LIVE

आज की ताजा खबर, 13 जनवरी 2025E: महाकुंभ का शुभारंभ, जेड-मोड़ सुरंग का PM ने किया उद्घाटन, जापान में आया 6.9 तीव्रता का भूकंप

शिशुपाल कुमारUpdated Jan 13, 2025, 18:40 IST

आज की ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 13 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 13 जनवरी 2025E: महाकुंभ का शुभारंभ, जेड-मोड़ सुरंग का PM ने किया उद्घाटन, जापान में आया 6.9 तीव्रता का भूकंप
आज की ताजा खबर, 13 जनवरी 2025E: महाकुंभ का शुभारंभ, जेड-मोड़ सुरंग का PM ने किया उद्घाटन, जापान में आया 6.9 तीव्रता का भूकंप

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 13 जनवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ का आज से शुभारंभ हो गया है। महाकुंभ में 40 से 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। महाकुंभ में डुबकी लगाने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच चुके हैं। पुडुचेरी में एक बच्ची में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) संक्रमण की पुष्टि हुई है और उसका इलाज जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जिपमेर) में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग इलाके में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 6.5 किलोमीटर लंबी जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन किया जिससे इस पर्यटक स्थल तक पूरे साल पहुंचना सुलभ हो जाएगा। जेड-मोड़ सुरंग के निर्माण पर 2,700 करोड़ रुपये की लागत आई है। सुरंग का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री इसके अंदर गए और परियोजना अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने उन निर्माण श्रमिकों से भी मुलाकात की, जिन्होंने सुरंग का निर्माण पूरा करने के लिए कठिन परिस्थितियों में सावधानीपूर्वक काम किया। उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के लॉस एंजिलिस शहर में दमकल कर्मियों ने फिर से तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए जंगल में लगी भीषण आग को काबू करने के प्रयास और तेज कर दिये हैं। दमकल कर्मी प्रयास कर रहे हैं कि आग विश्व प्रसिद्ध जे. पॉल गेटी संग्रहालय और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय तक न फैले। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

Maha Kumbh Mela Special Train List 2025

JAN 13, 2025 18:40 IST

फिर दहला जापान, आया 6.9 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

Earthquake in Southwestern Japan: जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया है और सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने दक्षिण-पश्चिमी जापान में 6.9 तीव्रता के भूकंप की खबर दी है और सुनामी की चेतावनी जारी की है। मौसम एजेंसी ने कहा कि सोमवार को दक्षिण-पश्चिमी जापान में भूकंप आया, जिसके बाद मियाजाकी और कोच्चि प्रान्तों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई। रात 9:19 बजे जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि मियाजाकी प्रीफेक्चर के हिस्से में भूकंप की तीव्रता जापानी भूकंपीय पैमाने 7 पर 5 मापी गई।
JAN 13, 2025 17:32 IST

बीड सरपंच हत्याकांड: अब पानी की टंकी पर चढ़ गया भाई, कूदकर जान देने की दी धमकी

Sarpanch Santosh DeshmuKh Murder case: बीड सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड में उनके भाई धनंजय देशमुख ने मामले में जांच की जानकारी साझा नहीं किए जाने पर खुदकुशी की धमकी दी। धनंजय आज गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गए और यह आरोप लगाते हुए कूदने की धमकी दी कि जांच के बारे में जानकारी परिवार के साथ साझा नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि सरपंच संतोष देशमुख की हत्या से जुड़े जबरन वसूली मामले के आरोपियों पर हत्या के आरोप के तहत मामला दर्ज किया जाए।
JAN 13, 2025 16:07 IST

मोदी अपना वादा निभाता है, सही वक्त पर होंगी सही चीजें, जम्मू-कश्मीर में बोले प्रधानमंत्री

PM Modi in Jammu Kashmir: सोनमर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रणनीतिक रूप से अहम जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन करने के बाद एक बैठक में कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के लोगों से किए गए वादे निभाएंगे और सही समय पर सही चीजें होंगी। उनकी टिप्पणी मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा कार्यक्रम में अपने भाषण के दौरान जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग के तुरंत बाद आई। जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग का जिक्र किए बिना पीएम मोदी ने कहा, आपको विश्वास करना होगा कि यह मोदी है और वह अपना वादा निभाता है। हर चीज का एक सही समय होता है और सही चीजें सही समय पर होंगी।
JAN 13, 2025 14:01 IST

