीशों वाली संविधान पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है।

अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी इस मामले में अपनी दलीलें पेश कर रहे हैं।

न्यायालय ने 16 फरवरी को नौ न्यायाधीशों की पीठ द्वारा विचार किए जाने वाले व्यापक मुद्दों को निर्धारित किया था।

पीठ ने पहले कहा था, ’’हमारी सुविचारित राय में, हमें निम्नलिखित मुद्दों का निर्णय करना है: यह निर्धारित करने के लिए कि कोई उद्यम ’उद्योग’ की परिभाषा में आता है, क्या बेंगलुरु जलापूर्ति मामले में न्यायमूर्ति वी. कृष्ण अय्यर द्वारा पैराग्राफ 140 से 144 में निर्धारित परीक्षण को वैध माना जाए?’’

उसने कहा था, ’’क्या औद्योगिक विवाद (संशोधन) अधिनियम, 1982 प्रभावी रूप से लागू नहीं हुआ था और क्या उद्योग संहिता ने ’उद्योग’ शब्द पर कोई कानूनी प्रभाव डाला?’’

उच्चतम न्यायालय ने कहा था कि वह इस बात पर भी विचार करेगा कि क्या सरकारी विभागों या संस्थाओं द्वारा चलाई जा रही सामाजिक कल्याणकारी गतिविधियों या योजनाओं को औद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत औद्योगिक गतिविधियां माना जा सकता है।
Mar 17, 2026 | 11:32 AM IST

KKR को बड़ा झटका: घुटने की चोट के कारण आईपीएल के अधिकतर मैचों से बाहर रहेंगे हर्षित राणा

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के तेज गेंदबाज हर्षित राणा पिछले महीने हुई घुटने की सर्जरी से उबर रहे हैं और वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अधिकतर मैचों से बाहर रह सकते हैं।

’ईएसपीएनक्रिकइंफो’ की एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी तक उनकी वापसी के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है।

राणा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। वह अभी ’रिहैबिलिटेशन’ से गुजर रहे हैं और बीसीसीआई की चिकित्सा टीम ने उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है।

उस अभ्यास मैच में एक ओवर फेंकने के बाद राणा को चोट लग गई थी। उन्हें इसके लिए सर्जरी करानी पड़ी जिससे वह टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया, जिन्होंने इस टूर्नामेंट का केवल एक मैच (अमेरिका के खिलाफ) खेला था।

राणा ने रविवार को बीसीसीआई नमन पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ उदीयमान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया था।
राणा की अनुपस्थिति तीन बार की आईपीएल चैंपियन केकेआर के लिए एक बड़ा झटका साबित होगी, जो पहले से ही कई खिलाड़ियों की फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रही है।

श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना टी20 विश्व कप के दौरान लगी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं, जिससे उनका आईपीएल के शुरुआती मैचों में खेलना संदिग्ध है।
Mar 17, 2026 | 10:52 AM IST

राजस्थान के हनुमानगढ़ में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रावतसर के उपखंड अधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने बताया कि सुबह लगभग सात बजे बरमसर गांव के पास यात्री बस एक अन्य वाहन से टकरा गई। यह बस गंगानगर से जयपुर आ रही थी और सामने से आ रहे एक भारी वाहन से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में बस में सवार पांच लोगों की मौत हो गई। तीन घायलों को हनुमानगढ़ रैफर किया गया है। वहीं चार-पांच लोगों का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और मृतकों की पहचान की जा रही है।
Mar 17, 2026 | 10:51 AM IST

उत्तर प्रदेश के 17 नगर निगमों में 170 पार्षद मनोनीत, भाजपा नेताओं ने बधाई दी

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के 17 नगर निगमों समेत नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों में सदस्यों को नामित किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए मनोनीत सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

शासन से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार राज्‍य के प्रत्‍येक नगर निगमों में 10-10 पार्षद मनोनीत किये गये हैं। इस तरह नगर निगमों में कुल 170 पार्षद मनोनीत किये गये हैं। राज्य के नगर निगमों में मुरादाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मथुरा-वृंदावन, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर, कानपुर, झांसी, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में 10-10 पार्षदों को मनोनीत किया गया है। राज्य में करीब 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायतें हैं, जिनमें भी सदस्यों को नामित किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उप्र इकाई के अध्‍यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्‍स’ पर अपने संदेश में कहा, ’’उत्तर प्रदेश के नगर निकायों में मनोनीत सभी पार्षदों को हार्दिक बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सब राष्ट्रसेवा के संकल्प और समर्पण के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के विकास तथा जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।’’

