LIVE

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 12 जून 2024: आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू तो ओडिशा में मोहन चरण माझी बने सीएम, शपथ ग्रहण पूरा

Shashank Shekhar MishraUpdated Jun 12, 2024, 23:08 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 12 जून 2024: आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू तो ओडिशा में मोहन चरण माझी बने सीएम, शपथ ग्रहण पूरा
आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 12 जून 2024: आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू तो ओडिशा में मोहन चरण माझी बने सीएम, शपथ ग्रहण पूरा

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 12 जून 2024 और बड़ी खबरें: बुधवार को चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। वहीं ओडिशा के नए सीएम के तौर पर मोहन चरण माझी ने शपथ ली है। बीजेपी पहली बार ओडिशा में जीती है और उसकी पहली सरकार ने आज शपथ ली है। वहीं जम्मू कश्मीर के कठुआ में जारी एनकाउंटर में दूसरे आतंकी की भी मौत हो गई है। दक्षिणी कुवैत के के मंगाफ शहर में प्रवासी श्रमिकों के आवास वाली एक इमारत में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 40 भारतीयों की मौत हो गई। आग की घटना में 42 अन्य घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती हैं।

आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

JUN 12, 2024 23:08 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जून को जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए होंगे रवाना

PM Modi in G-7 summit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-7 उन्नत अर्थव्यवस्थाओं के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बृहस्पतिवार को इटली की यात्रा करेंगे।विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बुधवार को कहा कि जी-7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की भागीदारी से पिछले वर्ष भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के परिणामों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।
JUN 12, 2024 23:07 IST

जम्मू-कश्मीर के डोडा में फिर से मुठभेड़

Fresh Encounter in J&K Doda: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के गंडोह इलाके के एक गांव में बुधवार शाम आतंकवादियों ने तलाशी दल पर गोलीबारी की जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब सात बजकर 41 मिनट पर भलेसा के कोटा टॉप इलाके से गोलीबारी की खबर मिली, जिस पर सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की।
JUN 12, 2024 23:05 IST

Kuwait Fire Update: जले शवों की लगी हैं कतारें!

कुवैत की एक इमारत में लगी आग में 41 भारतीय नागरिकों की जलकर मौत हो गई है। जिसमें से कई केरल और तमिलनाडु के हैं। इन शवों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। क्योंकि इनके चेहरे इतनी बुरी तरह से जल गए हैं कि पहचानना मुश्किल हो गया है। शवों की पहचान के लिए अब डीएनए जांच का सहारा लिया जा सकता है।
JUN 12, 2024 20:39 IST

तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे पेमा खांडू

Arunachal Pradesh New CM: अरुणाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में एक बार फिर से पेमा खांडू का चुनाव हुआ है। पेमा खांडू का अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर यह तीसरा कार्यकाल होगा। खांडू अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ गुरुवार सुबह शपथ लेंगे। पेमा खांडू को बुधवार को ईटानगर में हुई बैठक में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक रवि शंकर प्रसाद और तरुण चुग भी शामिल हुए। अरुणाचल प्रदेश में खांडू के नेतृत्व वाली भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीटें जीतकर विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य से अपनी दो सीटें बरकरार रखीं।
JUN 12, 2024 19:49 IST

गैंगस्टर पुजारी ने अदालत परिसर में पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए

ल में बंद गैंगस्टर जयेश पुजारी ने अदालत परिसर में कथित तौर पर पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए। यह घटना तब हुई जब गैंगस्टर को उसके खिलाफ लंबित एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में अदालत में पेश होने के लिए लाया गया था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नारे लगाने के बाद वहां एकत्र हुए लोगों और वकीलों ने कथित तौर पर उसके साथ धक्का मुक्की की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमारे पास अभी इस बात का कोई निर्णायक जवाब नहीं है कि उसने यह नारे क्यों लगाए। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।"
JUN 12, 2024 19:49 IST

शारदुल के पैर की लंदन में सर्जरी हुई, तीन महीने के लिए बाहर

भारत के ऑलराउंडर शारदुल ठाकुर के पैर की बुधवार को यहां सर्जरी हुई और संभावना है कि वह कम से कम तीन महीने तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर रहेंगे। इस 32 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर सर्जरी के बाद की तस्वीर साझा की जिसका शीर्षक था, ‘‘ऑपरेशन सफलतापूर्वक हुआ।’’ यह उनके पैर की दूसरी सर्जरी है। इससे पूर्व पांच साल पहले 2019 में भी उनके पैर की सर्जरी हुई थी।
JUN 12, 2024 19:48 IST

