आज की ताजा खबर, 12 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मुंबई में भूस्खलन के कारण दो की मौत, कई अन्य फंसे...मणिपुर में आगजनी, पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में अमेरिकी अदालत 20 नवंबर को सुनाएगी सजा
आज की ताजा खबर लाइव, 12 अगस्त 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [मुंबई भूस्खलन], [झारखंड छात्र प्रदर्शन], [लोकसभा कार्यवाही अपडेट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: राहुल गांधी ने अमेरिका की एक अदालत द्वारा उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले को खारिज किए जाने का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भारत के हितों को बेच दिया गया है। इसके अलावा मुंबई में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई है और छह घायल हैं। वहीं, मुंबई के कुर्ला इलाके में भूस्खलन के कारण दो लोगों की मौत की आशंका है और कई अन्य फंसे हुए हैं। इसके अलावा, मणिपुर के कांगपोकपी में हथियारबंद बदमाशों ने नगा गांव के कई घरों में आगजनी की है। पढ़ें- देश और दुनिया का हर बड़ा अपडेट
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़),[मुंबई भूस्खलन], [झारखंड छात्र प्रदर्शन], [लोकसभा कार्यवाही अपडेट] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: मणिपुर के कांगपोकपी जिले में हथियारबंद बदमाशों ने नगा समुदाय के एक गांव पर हमला कर कई घरों में आगजनी की है। वहीं, अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक जहाज पर गोलाबारी की है। इसके अलावा, अमेरिका की एक संघीय अदालत सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने का आरोप स्वीकार करने वाले निखिल गुप्ता को 20 नवंबर को सजा सुनाएगी। इधर, मुंबई के कुर्ला इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में दो लोगों के मारे जाने की आशंका है तथा छह से आठ अन्य लोग फंसे हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन की घटना तड़के तीन बजकर 48 मिनट पर चिराग नगर स्थित गौसिया चॉल में हुई। देश और दुनिया की हर बड़ी खबर के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।
कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और हावड़ा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के वार्डों के परिसीमन से जुड़ा बिल आज पश्चिम बंगाल विधानसभा में पेश किया जाएगा
अमेरिका-दक्षिण कोरिया सैन्य अभ्यास से पहले उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर एक और मिसाइल दागी
ऐसा माना जा रहा है कि यह परीक्षण दक्षिण कोरिया और अमेरिका के प्रस्तावित संयुक्त सैन्य अभ्यास के विरोध में किया गया है जिसे उत्तर कोरिया अपने खिलाफ हमले की तैयारी के तौर पर देखता है।
दक्षिण कोरिया के ’ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने कहा कि उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय वोनसान क्षेत्र से सुबह करीब छह बजे दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल ने 700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। उसने कहा कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया उत्तर कोरिया की उकसावे वाली हर प्रकार की कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने एक बयान जारी कर उत्तर कोरिया से बैलिस्टिक मिसाइलों का प्रक्षेपण रोकने का आग्रह किया।
परिषद ने कहा कि ’’उकसावे वाली ये कार्रवाइयां’’ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन हैं।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के कई प्रस्तावों के तहत उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण पर प्रतिबंध है लेकिन उसके नेता किम जोंग उन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच 2019 में उच्चस्तरीय कूटनीतिक प्रयास विफल होने के बाद उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु और मिसाइल हथियारों के भंडार को बढ़ाने के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों और अन्य हथियारों के परीक्षण तेज कर दिए हैं।
अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक जहाज पर गोलाबारी की
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर आर्थिक दबाव बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
’यूएस सेंट्रल कमांड’ ने बताया कि जहाज ने रुकने की चेतावनियों की अनदेखी की। इसके बाद एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर ने एम/वी वेला नोवा के इंजन कक्ष पर मिसाइलें दागीं, जिससे जहाज चलने की स्थिति में नहीं रहा।
यूएस सेंट्रल कमांड के बयान में यह नहीं बताया गया कि इस कार्रवाई में जहाज के चालक दल का कोई सदस्य हताहत हुआ या नहीं।
प्रधानमंत्री ने भारत के हितों को बेच दिया है : राहुल गांधी
गांधी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’इस मामले में जितना दिखाई दे रहा है, यह उससे कहीं अधिक है। कमजोर प्रधानमंत्री भारत के हितों को बेचने के लिए मजबूर हुए हैं। भारत इसकी भारी कीमत चुका रहा है।’’
अमेरिका की एक अदालत ने अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और उनके भतीजे सागर अदाणी के खिलाफ प्रतिभूति धोखाधड़ी से जुड़े आपराधिक मामले को स्थायी रूप से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही यह मुकदमा बिना सुनवाई के समाप्त हो गया।
