LIVE

BRICS Summit 2026 (11 सितंबर की ताजा खबरें): चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग आ रहे भारत, दिल्ली में ब्रिक्स समिट का मंच तैयार; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

अनुराग गुप्ताUpdated Sep 12, 2026, 08:06 IST

11 September 2026 की ताजा खबरें: BRICS Summit 2026, PM Modi-Xi Jinping-Putin, India-China-Russia Relations और West Asia Crisis से जुड़े सभी बड़े अपडेट यहां पढ़ें।

BRICS Summit 2026 (11 सितंबर की ताजा खबरें): चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग आ रहे भारत, दिल्ली में ब्रिक्स समिट का मंच तैयार; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
BRICS Summit 2026 (11 सितंबर की ताजा खबरें): चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग आ रहे भारत, दिल्ली में ब्रिक्स समिट का मंच तैयार; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

11 September 2026 की ताजा खबरें: नई दिल्ली में भारत शनिवार और रविवार (12-13 सितंबर) को 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में BRICS के सदस्य और साझेदार देशों के नेता तथा आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इस वर्ष भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” यानी लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “Humanity First” की भावना पर आधारित जन-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती है।

भारत की अध्यक्षता में इस वर्ष अब तक देश के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य BRICS की रणनीतिक साझेदारी को तीन प्रमुख स्तंभों- राजनीतिक एवं सुरक्षा, आर्थिक एवं वित्तीय तथा सांस्कृतिक एवं जन-जन के बीच संपर्क के तहत और मजबूत करना है।

SEPT 12, 2026 08:06 IST

प्रधान न्यायाधीश ने भारतीय मध्यस्थता परिषद के गठन में देरी पर चिंता जताई

भारतीय मध्यस्थता परिषद के गठन में देरी का मुद्दा उठाते हुए उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने शुक्रवार को भारत की मध्यस्थता व्यवस्था में बुनियादी बदलाव की जरूरत बताई। उन्होंने मध्यस्थता संस्थानों और विशेषज्ञों से वैधानिक नियामक के काम शुरू करने का इंतजार करने के बजाय स्व-नियमन विकसित करने का आग्रह किया। ’मुंबई सेंटर फॉर इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन’ द्वारा आयोजित ’इंडिया एडीआर वीक 2026’ को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने मध्यस्थों के लिए एक अंतर-संस्थागत सार्वजनिक सूचना रजिस्टर बनाने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा, ’’मैं एक असुविधाजनक तथ्य की ओर ध्यान दिलाना चाहता हूं। मध्यस्थता के लिए राष्ट्रीय नियामक निकाय यानी भारतीय मध्यस्थता परिषद बनाने वाला कानून 2019 में पारित हुआ था। अब छह साल से अधिक समय हो चुका है, लेकिन यह परिषद अभी भी अस्तित्व में नहीं आई है।’’

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ’’मैं यह किसी को शर्मिंदा करने के लिए नहीं कह रहा हूं। मुझे पता है कि सरकार एक नए मध्यस्थता विधेयक पर काम कर रही है, जो इस संस्था को नया स्वरूप दे सकता है। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि यह सभा केवल दिल्ली (केंद्र सरकार) के इस फैसले का इंतजार नहीं कर सकती कि मध्यस्थता समुदाय को खुद को कैसे विनियमित करना चाहिए।’’
SEPT 12, 2026 07:35 IST

बाढ़ की चपेट में बिहार का भागलपुर, त्राहिमाम कर रहे लोग

SEPT 12, 2026 07:19 IST

BRICS Summit 2026: चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग दिल्ली के लिए हुए रवाना

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बीजिंग से रवाना हो गए। शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी राष्ट्रपति के प्रतिनिधिमंडल में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (CPC) सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो की स्टैंडिंग कमेटी के मेंबर और सीपीसी सेंट्रल कमेटी के जनरल ऑफिस के डायरेक्टर और सीपीसी सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो के मेंबर और चीन के विदेश मंत्री शामिल हैं।
SEPT 12, 2026 06:58 IST

'मैं दिल से PM मोदी का आभारी...', नागांव से टिकट मिलने पर बोले देबाशीष शर्मा

भाजपा नागांव लोकसभा उपचुनाव उम्मीदवार देबाशीष शर्मा ने कहा,"मैं दिल से पीएम मोदी, पार्टी अध्यक्ष, सीएम और पार्टी के सभापति, सभी विधायकों को नगांव लोकसभा के सारे लोगों को धन्यवाद करता हूं....अल्पसंख्यक वोट ज्यादा है अल्पसंख्यक का ये मतलब नहीं वो बीजेपी को पसंद नहीं करते हैं वो बिल्कुल पसंद करते हैं अनुकूल परिस्थिति उन्हें अगर मिले तो वो दिखा देंगे जरूर और इस बार ये परिस्थिति आई है।"
SEPT 12, 2026 06:53 IST

मोदी-जिनपिंग मुलाकात भारत-चीन संबंधों और ब्रिक्स सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर: विशेषज्ञ

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाली द्विपक्षीय वार्ता से दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने और ब्रिक्स सहयोग को नयी गति प्रदान करने का अवसर मिलेगा।

