LIVE

10 अक्टूबर-2024 हिंदी न्यूज़: रतन टाटा को भारत रत्न देने की उठी मांग, शिवसेना नेता ने CM एकनाथ शिंदे को लिखा पत्र, प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टर और बंगाल सरकार के बीच बातचीत रही बेनतीजा

10 अक्टूबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: रतन टाटा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएल टाटा से बात की और संवेदना व्यक्त की। देश के जाने माने उद्योगपति और टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा का निधन हो गया है। रतन टाटा ने 86 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। इससे पहले उनकी तबीयत खराब होने पर मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई और बुधवार रात उनका निधन हो गया है। आरजी कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टर, जिनके नौ प्रतिनिधि 100 घंटे से अधिक समय से आमरण अनशन पर बैठे हैं, ने पश्चिम बंगाल सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बुधवार रात को हुई वार्ता को "अब तक की सबसे निराशाजनक वार्ता" करार दिया।

Shashank Shekhar MishraUpdated Oct 10, 2024, 17:34 IST
10 अक्टूबर-2024 हिंदी न्यूज़: रतन टाटा को भारत रत्न देने की उठी मांग, शिवसेना नेता ने CM एकनाथ शिंदे को लिखा पत्र, प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टर और बंगाल सरकार के बीच बातचीत रही बेनतीजा

10 अक्टूबर-2024 हिंदी न्यूज़: रतन टाटा को भारत रत्न देने की उठी मांग, शिवसेना नेता ने CM एकनाथ शिंदे को लिखा पत्र, प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टर और बंगाल सरकार के बीच बातचीत रही बेनतीजा

हिंदी न्यूज़, 10 अक्टूबर 2024 मुख्य समाचार: 10 अक्टूबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: रतन टाटा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएल टाटा से बात की और संवेदना व्यक्त की। देश के जाने माने उद्योगपति और टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा का निधन हो गया है। रतन टाटा ने 86 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। इससे पहले उनकी तबीयत खराब होने पर मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई और बुधवार रात उनका निधन हो गया है। आरजी कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टर, जिनके नौ प्रतिनिधि 100 घंटे से अधिक समय से आमरण अनशन पर बैठे हैं, ने पश्चिम बंगाल सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बुधवार रात को हुई वार्ता को "अब तक की सबसे निराशाजनक वार्ता" करार दिया।

  • देश के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का हुआ निधन

  • प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टर और बंगाल सरकार के बीच बातचीत रही बेनतीजा

  • मुख्यमंत्री सोरेन ने रतन टाटा के निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की

  • सूरत में नाबालिग से सामूहिक बलात्कार, दो गिरफ्तार

  • ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की, 'सबसे अच्छा इंसान' बताया




Ratan Tata Death News Live Updates


OCT 10, 2024 17:28 IST

साहित्य का नोबेल पुरस्कार दक्षिण कोरियाई लेखिका हान कांग को

इस वर्ष साहित्य के नोबेल पुरस्कार के लिए दक्षिण कोरियाई लेखिका हान कांग (53) को चुना गया है। नोबेल समिति ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की। स्वीडिश अकादमी की नोबेल समिति के स्थायी सचिव मैट्स माल्म ने यहां इस पुरस्कार की घोषणा की। नोबेल समिति के अनुसार हान कांग के ‘गहन काव्यात्मक गद्य के लिए" यह सम्मान दिया जाएगा जिसमें ऐतिहासिक आघातों और मानव जीवन की नाजुकता को रेखांकित किया गया है। कांग को 2016 में उनकी कृति "द वेजिटेरियन" के लिए अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। "द वेजिटेरियन" एक उपन्यास है जिसमें एक महिला के मांस खाना बंद करने के फैसले के विनाशकारी परिणाम होते हैं।
OCT 10, 2024 16:24 IST

उत्तराखंड: हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद

उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल क्षेत्र में स्थित सिख तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब के कपाट बृहस्पतिवार को परंपरागत पूजा-पाठ और कीर्तन के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए। पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। चमोली जिले में पहाड़ की चोटी पर स्थित हेमकुंड साहिब में इस मौके पर ढाई हजार से अधिक श्रद्धालु अंतिम अरदास में शामिल हुए। श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा समेत समिति के अन्य पदा्धिकारी और स्थानीय प्रशासन के लोग भी इस दौरान मौजूद थे। कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालुओं के जत्थे भजन कीर्तन करते हुए वापस घांघरिया और गोविंदघाट के लिए निकले। हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि सुहावने मौसम के बीच बृहस्पतिवार को गुरूद्वारे के कपाट बंद हो गए। उन्होंने बताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से यात्रा व्यवस्थित ढंग से चली। सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को लगभग 80 फीसदी श्रद्धालु गोविन्दघाट पहुंच जाएंगे बाकी श्रद्धालु शुक्रवार को वहां पहुंचेंगे। चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि इस साल 1,83,722 श्रद्धालु श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए पहुंचे जबकि पिछले साल कुल 1,77,463 तीर्थयात्री पहुंचे थे।
OCT 10, 2024 16:21 IST