मुंबई में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत, छह घायल
अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे शांता भवन इमारत की 11वीं मंजिल पर स्थित दो फ्लैट में आग लगी।
उन्होंने बताया कि आग दोनों फ्लैट में करीब 4,000 वर्ग फुट क्षेत्र में बिजली के तारों और उपकरणों, एसी यूनिट तथा अन्य घरेलू सामान में फैल गई।
अग्निशमन विभाग के दो कर्मचारियों समेत आठ लोग घायल हो गए जिन्हें दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि अबीर (ढाई वर्ष) और अंकिता (23) को नानावटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि चार अन्य घायलों में से दो को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और दो अन्य की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, घायल अग्निशमनकर्मियों मनोज सोनवणे (30) और शिवम द्विवेदी (29) को कूपर अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचे अग्निशमनकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब एक बजे आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में अमेरिकी अदालत 20 नवंबर को सुनाएगी सजा
न्यूयॉर्क के ’सदर्न डिस्ट्रिक्ट’ की संघीय अदालत ने गुप्ता को सजा सुनाने के लिए पहले 25 सितंबर की तारीख तय की थी, लेकिन ’’हत्या की साजिश के कथित तौर पर निशाने पर रहे व्यक्ति’’ के अनुरोध के बाद सुनवाई टाल दी गई।
अदालती दस्तावेजों में पीड़ित का नाम नहीं बताया गया है, लेकिन पन्नू के वकील ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि कथित रूप से सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश में पन्नू ही निशाने पर थे।
अमेरिका के ’सदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क’ की जिला अदालत में दाखिल एक पत्र में अभियोजकों ने कहा कि अज्ञात पीड़ित ’’सजा सुनाए जाने की कार्यवाही में शामिल होना चाहता है’’ और उसने 25 सितंबर की सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया है क्योंकि उस समय वह देश से बाहर होगा।
न्यायाधीश विक्टर मारेरो ने अनुरोध स्वीकार करते हुए गुप्ता को सजा सुनाने की तारीख 20 नवंबर पूर्वाह्न 10 बजे तय की।
गुप्ता ने पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े तीनों आरोपों-सुपारी देकर हत्या कराने, सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश रचने और धनशोधन की साजिश रचने- के मामले में 13 फरवरी को अपना दोष स्वीकार कर लिया था।
सुपारी देकर हत्या कराने के मामले में अधिकतम 10 साल की जेल, इसकी साजिश रचने के अपराध में अधिकतम 10 साल की जेल और धनशोधन की साजिश रचने के अपराध में अधिकतम 20 साल की जेल की सजा हो सकती है।
गुप्ता को 30 जून 2023 को चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था और एक साल बाद उसे अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया।
जिम्बाब्वे की करिबा झील में नौका पलटने से कम से कम 15 लोगों की मौत, 27 लापता
एजेंसी के अनुसार, 90 लोगों को ले जाने में सक्षम नौका में उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे।
उसने बताया कि 77 लोगों को बचाकर झील के एक छोटे द्वीप पर पहुंचा दिया गया है एवं उन्हें वापस लाने के लिए नौकाएं भेजी जा रही हैं।
जिम्बाब्वे के सरकारी प्रसारक ’जेडबीसी’ ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें तेज गति वाली कुछ नौकाएं झील में पलटी हुई नौका की ओर जाती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान एक हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल के ऊपर चक्कर लगाता दिख रहा है।
जिम्बाब्वे की नागरिक सुरक्षा इकाई ने एक बयान में कहा कि टिकटों की बिक्री के आंकड़ों के अनुसार, नौका पर 114 वयस्क यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। बयान में कहा गया है कि संभव है कि नौका पर ऐसे बच्चे भी सवार हों, जिनके लिए टिकट की आवश्यकता नहीं होती।
मणिपुर के कांगपोकपी में हथियारबंद बदमाशों ने नगा गांव के कई घरों में आगजनी की
अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों ने तुमनौपोकपी थंगल गांव के पास स्थित तोकपा लियांगमई नगा गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे गोलीबारी की और फिर कई घरों में आग लगा दी।
अधिकारियों के अनुसार, इस बारे में सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है कि कितने घरों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकतर मकान कच्चे हैं।
मुंबई के कुर्ला इलाके में भूस्खलन के कारण दो लोगों की मौत की आशंका, कई अन्य फंसे
उन्होंने बताया कि दमकल विभाग, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एंबुलेंस सेवा और नगर निकाय के वार्ड कर्मचारियों के दल मौके पर तैनात हैं तथा खोज एवं बचाव अभियान जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में दो लोगों के मारे जाने की आशंका है।
अधिकारी के अनुसार, इस घटना में सोहेल अंसारी (18) के सिर पर और मोहम्मद अंसारी (14) की पीठ पर चोट आई है। दोनों का कुर्ला स्थित भाभा अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है।
मुंबई की महापौर रितु तावड़े भी घटनास्थल पर पहुंचीं और उन्होंने वहां जारी खोज एवं बचाव अभियान का जायजा लिया।
