LIVE

आज की ताजा खबर 11 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: जयपुर में सीएम भजन लाल शर्मा के काफिले से भिड़ी कार, कई पुलिसकर्मी घायल, मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद कमेटी ने उपासना स्थल अधिनियम के समर्थन में दाखिल की याचिका; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आयुष सिन्हाUpdated Dec 11, 2024, 18:27 IST

आज की ताजा खबर 11 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: जयपुर में सीएम भजन लाल शर्मा के काफिले से भिड़ी कार, कई पुलिसकर्मी घायल, मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद कमेटी ने उपासना स्थल अधिनियम के समर्थन में दाखिल की याचिका; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर 11 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: जयपुर में सीएम भजन लाल शर्मा के काफिले से भिड़ी कार, कई पुलिसकर्मी घायल, मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद कमेटी ने उपासना स्थल अधिनियम के समर्थन में दाखिल की याचिका; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर 11 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा के काफिले से एक कार टकरा गई। इस हादसे में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा घायल पुलिसकर्मियों को लेकर खुद अस्पताल पहुंचे। ये हादसा एनआरआई सर्किल के पास हुआ है। हालांकि हादसा कैसे हुआ अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। मथुरा की शाही मस्जिद ईदगाह समिति ने पूजा स्थल अधिनियम, 1991 को चुनौती देने वाली याचिकाओं में हस्तक्षेप करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक आवेदन दायर किया है। समिति का कहना है कि पूजा स्थल अधिनियम के खिलाफ याचिकाओं के निर्णय से आवेदक पर सीधे तौर पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ने की संभावना है (क्योंकि वह कृष्ण जन्मभूमि के संबंध में दावों का विरोध कर रहा है)। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने आबाकरी नीति मामले से जुड़े करप्शन और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मनीष सिसोदिया की जमानत की शर्तों में बदलाव की मांग को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा अमेरिका ने भारत और बांग्लादेश से अपने मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का अनुरोध किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने मंगलवार को अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। भारत के विदेश सचिव की हाल में हुई बांग्लादेश की यात्रा पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मिलर ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि सभी पक्ष अपने मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं।’’ वहीं भारत ने सीरिया में विद्रोही बलों द्वारा बशर अल असद की सरकार को अपदस्थ किए जाने के दो दिन बाद मंगलवार को वहां से 75 भारतीय नागरिकों को बाहर निकाला। विदेश मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा स्थिति के आकलन के बाद दमिश्क और बेरूत स्थित भारतीय दूतावासों ने निकासी की समन्वित प्रक्रिया की।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव


  • शराब घोटाला मामले में सिसोदिया को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने उनकी माग को दी मंजूरी
  • उपासना स्थल अधिनियम, 1991 के समर्थन में उतरी मथुरा की शाही मस्जिद कमेटी
  • सभी पक्ष शांतिपूर्ण तरीके से मतभेद सुलझाएं: भारत-बांग्लादेश संबंधों पर अमेरिका
  • इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के साथ संबंधों पर सीरिया को चेतावनी दी
  • भारत ने सीरिया से 75 नागरिकों को निकाला, सीरिया में इजराइल ने किए हवाई हमले
  • कपूर परिवार ने मोदी से की मुलाकात, राज कपूर फिल्म महोत्सव के लिए किया आमंत्रित
  • अदाणी ने कोलंबो बंदरगाह परियोजना के लिए अमेरिकी वित्तपोषण का अनुरोध वापस लिया

DEC 11, 2024 17:15 IST

'पप्पू फेल हो गया...' ममता बनर्जी के इंडिया ब्लॉक में नेतृत्व के प्रयास पर BJP नेता अनिल विज ने साधा निशाना

