LIVEआज की ताजा खबर: Aaj Ki Taza Khabar, 14 जनवरी 2024: मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस पार्टी से कहा अलविदा, नभ और जल से अभेद्य हुई अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था

आज की ताजा खबर: Aaj Ki Taza Khabar, 14 जनवरी 2024: मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस पार्टी से कहा अलविदा, नभ और जल से अभेद्य हुई अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 14 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 14 जनवरी (रविवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: संसद की सुरक्षा में चूक मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को ‘पॉलीग्राफ’ और ‘नार्को’ जांच के लिए दिल्ली वापस लाये जाने के एक दिन बाद पुलिस के एक सूत्र ने दावा किया कि मनोरंजन डी इस घटना का साजिशकर्ता है वहीं मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू का यह बयान मालदीव के राजनेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया लक्षद्वीप यात्रा के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद भारत और मालदीव के बीच राजनयिक विवाद के बीच आया है।मुइज्जू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'हम छोटे हो सकते हैं, लेकिन इससे आपको हमें धमकाने का लाइसेंस नहीं मिल जाता।' उधर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिलने के बाद एक पत्र लिखा है। पत्र उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय को लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा वो बाद में परिवार के साथ अयोध्या आएंगे वहीं ईडी ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को एक बार फिर पत्र लिखा है। एजेंसी ने उनसे पूछा है कि वे बयान दर्ज कराने के लिए क्यों उपस्थित नहीं हो रहे हैं? इससे जांच में बाधा उत्पन्न हो रही है। ईडी ने उन्हें जवाब देने के लिए 16 से 20 जनवरी तक का वक्त दिया है, पढ़ें आज की ताजा और अहम खबरें जो सुर्खियों में हैं-
मशहूर शायर मुनव्वर राना का निधन
मशहूर शायर मुनव्वर राना का रविवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। राना की बेटी सोमैया राना ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि उनके पिता का रविवार देर रात लखनऊ स्थित संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से गले के कैंसर से पीड़ित थे।
राजस्थान : दो कारों की टक्कर में छह लोगों की मौत
राजस्थान के सीकर जिले में रविवार शाम दो कारों की भिड़ंत में छह लोगो की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपनिरीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीकर से लक्ष्मणगढ़ की तरफ जा रही एक कार डिवाइडर तोड़ कर सड़क की दूसरी तरफ एक अन्य कार से टकरा गई, जिससे छह लोगो की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गये।
पंजाब में कक्षा पाँच तक के स्कूल 20 जनवरी तक रहेंगे बंद
कड़ाके की सर्दी को देखते हुए पंजाब सरकार ने रविवार को सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों में सभी प्राथमिक कक्षाओं के लिए 20 जनवरी तक छुट्टियों की घोषणा की।
आइसलैंड में ज्वालामुखी फटा, निवासियों को सुरक्षित जगह ले जाया गया
दक्षिण-पश्चिम आइसलैंड में मछली पकड़ने वाले शहर ग्रिंडाविक के पास रविवार को एक ज्वालामुखी फट गया, जिसके बाद आसपास के इलाकों को तुरंत खाली करा लिया गया। यह जानकारी मीडिया की खबरों में दी गई। बीबीसी ने आइसलैंड के सार्वजनिक प्रसारक आरयूवी के हवाले से बताया कि समय लगभग 03.00 जीएमटी पर विस्फोट शुरू हुआ, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि लावा किस दिशा में बह रहा है।
गुजरात में पतंग की डोर से गला कटने से चार साल के बच्चे की मौत
गुजरात के महीसागर जिले में रविवार को उत्तरायण के अवसर पर पतंग की डोर से गला कटने से चार वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि पूरे प्रदेश में पतंगों से संबंधित घटनाओं में कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।उत्तरायण त्योहार के मौके पर पतंग उड़ाने की परंपरा रही है। इस त्यौहार को मकर संक्रांति के नाम से भी जाना जाता है। जिले के कोठम्बा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चा, तरूण मच्छी, अपने पिता की मोटरसाइकिल पर घर जा रहा था, जब रविवार दोपहर को बोराडी गांव के पास पतंग की डोर से उसका गला कट गया।
बम विस्फोट में पांच पाकिस्तानी सैनिकों की मौत
बलूचिस्तान के केच जिले के बुलेदा इलाके में एक सुरक्षा वाहन को निशाना बनाकर किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में पांच पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई और एक अधिकारी सहित दो अन्य घायल हो गए।
बालासोर से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा: वैष्णव
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अटकलों पर विराम लगाते हुए रविवार को कहा कि वह ओडिशा की बालासोर सीट से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्यसभा सदस्य वैष्णव को लोकसभा चुनाव में बालासोर सीट से मैदान में उतार सकती है। उन्होंने भाजपा के मौजूदा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी की ओर इशारा करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं बालासोर से चुनाव नहीं लड़ूंगा। यहां हमारे प्रताप 'नाना' हैं।’’
झारखंड में गिद्धों के संरक्षण के लिए ‘गिद्ध भोजनालय' की स्थापना
झारखंड के कोडरमा जिले में एक 'गिद्ध भोजनालय' स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य गिद्धों का संरक्षण करना है जिनकी संख्या मवेशियों में दवाओं के व्यापक उपयोग के कारण तेजी से कम हो रही है। वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि 'गिद्ध भोजनालय' कोडरमा जिले में स्थापित किया गया है और गौशालाओं एवं नगर पालिकाओं के लिए डाइक्लोफेनाक मुक्त मवेशियों के शव प्रदान करने के लिए एक प्रोटोकॉल तैयार होने के बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा।
