LIVEआज की ताजा खबर, 10 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: सत्यांजल पांडे इस्लामाबाद में भारत के अगले कार्यवाहक उच्चायुक्त होंगे, थलपति विजय ने सोनिया-राहुल गांधी से की मुलाकात
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज PM मोदी के 12 साल पूरे, अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, आज का मौसम, ईरान यूएस युद्ध, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस उपलब्धि पर उन्हें भारत सहित दुनिया भर के नेताओं से बधाइयां मिल रही हैं। इसी बीच पीएम मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर जाएंगे, जहां वह जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। दूसरी ओर, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है। वहीं, देश के कई राज्यों में मानसून की प्रगति के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

आज की ताजा खबर, 10 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: सत्यांजल पांडे इस्लामाबाद में भारत के अगले कार्यवाहक उच्चायुक्त होंगे, थलपति विजय ने सोनिया-राहुल गांधी से की मुलाकात
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज PM मोदी के 12 साल पूरे, अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, आज का मौसम, ईरान यूएस युद्ध, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: आज की ताजा खबर, 10 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह अब भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इस अवसर पर देशभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं, वहीं कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों ने भी शुभकामनाएं भेजी हैं। वैश्विक नेताओं ने उनके नेतृत्व, भारत की विकास यात्रा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती भूमिका की सराहना की है।
इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया की महत्वपूर्ण यात्रा पर जाने वाले हैं। छह दिनों के इस दौरे में वह फ्रांस में आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और दुनिया के प्रमुख नेताओं के साथ विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा दोनों देशों के साथ व्यापार, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।
वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए सैन्य कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के कई ठिकानों पर हमले किए। जवाब में ईरान ने भी कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है, जिससे पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, सैन्य अभियान पूरा कर लिया गया है।
उधर, देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की जानकारी देते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, केरल, तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे कई इलाकों में तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
सत्यांजल पांडे इस्लामाबाद में भारत के अगले कार्यवाहक उच्चायुक्त होंगे
आईएफएस अधिकारी सत्यांजल पांडे को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में भारत का नया कार्यवाहक उच्चायुक्त नियुक्त किया जा सकता है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। वर्ष 2008 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी पांडे, अभी श्रीलंका में भारत के उप उच्चायुक्त हैं। इस्लामाबाद में वह गीतिका श्रीवास्तव की जगह लेंगे, जिन्हें अगस्त 2023 में इस पद पर नियुक्त किया गया था। अगस्त 2019 में भारत द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किए जाने के बाद पाकिस्तान ने दोनों देशों के राजनयिक संबंधों का स्तर घटा दिया था। इसके बाद से इस्लामाबाद और दिल्ली में भारत और पाकिस्तान के उच्चायोगों का कामकाज उनके संबंधित कार्यवाहक उच्चायुक्त संभाल रहे हैं।
AICC जनरल सेक्रेटरी, इंचार्ज और PCC प्रेसिडेंट की मीटिंग में हिस्सा लेंगे मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी सुबह 11.30 बजे AICC जनरल सेक्रेटरी, इंचार्ज और PCC प्रेसिडेंट की मीटिंग में हिस्सा लेंगे। इसमें देश के मौजूदा पॉलिटिकल हालात और पार्टी से जुड़े दूसरे मुद्दों पर बात होगी।
गाजियाबाद जिला अस्पताल में चाकू लेकर घुसी युवती
गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल का एक चौंकाने वाला CCTV वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती हाथ में चाकू लेकर अचानक अंदर घुस आई।
बताया जा रहा है कि उसने वहां मौजूद लोगों को चाकू दिखाना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर मौजूद मरीजों और स्टाफ में डर का माहौल बन गया। स्थिति तब और अजीब हो गई जब वह युवती डॉक्टर की कुर्सी पर जाकर बैठ गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब लगातार सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अपने घर से सीधे अस्पताल पहुंच गई थी। बाद में उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए। हालांकि कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में चाकू लेकर युवती के प्रवेश से दहशत का माहौल जरूर बन गया था। यह घटना अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति हथियार लेकर इमरजेंसी वार्ड में प्रवेश कर सकता है, तो किसी गंभीर अपराध की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी होगी? फिलहाल यह वायरल वीडियो चर्चा में बना हुआ है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला में भीषण अग्निकांड