इंडिया गठबंधन में राहुल गांधी की भूमिका पर मचे बवाल के बीच हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि पहले दिन से ही हम कह रहे हैं कि 'पप्पू फेल हो गया'। अब उनके दोस्तों ने भी यही स्वीकार किया है। कोई भी उनकी (इंडिया ब्लॉक) कार नहीं चला सकता। वे फिर से इंजन बदलना चाहते हैं, लेकिन यह काम नहीं करेगा। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 11, 2024 16:45 IST

दिल्ली वक्फ बोर्ड धन शोधन मामले में न्यायालय ने दो आरोपियों को जमानत दी

उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को दिल्ली वक्फ बोर्ड धन शोधन मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को जमानत दे दी। न्यायालय ने उनके लंबे समय से जेल में रहने तथा निकट भविष्य में मुकदमा शुरू होने की संभावना नहीं होने को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया। न्यायमूर्ति अभय एस. ओका और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा कि जीशान हैदर और दाउद नासिर 11 नवंबर, 2023 को गिरफ्तारी के बाद से जेल में हैं और उनके खिलाफ अब तक आरोप भी तय नहीं किए गए हैं।
DEC 11, 2024 16:41 IST

जयपुर में सीएम भजन लाल शर्मा के काफिले से भिड़ी कार

राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा के काफिले से एक कार टकरा गई। इस हादसे में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा घायल पुलिसकर्मियों को लेकर खुद अस्पताल पहुंचे। ये हादसा एनआरआई सर्किल के पास हुआ है। हालांकि हादसा कैसे हुआ अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
DEC 11, 2024 16:18 IST

'संसद में मेरे खिलाफ की गईं अपमानजनक टिप्पणियां हटाई जाएं'- राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को सदन के अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर आग्रह किया कि उनके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा की गई अपमाजनक टिप्पणियों को कार्यवाही से हटाया जाए। राहुल गांधी का यह भी कहना था कि विपक्ष तो चाहता है कि सदन चले, लेकिन सरकार अदाणी समूह से जुड़े मामले पर चर्चा नहीं चाहती। बिरला से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, मैंने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर कहा कि मेरे खिलाफ की जाने वाली अपमानजनक टिप्पणियों को हटाया जाना चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा है कि वह इस पर गौर करेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 11, 2024 15:22 IST

अवैध घुसपैठ के लिए 3 बांग्लादेशियों को सजा

एनआईए की विशेष अदालत ने भारत में अवैध घुसपैठ करने और फर्जी दस्तावेज रखने के जुर्म में तीन बांग्लादेशियों को पांच साल कैद की सजा सुनाई है। एजेंसी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार मुंबई में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की विशेष अदालत ने मोहम्मद हबीबुर रहमान हबीब उर्फ ​​राज जेसुब मंडल, हन्नान अनवर हुसैन खान उर्फ ​​हन्नान बाबुराली गाजी और मोहम्मद अजर अली सुभानल्लाह उर्फ ​​राजा जेसुब मंडल पर 2,000-2,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। एनआईए ने कहा कि यह मामला पुणे पुलिस द्वारा मार्च 2018 में दर्ज की गई एक प्राथमिकी से शुरू हुआ था। इस प्राथमिकी में पुणे में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे कई बांगलादेशी नागरिकों के बारे में जानकारी मिली थी। साथ ही यह भी पता चला था कि ये नागरिक प्रतिबंधित आतंकवादी समूह अल-कायदा के मुखौटा संगठन एबीटी के सदस्यों को मदद और समर्थन दे रहे थे।
DEC 11, 2024 14:15 IST

विपक्ष ने न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग के लिए सांसदों के हस्ताक्षर लेने शुरू किए