उन्‍होंने कहा, ’’हम सभी मिलकर संगठन को नयी ऊर्जा प्रदान करते हुए प्रदेश और राष्ट्र की सेवा के संकल्प को और सशक्त बनाएंगे।’’

चौधरी ने कहा, ’’भाजपा उत्तर प्रदेश एक परिवार के रूप में प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्यों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। आप सभी को इस नए दायित्व के लिए पुनः हार्दिक शुभकामनाएं।’’

उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ’एक्‍स’ पर अपने संदेश में कहा, ’’उत्तर प्रदेश के नगर निकायों में मनोनीत समस्त पार्षदों को हार्दिक बधाई तथा सफल व उज्ज्वल कार्यकाल के लिए अनंत शुभकामनाएं!’’
मौर्य ने पोस्‍ट में कहा, ’’मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जनसेवा, क्षेत्रीय विकास और संगठन की मजबूती में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।’’
Mar 17, 2026 | 10:30 AM IST

रुपया शुरुआती कारोबार में 14 पैसे टूटकर 92.42 प्रति डॉलर पर

रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 14 पैसे टूटकर 92.42 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी पू्ंजी की निरंतर निकासी से घरेलू मुद्रा दबाव में है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती एवं अमेरिकी मुद्रा में तेजी ने भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाला। हालांकि, निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले की प्रतीक्षा में सतर्कता बरत रहे हैं।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.35 प्रति डॉलर पर खुला। फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.42 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 14 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया सोमवार को 92.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
Mar 17, 2026 | 10:29 AM IST

ओलंपिक 2028 में चार दिन पहले शुरू हो जाएंगे फुटबॉल के मैच

लॉस एंजिलिस में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में पुरुषों और महिलाओं के फुटबॉल मैच उद्घाटन समारोह से चार दिन पहले शुरू होंगे और इन्हें अमेरिका के सात शहरों में आयोजित किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आइओसी) ने जो कार्यक्रम तैयार किया है उसके अनुसार शुरुआत से ही टीमों को पिछले ओलंपिक की तुलना में विश्राम के लिए दो अतिरिक्त दिवस मिलेंगे।

ओलंपिक में फुटबॉल के मैच 10 जुलाई से शुरू होंगे। इसके ग्रुप चरण और क्वार्टर फाइनल के मैच न्यूयॉर्क, कोलंबस, ओहियो, नैशविले, टेनेसी और सेंट लुई में खेले जाएंगे।

नॉकआउट राउंड के बाकी मैच कैलिफोर्निया के सैन जोस, सैन डिएगो और पासाडेना में होंगे। स्वर्ण पदक के लिए होने वाला मैच रोज़ बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी स्टेडियम में 1994 का पुरुष विश्व कप का फाइनल, 1999 का महिला विश्व कप का फाइनल और 1984 के ओलंपिक खेलों का स्वर्ण पदक का मैच आयोजित किया गया था।

टूर्नामेंट का विस्तृत कार्यक्रम इस साल के आखिर में जारी किया जाएगा।
Mar 17, 2026 | 10:28 AM IST

दिल्ली में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही

दिल्ली में मंगलवार सुबह मौसम सुहाना रहा और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.7 डिग्री कम है।

पालम में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से थोड़ा कम था जबकि लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक दिन पहले की तुलना में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्शाता है।

रिज स्टेशन पर 15 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सभी वेधशालाओं में सबसे कम था और सामान्य से 2.7 डिग्री कम था। आयानगर में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से भी कम था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता ’मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई और औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 139 रहा।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई को ’अच्छा’, 51 से 100 को ’संतोषजनक’, 101 से 200 को ’मध्यम’, 201 से 300 को ’खराब’, 301 से 400 को ’बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
Mar 17, 2026 | 10:28 AM IST

घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती गिरावट के बाद तेजी

सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती गिरावट के बाद तेजी दर्ज की गई।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 144.34 अंक टूटकर 75,358.51 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 49.95 अंक फिसलकर 23,358.85 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, कुछ ही देर बाद दोनों सूचकांकों में तेजी आई। बीएसई सेंसेक्स 192.14 अंक चढ़कर 75,696.83 अंक पर और निफ्टी 64.25 अंक की बढ़त के साथ 23,473.05 अंक पर कारोबार करने लगा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इटर्नल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन और भारती एयरटेल के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही। दूसरी ओर, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयर नुकसान में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग फायदे में जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट नुकसान में रहा।

अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 102.8 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 9,365.52 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,593.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
Mar 17, 2026 | 10:27 AM IST

महिला आरक्षण अधिनियम पर प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हो: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू से कहा है कि महिला आरक्षण अधिनियम के ’’क्रियान्वयन के तौर-तरीकों और रूपरेखा’’ पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक जल्द से जल्द बुलाई जानी चाहिए।

रीजीजू द्वारा उन्हें लिखे गए एक पत्र का जवाब देते हुए, खरगे ने कहा कि ’नारी शक्ति वंदन अधिनियम’, सितंबर 2023 में संसद द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया गया था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार रात रीजीजू को लिखे पत्र में कहा, ’’30 महीने बाद, सरकार संवैधानिक संशोधन के कार्यान्वयन के तौर-तरीकों और रूपरेखा पर विचार-विमर्श करने के लिए मेरे और मेरी पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ बातचीत करने का अवसर तलाश रही है। कुछ दिन पहले आपने मुझसे इस मामले पर बात की थी।’’

खरगे ने कहा, ’’मैं आपको पहले ही बता चुका हूं, जैसा कि राज्यसभा में कांग्रेस संसदीय दल के मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने भी कहा है कि कांग्रेस का विचार है कि सरकार को एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए, जहां सभी विपक्षी दलों के साथ इस तरह की रूपरेखा पर चर्चा की जा सके।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ’’मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में ऐसी सर्वदलीय बैठक जल्द से जल्द बुलाई जाएगी। यह संसदीय लोकतंत्र की सर्वोत्तम परंपराओं को ध्यान में रखते हुए होगी।’’

सरकार संभवत: लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए जनगणना के बाद परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही महिला आरक्षण अधिनियम को लागू करने की संभावना तलाश रही है।
Mar 17, 2026 | 10:27 AM IST

ऑस्ट्रेलिया में शरण लेने वाली ईरान की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू किया

ऑस्ट्रेलिया में शरण लेने वाली ईरान की महिला फुटबॉल टीम की दो खिलाड़ियों ने ब्रिस्बेन में एक पेशेवर क्लब के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है।

ऑस्ट्रेलिया में शरण लेने के बाद यह पहला अवसर है जबकि वह सार्वजनिक रूप से सामने आई हैं।

ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित ए-लीग महिला घरेलू प्रतियोगिता में खेलने वाली टीम ब्रिस्बेन रोर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं जिनमें ईरान की खिलाड़ी फातिमेह पसंदिदेह और अतेफेह रामेजानीसादेह को क्लब की महिला टीम के साथ दिखाया गया है जिसमें उन्होंने क्लब की जर्सी पहन रखी है और वे मुस्कुरा रही हैं।

यह तस्वीर ऐसे समय में सामने आई है जब ईरान की टीम के बाकी सदस्य मलेशिया से ओमान के लिए रवाना हो गए।

ऑस्ट्रेलिया ने महिला एशियाई कप में भाग लेने के लिए आई ईरान की फुटबॉल टीम की सभी सदस्यों को मानवीय आधार पर वीजा देने की पेशकश की थी। शुरुआत में सात महिलाओं ने शरण का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था, लेकिन बाद में पांच ने अपना मन बदल दिया था।

ब्रिस्बेन रोर ने ’’फातिमेह और अतेफेह’’ का स्वागत करते हुए इंस्टाग्राम पर एक शेरनी का इमोजी पोस्ट किया।

ब्रिस्बेन रोर के सीईओ काज़ पटाफ्ता ने लिखा, ’’हम उन्हें अच्छा माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि वे अपने खेल को नए स्तर पर पहुंचा सकें।’’

ईरान की दोनों महिला खिलाड़ियों ने इस पोस्ट पर कमेंट किया है। रामेजानीसादेह ने लिखा, ’’हर चीज के लिए धन्यवाद।’’

क्लब ने इस मामले पर आगे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और सभी सवालों के जवाब के लिए ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्रालय से संपर्क करने को कहा
Mar 17, 2026 | 09:48 AM IST

