ChakraView With Sumit Awasthi: आप किस स्टोरी को 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में दें अपनी राय
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), पीएम मोदी, बंगाल चुनाव, ट्रंप, ईरान, आज का मौसम, दिल्ली एनसीआर मौसम, शीतलहर के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: 12 जनवरी को उत्तरी भारत में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि कुछ इलाकों में तापमान गिरकर दो डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज सोमवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुं गए हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
ChakraView With Sumit Awasthi: आप किस स्टोरी को 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? पोल में दें अपनी राय
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज सोमवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुं गए हैं। उन्होंने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात किया। इस दौरान रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा क्षेत्रों में सहयोग को लेकर बातचीत हुई। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 12 से 13 जनवरी तक दो दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं।
12 जनवरी को उत्तरी भारत में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि कुछ इलाकों में तापमान गिरकर दो डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड की स्थिति से रोजमर्रा की जिंदगी में रुकावट आने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीयों में राष्ट्रीय गौरव पैदा किया और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित किया।
स्वामी विवेकानन्द का जन्म 12 जनवरी, 1863 को तत्कालीन कलकत्ता में हुआ था और उनके बचपन का नाम नरेन्द्रनाथ दत्त था। उनकी जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘स्वामी विवेकानंद एक शाश्वत दूरदर्शी और आध्यात्मिक प्रतीक हैं, उन्होंने उपदेश दिया कि आंतरिक शक्ति और मानवता की सेवा एक सार्थक जीवन की नींव है। उन्होंने भारत के शाश्वत ज्ञान को दुनिया तक पहुंचाया।’’
राष्ट्रपति ने कहा कि विवेकानन्द ने भारतीयों में राष्ट्रीय गौरव की अनुभूति पैदा की और उनकी शिक्षाएं मानवता को प्रेरित करती रहेंगी।
2027 में 22 भाषाओं में संसद की कार्यवाही का प्रसारण किया जाएगा: बिरला
बिरला ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में संसद में नवाचार के अनेक प्रयास गिनाते हुए कहा कि अभी तक सांसदों को उनके लिखित प्रश्न का उत्तर सुबह 9.30 बजे तक मिलता था, लेकिन अब उन्हें एक दिन पहले रात में ही उत्तर मिल जाएगा जिससे वे अपने पूरक प्रश्न तैयार कर सकेंगे।
जब अध्यक्ष से संसद में विधेयक पेश किए जाने से ऐन पहले उसकी प्रति दिए जाने के संबंध में कुछ विपक्षी सदस्यों की चिंताओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मेरा भी मत है कि सदस्यों को विधेयक मिलने के बाद उस पर चर्चा में भाग लेने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए जिससे वह तैयारी कर सकें।’’
उन्होंने कहा कि इसके लिए संबंधित विभागों के मंत्रियों से कहा गया है कि नियम-प्रक्रिया के तहत विधेयक पेश करने से पहले सदस्यों को उसके अध्ययन के लिए जितना समय मिलना चाहिए, उतना दिया जाए।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में पहली बार कार्यवाही का 22 भाषाओं में समांतर अनुवाद किया जा रहा है। बिरला ने कहा कि 2027 में इन सभी भाषाओं में कार्यवाही का प्रसारण किया जाएगा।
लोकसभा में ई-सिगरेट के इस्तेमाल पर कड़ी कार्रवाई की संभावना को खारिज नहीं किया बिरला ने
संसद के शीतकालीन सत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक सांसद पर सदन में ई-सिगरेट पीने का आरोप लगाते हुए कहा था, ‘‘देशभर में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध है। सदन में क्या ई-सिगरेट पीने की अनुमति है?’’
