आज की ताजा खबर, 12 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: दिल्ली में सियासी घमासान के बीच बारिश का अलर्ट...चुनाव आयोग के खिलाफ 'SC मार्च' से पहले राजीव चौक समेत 6 मेट्रो स्टेशन बंद
वहीं, चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' के आरोप लगाते हुए राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था। हालांकि, CJI सूर्यकांत ने नेताओं से मिलने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि 'वोट चोरी' और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े ऐसे मुद्दे पहले से ही शीर्ष अदालत के समक्ष विचाराधीन हैं।
इसके बावजूद, विपक्षी नेताओं ने कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड चौराहे पर एकत्र होकर "चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च" के तहत सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करने का फैसला किया है। इसके अलावा, सुरक्षा पाबंदियों के बीच दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मौसम की मार का भी सामना करना पड़ रहा है। सोमवार तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश और 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया है। पढ़ें- देश विदेश की अन्य खबरें
कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो के छह स्टेशन पर प्रवेश और निकास बंद
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार को दिल्ली मेट्रो के छह स्टेशनों पर शाम चार बजे तक प्रवेश और निकास बंद रहेंगे।दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि सुरक्षा कारणों से जनपथ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक और पटेल चौक मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास की सुविधा बंद रहेगी। हालांकि, इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों को मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
डीएमआरसी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ’’सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी और उसके अनुसार जरूरी जनकारी साझा की जाएगी। हालांकि, संबंधित सभी मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।’’
कांग्रेस ने ’वोट चोरी’ के अपने आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
निर्वाचन आयोग मामले में उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे विपक्षी दल
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करते हुए विपक्षी दल सोमवार को उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था ताकि उनके समक्ष कथित ’’वोट चोरी’’ का मुद्दा उठाया जा सके।हालांकि, न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने ’वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से यह कहते हुए मुलाकात से इनकार कर दिया कि इस तरह के मुद्दे पहले ही उच्चतम न्यायालय के समक्ष विचाराधीन हैं।
कांग्रेस के दो शीर्ष नेताओं खरगे और गांधी ने प्रधान न्यायाधीश को पत्र लिखकर सोमवार शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा था। विपक्षी नेता उन्हें एक ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। प्रधान न्यायाधीश के मुलाकात से इनकार के बाद भी विपक्षी नेता उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे।
कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को ’’चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च’’ नाम दिया है। पार्टी के अनुसार, प्रदर्शनकारी दोपहर डेढ़ बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड चौराहे पर एकत्र होंगे। इस मार्च में खरगे, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल नेता ममता बनर्जी और इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और युवाओं के भाग लेने की संभावना है।
राहुल गांधी ने रविवार को कहा था कि विपक्षी दलों, नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि और युवा सोमवार को उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे और ’’वोट चोरी’’ पर रोक लगाने, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया रोकने की मांग करेंगे।
उन्होंने शनिवार के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे युवाओं के साथ पुलिसकर्मियों और भाजपा के ’’गुंडों’’ ने मारपीट की।
शनिवार को प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए मेट्रो और ट्रेन सेवाओं पर पाबंदियां लगाई गई थीं तथा दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं।
विपक्षी दल बीते मंगलवार से प्रधानमंत्री और भाजपा पर ’’वोट चोरी’’ के जरिये चुनावों में ’’धांधली’’ का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तत्काल हटाया जाए।
दिल्ली में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण ठंडा हुआ मौसम, आईएमडी ने ‘रेड' अलर्ट जारी किया
दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कुछ हिस्सों में सोमवार तड़के भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम बेहद ठंडा हो गया।इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ’रेड’ अलर्ट जारी किया। बारिश से राजधानी में मौसम ठंडा हो गया लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे तक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि दिल्ली हवाई अड्डे पर 30 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग ने सुबह नौ बजे तक दिल्ली में गरज के साथ तूफान, बिजली कड़कने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चलने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की चेतावनी देते हुए ’रेड’ अलर्ट जारी किया है।
आर के पुरम, कर्तव्य पथ और मध्य, दक्षिण-पूर्वी तथा पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई।
Exclusive: भाजपा के आदमी को कैंडिडेट बना रहे हो और बात PDA की करते हो- अखिलेश यादव पर भड़के ओवैसी
पिताजी संभाल लेंगे....केरल के मिनी कूपर दुर्घटना में 3 छात्रों की मौत के बाद आरोपी किशोर का अजब कमेंट, भड़के लोग
CJI सूर्यकांत Exclusive: राहुल गांधी की मांग पर दो टूक, सांसद जॉन ब्रिटास की चिट्ठी पर बोले- सबको याचिका दाखिल करने का अधिकार
DSGMC की शिकायत पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, आप नेताओं और समर्थकों के खिलाफ नई FIR दर्ज; गुरुद्वारे में जबरन घुसने का आरोप
पुणे में 11 दिन बाद खत्म हुआ MPSC छात्रों का आंदोलन, अध्यक्ष विवेक भीमनवार को छुट्टी पर भेजा गया
© 2026 Times Horizon Private Limited