विपक्षी दलों ने विवादास्पद टिप्पणी करने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति शेखर यादव के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस देने की मुहिम शुरू कर दी है और इसके लिए सांसदों के हस्ताक्षर लिए जा रहे हैं। कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अब तक राज्यसभा के 30 से अधिक सदस्यों के हस्ताक्षर ले लिए गए हैं और संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र में ही इसके लिए नोटिस दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह गंभीर मामला है। हम संसद के इसी सत्र में महाभियोग के लिए नोटिस देंगे।’’ न्यायमूर्ति यादव ने रविवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए विवादास्पद टिप्पणी की थी। प्रस्ताव से जुड़ा नोटिस 100 लोकसभा सदस्यों या 50 राज्यसभा सदस्यों द्वारा पेश किया जाना चाहिए। राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मंगलवार को कहा था कि महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस दिया जाएगा। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ‘‘कोई भी न्यायाधीश इस तरह का बयान देता है तो वह अपने पद की शपथ का उल्लंघन करता है। अगर वह पद की शपथ का उल्लंघन कर रहा है, तो उसे उस कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है।’’
DEC 11, 2024 14:14 IST

छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, बारूदी सुरंग विस्फोट में दो जवान घायल

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया तथा हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। वहीं, नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुनगा गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया। उन्होंने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर् त मुनगा गांव के जंगल में नक्सली नेता दिनेश मोड़ियाम, आकाश हेमला, कंपनी नंबर दो के कमांडर वेल्ला, मिलिशिया प्लाटून कमांडर कमलू तथा लगभग 40 अन्य नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला रिजर्व बल (डीआरजी) के दल को आज अभियान पर रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जब सुरक्षाबल के जवान मुनगा गांव के जंगल में पहुंचे तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर हमला किया, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस घटना में एक नक्सली मारा गया। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक नक्सली का शव, 9एमएम पिस्तौल, बारूदी सुरंग, बारूदी सुरंग विस्फोट में इस्तेमाल किए जाने वाले छह रिमोट और अन्य सामग्री बरामद की है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नक्सलियों ने मुनगा गांव के करीब बारूदी सुरंग में विस्फोट किया जिसमें डीआरजी के दो जवानों को मामूली चोट पहुंची है। चोट के बावजूद जवानों ने नक्सलियों की गोलीबारी का जवाब दिया है। अधिकारियों ने बताया कि घायल डीआरजी जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
DEC 11, 2024 13:37 IST

उत्तरी गाजा में इजराइल के हमले में 19 लोगों की मौत : फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारी

उत्तरी गाजा पट्टी में एक मकान को निशाना बनाकर किए गए इजराइल के हमले में कम से कम 19 लोग मारे गए हैं। इस मकान में विस्थापित लोगों ने शरण ली हुई थी। फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कमाल अदवान अस्पताल ने बताया कि बेत लाहिया कस्बे में रात भर जारी हमले के बाद बुधवार को हताहतों को अस्पताल लाया गया था। इस मामले में इजराइल की सेना ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। इजराइल अक्टूबर की शुरुआत से ही उत्तरी गाजा में हमास आतंकवादियों के विरुद्ध नए सिरे से हमले कर रहा है। अस्पताल के रिकॉर्ड से पता चलता है कि मरने वालों में आठ लोग एक ही परिवार से थे, जिसमें चार बच्चे, उनके माता-पिता और दादा-दादी शामिल थे। युद्ध की शुरुआत तब हुई जब सात अक्टूबर, 2023 को हमास के नेतृत्व वाले आतंकवादियों ने इजराइल पर धावा बोल दिया। हमास के इस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे जा चुके हैं। इनमें ज्यादातर आम नागरिक थे और लगभग 250 लोगों का अपहरण कर लिया गया। लगभग 100 बंधक अब भी गाजा के अंदर हैं, जिनमें से कम से कम एक तिहाई के मारे जाने की आशंका है।
DEC 11, 2024 13:37 IST

एएसआई 17 दिसंबर से शुरू कर सकता है जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार की मरम्मत

