LIVE

आज की ताजा खबर, 14 अक्टूबर 2023: इजराइल से 197 भारतीयों ने भरी स्वदेश के लिए उड़ान, 'ऑपरेशन अजय' के तहत आ रहा तीसरा जत्था

आज की ताजा खबर Live 14 अक्टूबर 2023
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 14 अक्टूबर 2023 और बड़ी खबरें: इजराइल-हमास संघर्ष के बीच इजराइल छोड़ने के इच्छुक 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था शनिवार को एक विशेष उड़ान से स्वदेश के लिए रवाना हुआ। ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत विशेष उड़ानें उन भारतीय नागरिकों की वापसी की सुविधा के लिए 12 अक्टूबर को शुरू की गईं, जो गाजा से हमास आतंकवादियों द्वारा इजराइली शहरों पर किए गए भीषण हमलों के बाद पैदा हुए हालात के मद्देनजर स्वदेश लौटना चाहते हैं। इन हमलों के कारण क्षेत्र में काफी तनाव पैदा हो गया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, 'ऑपरेशन अजय आगे बढ़ रहा है। 197 और यात्री भारत वापस आ रहे हैं।' भारतीय दूतावास ने कहा था कि शनिवार को बेन गुरियन हवाई अड्डे से दो विशेष उड़ानें संचालित होंगी। आगे पढ़ें देश दुनिया की बड़ी खबरों के ताजा अपडेट्स...
Oct 15, 2023 | 12:24 AM IST

इजराइल से 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था रवाना हुआ

इजराइल-हमास संघर्ष के बीच इजराइल छोड़ने के इच्छुक 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था शनिवार को एक विशेष उड़ान से स्वदेश के लिए रवाना हुआ। ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत विशेष उड़ानें उन भारतीय नागरिकों की वापसी की सुविधा के लिए 12 अक्टूबर को शुरू की गईं, जो गाजा से हमास आतंकवादियों द्वारा इजराइली शहरों पर किए गए भीषण हमलों के बाद पैदा हुए हालात के मद्देनजर स्वदेश लौटना चाहते हैं। इन हमलों के कारण क्षेत्र में काफी तनाव पैदा हो गया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, 'ऑपरेशन अजय आगे बढ़ रहा है। 197 और यात्री भारत वापस आ रहे हैं।' भारतीय दूतावास ने कहा था कि शनिवार को बेन गुरियन हवाई अड्डे से दो विशेष उड़ानें संचालित होंगी। पहली उड़ान स्थानीय समयानुसार अपराह्न 5:40 बजे रवाना हुई। दूसरी उड़ान स्थानीय समयानुसार रात 11:00 बजे निर्धारित है और इसमें 330 यात्री सवार हो सकते हैं। स्वदेश के लिए 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब 5.40 बजे (भारतीय समयानुसार रात 8.10 बजे) रवाना हुआ। इस दौरान इजराइल में भारतीय दूतावास ने 'एक्स' पर लिखा, 'ऑपरेशन अजय के हिस्से के रूप में जो भारतीय नागरिक अभी भी इजराइल में हैं और भारत जाना चाहते हैं तो वे जल्दी से फॉर्म भर दें।'
Oct 14, 2023 | 11:33 PM IST

तेलंगाना चुनाव: अब तक 48 करोड़ रुपये नकद, 37 किलोग्राम सोना जब्त

तेलंगाना में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नौ अक्टूबर से आदर्श आचार संहिता लागू होने के तहत राज्य में विभिन्न स्थानों पर 48.33 करोड़ रुपये से अधिक नकद और 37.4 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा जारी किए गए एक बयान के अनुसार, नकदी और सोने के अलावा अधिकारियों ने 365 किलोग्राम चांदी और 42.203 कैरेट हीरे जिनकी कीमत 17.50 करोड़ रुपये है और 4.72 करोड़ रुपये की शराब, 2.49 करोड़ रुपये का गांजा और 1.91 करोड़ रुपये की अन्य वस्तुएं/मुफ्त चीजें जब्त कीं। बयान में कहा गया है कि नौ अक्टूबर (जब तेलंगाना विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की गई थी) से आज (सुबह) तक कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 75 करोड़ रुपये है। पुलिस और अन्य प्रवर्तन एजेंसियों ने अवैध धन, मादक पदार्थ, शराब, मुफ्त और अन्य प्रलोभनों के खिलाफ राज्यव्यापी कार्रवाई तेज कर दी है और अन्य कदमों के बीच वाहनों की जांच भी कर रहे हैं।
Oct 14, 2023 | 08:46 PM IST