मणिपुर में भारत-म्यांमा सीमा के पास पांच उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमा सीमा के पास पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ये उग्रवादी ’पीआरईपीएके’ (पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक, ’केवाईकेएल’ (कांगलेई यावोल कन्ना लूप) और ’कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी’ (एमएफएल) से जुड़े हैं।

ये गिरफ्तारियां रविवार को मोरेह पुलिस थाना क्षेत्र से की गईं। वहीं, एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने जिले के बोलजांग पहाड़ी क्षेत्र से विस्फोटक और छोटे हथियार बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि जब्त की गई वस्तुओं में आठ आईईडी, एक पिस्तौल, एक पिस्तौल की मैगजीन, एक मोर्टार, दो रेडियो सेट और नौ कारतूस शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि बरामद की गई आईईडी को सुरक्षा प्रोटोकॉल और मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।
Mar 17, 2026 | 09:25 AM IST

पश्चिम एशिया संघर्ष : संयुक्त अरब अमीरात ने संक्षिप्त रूप से हवाई क्षेत्र बंद करने के बाद फिर खोला

पश्चिम एशिया में लगातर बढ़ रहे युद्ध के बीच संयुक्त अरब अमीरात ने मंगलवार को अपना हवाई क्षेत्र संक्षिप्त रूप से बंद कर दिया। हालांकि, यह प्रतिबंध जल्द ही हटा लिया गया।

संयुक्त अरब अमीरात की सेना ईरान की ओर से दागे जा रहे ड्रोन और मिसाइल से निपटने का प्रयास कर रही है और इन्हीं प्रयासों के दौरान मंगलवार तड़के दुबई में विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद हवाई क्षेत्र को संक्षिप्त रूप से बंद करने का फैसला लिया गया।

सरकारी समाचार एजेंसी ’डब्ल्यूएएम’ ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के हवाले से बताया कि यह प्रतिबंध हालांकि जल्द ही हटा लिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि ’’हालात स्थिर’’ हो गए जिसके कारण उड़ानें फिर से शुरू हो गईं।

इससे पहले अधिकारियों ने दुबई के लोगों को मिसाइल हमले की चेतावनी जारी की ही थी कि दुबई में धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं क्योंकि सेना हमलों को रोकने के लिए जुट गई थी।

’डब्ल्यूएएम’ ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि ड्रोन हमले के कारण फुजैराह में एक तेल टैंकर फार्म में फिर से आग लग गई हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।

हवाई क्षेत्र को लेकर अचानक की गई घोषणा से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि यूएई के अधिकारी संतुलन बनाकर कर काम कर रहे हैं ताकि एमिरेट्स और एतिहाद की उड़ानें जारी रखी जा सकें, जबकि ईरान लगातार देश को निशाना बना कर हमले कर रहा है।

वहीं इजराइली सेना ने मंगलवार तड़के ईरान की राजधानी में बड़े पैमाने पर हमले शुरू करने की घोषणा की और लेबनान में ईरान समर्थित चरमपंथी समूह हिजबुल्ला पर भी हमले तेज कर दिए। इजराइल ने ईरान की ओर से दो हमलों की सूचना मिलने के बाद इन नए हमलों की घोषणा की।
Mar 17, 2026 | 09:23 AM IST

SC ‘उद्योग’ की परिभाषा पर दलीलें सुनेगा

सुप्रीम कोर्ट की नौ जजों वाली संविधान पीठ आज (17 मार्च) से ‘औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947’ के तहत ‘उद्योग’ शब्द को परिभाषित करने के विवादित मुद्दे पर सुनवाई शुरू करने जा रही है।

इस मामले की सुनवाई नौ न्यायाधीशों की पीठ द्वारा की जाएगी जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना, न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा, न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता, न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां, न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची, न्यायमूर्ति आलोक अराधे और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली शामिल होंगे।

16 फरवरी को, अदालत ने उन मुख्य मुद्दों की रूपरेखा तय की, जिन पर नौ जजों की यह बेंच फैसला सुनाएगी।
Mar 17, 2026 | 09:20 AM IST

उप्र : रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के मामलों में 70 मुकदमे दर्ज, 10 लोग गिरफ्तार

