LIVEBRICS Summit 2026 (13 सितंबर की ताजा खबरें): ब्रिक्स नेताओं के रात्रिभोज में जिनपिंग नहीं हुए शामिल, इंडोनेशिया में 240 लोगों को ले जा रहे यात्री पोत से संपर्क टूटा
आज की ताजा खबर 13 सितंबर 2026: देश-दुनिया की सभी बड़ी खबरें, पढ़ें Live Updates: भारत दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन के पहले दिन ब्रिक्स ने आम सहमति से नई दिल्ली घोषणापत्र को मंजूरी दी, जो भारत की एक बड़ी कूटनीतिक जीत है।

BRICS Summit 2026 (13 सितंबर की ताजा खबरें): ब्रिक्स नेताओं के रात्रिभोज में जिनपिंग नहीं हुए शामिल, इंडोनेशिया में 240 लोगों को ले जा रहे यात्री पोत से संपर्क टूटा
आज की ताजा खबर 13 सितंबर 2026: देश-दुनिया की सभी बड़ी खबरें, पढ़ें Live Updates : भारत 12-13 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कई अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन व्यस्त कार्यक्रम के बाद 'डिनर डिप्लोमेसी' देखने को मिली, जहां रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिक्स के अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया। हालांकि, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए।
जिनपिंग क्यों नहीं हुए शामिल?
चीन के राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल नहीं होने का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है। हालांकि, एक सूत्र ने बताया कि शी आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे। जिनपिंग शनिवार की दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे और उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ ही मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।
नई दिल्ली घोषणापत्र
भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक कामयाबी के तौर पर, ब्रिक्स समूह ने शनिवार को आम सहमति से एक साझा घोषणापत्र को अपनाया। यह सहमति पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर यूएई और ईरान के बीच गहरे मतभेदों को दूर करने के बाद बनी। हालांकि, घोषणापत्र में ईरान पर हमलों को लेकर अमेरिका या ईरानी सेना द्वारा कई खाड़ी देशों पर किए गए हमले का प्रत्यक्ष उल्लेख नहीं किया गया।
मप्र जहरीली शराब: सागर में मुठभेड़ के बाद वांछित आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार तड़के एक और आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवांजय राजपूत पर 30 हजार रुपये का इनाम था और मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। सागर पुलिस नियंत्रण कक्ष के प्रभारी उप निरीक्षक आरकेएस चौहान ने फोन पर ’पीटीआई-भाषा’ ने बताया कि आरोपी राजपूत (21) ने बहरोल पुलिस थाने के अंतर्गत कठुआ नाला वन क्षेत्र के पास तलाशी अभियान के दौरान पुलिस दल पर कथित तौर पर तीन गोलियां चलाईं, जिसके बाद कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं और उसके पैर में गोली लगी।
Jammu Kashmir: CIK ने कुलगाम जिले के कई हिस्सों में की छापेमारी
उज्जैन में दीवार गिराते समय तीन मजदूर घायल
मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार को दीवार गिराने का काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना उज्जैन के उर्दूपुरा इलाके की एक गली में हुई, जहां एक घर में दीवार गिराने का काम चल रहा था।
इंडोनेशिया में 240 लोगों को ले जा रहे यात्री पोत से संपर्क टूटा
इंडोनेशिया के यात्री पोत से जावा सागर में संपर्क टूटने के बाद बचावकर्मियों ने रविवार को उसकी तलाश शुरू कर दी। इस पोत पर 240 लोग सवार हैं और वह पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप पर स्थित दक्षिण कालीमंतान जा रहा है। दक्षिण कालीमंतान प्रांत की राजधानी बंजर्मासिन स्थित तलाश एवं बचाव कार्यालय ने कहा कि उसे सूचना मिली कि ’विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ से उस समय संपर्क टूट गया, जब वह पूर्वी जावा प्रांत में स्थित इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुराबाया से बंजर्मासिन आ रहा था।
ओडिशा में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को मूसलाधार बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़कें एवं पुल जलमग्न हो जाने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अधिकारियों ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा अगले 48 घंटों में और अधिक बारिश के पूर्वानुमान व्यक्त किये जाने के बीच राज्य सरकार स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है। दक्षिण ओडिशा का मलकानगिरि जिला इस बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां शनिवार सुबह समाप्त हुए 24 घंटों में रिकॉर्ड 804 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
सऊदी पाइपलाइन पर हमले इराकी क्षेत्र से किए गए: इराक
सऊदी अरब की एक प्रमुख तेल पाइपलाइन पर हमले के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को जिम्मेदार ठहराए जाने के बीच इराक ने कहा है कि ये हमले उसके क्षेत्र से किए गए थे।
इराक सरकार ने कहा कि प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने ईरान की सीमा से लगे मैसान प्रांत की अभियान कमान की जांच के आदेश दिए और उसके कमांडर को पद से हटा दिया। अधिकारियों ने जांच में पाया कि सऊदी पाइपलाइन पर हमले इसी प्रांत से किए गए थे।