प्रियंका गांधी ने महिला आरक्षण कानून को तुरंत लागू करने की मांग की

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को लोकसभा और विधानसभाओं की एक तिहाई सीटों के लिए महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने की मांग की और कहा कि महिलाओं के पास 'अब बर्बाद करने के लिए समय नहीं है।' द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) द्वारा आयोजित महिला अधिकार सम्मेलन को प्रियंका संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा, 'आज सशक्तिकरण की बहुत चर्चा हो रही है क्योंकि हर राजनीतिक दल को यह एहसास होने लगा है कि महिलाएं एक मजबूत सामूहिक शक्ति बन सकती हैं जो हमारे देश के भविष्य को आकार देती है।' उन्होंने कहा, 'लेकिन वे अभी भी हमारी ओर लालच की नजर से देखते हैं, वोट के लालच में...।' प्रियंका ने कहा, 'मेरी बहनों, आपकी ओर से मैं मांग करती हूं कि महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू किया जाए। हम, भारत की महिलाओं के पास बर्बाद करने के लिए और समय नहीं है। राजनीतिक प्रक्रिया में शामिल किया जाना हमारा अधिकार है।'
Oct 14, 2023 | 08:05 PM IST

दिग्विजय ने मप्र के अधिकारियों से कहा- निडर होकर करें काम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में नौकरशाहों से निष्पक्ष और निडर होकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर उन मामलों में सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी जहां राज्य सरकार ने उनके साथ गलत किया है। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। सिंह ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में दावा किया, 'कई युवा आईएएस और आईपीएस अधिकारियों, जिन्होंने अपने वरिष्ठों और भाजपा नेताओं के गैरकानूनी निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया, उन्हें अपनी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट में नकारात्मक मूल्यांकन का सामना करना पड़ा, जिससे उनके रिकॉर्ड खराब हो गए और उनका भविष्य खतरे में पड़ गया।' उन्होंने कहा, 'आगामी विधानसभा चुनावों के बाद जब कांग्रेस सत्ता में आएगी, तो हम इन मामलों का उनके गुणों के आधार पर गहन मूल्यांकन करेंगे और यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करेंगे कि ये अधिकारी बिना किसी डर के काम कर सकें और मध्य प्रदेश के समग्र विकास में योगदान दे सकें।' सिंह ने कहा, 'मैं सभी सिद्धांतवादी अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे बिना किसी डर या झिझक के मध्य प्रदेश की बेहतरी के लिए खुद को समर्पित करें।'
Oct 14, 2023 | 08:03 PM IST

'पासपोर्ट घोटाला' मामले में CBI ने 50 जगहों पर मारे छापे

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) पश्चिम बंगाल और गंगटोक में 50 स्थानों पर छापेमारी कर रहा है और जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट जारी करने के आरोप में सरकारी अधिकारियों सहित 24 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने गंगटोक में पदस्थ एक अधिकारी और एक बिचौलिए को भी हिरासत में लिया है। सीबीआई अधिकारियों के छापे कोलकाता में पासपोर्ट कार्यालय के अलावा साल्ट लेक और हावड़ा में जारी हैं। केंद्रीय एजेंसी ने शनिवार तड़के हावड़ा जिले के उलुबेरिया में एक व्यक्ति के आवास पर छापेमारी की। अधिकारी ने बताया कि उससे करीब छह घंटे पूछताछ की गई, जिसके बाद सीबीआई अधिकारी उसे अपने साथ ले गए। उन्होंने कहा, 'यह व्यक्ति पासपोर्ट कार्यालय का एक कर्मचारी है। हमने आज सुबह उलुबेरिया में उसके आवास पर छापा मारा और उससे पूछताछ की।' अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी में 24 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें 16 अधिकारी भी हैं, जो रिश्वत के बदले में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर गैर-निवासियों सहित अपात्र व्यक्तियों को कथित तौर पर पासपोर्ट जारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कोलकाता, सिलिगुड़ी, गंगटोक और अन्य स्थानों पर तलाशी की जा रही है।
Oct 14, 2023 | 05:45 PM IST

नेतन्याहू के विरोध में उतरे यहूदी समुदाय के लोग

ईरान के विदेश मंत्री ने दावा किया है कि अगर लड़ाई में हिजबुल्लाह शामिल हुआ तो इजराइल को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं यहूदी समुदाय के लोग इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का इजराइल और अमेरिका में विरोध कर रहे हैं। सवाल ये उठ रहा है कि क्या इजराइल के खिलाफ ईरान साजिश रच रहा है? पढ़ें पूरी खबर
Oct 14, 2023 | 04:51 PM IST