देश में रसोई गैस सिलेंडर की कमी के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने इसकी कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए की गई कार्रवाई के तहत प्रदेश में 12 मार्च से अब तक 4,816 स्थानों पर छापे मार कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि पूरे प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी व अवैध बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और इसके तहत 12 मार्च से अब तक प्रदेशभर में 4,816 स्थानों पर छापेमारी की गई है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान रसोई गैस वितरकों के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज किए गए हैं जबकि गैस की कालाबाजारी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध 60 प्राथमिकियां दर्ज कर कार्रवाई की गई।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रवर्तन दलों ने मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि एलपीजी भंडार की नियमित समीक्षा की जा रही है और आवश्यकतानुसार रिफिल की उपलब्धता पर नजर रखी जा रही है।
Mar 17, 2026 | 09:19 AM IST

खुफिया दावे से ट्रंप हैरान कि मुजतबा खामेनेई समलैंगिक हो सकते हैं: रिपोर्ट

न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हाल ही में हुई एक इंटेलिजेंस ब्रीफिंग के दौरान उस समय हैरान रह गए, जब उन्हें यह बताया गया कि अमेरिकी इंटेलिजेंस एजेंसियों का मानना ​​है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता, मोजतबा खामेनेई, समलैंगिक हो सकते हैं। समाचार आउटलेट ने दावा किया कि यह गोपनीय ब्रीफिंग पिछले हफ्ते हुई थी और यह उन खुफिया आकलन पर आधारित थी, जिनकी समीक्षा अमेरिकी अधिकारियों ने की थी।
Mar 17, 2026 | 09:17 AM IST

पूर्वी दिल्ली में एलपीजी रिसाव के कारण ढाई साल की बच्ची की मौत

पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में किराए के फ्लैट में ढाई वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय उसकी बड़ी बहन बेहोश हो गई। ऐसा संदेह है कि वहां रखे एलपीजी सिलेंडर में रिसाव के कारण यह घटना हुई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में किसी अन्य आशंका की जांच के लिए पोस्टमार्टम के वास्ते डॉक्टरों का एक बोर्ड गठित किया गया है, हालांकि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) ने पुष्टि की है कि मौत एलपीजी गैस रिसाव के कारण हुई।

विशेषज्ञों के अनुसार, एलपीजी ऑक्सीजन से भारी होने के कारण जमीन के पास जमा हो जाती है और छोटे बच्चों के फेफड़ों पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर गाजीपुर स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट में हुई। पुलिस को दो बच्चों के बेहोश होने की सूचना मिली।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों बच्चों को नोएडा के सेक्टर-11 के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने छोटी बच्ची को मृत घोषित किया, जबकि उसकी बड़ी बहन की हालत स्थिर पाई गई और इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
Mar 17, 2026 | 09:16 AM IST

हरियाणा राज्यसभा चुनाव: भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के करमवीर बौद्ध निर्वाचित

मत की गोपनीयता के उल्लंघन के आरोपों को लेकर सामने आए घटनाक्रम के बीच बहुचर्चित राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संजय भाटिया और कांग्रेस पार्टी के करमवीर सिंह बौद्ध को राज्यसभा की दो सीट पर निर्वाचित घोषित कर दिया गया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देर रात संवाददाता सम्मेलन में दोनों नेताओं को उनकी जीत पर बधाई दी।

अधिकारियों ने बताया कि पांच वोट अमान्य घोषित किए गए जिनमें चार कांग्रेस के और एक भाजपा का है।

इन दो सीट के लिए तीन उम्मीदवार - भाजपा के भाटिया (58), कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध (61) और निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल (63) चुनाव मैदान में थे। भाजपा समर्थित नांदल ने 2019 में भाजपा के उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी।

मुख्यमंत्री सैनी ने निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा प्राप्त कुल वोट का हवाला देते हुए कहा कि नांदल कांग्रेस उम्मीदवार से मामूली अंतर से हार गए। सैनी ने दावा किया कि कांग्रेस के पांच विधायकों ने ’क्रॉस-वोटिंग’ की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के चार विधायकों के वोट अमान्य घोषित कर दिए गए।

कांग्रेस की हरियाणा इकाई के प्रभारी महासचिव बी.के. हरिप्रसाद ने कहा कि क्रॉस-वोटिंग करने वाले और ’’कांग्रेस के साथ विश्वासघात’’ करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