जब लोकसभा अध्यक्ष ने ‘नहीं’ में जवाब दिया तो ठाकुर ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के एक सदस्य पिछले कई दिन से सदन में ई-सिगरेट पी रहे हैं।’’
हालांकि, भाजपा सांसद ने किसी सदस्य का नाम नहीं लिया।
उन्होंने इस मामले में आसन से तत्काल जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
SIR के दौरान AI-आधारित डिजिटलीकरण की त्रुटियों से हो रही व्यापक कठिनाई : ममता बनर्जी
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की शुरुआत के बाद से मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखे अपने पांचवें पत्र में, बनर्जी ने कहा कि एआई उपकरणों का इस्तेमाल करके 2002 की मतदाता सूची के डिजिटलीकरण के दौरान मतदाताओं के विवरण में गंभीर त्रुटियां हुईं। उन्होंने कहा कि इसके कारण डेटा में बड़े पैमाने पर विसंगति देखने को मिली और कई पात्र मतदाताओं को गलत तरीके से ‘‘तार्किक विसंगतियों’’ वाला बताकर चिह्नित कर दिया गया।
निर्वाचन आयोग पर पिछले दो दशकों से अपनाई जा रही अपनी ही वैधानिक प्रक्रियाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि “अर्ध-न्यायिक सुनवाइयों” के बाद पहले किए गए संशोधनों के बावजूद मतदाताओं को अपनी पहचान दोबारा साबित करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया, “पिछले दो दशकों से अधिक समय से जारी अपने ही दृष्टिकोण और व्यवस्थाओं से पल्ला झाड़ने वाला ऐसा रवैया मनमाना, अतार्किक और भारत के संविधान की भावना एवं प्रावधानों के प्रतिकूल है।”
श्रीलंका में उत्तरी रेलवे ट्रैक के जीर्णोद्धार का काम भारत की सहायता से शुरू हुआ
भारत ने महावा जंक्शन से ओमानथाई तक चक्रवात से क्षतिग्रस्त उत्तरी रेलवे लाइन के पूर्ण पुनर्निर्माण के लिए पूरी सहायता देने का आश्वासन दिया है।
भारत ने श्रीलंका में राहत, पुनर्निर्माण सहायता और संपर्क बहाल करने के लिए 28 नवंबर को ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया था।
परिवहन मंत्रालय ने बताया कि काम शुरू होने के अवसर पर आयोजित समारोह में कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा और परिवहन मंत्री बिमल रत्नायका उपस्थित थे।
मंत्रालय के अनुसार, भारत द्वारा दिए गए 50 लाख अमेरिकी डॉलर के अनुदान से उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के महावा जंक्शन पर रविवार को पुनर्निर्माण कार्य शुरू हुआ।
यह भारत द्वारा श्रीलंका को दिए गए 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर के पुनर्निर्माण पैकेज के तहत परियोजनाओं के कार्यान्वयन की शुरुआत है।
नवंबर में आए विनाशकारी चक्रवात ‘दित्वा’ ने श्रीलंका को बुरी तरह प्रभावित किया था, जिससे भीषण बाढ़ और भूस्खलन हुए थे तथा 600 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
जाति और धर्म के आधार पर नफरत भड़काई जा रही: उप्र में दलित महिला की 'हत्या' के बाद कांग्रेस का आरोप
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के मेरठ के एक गांव में 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर एक दलित महिला की हत्या कर उसकी बेटी का अपहरण कर लिया। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया, जिसके कारण अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। महिला की पहचान 20 वर्षीय युवती की मां के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सरधना क्षेत्र के कपसाद गांव से अगवा की गई 20 वर्षीय दलित महिला शनिवार को सहारनपुर जिले से मिली और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, कांग्रेस की अनुसूचित जाति इकाई के प्रमुख राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि “देश में जाति और धर्म के आधार पर नफरत को बढ़ावा दिया जा रहा है, और यह भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रहा है”।
धोखाधड़ी वाले खाते को लेकर कारण बताओ नोटिस पर रोक नहीं: उच्च न्यायालय अनिल अंबानी के बेटे से कहा