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) पुरी के जगन्नाथ मंदिर में रत्न भंडार की मरम्मत का काम 17 दिसंबर से शुरू कर सकता है। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढ़ी ने सेवायतों की शीर्ष संस्था ‘छत्तीसा निजोग’ की बैठक के बाद इस निर्णय की मंगलवार को घोषणा की। पाढ़ी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ अंतरिम रूप से निर्णय लिया गया है कि एएसआई 17 दिसंबर से रत्न भंडार की मरम्मत का काम शुरू कर देगा जो दो-तीन महीने में पूरा हो सकता है।’’ उन्होंने कहा कि एसजेटीए एएसआई को सभी तरह का सहयोग करेगा ताकि यह मरम्मत कार्य सुचारू ढंग से हो। उन्होंने कहा ,‘‘ मरम्मत का काम दोपहर एक बजे शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। हालांकि, 31 दिसंबर और एक जनवरी को श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए काम को एक या दो दिन के लिए रोका जा सकता है। रत्न भंडार की मरम्मत के काम से 12वीं सदी के इस मंदिर में होने वाले नियमित अनुष्ठानों पर किसी भी तरह का असर नहीं पड़ेगा।’’ पाढ़ी ने कहा कि श्रद्धालुओं को मंदिर के बाहरी हिस्से से देवताओं के दर्शन की अनुमति होगी तथा उन्हें आंतरिक भाग में नहीं आने दिया जाएगा। अधीक्षण पुरातत्वविद डी बी गरनाइक ने बैठक में संबंधित पक्षों को मरम्मत कार्य की रूपरेखा समझाई। इससे पहले, एएसआई ने हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान की सहायता से रत्न भंडार या खजाने का ‘भू-भेदक रडार-जीपीएस’ सर्वेक्षण किया था। अधिकारियों ने कहा कि संस्थान ने पिछले महीने एएसआई को अपनी सर्वे रिपोर्ट सौंपी थी।
DEC 11, 2024 13:34 IST

गोवा: आप ने नौकरी के लिए नकदी घोटाले की न्यायिक जांच की मांग की

आम आदमी पार्टी ने बुधवार को गोवा में नौकरी के नाम पर किए गए नकदी घोटाले की न्यायिक जांच की मांग उठाई और दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच से कोई नतीजा नहीं निकलेगा। सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने कई लोगों को ठगे जाने संबंधी मामले के सिलसिले में गोवा पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए गोवा आप इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने कहा कि मीडिया में आई खबरों में ईडी द्वारा घोटाले की जांच शुरू कर दिए जाने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मुझे लगता है कि ईडी की जांच से कोई नतीजा नहीं निकलेगा क्योंकि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ही एक एजेंसी है।’’ पालेकर ने आरोप लगाया कि इस घोटाले में भाजपा के कुछ पदाधिकारी शामिल हैं और इसलिए आम आदमी पार्टी ने इसकी न्यायिक जांच की मांग की है। गोवा में इस तरह की कई शिकायतें दर्ज की गईं हैं, जिसमें सरकारी नौकरी के कई इच्छुक उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि उन्हें रोजगार दिलाने के नाम पर कुछ लोगों को लाखों रुपये देने के लिए मजबूर किया गया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि घोटाले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पुलिस ने युवाओं को धन देकर सरकारी नौकरी दिलवाने का लालच देने वाले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
DEC 11, 2024 13:33 IST

विपक्ष ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के खिलाफ महाभियोग के लिए सांसदों के हस्ताक्षर लेने शुरू किए