फिलिस्तीन के पक्ष में आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप, दो लोगों के खिलाफ FIR

इजराइल एवं फिलिस्तीन के बीच चल रहे युद्ध को लेकर हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र में फलस्तीन के पक्ष में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार बताया कि हैदरिया मोहल्ले के आतिफ चौधरी एवं चौधराना मोहल्ले के सुहेल अंसारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में पिछले आठ अक्टूबर को फिलिस्तीन के समर्थन में एक पोस्ट किया था। उसने बताया कि कोतवाली में तैनात दरोगा रवि मेहता की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि कस्बे के हैदरिया मोहल्ला निवासी मौलाना आतिफ चौधरी द्वारा एक इंस्टाग्राम पर प्राइवेट अकाउंट बनाया गया। इस अकाउंट से आठ अक्टूबर की रात फिलिस्तीन के समर्थन में पोस्ट किया गया। पुलिस ने बताया कि 12 अक्टूबर को सुहेल अंसारी नामक युवक के व्हाट्सएप स्टेटस में भी इसी प्रकार के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
Oct 14, 2023 | 04:49 PM IST

सरकार ने घोषित किया 23 अगस्त को 'राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस'

भारत सरकार 23 अगस्त 2023 को विक्रम लैंडर की लैंडिंग और चंद्र सतह पर प्रज्ञान रोवर की तैनाती के साथ चंद्रयान -3 मिशन की सफलता का जश्न मनाने के लिए हर साल 23 अगस्त को 'राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस' के रूप में घोषित करती है।
Oct 14, 2023 | 03:46 PM IST

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा, सभी पंजीकृत दल चुनाव लड़ सकेंगे

पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकड़ ने स्पष्ट किया है कि चुनाव आयोग में पंजीकृत सभी राजनीतिक दल आगामी चुनाव में हिस्सा ले सकेंगे। काकड़ का बयान ऐसे वक्त में आया है, जब पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के भविष्य को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। पीटीआई प्रमुख इमरान खान जेल में हैं और विशेषज्ञ उनकी पार्टी पर प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका जता रहे हैं। काकड़ ने शुक्रवार को पेशावर में मीडिया से कहा कि उनकी सरकार पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) के साथ पंजीकृत किसी भी राजनीतिक दल को चुनाव में भाग लेने से रोकने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा, 'ईसीपी के साथ पंजीकृत प्रत्येक पार्टी अपने उम्मीदवार का नामांकन दाखिल करने की हकदार है।' चुनाव आयोग ने कहा है कि पाकिस्तान में अगले साल जनवरी के अंतिम सप्ताह में चुनाव होंगे।
Oct 14, 2023 | 03:44 PM IST

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो साझा करने वाले के खिलाफ FIR

नवी मुंबई पुलिस ने फेसबुक पर एक आपत्तिजनक वीडियो कथित रूप से साझा करने के लिए एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वीडियो में आरोपी ने अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदायों के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया और उन्हें धमकी दी। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी। अधिकारी ने बताया कि एक वकील द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, पुलिस ने शुक्रवार को एससी और एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत दिलीप सेहेरेकर नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फेसबुक पर एक वीडियो कथित तौर पर साझा किया, जिसमें वह अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों को गाली देते हुए और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वकील ने पोस्ट देखी और पनवेल पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज करायी।
Oct 14, 2023 | 03:18 PM IST

इजराइल से 235 भारतीयों का दूसरा जत्था दिल्ली पहुंचा

इजराइल से 235 भारतीयों को लेकर आ रहा दूसरा विमान शनिवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। सरकार ने गाजा में हमास के आतंकवादियों द्वारा इजरायल के शहरों पर किए गए हमलों के बाद स्वदेश लौटने के इच्छुक लोगों की वापसी के लिए ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शनिवार को कहा कि 235 नागरिकों को लेकर आ रही दूसरी उड़ान राष्ट्रीय राजधानी पहुंच गई है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यात्रियों की तस्वीरें भी साझा कीं। केरल सरकर के अनुसार, चार्टर्ड विमान एआई 140 में 235 भारतीय थे, जिनमें से 33 केरल के थे। तेल अवीव से एअर इंडिया द्वारा संचालित पहली उड़ान 200 से अधिक लोगों को लेकर शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंची थी। विदेश राज्यमंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने हवाई अड्डे पर इजराइल से लौटे भारतीयों का स्वागत किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'इजराइल से भारतीयों के दूसरे जत्थे का स्वागत किया। यह जानकर खुशी हुई कि उन्होंने भारत सरकार के त्वरित ‘ऑपरेशन विजय’ और सुचारू समन्वय के लिए विदेश मंत्रालय की प्रशंसा की है।'
Oct 14, 2023 | 03:03 PM IST