चंद्रबाबू नायडू 13 जून को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करेंगे

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू बृहस्पतिवार शाम चार बजकर 41 मिनट पर यहां राज्य सचिवालय में अपना कार्यभार संभालेंगे। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। नायडू अपने परिवार के सदस्यों के साथ आज शाम तिरुपति के लिए रवाना होंगे, वहां रात बिताएंगे और कल सुबह श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के दर्शन करेंगे।नायडू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में आज सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
JUN 12, 2024 18:40 IST

कुवैत रवाना हुआ विदेश राज्य मंत्री

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह आग त्रासदी में घायल हुए लोगों की सहायता की निगरानी करने तथा इस घटना में मारे गए लोगों के पार्थिव शरीरों को शीघ्र वापस लाने के लिए स्थानीय प्राधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए तत्काल कुवैत जा रहे हैं।
JUN 12, 2024 18:39 IST

ओडिशा में नई सरकार का शपथ

ओडिशा में नई सरकार ने शपथ ले ली है। ओडिशा के नए सीएम के रूप में मोहन चरण माझी ने शपथ ली। दो डिप्टी सीएम ने भी शपथ ली है। ओडिशा के नए कैबिनेट में मंत्री के तौर पर शपथ लेने पर सुर्यबंशी सूरज ने कहा, "मैं ओडिशा की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने सरकार बनाने के लिए हमें बहुमत दी, मैं भगवान जगन्नाथ का धन्यवाद करता हूं व मुझपर विश्वास जताने के लिए भाजपा नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं, यह पद नहीं दायित्व है जो हमने संकल्प पत्र में लिखा था, हम वह सब पूरा करेंगे..."
JUN 12, 2024 18:08 IST

हरियाणा में NSA के तहत पहला केस दर्ज

रोहतक: हरियाणा में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत पुलिस की ओर से पहली कार्रवाई की गई है। पुलिस ने हत्या, लूट डकैती, धमकी जैसी 20 अपराधिक घटनाओं में शामिल अपराधी को NSA के तहत 12 महीने के लिए जेल भेज दिया है। हरियाणा में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत यह पहली कार्रवाई है, जिसकी मंजूरी सीधे गृह मंत्रालय (Home Ministry) से मिली है। डीएसपी रवि खुंडिया ने बताया कि ऐसे अपराधियों की पहचान की जा रही है, जिन पर कार्रवाई होना निश्चित है।
JUN 12, 2024 18:05 IST

मणिपुर में भूकंप

मणिपुर के कामजोंग में आज 17:32 IST पर रिक्टर स्केल पर 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से यह जानकारी मिली है।
JUN 12, 2024 16:33 IST

इंग्लैंड के अरमानों पर पानी ना फेर दे बारिश

अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए बेताब इंग्लैंड के अरमानों पर ओमान के खिलाफ यहां होने वाले टी20 विश्व कप के मैच में बारिश पानी फेर सकती है। पूर्व चैंपियन इंग्लैंड को सुपर 8 में जगह बनाने के लिए ग्रुप बी के अपने बाकी बचे दोनों मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। उसका दो मैच में केवल एक अंक है जो उसे स्कॉटलैंड के खिलाफ बारिश के कारण मैच नहीं हो पाने के कारण मिला था। पढ़ें पूरी खबर
JUN 12, 2024 16:25 IST

पाकिस्तान स्थित नंबरों से धमकी भरे आए कॉल

मंगलुरु शहर के कई छात्रों के अभिभावकों को विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप पर धमकी भरे कॉल आए, जिसमें दावा किया गया कि उनके बच्चे को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये नंबर ज़्यादातर पाकिस्तान और पोलैंड के थे, जिन्हें टियर कंट्री कोड के ज़रिए पहचाना गया। मंगलौर शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्रों को टारगेट करके 11 और 12 जून को पिछले दो दिनों में कॉल किए गए , कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को एक पुलिस अधिकारी के रूप में पहचाना और उन्हें बताया कि उनके बेटे/बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें रिहा करने के लिए पैसे की मांग की। पढ़ें पूरी खबर
JUN 12, 2024 16:05 IST