विपक्षी दलों ने विवादास्पद टिप्पणी करने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति शेखर यादव के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस देने की मुहिम शुरू कर दी है और इसके लिए सांसदों के हस्ताक्षर लिए जा रहे हैं। कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अब तक राज्यसभा के 30 से अधिक सदस्यों के हस्ताक्षर ले लिए गए हैं और संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र में ही इसके लिए नोटिस दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह गंभीर मामला है। हम संसद के इसी सत्र में महाभियोग के लिए नोटिस देंगे।’’ न्यायमूर्ति यादव ने रविवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए विवादास्पद टिप्पणी की थी। प्रस्ताव से जुड़ा नोटिस 100 लोकसभा सदस्यों या 50 राज्यसभा सदस्यों द्वारा पेश किया जाना चाहिए। राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मंगलवार को कहा था कि महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस दिया जाएगा। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ‘‘कोई भी न्यायाधीश इस तरह का बयान देता है तो वह अपने पद की शपथ का उल्लंघन करता है। अगर वह पद की शपथ का उल्लंघन कर रहा है, तो उसे उस कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है।’’
DEC 11, 2024 12:25 IST

दिल्ली चुनाव में कांग्रेस के साथ नहीं है किसी गठजोड़ की संभावना : केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठजोड़ की संभावना से बुधवार को एक बार फिर इनकार कर दिया। दरअसल पहले ऐसी खबरें थीं कि दोनों दल मिलकर यह चुनाव लड़ सकते हैं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने कहा कि आप दिल्ली में अपने बलबूते पर ही चुनाव लड़ेगी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, ‘‘ कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।’’ उनकी प्रतिक्रिया ऐसे समय में आयी है जब मीडिया में ऐसी खबरें हैं कि दोनों पार्टियां फरवरी में होने जा रहे 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के चुनाव के लिए हाथ मिला सकती हैं। इस माह के प्रारंभ में भी केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना से इनकार किया था। हाल में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के इन दो घटकों के बीच गठजोड़ को लेकर चर्चा तब शुरू हुई जब बुधवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित 'न्याय चौपाल' कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी नेता राहुल गांधी को भाग लेना था।
DEC 11, 2024 12:24 IST

बंगाल में रेल रोको अभियान के कारण दो रेलगाड़ियों का परिचालन रद्द, कई का मार्ग परिवर्तित

अलग कूचबिहार राज्य की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल के जोराई रेलवे स्टेशन पर आंदोलनकारियों ने रेल रोको आंदोलन किया। इसके कारण बुधवार को दो रेलगाड़ियां रद्द कर दी गईं और कई अन्य का मार्ग परिवर्तित किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ‘ग्रेटर कूचबिहार पीपुल्स एसोसिएशन’ (जीसीपीए) के आंदोलन के कारण रद्द की गई रेलगाड़ियों में न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के अलीपुरद्वार डिवीजन के जोराई रेलवे स्टेशन पर सुबह 6.45 बजे रेल रोको आंदोलन शुरू हुआ जिससे पूर्वोत्तर राज्यों को देश के शेष हिस्सों से जोड़ने वाले मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। आंदोलनकारियों ने कहा कि वे ‘ग्रेटर कूचबिहार’ के गठन की मांग को लेकर ‘‘अनिश्चितकालीन’’ रेल रोको अभियान संचालित कर रहे हैं। वहीं एनएफआर के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अवरोध हटाने के प्रयास जारी हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि कम से कम आठ रेलगाड़ियों का मार्ग बदलकर न्यू कूचबिहार-गोलकगंज-फकीराग्राम मार्ग कर दिया गया है।
DEC 11, 2024 12:23 IST

संजय मल्होत्रा ​​ने आरबीआई के 26वें गवर्नर के रूप में कार्यभार संभाला

संजय मल्होत्रा ​​ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 26वें गवर्नर के रूप में बुधवार को कार्यभार संभाल लिया। केंद्रीय बैंक ने बयान में कहा, उन्होंने 11 दिसंबर 2024 से अगले तीन वर्षों के लिए गवर्नर का कार्यभार संभाला है। पूर्व राजस्व सचिव मल्होत्रा ​​ने शक्तिकान्त दास का स्थान लिया, जो अपने छह साल के कार्यकाल के बाद मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए।
DEC 11, 2024 11:23 IST