नेपाल में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त

नेपाल में मनांग एयर का एक हेलीकॉप्टर शनिवार को एक पर्वतीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसका पायलट घायल हो गया। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के उप निदेशक जगन्नाथ निरुला ने बताया कि एवरेस्ट आधार शिविर के पास लुकला के समीप उड़ान भरने वाला हेलीकॉप्टर 9एन एएनजे थोड़ा पलट गया और उत्तर-पूर्वी नेपाल के लोबुचे में उतरने की कोशिश करने के दौरान उसमें आग लग गई।
Oct 14, 2023 | 02:52 PM IST

बसपा नेता अंबेथ राजन आप में शामिल

दो बार के राज्यसभा सांसद और बसपा नेता अंबेथ राजन आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।
Oct 14, 2023 | 01:43 PM IST

अब बंगाल में फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन

इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष के बीच बंगाल में फिलिस्तीन के समर्थन में एक मार्च निकाला गया। जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने कोलकाता में विरोध मार्च निकाला और फ्री फिलिस्तीन के नारे लगाए।
Oct 14, 2023 | 12:34 PM IST

इजराइली हमले में मारा गया हमास एयरफोर्स चीफ

इजराइली वायुसेना ने कहा है कि रात भर किए गए हवाई हमले में हमास की वायुसेना के प्रमुख मुराद अबू मुराद को मार गिराया गया है। हमले में उस मुख्यालय को निशाना बनाया गया जहां से हमास गाजा पट्टी में अपनी हवाई गतिविधि प्रबंधित करता था।
Oct 14, 2023 | 11:23 AM IST

अलकायदा से भी बदतर है हमास- बाइडन

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को कहा कि फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास आतंकवादी संगठन अलकायदा से भी बदतर है। हमें जितना अधिक इस हमले के बारे में पता चलता है वह उतना और अधिक भयावह प्रतीत होता है। एक हजार से अधिक निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 27 अमेरिकी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, इनके मुकाबले तो अलकायदा भी कुछ ठीक लगता है। ये शैतान हैं। जैसा मैं शुरुआत से कहता आ रहा हूं कि अमेरिका इसे लेकर गलती नहीं कर रहा, वह इजराइल के साथ है।
Oct 14, 2023 | 11:07 AM IST

पंजाब पुलिस ने आतंकी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़

पंजाब पुलिस ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के दो निवासियों को गिरफ्तार कर लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार संदिग्धों के पास से दो आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस), दो हथगोले, एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 24 कारतूस, एक टाइमर स्विच, आठ डेटोनेटर और चार बैटरियां बरामद की गई हैं।
Oct 14, 2023 | 10:14 AM IST

हावड़ा में गोदाम में लगी भीषण आग

पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में शनिवार सुबह एक गोदाम में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि सांकराइल थानाक्षेत्र के भगवतीपुर इलाके में एफएमसीजी निर्माता कंपनी इमामी के गोदाम में सुबह करीब साढ़े छह बजे आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 11 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने की वजह फिलहाल पता नहीं चल सकी है और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Oct 14, 2023 | 10:12 AM IST

पीएम मोदी ने उत्तराखंड को लेकर किया ट्वीट

पीएम मोदी ने कर कहा कि अगर कोई मुझसे पूछे कि अगर आपको उत्तराखंड में एक जगह पर जाना हो तो वह कौन सी जगह होगी, तो मैं कहूंगा कि आपको राज्य के कुमाऊं क्षेत्र में पार्वती कुंड और जागेश्वर मंदिर जरूर देखने चाहिए। प्राकृतिक सुंदरता और दिव्यता आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। बेशक, उत्तराखंड में घूमने लायक कई प्रसिद्ध स्थान हैं और मैंने भी अक्सर राज्य का दौरा किया है। इसमें केदारनाथ और बद्रीनाथ के पवित्र स्थान शामिल हैं, जो सबसे यादगार अनुभव हैं। लेकिन, वापस लौटने के लिए पार्वती कुंड और जागेश्वर मंदिर में कई वर्षों के बाद आया विशेष आगमन हुआ।
Oct 14, 2023 | 09:17 AM IST