न्यायमूर्ति जसमीत सिंह ने याचिकाकर्ता और आरएचएफएल के निदेशक जय अनमोल अंबानी को 10 दिनों के भीतर बैंक के समक्ष अपना पक्ष रखने को कहा और स्पष्ट किया कि बैंक द्वारा इसके बाद लिए गए किसी भी निर्णय का प्रभाव इस मामले में अदालत के आदेश के अधीन होगा।
न्यायाधीश ने बैंक को एक स्पष्ट आदेश जारी करने और उसे अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
अदालत ने जय अनमोल अंबानी से कहा, ‘‘आप कारण बताओ नोटिस में अपनी दलीलें पेश करें। आपको जो भी कहना है, वे उसका जवाब देंगे। मैं कारण बताओ नोटिस पर रोक नहीं लगाऊंगा। मैं यह नहीं कहूंगा कि वे मामले में आगे नहीं बढ़ें। मैं रिट याचिका को लंबित रखूंगा। देखते हैं क्या आदेश आता है।’’
उच्च न्यायालय ने कहा, “पक्षों के बीच यह सहमति हुई है कि याचिकाकर्ता आज से 10 दिनों के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब देगा, 30 जनवरी को सुनवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होगा तथा प्रतिवादी, याचिकाकर्ता या उसके अधिकृत प्रतिनिधि को सुनने के बाद, एक तर्कपूर्ण आदेश जारी करे, जिसे अगली सुनवाई की तिथि पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। उक्त आदेश का प्रभाव याचिका में पारित किए जाने वाले आदेश के अधीन रहेगा।’’
अदालत ने याचिका पर नोटिस जारी किया और 27 फरवरी के लिए इसे सूचीबद्ध कर दिया।
जय अनमोल अंबानी के वरिष्ठ वकील ने दलील दी कि 22 दिसंबर 2025 को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस ‘‘मूल रूप से त्रुटिपूर्ण’’ था।
उन्होंने दलील दी कि चूंकि आरएचएफएल के लिए समाधान योजना को सभी ऋणदाता बैंकों के साथ-साथ उच्चतम न्यायालय द्वारा पहले ही अनुमोदित कर दिया गया था, इसलिए कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी के कोई आरोप नहीं बनते।
यह भी कहा गया कि किसी भी स्थिति में, बैंक के पास 2020 से ही संबंधित जानकारी मौजूद थी और पांच साल बाद कारण बताओ नोटिस जारी करना कानून के विरुद्ध है।
यूपी ब्रेकिंग: कनीक मानव से संचालित हो, इंसान तकनीक से नहीं : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री ने राज्य की राजधानी लखनऊ में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश एआई एवं स्वास्थ्य नवाचार सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि अगले दो दिन तक इस सम्मेलन में कई अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी, लेकिन वह इतना अवश्य कहना चाहेंगे कि एआई हमारी सुविधा के लिए होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “मैं इस बारे में अवश्य कहना चाहूंगा कि एआई हमारे लिए सुविधा है। यह हमारे लिए सहायक बनेगा, हमारे कार्यों को आसान बनाएगा और हमारे दृष्टिकोण को नयी ऊंचाई देने में योगदान करेगा, लेकिन हमें यह अवश्य ध्यान रखना होगा कि कोई भी तकनीक मानव द्वारा संचालित होनी चाहिए, मानव उसके द्वारा संचालित न हो।”
कोलकाता ब्रेकिंग: आदर्श कभी नहीं मरते : ममता बनर्जी ने ‘मास्टर दा' सूर्य सेन की पुण्यतिथि पर कहा
उन्होंने कहा, ‘‘चटगांव के ब्रिटिश विरोधी स्वतंत्रता संग्राम के महान नायक, शहीद मास्टर दा सूर्य सेन की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। आदर्श कभी नहीं मरते और इसलिए वह अमर रहते हैं।’’
‘मास्टर दा’ के नाम से मशहूर सेन को ऐतिहासिक चटगांव शस्त्रागार लूट में उनके नेतृत्व के लिए याद किया जाता है।
जम्मू-कश्मीर ब्रेकिंग: पुलिस की कार्रवाई में नौ संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर पकड़े गए
उन्होंने बताया कि सोपोर में डांगरपोरा रोड पर एक जांच चौकी पर पुलिस ने दो संदिग्धों माजिद अशरफ खान और मुसादिक मेहराज को रोककर उनके पास से स्पास्मो-प्रॉक्सिवोन प्लस के कैप्सूल बरामद किए। प्रवक्ता ने बताया कि इसी तरह, नथीपोरा-तुज्जर लिंक रोड पर उमर मोहम्मद नामक व्यक्ति से चरस जैसा पदार्थ मिला, जबकि सोपोर बस अड्डे के पास नासिर यूसुफ शाह से हेरोइन और अल्प्राजोलम की गोलियां बरामद की गईं।
