LIVE
आज की ताजा खबर 12 मई 2025 : ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संदेश, पढ़ें पूरा भाषण, राष्ट्रीय हित के लिए जानकारी को गोपनीय रखना जरूरी, विशेष सत्र बुलाने की मांंग पर बोले शरद पवार; भारत और पाक के डीजीएमओ की वार्ता शाम तक टली
आज की ताजा खबर 12 मई 2025 : ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संदेश, पढ़ें पूरा भाषण, राष्ट्रीय हित के लिए जानकारी को गोपनीय रखना जरूरी, विशेष सत्र बुलाने की मांंग पर बोले शरद पवार; भारत और पाक के डीजीएमओ की वार्ता शाम तक टली
MAY 12, 2025 21:44 IST
'ऑपरेशन सिंदूर न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है...' ऑपरेशन सिंदूर के बाद PM मोदी ने सेना के पराक्रम को किया सैल्यूट
ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम सभी ने बीते दिनों में देश का सामर्थ्य और उसका संयम दोनों देखा। मैं सबसे पहले भारत की पराक्रमी सेनाओं को, सशस्त्र बलों को , खुफिया एजेंसियों को, वैज्ञानिकों को हर भारतवासी की तरफ से सैल्यूट करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 12, 2025 21:42 IST
आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, जवाब में हमने 100 आतंकियों को मौत के घाट उतारा: PM मोदी
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने जो बर्बरता दिखाई थी, उसने देश और दुनिया को झकझोर दिया था। छुट्टियां मना रहे निर्दोष-मासूम नागरिकों को धर्म पूछकर, उनके परिवार के सामने, उनके बच्चों के सामने, बेरहमी से मार डालना, ये आतंक का बहुत विभत्स चेहरा था, क्रूरता थी। ये देश के सद्भाव को तोड़ने की घिनौनी कोशिश भी थी। मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से ये पीड़ा बहुत बड़ी थी। इस आतंकी हमले के बाद सारा राष्ट्र, हर नागरिक, हर समाज, हर वर्ग, हर राजनीतिक दल, एक स्वर में, आतंक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए उठ खड़ा हुआ। हमने आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने के लिए भारत की सेनाओं को पूरी छूट दे दी। और आज हर आतंकी, आतंक का हर संगठन जान चुका है कि हमारी बहनों-बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 12, 2025 21:41 IST
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संदेश, पढ़ें पूरा भाषण हूबहू
राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कि हम सभी ने बीते दिनों में देश का सामर्थ्य और उसका संयम दोनों देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ये सिर्फ नाम नहीं है, ये देश के कोटि-कोटि लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 12, 2025 20:04 IST
ऑपरेशन सिंदूर के बाद PM मोदी का राष्ट्र के नाम पहला संबोधन
हम सभी ने बीते दिनों में देश का सामर्थ्य और उसका संयम दोनों देखा। मैं सबसे पहले भारत की पराक्रमी सेनाओं को, सशस्त्र बलों को , खुफिया एजेंसियों को, वैज्ञानिकों को हर भारतवासी की तरफ से सैल्यूट करता हूं। हमारे वीर सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए असीम शौर्य का प्रदर्शन किया। मैं उनकी वीरता को उनके साहस को उनके पराक्रम को देश की हर माता, बहन और बेटी को आज समर्पित करता हूं।
MAY 12, 2025 19:54 IST
पंजाब के सरहदी जिलों में बरती जा रही सतर्कता
भारत पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद भी पंजाब के सरहदी जिलों में सतर्कता बरती जा रही है। जानकारी के अनुसार, अमृतसर और पठानकोट में कल भी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। वहीं फिरोजपुर में 2 दिन स्कूल बन्द रखने के आदेश दिए गए है।
MAY 12, 2025 19:52 IST
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने स्वीकार किया PM मोदी का निमंत्रण
रूसी राष्ट्रपति पुतिन भारत आएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। जानकारी के अनुसाक, दोनों नेताओं ने टेलीफोन पर बातचीत की। बातचीत में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर जोर दिया गया। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 12, 2025 18:08 IST
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी पोस्ट करने पर 14 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
गुजरात में सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए। जानकारी के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल के बीच भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी, नकारात्मक पोस्ट करने वाले 14 व्यक्तियों के खिलाफ गुजरात पुलिस ने मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 12, 2025 17:42 IST