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने हमलों के लिए इराक से आए ड्रोन को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि वह जवाबी कार्रवाई नहीं करेगा, ताकि इराकी सरकार को ’’आवश्यक कदम उठाने का अवसर’’ मिल सके। ईरान युद्ध के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से पोतों की आवाजाही बाधित होने के बाद से ’ईस्ट-वेस्ट’ पाइपलाइन सऊदी अरब के तेल निर्यात के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के अनुसार, पाइपलाइन के अंतिम छोर पर स्थित लाल सागर के बंदरगाह से सऊदी अरब का तेल निर्यात दोगुने से अधिक हो गया है।
ग्वालियर वायुसेना स्टेशन से विमान संबंधी कबाड़ चोरी, तीन गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में वायुसेना स्टेशन से विमान संबंधी कबाड़ चोरी होने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। अधिकारियों ने बताया कि शहर के महाराजपुरा इलाके में स्थित वायुसेना स्टेशन में कबाड़ गायब मिलने के बाद सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महाराजपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक यशवंत गोयल ने बताया कि वायुसेना स्टेशन से विमान संबंधी कबाड़ चोरी करने में कुछ मजदूर कथित रूप से शामिल थे।
अमेरिका में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक रेस्तरां के बाहर भारतीय मूल की एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को भारत के 22 वर्षीय एक व्यक्ति ने अंजाम दिया, जो कई महीनों से महिला का कथित रूप से पीछा कर रहा था। अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने यह जानकारी दी। यह घटना आठ सितंबर को सैक्रामेंटो के एक शॉपिंग सेंटर में हुई।
भारत मंडपम के पास तिब्बती युवाओं का प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए 50 से ज्यादा सदस्य
BRICS Summit 2026: दिल्ली पुलिस ने बताया कि भारत मंडपम के पास विरोध प्रदर्शन कर रहे तिब्बतन यूथ कांग्रेस के 50 से अधिक सदस्यों को हिरासत में लिया गया है।
BRICS Summit के रात्रिभोज में भारत और दूसरे देशों के कलाकारों ने दी प्रस्तुति
BRICS Summit 2026: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन के व्यस्त कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार को यहां ’भारत मंडपम’ में विभिन्न देशों के नेताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज के दौरान भारत और ब्रिक्स के अन्य सदस्य देशों के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। भारत 12-13 सितंबर को मध्य दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कई अन्य देशों के प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। कार्यक्रम की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भारतीय नर्तकों ने भारत के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हुए भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिसी और कथक जैसे शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि संगीतकारों ने देश के पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाए, जिसमें समूह के कुछ अन्य सदस्य देशों के संगीतकारों ने भी साथ दिया। इस समूह में शामिल भारतीय कलाकार पिछले दो दिन से प्रस्तुति के लिए अभ्यास कर रहे थे। यह कार्यक्रम विदेश मंत्रालय की सांस्कृतिक शाखा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) की देखरेख में आयोजित किया गया है।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट मंगलवार को पंजाब का करेंगे दौरा
कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट पार्टी के पंजाब प्रभारी का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार 15 सितंबर को पंजाब का दौरा करेंगे। पायलट ने शनिवार को कहा कि वह मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं राज्य के मंत्री हरपाल चीमा के आवास तक निकाले जाने वाले मार्च में शामिल होंगे। यह मार्च गुलजार सिंह के लिए न्याय की मांग को लेकर निकाला जाएगा। संगरूर जिले के दिरबा निवासी 47 वर्षीय दलित व्यक्ति सिंह की सात सितंबर की रात कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई थी। उनके परिवार का कहना है कि छह सितंबर को दिरबा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंत्री हरपाल चीमा से इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति को लेकर सवाल किया था। पायलट ने कहा, ’’कांग्रेस पार्टी मंत्री को बर्खास्त करने और मामले के सभी पहलुओं की तत्काल, समयबद्ध तथा स्वतंत्र जांच से कम कुछ भी स्वीकार नहीं करेगी।’’
BRICS Summit 2026: ब्रिक्स नेताओं ने परमाणु खतरों के बढ़ते जोखिम पर जताई चिंता
ब्रिक्स नेताओं ने असैन्य बुनियादी ढांचे और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की पूरी निगरानी में चल रही शांतिपूर्ण परमाणु सुविधाओं पर ’जानबूझकर किए गए हमलों’ पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि परमाणु सुरक्षा और संरक्षा को हर हाल में बनाए रखा जाना चाहिए, चाहे स्थिति ’सशस्त्र संघर्ष’ की ही क्यों न हो। भारत की मेज़बानी में हो रहे दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन अपनाए गए ’नई दिल्ली घोषणापत्र’ में नेताओं ने ’परमाणु खतरे और संघर्ष के बढ़ते जोखिमों’ पर भी चिंता जताई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान और ब्रिक्स के अन्य शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में, पहले दिन की बातचीत के आखिर में घोषणापत्र को अपनाने की घोषणा की।