कुवैत की इमारत में आग

Kuwait Building Fire: दक्षिणी कुवैत के मंगफ शहर में बुधवार को श्रमिकों के आवास वाली एक इमारत में भीषण आग लग गई जिसमें 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई। मेजर जनरल ईद रशीद हमद ने कहा कि घटना की सूचना अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार सुबह 6:00 बजे (0300 GMT) दी गई। जिस इमारत में आग लगी, उसका इस्तेमाल श्रमिकों के लिए किया जाता था और वहां बड़ी संख्या में कर्मचारी रहते थे।
JUN 12, 2024 15:11 IST

कठुआ एनकाउंटर में दूसरे आतंकी की भी मौत

जम्मू- कश्मीर के कठुआ में जारी एनकाउंटर में सुरक्षा बलों ने दूसरे आतंकी को भी मार गिराया है। सुरक्षाबलों का ऑपरेशन कठुआ में अभी भी जारी है और आतंकियों की खोज में सेना लगी है। कश्मीर घाटी में हाल के दिनों में आतंकी घटनाओं में तेजी देखने को मिली है, जिसके बाद सेना ने आतंकियों को खोज-खोज कर जन्नत पहुंचाना शुरू कर दिया है।
JUN 12, 2024 14:27 IST

काल बनकर परिवार पर गिरी दीवार

बहराइच: जिले के रामगांव थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के छत पर सो रहे कुछ लोगों पर पड़ोस के मकान की जर्जर दीवार गिर गयी, जिसके नीचे दबकर तीन बच्चों की मौत हो गयी और दंपति गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रामगांव थाना प्रभारी शशि कुमार राणा ने बताया कि रामगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर माफी गांव में रहने वाले रहीस अपनी पत्नी, बच्चों और 10 वर्षीय भांजे इमरान के साथ मंगलवार रात मकान की छत पर सो रहा था।
JUN 12, 2024 14:12 IST

हिमाचल प्रदेश में छह नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए नवनिर्वाचित छह विधायकों ने बुधवार को सदन की सदस्यता की शपथ ली। पूर्व मंत्री और धर्मशाला से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुधीर शर्मा ने सबसे पहले शपथ ली। उनके बाद लाहौल और स्पीति से कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा ने शपथ ली।
JUN 12, 2024 14:00 IST

जम्मू-कश्मीर में तीर्थ यात्रियों पर आतंकी हमले के खिलाफ बजरंग दल का देशव्यापी प्रदर्शन

तीर्थयात्रियों पर हुए आतंकी हमले के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल ने बुधवार को राजधानी दिल्ली सहित देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। बजरंग दल के नेता और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद के नेता और कार्यकर्ता भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUN 12, 2024 13:59 IST

20 करोड़ की जायदाद हड़पने के लिए बहू ने कराई ससुर की सुपारी देकर हत्या

हाराष्ट्र के नागपुर में गढ़चिरौली टाउन प्लानिंग विभाग की अधिकारी अर्चना पुट्टेवार को अपने ससुर को सुपारी देकर हत्या कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 22 मई को नागपुर में एक सड़क पर एक कार की चपेट में आने से 82 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक पुरूषोत्तम पुट्टेवार की मृत्यु हो गई। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUN 12, 2024 12:54 IST

संघर्ष में बच्चों के खिलाफ हिंसा 2023 में चरम स्तर पर पहुंची: संयुक्त राष्ट्र

दुनियाभर में संघर्ष की बढ़ती घटनाओं में फंसे बच्चों के खिलाफ हिंसा 2023 में "चरम स्तर" पर पहुंच गई। इजराइल और फलस्तीन के क्षेत्रों से लेकर सूडान, म्यांमा और यूक्रेन में बड़ी संख्या में हत्याएं हुईं और कई लोग घायल हुए। संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को सशस्त्र संघर्ष में बच्चों के संबंध में एक वार्षिक रिपोर्ट मंगलवार को प्राप्त हुई जिसमें कहा गया है कि एक के बाद एक युद्ध में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के खिलाफ हिंसा के मामलों में 21 प्रतिशत की चौंकाने वाली वृद्धि हुई है, जिसमें कांगो, बुर्किना फासो, सोमालिया और सीरिया के मामलों का भी हवाला दिया गया है।