मथुरा शाही मस्जिद कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की

प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट 1991 को चुनौती देने का मामला सामने आया है। जिसके मथुरा शाही मस्जिद कमेटी ने प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। ⁠मस्जिद कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट में हस्तक्षेप अर्जी दाखिल की है। कमेटी ने कहा कि वह इस मामले में एक जरूरी पक्षकार हैं क्योंकि फैसले का उस पर प्रभाव पड़ेगा, लिहाजा उसे भी पक्षकार बनाया जाए। ⁠सुप्रीम कोर्ट में प्लेसेज ऑफ वरशिप एक्ट के खिलाफ कल सुनवाई होगी।
DEC 11, 2024 11:20 IST

मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

सुप्रीम कोर्ट ने आबाकरी नीति मामले से जुड़े करप्शन और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जमानत की शर्तों में बदलाव की उनकी मांग को मंजूरी कर दी। ज़मानत की शर्तो के मुताबिक उन्हें हफ्ते में दो बार जांच एजेंसियों के दफ्तर में हाजिरी लगानी पड़ती थी। कोर्ट ने सिसोदिया के आग्रह पर इस शर्त को आज हटा लिया। हालांकि कोर्ट ने सिसोदिया को कहा है कि वो नियमित रूप से ट्रायल में शामिल हो।
DEC 11, 2024 09:28 IST

जालंधर नगर निगम चुनाव, भाजपा ने 85 प्रत्याशियों को मैदान में उतारा

पंजाब के जालंधर में नगर निगम चुनाव की घोषणा हो चुकी है। भाजपा ने मंगलवार(10 दिसंबर) देर रात 85 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की। जालंधर वेस्ट से पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के भाई राजन अंगुराल को प्रत्याशी बनाया गया है। बता दें कि जब शीतल अंगुराल विधायक थे तो राजन अंगुराल उनके कार्यालय में लोगों की समस्या को सुलझाने का काम करते थे। इससे पहले भी राजन एक बार पार्षद चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन तब वह सुशील रिंकू से हार गए थे। माना जा रहा है कि भाजपा के सभी प्रत्याशी चुनाव के लिए नामांकन बुधवार (11 दिसंबर) को दाखिल कर लेंगे। वहीं, दूसरी तरफ जालंधर से कांग्रेस के पूर्व मेयर जगदीश राजा अपनी पत्नी के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। उन्हें पंजाब आम आदमी पार्टी प्रमुख अमन अरोड़ा ने पार्टी में शामिल कराया। जालंधर सीट पर करीब 85 वार्ड हैं। सभी 85 वार्डों के लिए 12 जगहों पर नामांकन की प्रक्रिया की जाएगी। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, नगर निगम के चुनाव 21 दिसंबर को होंगे। सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। वोटिंग संपन्न होने के बाद इसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 9 दिसंबर से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया 12 दिसंबर तक चलेगी। प्रत्याशी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल करा सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 13 दिसंबर को की जाएगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 14 दिसंबर होगी। 85 वार्ड पर वोटिंग ईवीएम के माध्यम से होगी। राज्य में आचार संहिता लागू हो गई है। नगर निगम के चुनाव में करीब 37.32 लाख मतदाता वोट डालेंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चुनाव के लिए 23 हजार कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। चुनाव में आईएएस, और पीसीएस अधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा।
DEC 11, 2024 09:27 IST