क्रॉस-वोटिंग करने वाले कांग्रेस विधायकों के बारे में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारों से कहा, ’’मैं उनके नाम नहीं लूंगा, लेकिन लोगों को समझ आ गया है और जनता उन्हें सबक सिखाएगी।’’

हुड्डा ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, ’’उन्होंने हर तरह की चाल चली। लेकिन कांग्रेस ने ’अग्नि परीक्षा’ (एक सीट जीतकर) पास की।’’
Mar 17, 2026 | 09:16 AM IST

उत्तर पूर्वी नाइजीरिया में बम विस्फोट में कई लोगों की मौत, कई घायल : अधिकारी

उत्तर पूर्वी नाइजीरिया के बोर्नो राज्य में सोमवार रात को कम से कम तीन स्थानों पर बम विस्फोट हुए जिसमें कई लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। आपात सेवाओं ने कहा कि इनके आत्मघाती विस्फोट होने का संदेह है।

बोर्नो राज्य की राजधानी मैदुगुरी में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं जहां नाइजीरिया का आतंकवादी संगठन बोको हराम सक्रिय है।

मैदुगुरी में नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (एनईएमए) के संचालन प्रमुख सिराजो अब्दुल्लाही के अनुसार ये विस्फोट ’मैदुगुरी विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल’ के प्रवेश द्वार और दो स्थानीय बाजारों ’पोस्ट ऑफिस’ एवं ’मंडे मार्केट’ में हुए।

अब्दुल्लाही ने कहा, ’’कुछ लोग घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज हो रहा है। हताहतों की संख्या के बारे में पूरी जानकारी मिलने तक हम सही आंकड़ा नहीं बता सकते।’’ अब तक किसी भी बम धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

वहीं विस्फोट के चश्मदीद बगोनी अल्कली ने ’एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि उन्होंने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अल्कली ने कहा, ’’अब तक 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं और अस्पतालों में उनका उपचार किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ’’ बम विस्फोट के बाद घटनास्थल पर ही कई लोगों की जान चली गई। यह बेहद दुखद है।’’

एक स्वयंसेवी समूह के सदस्य और अक्सर सशस्त्र चरमपंथियों के खिलाफ संघर्ष में सुरक्षा बलों की सहायता करने वाले मोहम्मद हसन ने कहा कि उन्होंने ’पोस्ट ऑफिस’ और ’मंडे मार्केट’ से 10 शवों को निकाला।

बोर्नो के गवर्नर बाबागाना उमारा जुलुम ने विस्फोटों की कड़ी निंदा की है। नाइजीरिया की सेना ने इससे पहले एक बयान में कहा था कि उसने सोमवार तड़के मैदुगुरी के बाहरी इलाके में संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों द्वारा किए गए हमलों को नाकाम कर दिया था।

नाइजीरिया कई वर्षों से विभिन्न हथियारबंद समूहों के कारण उत्पन्न जटिल सुरक्षा संकट से जूझ रहा है, खासकर देश के उत्तरी भाग में।
Mar 17, 2026 | 09:15 AM IST

अफगानिस्तान के अस्पताल पर पाकिस्तानी हमले में 400 लोगों की मौत

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर पाकिस्तानी हवाई हमले में 400 लोगों की मौत हो गई। अफगानिस्तान के सरकारी उप प्रवक्ता ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी।

पाकिस्तान ने जिस अस्पताल पर हमला किया है वहां नशे के आदी लोगों का इलाज किया जाता था।

उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सोमवार रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है। हमले में 400 लोग मारे गए हैं, जबकि 250 लोग घायल हुए हैं।
फितरत ने कहा कि बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

पाकिस्तान ने इससे पहले इस बात से इनकार किया था कि उसने अस्पताल पर हमला किया है और कहा था कि सोमवार को काबुल में और पूर्वी अफगानिस्तान में हमलों में किसी भी नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया गया।

अफगानिस्तान ने सोमवार को पाकिस्तान की सेना पर काबुल के उस अस्पताल को हवाई हमले में निशाना बनाने का आरोप लगाया, जहां नशे के आदी लोगों का इलाज किया जाता है। तब देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि इन हमलों में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।
पाकिस्तान ने इस आरोप को खारिज किया था।

स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने स्थानीय मीडिया को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि हमले में नशा मुक्ति अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया है।