हिमाचल प्रदेश के शिमला में भीषण अग्निकांड हुआ है। शिमला के बलसन क्षेत्र के शीरगुली गांव में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन रिहायशी मकान इसकी चपेट में आ गए। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार आग सबसे एक घर में लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन लकड़ी से बने मकानों और तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। शीरगुली गांव बगीचों के बीच बसा हुआ है। ऐसे में आग लगने के बाद आसपास के बागवानों और ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने घरों से सामान निकालने का प्रयास किया लेकिन आग की तीव्रता के चलते अधिकांश सामान नहीं बचाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका गया।
राज्यसभा चुनाव से पहले थलपति विजय ने सोनिया-राहुल गांधी से की मुलाकात
सीएम शिवकुमार ने की सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात
कर्नाटक के CM डीके शिवकुमार ने कांग्रेस पार्टी की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा LoP राहुल गांधी और वायनाड से कांग्रेस MP प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की।
बिहार के दरभंगा में नाव पलटने के बाद दो महिलाओं समेत तीन लोग लापता
बिहार के दरभंगा जिले में बुधवार सुबह कोसी नदी की एक सहायक धारा में करीब 10 लोगों को ले जा रही एक छोटी नाव पलटने 11 वर्षीय लड़की समेत तीन महिलाएं लापता हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हादसा सुबह करीब सात बजे जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के तरवारा गांव के निकट हुआ। बिरौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभाकर तिवारी ने कहा, ’’यात्री निजी नाव से नदी पार करके मूंग की फसल की कटाई के लिए जा रहे थे। तेज धारा के कारण नाव पलट गई। नाव में सवार सात लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल गए, जबकि तीन अन्य लोग धारा में बह गए और अब तक उनका पता नहीं चल सका है।’’ लापता लोगों की पहचान तरवारा गांव की निवासी कंचन देवी, कुबौल गांव की निवासी मीरा कुमारी और 11 वर्षीय एक लड़की के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, दरभंगा नगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार चौधरी और जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के गोताखोरों तथा स्थानीय नाविकों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया है।
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में आग लगने से तीन दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में चार नकाबपोश युवकों ने तीन दोपहिया वाहनों में कथित रूप से आग लगा दी। इससे कुछ दिन पहले एक स्थानीय निवासी ने इलाके के पार्क में मादक पदार्थों के सेवन को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि जहांगीरपुरी थाने को आठ जून को दोपहिया वाहनों में आग लगने की सूचना मिली। घटनास्थल पर दो बाइक और एक स्कूटर आग से क्षतिग्रस्त पाए गए। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर चार नकाबपोश युवक देर रात इलाके में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह घटना इलाके के एक पार्क में मादक पदार्थों के सेवन को लेकर की गई हालिया शिकायतों से जुड़ी हो सकती है, जिसके बाद पुलिस ने वहां सख्ती बढ़ा दी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवकों ने सबसे पहले उस व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल की पहचान की, जिसने कथित तौर पर पुलिस से शिकायत की थी। फुटेज में कथित रूप से दिख रहा है कि युवकों ने आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों की जांच की और फिर उनमें से कई में आग लगा दी। स्थानीय लोगों का दावा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ देर तक वहीं रुके रहे और बाद में बिना किसी जल्दबाजी के इलाके से चले गए। पुलिस ने बताया कि शिकायत और मौके पर की गई जांच के आधार पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(एफ) (आग से नुकसान पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
गोवा में केरल के 28 पर्यटक फूड पॉइजनिंग का शिकार
गोवा यात्रा के दौरान केरल के 28 पर्यटकों ने खाद्य विषाक्तता (Food Poisoning) की शिकायत की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पर्यटक गोवा में छुट्टियां मना रहे एक ही समूह के सदस्य थे। दक्षिण गोवा जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र बोरकर ने पत्रकारों को बताया कि इन लोगों ने ओल्ड गोवा के एक रेस्तरां में भोजन किया था, जिसके बाद उनमें खाद्य विषाक्तता के लक्षण दिखाई देने लगे। उन्होंने बताया कि सभी पर्यटकों का मंगलवार रात अस्पताल में इलाज किया गया। 28 में से तीन पर्यटकों को भर्ती होने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने चिकित्सकीय सलाह के विपरीत अस्पताल से छुट्टी ले ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल छोड़ते समय सभी मरीजों की हालत स्थिर थी।
भारत मंडपम के आसपास यातायात पर पाबंदियां, प्रमुख मार्गों पर जाने से बचने की सलाह
दिल्ली यातायात पुलिस ने बुधवार को एक परामर्श जारी कर प्रगति मैदान में भारत मंडपम में होने वाले एक कार्यक्रम के कारण उसके आसपास गाड़ियों की आवाजाही पर रोक और मार्ग परिवर्तन की जानकारी दी है। परामर्श के अनुसार, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, जनपथ, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, राजेश पायलट मार्ग और आस-पास के अन्य मार्गों पर दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक और फिर रात आठ बजे से 9.30 बजे तक भारी वाहनों और धीमी गति से चलने वाले वाहनों को चलने की अनुमति नहीं होगी। यातायात पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित सड़कों पर खड़ी की गई गाड़ियों को ’टो’ करके हटा दिया जाएगा और गलत तरीके से खड़ी करने तथा कानूनी निर्देशों का पालन न करने के लिए उन पर कार्रवाई की जाएगी। ’टो’ की गई गाड़ियों को भैरों मार्ग पर भैरों मंदिर के पास बने ’ट्रैफिक पिट’ में रखा जाएगा। इलाके में गाड़ियों की सुचारू आवाजाही के लिए मथुरा रोड पर डब्ल्यू पॉइंट और नीला गुंबद के पास मार्ग परिवर्तन की योजना बनाई गई है। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी कि वे बताए गए समय के दौरान मथुरा रोड, भैरों मार्ग, जनपथ, राजेश पायलट मार्ग और सुब्रमण्यम भारती मार्ग पर जाने से बचें।