जिनपिंग शनिवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली पहुंचेंगे। सात साल में भारत की यह उनकी पहली यात्रा होगी। शिखर सम्मेलन से इतर चीनी राष्ट्रपति का प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी प्रस्तावित है।

भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की चीन शाखा के कार्यकारी निदेशक अतुल दलाकोटी दोनों नेताओं की द्विपक्षीय वार्ता को लेकर बहुत आशान्वित हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने अपनी पिछली मुलाकातों के दौरान ’’बेहतर तालमेल’’ का प्रदर्शन किया था और उनकी बातचीत के नतीजे आम तौर पर सकारात्मक रहे थे।

दलाकोटी ने कहा, ’’मुझे लगता है कि जब भी ये दोनों नेता मिले हैं - और वे कई बार मिले हैं - तो नतीजे हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं। इसलिए, उनके बीच बेहतर आपसी तालमेल है। भारत ने इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता के लिए कड़ी मेहनत की है। और अगले साल चीन की बारी है।’’ भारत ने एक जनवरी को चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली।
SEPT 12, 2026 06:52 IST

उत्तर कोरिया ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें

North Korea Missile Launch: उत्तर कोरिया ने शनिवार को समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। उत्तर कोरिया ने ऐसे समय पर मिसाइलें दागीं हैं जब एक दिन पहले ही अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान की संयुक्त मिलिट्री ड्रिल समाप्त हुई, जिसे उत्तर कोरिया अपनी सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा मानता है। हालांकि, अमेरिका इसे तत्काल खतरे के तौर पर नहीं देखता है।
SEPT 12, 2026 06:51 IST

PM मोदी ने ब्रिक्स से व्यापार बाधाएं हटाने का किया आह्वान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नौवहन की स्वतंत्रता और नाविकों की सुरक्षा का आह्वान किया। उन्होंने यहां कहा, ’’वैश्विक व्यापार तभी आगे बढ़ सकता है जब समुद्री मार्ग सुरक्षित हों, आपूर्ति मार्ग खुले रहें और नाविक सुरक्षित हों। यही वजह है कि भारत नौवहन की स्वतंत्रता और नाविकों की सुरक्षा का पुरजोर समर्थक है।’’

मोदी ने यहां ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए इस समूह से अपनी शीर्ष 10 व्यापार बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर करने, हर साल 100 ब्रिक्स स्टार्टअप को अन्य सदस्य बाजारों में विस्तार देने और सालाना 1,000 नई व्यावसायिक साझेदारियां बनाने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दो लाख से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप और 120 यूनिकॉर्न (एक अरब डॉलर से अधिक मूल्यांकन वाले स्टार्टअप) के साथ भारत समाधानों का एक वैश्विक केंद्र बन रहा है।
मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत वृद्धि और स्थिरता के लिए विश्वास का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया भर में व्यापार बाधाएं बढ़ रही हैं, भारत आर्थिक सेतुओं का निर्माण कर रहा है।

यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब दो क्षेत्रों में युद्ध और भू-राजनीतिक संघर्ष महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों से ऊर्जा और अन्य व्यापार को बाधित कर रहे हैं, जिससे कीमतें बढ़ रही हैं और आपूर्ति शृंखलाएं प्रभावित हो रही हैं। अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान भारतीय जहाजों पर हमले हुए हैं और देश के नाविकों का समुद्री लुटेरों द्वारा अपहरण किया गया है।
SEPT 12, 2026 06:51 IST

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले PM मोदी ने UN प्रमुख के साथ बैठक की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अलग-अलग जगहों पर जारी संघर्ष, नौवहन की स्वतंत्रता, सतत विकास, मानव-केंद्रित एआई और वैश्विक खाद्य सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने बहुध्रुवीय विश्व के महत्व और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) समेत बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया, ताकि वे "वर्तमान वास्तविकताओं" को दर्शा सकें। नयी दिल्ली में 12-13 सितंबर को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यहां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर संयुक्त राष्ट्र महासचिव से मुलाकात की। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस ने चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। दोनों नेताओं ने बहुध्रुवीय विश्व के महत्व और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समेत बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार की जरूरत पर जोर दिया, ताकि वे वर्तमान वास्तविकताओं को दर्शा सकें।"
SEPT 12, 2026 06:50 IST

दिल्ली का ट्रैफिक अपडेट देखकर ही घर से निकलें

राष्ट्रीय राजधानी में 18वें ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन के मद्देनजर शनिवार को कई प्रमुख सड़कों पर यातायात संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी। दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह साढ़े नौ बजे से रात साढ़े नौ बजे तक कई सड़कों पर प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेंगे।

यातायात प्रतिबंधों का विशेष रूप से असर भारत मंडपम/प्रगति मैदान के आसपास की सड़कों पर पड़ेगा। मध्य दिल्ली क्षेत्र को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिमी दिल्ली से जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा। परामर्श में चिह्नित प्रमुख मार्गों में रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट/सी-हेक्सागन क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, एनएच-48 और परेड रोड के अलावा लुटियंस दिल्ली क्षेत्र की कई सड़कें शामिल हैं।