राष्ट्रीय हित के लिए जानकारी को गोपनीय रखना जरूरी: शरद पवार
विपक्ष द्वारा संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग पर एनसीपी (एससीपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मैं संसद का विशेष सत्र बुलाने के खिलाफ नहीं हूं...लेकिन यह एक संवेदनशील और गंभीर मुद्दा है और संसद में इस तरह के गंभीर मुद्दे पर चर्चा संभव नहीं है...ऐसी स्थिति में राष्ट्रीय हित के लिए जानकारी को गोपनीय रखना जरूरी है...विशेष सत्र बुलाने के बजाय बेहतर होगा कि हम सब एक साथ बैठें और सर्वदलीय बैठक करें।
MAY 12, 2025 17:15 IST
पोप लियो चौदहवें ने जेल में बंद पत्रकारों की रिहाई की अपील की
पोप लियो चौहदवें ने सोमवार को जेल में बंद पत्रकारों के प्रति एकजुटता व्यक्त की और ‘‘स्वतंत्र भाषण और प्रेस के अनमोल उपहार’’ को कायम रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने 6,000 पत्रकारों के साथ बात की जो प्रथम अमेरिकी पोप के रूप में उनके चुनाव की रिपोर्टिंग करने रोम आये थे। लियो ने आम जनता के प्रतिनिधियों के साथ अपनी पहली बैठक के लिए जैसे ही वेटिकन सभागार में प्रवेश किया वहां मौजूद लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
MAY 12, 2025 16:28 IST
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने पाक गोलीबारी में मारे गए नागरिक के परिजनों से मुलाकात की
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को पाकिस्तानी गोलीबारी में मारे गए ज़ाकिर हुसैन के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की और प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। हुसैन की मौत सात मई को जम्मू के बंटलाब क्षेत्र के खैरी केरण गांव में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में हुई थी। इस हमले में एक बच्ची समेत दो अन्य लोग घायल हो गए थे। यह गोलाबारी 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान एवं उसके कब्जे वाले कश्मीर में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद हुई थी।
MAY 12, 2025 15:47 IST
भय बिनु होइ न प्रीति… एयर मार्शल एके भारती ने सेना की प्रेस कांफ्रेंस में पाकिस्तान को दिया सीधा जवाब
एयर मार्शल एके भारती ने रामचरित मानस की एक चौपाई पढ़ी। उन्होंने कहा कि ‘विनय न मानत जलधि जड़, गए तीनि दिन बीति। बोले राम सकोप तब, भय बिनु होइ न प्रीति।।’ यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 12, 2025 15:25 IST
दिल्ली विधानसभा का मंगलवार से शुरू होने वाला बजट सत्र का दूसरा चरण रद्द
दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र का मंगलवार से शुरू होने वाला दूसरा चरण रद्द कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सरकार द्वारा सत्र के दौरान निजी स्कूलों की फीस को विनियमित करने के लिए दिल्ली स्कूल शिक्षा शुल्क निर्धारण एवं विनियमन पारदर्शिता विधेयक, 2025 को पेश किए जाने की उम्मीद थी। एक अधिकारी ने कहा, सरकार ने सत्र स्थगित करने का फैसला किया है। नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। बजट सत्र का पहला चरण 24 मार्च को शुरू हुआ था जिस दौरान वित्त विभाग संभाल रही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार का पहला बजट पेश किया था। गुप्ता ने 2025-26 के लिए एक लाख करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ बजट पेश किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 31.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
MAY 12, 2025 15:16 IST
ऑपरेशन सिंदूर पर सेना की प्रेस कांफ्रेंस
Operation Sindoor: पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर पर अपनी प्रेस कांफ्रेंस में तीनों सेनाओं ने कई नई जानकारियां सामने रखीं। सेना ने बताया कि किस तरह एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के हर वार को नाकाम कर दिया। साथ ही बताया कि कैसे पाकिस्तान की सेना आतंकियों का साथ दे रही है। सेना ने कहा कि कश्मीर में लगातार आतंकी घटनाएं हो रही थी और पाकिस्तान के पाप का घड़ा भर चुका था। एयर मार्शल भारती ने कहा, हमने पाकिस्तान में आतंकी ठिकाने नष्ट किए हैं। हमारी लड़ाई आतंक और आतंकवादियों के खिलाफ थी। इसलिए 7 मई को हमने आतंकी ठिकानों पर ही हमला किया था। अफसोस, पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों का साथ देना जरूरी समझा। इसमें उसका जो नुकसान हुआ, उसके लिए वही जिम्मेदार है।
MAY 12, 2025 14:29 IST
भारत और पाक के डीजीएमओ की वार्ता शाम तक टली
भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच बातचीत सोमवार शाम को होगी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। हॉटलाइन पर होने वाली यह बातचीत पहले दोपहर 12 बजे होनी थी। बातचीत को कुछ घंटे के लिए टालने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ढांचों को नष्ट करने के लिए छह-सात मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों पर सभी जवाबी कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गईं। भारत और पाकिस्तान ने शनिवार को जमीन, हवा और समुद्र पर सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से रोकने के लिए सहमति बनाने की घोषणा की थी।
MAY 12, 2025 13:57 IST
श्रीनगर हवाईअड्डा उड़ान संचालन के लिए तैयार
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा नोटिस जारी करने के बाद श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब उड़ानों के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। बीते सप्ताह भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के चलते देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों के 32 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इसके लिए एएआई और अन्य विमानन एजेंसियों द्वारा एक के बाद एक नोटिस टू एयरमेन (नोटम) जारी किए गए थे। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया, एयरड्रोम क्लोजर नोटम को रद्द कर दिया गया है और श्रीनगर हवाई अड्डा उड़ान संचालन के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि एयरलाइनों से उड़ानों की बहाली को लेकर औपचारिक प्रतिक्रिया का अभी इंतजार है। गौरतलब है कि हवाई अड्डे की अस्थायी बंदी के चलते श्रीनगर से हज यात्रियों की उड़ानों पर भी असर पड़ा था।
MAY 12, 2025 12:53 IST
MAY 12, 2025 12:24 IST
युद्ध बॉलीवुड फिल्मों की तरह रोमांटिक नहीं: जनरल नरवणे
Ex Army Chief Narvane: पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे ने भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर उठ रहे सवालों की निंदा करते हुए कहा कि युद्ध रोमांटिक नहीं है और यह कोई बॉलीवुड फिल्म नहीं है। पुणे में रविवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए जनरल नरवणे ने कहा कि अगर आदेश दिया गया तो वह युद्ध के लिए जाएंगे, लेकिन कूटनीति उनकी पहली पसंद होगी। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नुकसान पहुंचा है जिनमें वे बच्चे भी शामिल हैं जिन्होंने गोलाबारी देखी है और रात में शरण लेने के लिए भागना पड़ता है। उन्होंने कहा, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके लिए यह आघात पीढ़ियों तक रहेगा। पोस्ट ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) नामक एक और चीज है। जिन लोगों ने भयानक दृश्य देखे हैं, वे 20 साल बाद भी पसीने से तरबतर हो उठते हैं और उन्हें मनोचिकित्सक की देखभाल की जरूरत होती है।
MAY 12, 2025 12:00 IST
विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा
विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। विराट कोहली ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा- 14 साल हो गए हैं जब मैंने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में बैगी ब्लू जर्सी पहनी थी। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह प्रारूप मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर अपने साथ रखूंगा...मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा।
MAY 12, 2025 11:52 IST
MAY 12, 2025 11:36 IST
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में हालात सामान्य होने लगे
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में हालात सोमवार को सामान्य होते नजर आए जहां आम जनजीवन हमेशा की तरह शुरू हुआ। पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच इन इलाकों में रविवार की रात भी 'ब्लैकआउट' में गुजरी। हालांकि, सोमवार सुबह से हालात सामान्य होते नजर आए और लोग आम दिनों की तरह अपनी दिनचर्या में व्यस्त दिखे। इलाके के प्रमुख शहरों व कस्बों में सुबह सवेरे चाय की थड़ियों और दुकानों पर लोगों की भीड़ रही और वे हमेशा की तरह बातचीत करते दिखे। सीमावर्ती जैसलमेर के निवासी जालम सिंह ने कहा, अब हालात सामान्य हो गए हैं। पिछली रात शांतिपूर्ण रही। रविवार रात बाड़मेर में 'ब्लैकआउट' के तुरंत बाद प्रशासन ने 'ड्रोन आने की गतिविधियां दर्ज' होने का अलर्ट जारी किया। लोगों से अपने घरों में रहने को कहा गया। हालांकि किसी तरह के विस्फोट की आवाज नहीं सुनी गई और जिला प्रशासन ने कुछ समय बाद सेना द्वारा ड्रोन को मार गिराए जाने संबंधी एक सोशल मीडिया पोस्ट का खंडन किया।