भारत-श्रीलंका के बीच नए अध्याय की शुरुआत- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारत और श्रीलंका के बीच नौका सेवा की शुरुआत की। पीएम मोदी ने कहा भारत और श्रीलंका संस्कृति, वाणिज्य और सभ्यता का गहरा इतिहास साझा करते हैं। उन्होंने कहा, हम भारत और श्रीलंका के बीच राजनयिक और आर्थिक संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। नागपट्टिनम और कांकेसंतुराई के बीच नौका सेवा का शुभारंभ हमारे संबंधों को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
Oct 14, 2023 | 08:12 AM IST

नोएडा में 10वीं मंजिल से बुजुर्ग महिला ने लगाई छलांग

नोएडा में शुक्रवार को एक सोसाइटी में 10वीं मंजिल के अपने अपार्टमेंट से कूदकर 63 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपनी जान दे दी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला है लेकिन महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
Oct 14, 2023 | 07:07 AM IST

हमास हमले को लेकर अमेरिका ने किया था आगाह

सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इज़राइल पर हमास के हमले से पहले, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने इज़राइल द्वारा साझा की गई खुफिया जानकारी के आधार पर दो आकलन जारी किए, जिसमें फिलिस्तीनी-इजरायल संघर्ष के बढ़ते खतरे के बारे में बिडेन प्रशासन को आगाह किया गया। 28 सितंबर और 5 अक्टूबर के खुफिया अपडेट से संकेत मिलता है कि हमास सीमा पार रॉकेट हमलों को बढ़ाने की तैयारी कर रहा था। सीआईए के 5 अक्टूबर के तार में आम तौर पर हमास द्वारा हिंसा की बढ़ती संभावना के बारे में चेतावनी दी गई थी। हमले से एक दिन पहले 6 अक्टूबर को, अमेरिकी अधिकारियों को इज़राइल से हमास की असामान्य गतिविधि का संकेत देने वाली रिपोर्टें मिलीं, जो एक आसन्न हमले का संकेत दे रही थीं।
Oct 14, 2023 | 07:03 AM IST

141वें IOC सत्र का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में 141वें अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) सत्र का उद्घाटन करेंगे।
Oct 14, 2023 | 06:59 AM IST

भारत-पाकिस्तान के बीच आज महामुकाबला

वर्ल्ड कप 2023 में आज भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
Oct 14, 2023 | 06:57 AM IST

इजराइल से दूसरी फ्लाइट भारत पहुंची

ऑपरेशन अजय के तहत इजराइल से 235 भारतीय नागरिकों को लेकर दूसरी उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर उतर चुकी है। विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह इज़राइल से निकाले गए भारतीय नागरिकों की अगवानी के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद हैं।
Oct 14, 2023 | 06:53 AM IST

TSPSC की अधिसूचना स्थगित होने पर छात्रा ने की आत्महत्या

तेलंगाना के हैदराबाद में TSPSC की अधिसूचना स्थगित होने के कारण एक छात्रा ने आत्महत्या कर दी। अशोक नगर की रहने वाली छात्रा लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इसके बाद बीजेपी सांसद डॉ के लक्ष्मण ने ट्वीट किया, "एक छात्रा कुम. प्रवल्लिका की आत्महत्या बेहद दर्दनाक खबर है। वे कई महीनों से सरकारी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी लेकिन BRS सरकार द्वारा परीक्षाओं को बार-बार रद्द करने और स्थगित करने के कारण, उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया है।
संबंधित खबरें

NLSIU का दीक्षांत समारोह 17 अक्टूबर को, CJI सूर्यकांत होंगे शामिल; सितंबर में विवाद के बाद रद्द हुआ था कार्यक्रम

'वोट चोरी' पर आज भी सियासी संग्राम, राहुल-प्रियंका की हिरासत के विरोध में Black Day का ऐलान; दिल्ली में ही रहेंगे कांग्रेसी सांसद

'पुलिसवालों ने भीड़ से निकाला, नहीं तो...',अंकित कसाना ने सुनाई आपबीती, प्रियंका गांधी के महिला पुलिसकर्मी से भिड़ने का VIDEO वायरल

‘धर्म परिवर्तन कराने वाली संस्थाओं को FCRA रजिस्ट्रेशन नहीं’, मद्रास हाईकोर्ट ने केंद्र का फैसला रखा बरकरार

Jantar Mantar Protest: पुलिसकर्मी से मारपीट पर FIR की तैयारी, राहुल-प्रियंका रिहा, जानें विपक्ष के प्रदर्शन में दिनभर में क्या-क्या हुआ