एटा ब्रेकिंग: युवती और उसके प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह ने कहा कि गढ़िया सुहागपुर गांव में हुए इस हत्याकांड के सिलसिले में युवती के परिवार के कुछ सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अशोक की बेटी शिवानी (20) और राधेश्याम के बेटे दीपक (25) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव और समुदाय के थे। पुलिस ने बताया कि शिवानी और दीपक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।
उसने बताया कि दीपक शाम करीब 8.30 बजे शिवानी से मिलने उसके घर गया था और इसी दौरान युवती के परिजनों ने छत पर दोनों को कथित तौर पर ‘‘आपत्तिजनक’’ स्थिति में पाया।
झारखंड ब्रेकिंग: चोरी के संदेह में सात साल के बच्चे को पेड़ से बांधकर पीटा, आरोपी गिरफ्तार
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर 20 सेकंड का एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई। इस वीडियो में नाबालिग के हाथ-पैर बंधे हुए दिखाई दे रहे हैं, उसे पीटा जा रहा है।
'पीटीआई' स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करती है। यह घटना नौ जनवरी को पतरातू थाना क्षेत्र की डीजल कॉलोनी में हुई। आरोपी की पहचान बबलू प्रसाद उर्फ टीकाधारी के रूप में हुई है, जिसे शनिवार को पकड़ा गया।
पटना ब्रेकिंग: पटना हवाई अड्डे में सुरक्षा जांच के दौरान बेहोश होकर गिरने के बाद महिला की मौत
उन्होंने बताया कि वहां मौजूद एक चिकित्सक को तुरंत बुलाया गया और महिला को प्राथमिक उपचार के साथ 'कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन' (सीपीआर) दिया गया।
दुनिया ब्रेकिंग: इक्वाडोर में समुद्र तट पर रस्सियों से लटके मिले पांच मानव सिर
इक्वाडोर के मीडिया संस्थानों द्वारा जारी की गई तस्वीरों में खून से सने सिर का भयावह दृश्य दिखाई दिया। सिरों के पास एक चेतावनी संदेश भी रखा गया था, जो बंदरगाह पुएर्तो लोपेज में मछुआरों से कथित तौर पर वसूली करने वालों के लिए था।
समुद्र तट पर लगे लकड़ी के खंभों से रस्सियां बंधी हुई थीं। पुलिस की एक रिपोर्ट में इस घटना को आपराधिक गिरोहों के बीच संघर्ष का नतीजा बताया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस इलाके में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह सक्रिय हैं, जो अपने अवैध कार्यों के लिए मछुआरों और उनकी छोटी नौकाओं का इस्तेमाल करते रहे हैं।
स्वामी विवेकानन्द ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित किया : राष्ट्रपति मुर्मू
स्वामी विवेकानन्द का जन्म 12 जनवरी, 1863 को तत्कालीन कलकत्ता में हुआ था और उनके बचपन का नाम नरेन्द्रनाथ दत्त था। उनकी जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘स्वामी विवेकानंद एक शाश्वत दूरदर्शी और आध्यात्मिक प्रतीक हैं, उन्होंने उपदेश दिया कि आंतरिक शक्ति और मानवता की सेवा एक सार्थक जीवन की नींव है। उन्होंने भारत के शाश्वत ज्ञान को दुनिया तक पहुंचाया।’’
राष्ट्रपति ने कहा कि विवेकानन्द ने भारतीयों में राष्ट्रीय गौरव की अनुभूति पैदा की और उनकी शिक्षाएं मानवता को प्रेरित करती रहेंगी।
आज की ताजा खबर: दक्षिणी लेबनान में इजरायल के हवाई हमले
रिपोर्ट के मुताबिक, हमलों से पहले इजरायली सेना ने स्थानीय लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी जारी की थी। इजरायल का कहना है कि वह हिज़्बुल्लाह से जुड़े चार ठिकानों को निशाना बनाएगा। चेतावनी के कुछ ही समय बाद इजरायली लड़ाकू विमानों ने कफर हत्ता में 10 से ज्यादा हवाई हमले किए।
आज की ताजा खबर: पीएम मोदी से आज मुलाकात करेंगे जर्मन चांसलर
वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 12 से 13 जनवरी तक दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत में अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। प्रधानमंत्री मोदी आज बाद में अहमदाबाद में चांसलर मर्ज से मिलेंगे।
आज की ताजा खबर: इसरो आज लॉन्च करेगा 2026 का पहला अंतरिक्ष मिशन
पीएसएलवी सी62 राकेट अर्थ आब्जर्वेशन सेटेलाइट (ईओएस-एन1) और 14 अन्य उपग्रहों को अंतरिक्ष में ले जाएगा। यह मिशन इसरो की कमर्शियल शाखा न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) द्वारा संचालित किया जा रहा है।