पुडुचेरी में एक बच्ची के एचएमपीवी से संक्रमित होने की पुष्टि हुई

पुडुचेरी में एक बच्ची में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) संक्रमण की पुष्टि हुई है और उसका इलाज जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जिपमेर) में किया जा रहा है। एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुडुचेरी के स्वास्थ्य निदेशक वी. रविचंद्रन ने रविवार देर रात एक विज्ञप्ति में बताया कि बच्ची को बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत थी। उसे कुछ दिन पहले जिपमेर में भर्ती कराया गया था और उसका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
JAN 13, 2025 13:59 IST

पंजाब, हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी

पंजाब और हरियाणा में सोमवार को ठंड के प्रकोप में कोई कमी नहीं आई और अमृतसर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के अन्य स्थानों में से लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 5.6 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 6.8 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
JAN 13, 2025 13:11 IST

इमरान और उनकी पत्नी के खिलाफ फैसला तीसरी बार टला

पाकिस्तान की एक अदालत ने 19 करोड़ पाउंड के अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के खिलाफ सोमवार को अपना फैसला तीसरी बार टाल दिया। इस्लामाबाद स्थित भ्रष्टाचार रोधी अदालत ने अब फैसला सुनाने की नयी तारीख 17 जनवरी निर्धारित की है।
JAN 13, 2025 13:11 IST

मथुरा में तीर्थयात्रियों से नकदी लूटने के मामलों में चार गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में वृन्दावन में तीर्थयात्रियों से नकदी व महंगे मोबाइल फोन आदि छीन कर बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर भाग जाने वाले चार लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से तीन बदमाशों को मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
JAN 13, 2025 13:11 IST

ठाणे में ट्रक ने दो ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सोमवार को दो ऑटो रिक्शा को टक्कर मारने के बाद एक ट्रक मेट्रो निर्माण स्थल पर एक गड्ढे में गिर गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ट्रक चलाने वाले 15 वर्षीय नाबालिग चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
JAN 13, 2025 12:08 IST

राजस्थान सरकार ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल किए बंद

राजस्थान में शीतलहर के प्रकोप के बीच राज्य सरकार ने जयपुर सहित 25 जिलों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित कर दी है। सोमवार को जयपुर, सीकर, कोटा, टोंक, दौसा, बाड़मेर, बालोतरा, झुंझुनू और जैसलमेर में इन कक्षाओं के छात्रों के लिए स्कूल बंद कर दिए गए। इसके अतिरिक्त, 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर सभी स्कूल बंद रहेंगे। सरकारी आदेश के मुताबिक, राजधानी जयपुर के साथ-साथ नागौर, डीग, राजसमंद, भरतपुर, भीलवाड़ा, बारां, डीडवाना-कुचामन, अजमेर, कोटा, झुंझुनू, दौसा, झालावाड़, टोंक, जालौर, सवाई माधोपुर, धौलपुर, सीकर, पाली, जैसलमेर, ब्यावर, कोटपूतली-बहरोड़, बाड़मेर, बालोतरा और खैरथल-तिजारा जिले में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।
JAN 13, 2025 11:41 IST

पी.वी. अनवर ने विधायक पद से इस्तीफा दिया

केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) से अलग होकर पिछले सप्ताह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए विधायक पी.वी. अनवर ने सोमवार को नीलांबुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह ऐलान भी किया कि वह इस निर्वाचन क्षेत्र से उपचुनाव नहीं लड़ेंगे।
JAN 13, 2025 11:41 IST

बेंगलुरु में तीन गायों के थन काटने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

बेंगलुरु में कॉटनपेट पुलिस ने सोमवार को तीन गायों के थन काटने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी सैयद नसरू ने रविवार तड़के चामराजपेट के विनायकनगर में गायों के थन काट दिए थे। आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि नसरू ने जब अपराध को अंजाम दिया उस वक्त वह नशे में था।
JAN 13, 2025 10:15 IST

आईआईटी-खड़गपुर का विद्यार्थी छात्रावास के कमरे में मृत मिला

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-खड़गपुर का एक विद्यार्थी छात्रावास के कमरे में मृत पाया गया। संस्थान के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के विद्यार्थी शॉन मलिक को उसके माता-पिता ने रविवार को कमरे के अंदर फंदे से लटका पाया। मलिक के माता-पिता उससे मिलने आए थे।
JAN 13, 2025 10:14 IST

धनखड़ ने लोहड़ी, पोंगल की शुभकामनाएं दीं

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को लोगों को लोहड़ी, मकर संक्रांति, माघ बिहू और पोंगल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये त्योहार भारत के विभिन्न हिस्सों में अनोखे ढंग से मनाए जाते हैं और फसल के मौसम का सम्मान करने की इसकी सदियों पुरानी परंपरा को दर्शाते हैं।
JAN 13, 2025 10:14 IST