गुजरात के इन कार्यालयों को मिला विस्फोट की धमकी भरा ईमेल
गुजरात के मुख्यमंत्री, अहमदाबाद नगर निगम और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालयों में विस्फोट की धमकी भरा ईमेल मिला है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है।
मुजफ्फराबाद में पाकिस्तान सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त
मुजफ्फराबाद में पाकिस्तान सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा आज दोपहर करीब 1:45 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, सुबह से ही सेना के हेलीकॉप्टर निगरानी के लिए क्षेत्र में उड़ान भर रहे थे और शौकत लाइन नीलम ग्राउंड में उतर रहे थे। सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग के दौरान एक हेलीकॉप्टर साहिली सरकार दरगाह के सामने नीलम नदी पर बने एक पुल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका, सांसद सुष्मिता देव ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा
तृणमूल कांग्रेस सांसद सुष्मिता देव ने बुधवार को पार्टी से और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इससे पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी को एक और झटका लगा है जो राज्य विधानसभा चुनाव में हार के बाद आंतरिक विभाजन से जूझ रही है। सुष्मिता देव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों के बीच अपने इस्तीफे के लिए ’निजी और राजनीतिक कारणों’ का हवाला दिया है। पूर्व कांग्रेस नेता देव कुछ साल पहले तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उन्होंने राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से यहां उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में देव ने कहा कि उन्होंने केवल तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया है, बल्कि राज्यसभा से भी इस्तीफा दे दिया है।
राजस्थान के अलवर में नाबालिग ने गंडासे से पिता की हत्या की
राजस्थान के अलवर जिले में नाबालिग लड़के ने अपने पिता की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपने पिता पर उस समय हमला किया जब वह सो रहा था। यह घटना मंगलवार रात रामकृपाल नगर में हुई। अरावली विहार के थानाधिकरी रामेश्वर दयाल ने बताया कि हत्या के सिलसिले में 17 साल के लड़के को पकड़ा गया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि लड़के ने किराए के घर में कथित तौर पर अपने पिता पर धारदार हथियार से उस समय हमला किया जब वह सो रहा था। मृतक के साले की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपी नाबालिग को पकड़ा गया है। पीड़ित रोहिताश अलवर शहर में ई-रिक्शा चलाता था। पुलिस ने बताया कि घटना के समय घर पर पिता-पुत्र ही मौजूद थे। रोहिताश की पत्नी व आरोपी की मां अपने मायके गई हुई थी। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, लड़के ने मंगलवार देर रात अपने मामा को फोन किया और उनसे घर आकर अपने पिता को बचाने के लिए कहा। जब वह घर पहुंचा तो उन्होंने पीड़ित को खून से लथपथ हालत में पाया। उसकी गर्दन पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली पहुंचीं टीएमसी सांसद माला रॉय, आज बागी सांसदों के साथ कर सकती हैं अहम बैठक
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की लोकसभा सांसद माला रॉय दिल्ली पहुंच गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह आज पार्टी के बागी सांसदों के साथ बैठक कर सकती हैं। साथ ही बागी सांसदों द्वारा तैयार किए गए पत्र पर भी उनके हस्ताक्षर करने की संभावना जताई जा रही है।
दरभंगा में कोसी नदी में नाव पलटी, एक शव बरामद; राहत-बचाव अभियान जारी
बिहार के दरभंगा जिले में कोसी नदी में 13 लोगों को लेकर जा रही एक नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। अब तक एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन और स्थानीय टीमें मौके पर मौजूद हैं।
राज्यसभा से इस्तीफे के बाद सुष्मिता देव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से की मुलाकात
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा से सुष्मिता देव मिलने पहुंची हैं। राज्यसभा से इस्तीफे के बाद मुलाकात हो रही है।
सोनिया गांधी से मिले टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी
सोनिया गांधी से उनके आवास पर मिलने TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पहुंचे। कल ममता बनर्जी भी सोनिया गांधी से मिली थीं।
कोलकाता के अलीपुर इलाके में स्थित दक्षिण 24 परगना जिला परिषद (जिला परिषद) कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली है। आग लगने के बाद मौके पर दमकल विभाग की दो गाड़ियों को तुरंत भेजा गया है और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना से जुड़े दृश्य (विजुअल्स) का इंतजार किया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा में पुराने फर्नीचर के वेयरहाउस में भीषण आग, कई गोदाम चपेट में आए
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में धूम बिजली घर के पीछे स्थित एक पुराने फर्नीचर के वेयरहाउस में देर रात भीषण आग लग गई। रात करीब 2 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के अन्य वेयरहाउस को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।