झारखंड के रामगढ़ में ट्रक की चपेट में आने से तीन लड़कियों की मौत

झारखंड के रामगढ़ जिला मुख्यालय में गुरुवार को महाअष्टमी पूजा के दिन दर्दनाक हादसा हो गया। रांची-पटना रोड पर शहर के पटेल चौक के पास एक ट्रक की चपेट में आकर तीन लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से जख्मी है। सभी लड़कियों की उम्र 12 से 15 साल के बीच बताई गई है। इसके पहले गुरुवार सुबह इसी चौक से थोड़ी दूर पहले एक मालवाहक वाहन की चपेट में आकर एक युवक की भी जान चली गई। बताया गया है कि हाईवे पर रांची की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वह पटेल चौक के ठीक पहले मुर्रामकला गांव के पास पलट गया। उसी वक्त रामगढ़ के प्रसिद्ध महामाया मंदिर में महाअष्टमी की पूजा करने जा रही चार लड़कियां दुर्घटनाग्रस्त होकर लुढ़कते ट्रक के नीचे आ गईं। इनमें से एक मनीषा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनमें से दो ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ के एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, अंचल अधिकारी सुदीप एक्का, रामगढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के नीचे आई लड़कियों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। लड़कियों के परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में जुट आए। इस घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
OCT 10, 2024 16:18 IST

विधायक दल का नेता चुनने के लिए उमर ने विधायकों का जताया आभार

उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायकों को उन्हें अपना नेता चुनने के लिए धन्यवाद दिया। अब्दुल्ला ने यहां विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद संवाददाताओं से कहा, “जो फैसला लिया गया है, उसके बारे में आप सभी को जानकारी है। नेकां विधायक दल की बैठक हुई, विधायक दल ने अपना नेता तय कर लिया है और मैं नेकां विधायकों का तहे दिल से शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे सरकार बनाने का दावा पेश करने का मौका दिया।” उन्होंने कहा कि सात में से चार निर्दलीय विधायकों ने नेकां को समर्थन दे दिया है, जिससे पार्टी के विधायकों की संख्या 46 हो गई है। अब्दुल्ला ने कहा, “कांग्रेस के साथ बातचीत की जा रही है। उन्हें फैसला लेने के लिए एक दिन का वक्त दिया गया है। जैसे ही वे हमें समर्थन पत्र देंगे, मैं सरकार बनाने का दावा पेश करूंगा।” जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसने 42 सीट जीती हैं। वहीं, अपने सहयोगियों-- कांग्रेस और माकपा के साथ वह 95 सदस्यीय विधानसभा में आसानी से बहुमत से आंकड़े तक पहुंच गई है। कांग्रेस ने छह और माकपा ने एक सीट जीती है।
OCT 10, 2024 16:15 IST

ज्ञानवापी परिसर के सर्वे की याचिका पर हिंदू पक्ष ने दाखिल किया जवाब

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित ज्ञानवापी मस्जिद के परिसर का भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से सर्वे कराने का आदेश देने संबंधी याचिका पर बृहस्पतिवार को हिंदू पक्ष के वकीलों ने अपना जवाब दाखिल किया, जिसके बाद मामले की अगली सुनवाई 16 अक्टूबर के लिए निर्धारित कर दी गयी। हिंदू पक्ष के वकील मदन मोहन यादव ने बताया कि दीवानी न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) युगुल शंभू के समक्ष अपनी दलील में उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी परिसर में एएसआई द्वारा किया गया सर्वेक्षण अधूरा है और एएसआई बिना खुदाई के सही रिपोर्ट नहीं दे सकती लिहाजा एएसआई को ज्ञानवापी में खुदाई करेने और पूरे ज्ञानवापी परिसर का सर्वेक्षण करने का आदेश दिया जाना चाहिए। इससे पहले, गत आठ अक्टूबर को अंजुमन इंतजामिया कमेटी ने याचिका पर अपनी दलीलें पेश की थीं। कमेटी के वकीलों ने कहा था कि जब हिंदू पक्ष ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में मामले को उठाने की अपील की है तो अधीनस्थ न्यायालय में इस मामले पर बहस करने का कोई औचित्य नहीं है। मुस्लिम पक्ष के वकीलों ने यह भी दलील दी थी कि जब ज्ञानवापी परिसर का एएसआई सर्वेक्षण एक बार पहले ही हो चुका है तो दूसरा सर्वेक्षण करने का कोई औचित्य नहीं है। मुस्लिम पक्ष ने दलील दी थी कि सर्वेक्षण के लिए मस्जिद परिसर में गड्ढा खोदना किसी भी तरह से व्यावहारिक नहीं होगा और इससे मस्जिद को नुकसान हो सकता है।
OCT 10, 2024 16:14 IST