दिल्ली शराब घोटाला मामला : सिसोदिया की अपील पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा दायर याचिका पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। सिसोदिया ने जमानत की शर्त में ढील देने की मांग की है, जिसके तहत उन्हें हर छह महीने में जांच अधिकारी के सामने पेश होना होता है। सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर प्रकाशित वाद सूची के अनुसार, न्यायमूर्ति बी.आर. गवई की अध्यक्षता वाली पीठ 11 दिसंबर को सिसोदिया की याचिका पर सुनवाई करेगी। सोमवार को, न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी द्वारा उल्लेख किए जाने के बाद सिसोदिया द्वारा प्रस्तुत याचिका को सूचीबद्ध करने पर सहमति व्यक्त की थी। सिंघवी से कहा था, "एक दिन बाद (परसों)" सुनवाई होगी। इसमें सिसोदिया की याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की गई थी। उन्होंने जमानत की शर्तों में छूट की मांग की है। जिसके तहत उन्हें हर सोमवार और गुरुवार को जांच अधिकारी के समक्ष हाजिरी देनी होती है। इस साल अगस्त में, सर्वोच्च न्यायालय ने वरिष्ठ आप नेता को यह कहते हुए जमानत दे दी थी कि कथित आबकारी नीति मामले में मुकदमे को तेजी से पूरा करने की उम्मीद में उन्हें असीमित समय तक सलाखों के पीछे नहीं रखा जा सकता। सिसोदिया की जमानत याचिका पर फैसला सुनाते हुए न्यायमूर्ति गवई की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा था: "मौजूदा मामले में, ईडी के साथ-साथ सीबीआई मामले में, 493 गवाहों के नाम दर्ज किए गए हैं और मामले में हजारों पन्नों के दस्तावेज और एक लाख से अधिक पन्नों के डिजिटाइज्ड दस्तावेज शामिल हैं।"
DEC 11, 2024 09:12 IST

कांग्रेस और आप के बीच सहमति अंतिम चरण में पहुंची

दिल्ली चुनाव में गठबंधन के लिए कांग्रेस और आप के बीच सहमति अंतिम चरण में है। कांग्रेस को 15 सीटें, अन्य INDIA गठबंधन सदस्यों को 1-2 सीट और बाकी आम आदमी पार्टी को। सूत्रों के हवाले से खबर
DEC 11, 2024 09:06 IST

अल-असद सुरक्षित, प्रत्यर्पण का सवाल ही नहीं : रूसी राजनयिक

सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद परिवार समेत रूस में हैं। रूसी उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने कहा कि वो सुरक्षित हैं और उनका प्रत्यर्पण नहीं किया जाएगा। स्थानीय आरआईए समाचार एजेंसी ने रयाबकोव का हवाला देते हुए बताया कि "ऐसी स्थिति में मेरे लिए यह बताना बहुत गलत होगा कि क्या हुआ और इसे कैसे सुलझाया गया, लेकिन वह सुरक्षित हैं।" सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अल-असद के प्रत्यर्पण की संभावना पर टिप्पणी करते हुए रूसी राजनयिक ने कहा कि रूस अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय रोम संविधि का पक्षकार नहीं है। सीरियाई विद्रोही समूहों ने नवंबर के अंत से उत्तरी सीरिया से एक बड़ा आक्रमण किया, सरकार के कब्जे वाले क्षेत्रों से होते हुए दक्षिण की ओर बढ़े और 12 दिनों के भीतर राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया। आक्रमण के बाद, सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार रविवार को गिर गई। अल-असद ने इस्तीफा दे दिया और रूस में शरण ली। 59 वर्षीय बशर अल-असद ने 2000 में अपने पिता हाफिज अल-असद की मृत्यु के बाद सत्ता संभाली थी। असद पर मानवाधिकार उल्लंघनों का आरोप लगता रहा है, जिनमें युद्ध के दौरान सीरिया में रासायनिक हथियारों का प्रयोग, कुर्दों का दमन और लोगों को जबरन गायब करना शामिल है। 2011 उनके शासन काल के लिए सबसे अहम साल रहा जब लोकतंत्र की मांग को लेकर हजारों सीरियाई नागरिक सड़कों पर उतर आए, लेकिन उन्हें भारी सरकारी दमन का सामना करना पड़ा। हालांकि सरकार के विरोध में विभिन्न सशस्त्र विद्रोही समूहों का गठन हो गया और सरकार का विरोध 2012 के मध्य तक, विद्रोह एक पूर्ण गृह युद्ध में बदल गया।