दुर्घटनावश गोली चलने से बीएसएफ का जवान घायल

जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में सोमवार को नियमित गश्त के दौरान सर्विस राइफल से दुर्घटनावश गोली चल जाने से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल मनीष मेघवाल जब ओल्ड टाउन बारामूला में गश्त पर थे उसी दौरान यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है
JAN 13, 2025 10:14 IST

सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट

कमजोर वैश्विक रुझानों और विदेशी पूंजी की निकासी के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 843.67 अंक की गिरावट के साथ 76,535.24 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 258.8 अंक फिसलकर 23,172.70 अंक पर रहा। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से एशियन पेंट्स, जोमैटो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर लाभ में रहे।
JAN 13, 2025 09:56 IST

नवी मुंबई में इस्कॉन मंदिर बन कर तैयार

नवी मुंबई के खारघर में स्थित इस्कॉन मंदिर का निर्माण पूरा हो गया है। यह मंदिर लगभग 9 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें से 2.5 एकड़ क्षेत्र में भव्य मंदिर बनाया गया है। 15 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इस मंदिर का लोकार्पण होगा। इससे पहले, 9 जनवरी से यहां सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आगाज हो चुका है। भजन सम्राट अनूप जलोटा भी अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।
JAN 13, 2025 09:55 IST

गाजा में इजरायल का हवाई हमला, 8 की मौत

गाजा पट्टी के क्षेत्रों में हुए इजरायली हमलों में आठ फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, सिविल डिफेंस इन गाजा के प्रवक्ता महमूद बसल ने जानकारी देते हुए बताया, ''गाजा शहर के पश्चिम में अल-शती शरणार्थी शिविर में इजरायली ड्रोन हमले से निशाना बनाकर फिलिस्तीनियों की भीड़ पर हमला किया गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।'' वहीं एक अलग हमले में गाजा शहर के उत्तर-पश्चिम में अल-करामा पड़ोस में हवाई हमले में दो फिलिस्तीनी मारे गए, और गाजा शहर के पूर्व में अल-शुजाइया पड़ोस में इजरायली हमले में दो और मारे गए।
इसके अतिरिक्त चिकित्सा सूत्रों ने बताया कि उत्तरी गाजा के जबालिया शहर में एक युवक की मौत हो गई। जहां प्रत्यक्षदर्शियों ने इस बात की पुष्टि की कि क्षेत्र को निशाना बनाकर इजरायली तोपों से गोलीबारी की गई।
JAN 13, 2025 09:41 IST

जंगल की आग में अब तक 24 लोगों की मौत

अमेरिका के पश्चिमी तटीय लॉस एंजिलिस क्षेत्र में जंगल में लगी आग में मरने वालों की संख्या 24 हो गई है और हजारों घर तबाह हो गए। मौसम विज्ञानियों ने इस सप्ताह हवाओं के और तेज होने के पूर्वानुमान जताया है जिसके मद्देनजर अग्निशमन दल ने आग बुझाने की कवायद तेज कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 16 लोग लापता हैं और इनकी संख्या बढ़ सकती है।
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बुधवार तक भीषण आग की स्थिति के लिए उच्च श्रेणी की चेतावनी जारी की है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने क्षेत्र में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है और पर्वतीय क्षेत्रों में हवा की गति 113 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है।
JAN 13, 2025 08:45 IST

मिलनोविक ने एक बार फिर राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता

क्रोएशिया में विपक्ष समर्थित राष्ट्रपति जोरान मिलनोविक ने सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार को अंतिम दौर के मतदान में हराकर रविवार को एक बार फिर राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया। आधिकारिक परिणामों से यह जानकारी मिली। इस चुनाव में भारी जीत हासिल कर वह पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति बने रहेंगे।
JAN 13, 2025 08:22 IST

महाकुंभ : शंकर महादेवन, कैलाश खेर समेत अन्य कलाकार प्रयागराज में प्रस्तुति देंगे

मशहूर गायक कैलाश खेर, शंकर महादेवन, कविता कृष्णमूर्ति और कई अन्य दिग्गज कलाकार प्रयागराज में सोमवार से शुरू हो रहे महाकुंभ के दौरान प्रस्तुति देंगे। संस्कृति मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने भारत की कला, संस्कृति और विरासत के संगम का जश्न मनाने के लिए कुंभ मेला क्षेत्र में एक जीवंत सांस्कृतिक स्थल ‘कलाग्राम’ स्थापित किया है। मंत्रालय ने कहा कि 4,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह क्षेत्र भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और उन्नत संगठनात्मक क्षमताओं का सामंजस्यपूर्ण मिश्रण दर्शाता है।