ओडिशा में एक कुएं में गिरे जंगली हाथी को बचाया गया

ओडिशा के कालाहांडी जिले में एक कुएं में गिरे एक जंगली हाथी को बृहस्पतिवार की सुबह बचा लिया गया। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अपने पांच सदस्यीय झुंड का यह हाथी बुधवार रात नरला प्रखंड के जामपाड़ा गांव में कुएं में गिर गया था। अधिकारियों ने बताया कि कई प्रयासों के बावजूद हाथी बाहर नहीं निकल पाया और वन कर्मियों ने बुलडोजर की मदद से उसे बचा लिया। उन्होंने बताया कि कुएं से बाहर आने के बाद हाथी अपने उस झुंड में शामिल हो गया, जो कुछ दूरी पर उसका इंतजार कर रहा था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सुशांत नंदा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बचाव अभियान का एक छोटा वीडियो क्लिप साझा किया। उन्होंने कहा, ‘‘नारला में एक खुले कुएं से एक हाथी को बचा लिया गया है। कालाहांडी उत्तर (वन प्रभाग) टीम ने अच्छा काम किया है।’’
OCT 10, 2024 16:13 IST

उत्तर प्रदेश : वन विभाग के पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में वन विभाग ने एक मादा तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ समय से जिले में तेंदुओं के आतंक के बीच वन विभाग ने कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के ककरहा रेंज में इस मादा तेंदुए को पकड़ा। वन विभाग ने पिछले 12 दिनों में चार तेंदुओं को पिंजरों में कैद किया है। वन क्षेत्राधिकारी डीपी कनौजिया ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि क्षेत्र में निरंतर तेंदुए की आमद को देखते हुए ग्राम पंचायत बेझा के मुरावनपुरवा गांव में वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाया गया था। उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे एक मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गयी, जिसके बाद उसे रेंज कार्यालय लाया गया। अधिकारी ने बताया कि मादा तेंदुए की उम्र तीन वर्ष से अधिक है और उसे कहां छोड़ना है इस संबंध में उच्चाधिकारियों के आदेश पर निर्णय लिया जाएगा।
OCT 10, 2024 15:51 IST

गाजा में आश्रयस्थल पर इजराइली हमले में 21 लोग मारे गए

फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को गाजा में विस्थापित लोगों को आश्रय देने वाले एक स्कूल पर इजराइली हमले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ कर 21 हो गयी है।। अल-अक्सा शहीदी अस्पताल ने दीर अल-बला के केंद्रीय शहर में हुए हमले में मारे गए लोगों की संख्या की पुष्टि की है। एसोसिएटेड प्रेस के एक संवाददाता ने शवों की गिनती की। निवासियों ने बताया कि हमले का लक्ष्य आश्रय गृह के अंदर हमास द्वारा संचालित पुलिस की अस्थायी चौकी थी।
OCT 10, 2024 15:38 IST

मालगाड़ी में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिलने से हड़कंप

दिल्ली रेल लाइन पर झांसी के पास मालगाड़ी की बोगी में संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस रखे होने की खबर से रेल प्रशासन व पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में आरपीएफ व जीआरपी के साथ ही एसएसपी झांसी सुधा सिंह सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गये। पढ़ें पूरी खबर
OCT 10, 2024 15:23 IST

महाराष्ट्र सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए निगम का गठन करेगी

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में पत्रकारों और घर-घर समाचार पत्र पहुंचाने वाले हॉकर के लिए दो अलग निगमों के गठन के प्रस्ताव को बृहस्पतिवार को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों निगम पत्रकारों और समाचार पत्र बेचने वाले हॉकर के कल्याण के लिए काम करेंगे। राज्य सरकार फिलहाल मान्यता प्राप्त सेवानिवृत्त पत्रकारों को ‘सम्मान निधि’ (मासिक वित्तीय सहायता) प्रदान करती है और मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी मामलों में वित्तीय सहायता देती है।
OCT 10, 2024 13:51 IST