दिल्ली के स्कूलों में कक्षाएं सुबह नौ बजे से शुरू होंगी
ठंड के मौसम के मद्देनजर दिल्ली के स्कूल सुबह नौ बजे से कक्षाएं शुरू करेंगे। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (डीओई) के रविवार के एक परिपत्र में यह सूचना दी। डीओई ने स्कूलों को शाम पांच बजे के बाद कक्षाएं आयोजित नहीं करने का निर्देश दिया है। राष्ट्रीय राजधानी रविवार को भी कड़ाके की ठंड की चपेट में रही, क्योंकि न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया-जो इस सर्दी का सबसे कम तापमान है। शहर के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। परिपत्र में कहा गया, ‘‘यह निर्देश दिया जाता है कि सरकारी और निजी स्कूलों के सभी छात्र 15 जनवरी (सोमवार) से प्रत्यक्ष रूप से आयोजित कक्षाओं में शामिल होंगे। इसमें नर्सरी, केजी और प्राथमिक कक्षाएं भी शामिल हैं।’’
दावोस में भारतीय लाउंज का दबदबा
बर्फ से ढका यह रिजॉर्ट शहर दावोस सोमवार से शुरू हो रही पांच दिवसीय विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक के लिए तैयार है। यहां की मुख्य प्रोमेनेड सड़क पर करीब एक दर्जन भारतीय लाउंज मौजूद हैं। महिला नेतृत्व को प्रदर्शित करने के लिए स्थापित ‘वीलीड लाउंज’ में इंडिया एंगेजमेंट सेंटर, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक के मंडप हैं। साथ ही विप्रो, इंफोसिस, टीसीएस और एचसीएलटेक जैसी बड़ी आईटी कंपनियां एआई और प्रौद्योगिकी को प्रदर्शित कर रही हैं। इस बार भारतीय चाय, कॉफी, समोसा और कचोड़ी के अलावा, कुछ बार, रेस्तरां और लाउंज में दो दिन शाम को ‘स्पिरिट ऑफ इंडिया ऑवर’ के दौरान भारतीय शराब भी मिलेगी।
भारत का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रविवार को यहां टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने मोहाली में पहले मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम में दो बदलाव किए हैं। उसने शुभमन गिल और तिलक वर्मा की जगह विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल को अंतिम एकादश में शामिल किया है।
आतिशी और सौरभ भारद्धाज ने दिल्ली में झुग्गी बस्तियों का दौरा किया
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में झुग्गी बस्तियों का दौरा किया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झुग्गी बस्ती में रहने वालों को हटाने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
भारत 15 मार्च तक मालदीव से अपने सैनिकों को हटाए: राष्ट्रपति मुइज्जू
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भारत से कहा कि वह उनके देश में तैनात अपने सैन्यकर्मियों को 15 मार्च तक हटा ले। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। माले की ओर से भारतीय सैनिकों को हटाने की मांग किये जाने के दो महीने बाद राष्ट्रपति ने यह समय सीमा तय की है।
पश्चिमी अफगानिस्तान में आत्मघाती हमलावर ने गवर्नर कार्यालय को निशाना बनाया
तालिबान के एक अधिकारी ने कहा कि एक आत्मघाती हमलावर ने रविवार को पश्चिमी अफगानिस्तान में प्रांतीय गवर्नर के कार्यालय को निशाना बनाया, जिसमें तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। तालिबान के गृह मंत्री के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि निमरोज़ प्रांत की राजधानी जरांज में गवर्नर कार्यालय परिसर में घुसने की कोशिश के दौरान सुरक्षाकर्मियों द्वारा गोली चलाए जाने पर हमलावर ने अपनी आत्मघाती जैकेट में विस्फोट कर दिया।
आंध्र प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया गया ‘भोगी' त्योहार
आंध्र प्रदेश में रविवार को लोगों ने परिवारवालों के साथ मिलकर उत्साह के साथ ‘‘भोगी’’ त्योहार मनाया। फसल उत्सव संक्रांति ‘भोगी’ के साथ शुरू होता है, जिसमें लोग अपने घरों के सामने और सड़कों पर अलाव जलाते हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी सहित सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के कई नेताओं ने भी भोगी को धूमधाम से मनाया।
शिवसेना में शामिल हुए मिलिंद देवड़ा
Milind Deora: राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए मणिपुर निकल चुके हैं। इससे पहले की राहुल गांधी अपनी यात्रा को शुरू कर पाते, कांग्रेस को महाराष्ट्र में बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद मिलिंद देवड़ा एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं।
पढ़ें पूरी खबरमिलिंद देवड़ा के शिवसेना में शामिल होने पर एकनाथ शिंदे की प्रतिक्रिया
मिलिंद देवड़ा के शिवसेना में शामिल होने की संभावना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का कहना है कि उनकी पार्टी देवड़ा का स्वागत करेगी, जिन्होंने आज कांग्रेस छोड़ दी, अगर वह उनके साथ शामिल होना चुनते हैं,
पढ़ें पूरी खबरनभ और जल से अभेद्य हुई अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था
योगी सरकार अयोध्या धाम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अति संवेदनशील है। धाम की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए थल, नभ और जल से व्यवस्था पुख्ता की जा रही है। मैनुअल एजेंसियों की तैनाती के साथ टेक्नोलॉजी का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है,
पढ़ें पूरी खबर'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के लिए कांग्रेस ने भरी उड़ान
कांग्रेस नेता दिल्ली से मणिपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज मणिपुर के थोबल से शुरू होगी,
पढ़ें पूरी खबर मुंबई साउथ लोकसभा सीट पर अब कैसी होगी चुनावी जंग?
मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह दिया है। मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से दो बार सांसद रहे मिलिंद के फैसले के बाद अब इस सीट पर मुकाबले की तस्वीर कैसी रहेगी और सबसे बड़ा सवाल यही है कि किसका पलड़ा भारी हुआ?
पढ़ें पूरी खबर