तेलुगु फिल्म उद्योग की हस्तियों ने रतन टाटा को दी श्रद्धांजलि

चिरंजीवी, महेश बाबू, जूनियर एनटीआर सहित तेलुगु फिल्म उद्योग की जानी मानी हस्तियों ने बृहस्पतिवार को उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया और देश की औद्योगिक प्रगति में उनके योगदान और परोपकार की सराहना की। चिरंजीवी ने कहा कि रतन टाटा का निधन सभी भारतीयों के लिए दुखद दिन है। उन्होंने कहा कि कई पीढ़ियों से ऐसा कोई भारतीय नहीं है जिसका जीवन किसी न किसी तरह से उनकी सेवाओं से प्रभावित न हुआ हो। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “हमारे देश के सबसे महान दूरदर्शी लोगों में से एक, एक महान उद्योगपति, एक असाधारण परोपकारी व्यक्ति और एक उत्कृष्ट इंसान, श्री रतन टाटा के योगदान ने न केवल प्रतिष्ठित टाटा ब्रांड को वैश्विक शक्ति बनाया, बल्कि हमारे राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।” रतन टाटा को उद्योग जगत का दिग्गज और मानवता का प्रतीक बताते हुए अभिनेता महेश बाबू ने कहा कि दिवंगत उद्योगपति की उदारता, बुद्धिमत्ता और व्यापक भलाई के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने दुनिया पर अमिट छाप छोड़ी है।
OCT 10, 2024 13:51 IST

यूपी में खड़े ट्रक से टकराई मोटरसाइकिल, 3 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में बांदा से सटे चित्रकूट जिले में एक मोटरसाइकिल सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई जिससे उस पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई। सदर कोतवाली कर्वी के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) उपेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार की रात करीब 11 बजे बेड़ी पुलिया के नजदीक तेज गति से जा रही एक मोटरसाइकिल सामने खड़े ट्रक से टकरा गयी। इस घटना में कपसेठी गांव के रहने वाले संजय (20), अभिलाष (16) और छोटू (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छोटू को मृत घोषित कर दिया। एसएचओ ने बताया कि घायल संजय और अभिलाष ने सतना के अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों युवकों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सीतापुर कस्बे से देवी के दर्शन कर कर्वी लौट रहे थे।
OCT 10, 2024 13:50 IST

रतन टाटा वास्तव में एक महान व्यक्ति थे: आडवाणी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय व्यापारिक घरानों में से उन्होंने टाटा की सबसे अधिक प्रशंसा की है क्योंकि रतन टाटा ने अपार समर्पण, दूरदर्शिता और निष्ठा के साथ समूह को कई दशकों तक गौरव दिलाया। टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष रतन टाटा ने बुधवार रात मुंबई में अंतिम सांस ली। वह 86 वर्ष के थे। पूर्व उपप्रधानमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि टाटा ने भारतीय उद्योग पर एक अमिट छाप छोड़ी है। आडवाणी ने कहा, ‘‘वह उद्योग जगत के दिग्गजों में से एक थे।’’
OCT 10, 2024 13:49 IST

सत्ता में बैठे लोगों से सच बोलने का साहस रखते थे रतन टाटा: मनमोहन सिंह

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर बृहस्पतिवार को दुख जताया और कहा कि वह सत्ता में बैठे लोगों के सामने सच बोलने का साहस रखते थे। सिंह ने टाटा समूह के प्रमुख एन चंद्रशेखरन को पत्र लिखकर संवेदना प्रकट की। टाटा समूह के पूर्व प्रमुख रतन टाटा ने बुधवार रात मुंबई में अंतिम सांस ली। वह 86 वर्ष के थे। मनमोहन सिंह ने पत्र में कहा, ‘‘भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज रतन टाटा जी के निधन से गहरा दुख हुआ। वह कारोबार जगत के एक आदर्श व्यक्तित्व से कहीं अधिक थे। उनकी दूरदर्शिता और मानवता उनके जीवन के दौरान स्थापित और पोषित कई परमार्थ कार्यों में दिखी।’’
OCT 10, 2024 13:48 IST

जे पी नड्डा ने बेलूर मठ का किया दौरा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बृहस्पतिवार सुबह हावड़ा में रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ का दौरा किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा सुबह करीब 11 बजे एक दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ वह महासप्तमी के अवसर पर बेलूर मठ गए। बाद में, वह मध्य कोलकाता में संतोष मित्रा चौक के दुर्गा पूजा पंडाल का दौरा करेंगे और फिर बांग्ला को शास्त्रीय भाषा घोषित करने के केंद्र के फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के वास्ते आयोजित प्रतिष्ठित हस्तियों की एक बैठक में भाग लेंगे।
OCT 10, 2024 12:44 IST

महाराष्ट्र सरकार ने नाबालिग आरोपी को जमानत देने वाले जेजेबी के दो सदस्यों को किया बर्खास्त,

पुणे के दो राज्य नियुक्त सदस्यों को सत्ता के दुरुपयोग के आरोप में बर्खास्त कर दिया है। राज्य महिला एवं बाल विकास आयुक्त ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा जांच करने के बाद, दोनों सदस्यों को किशोर न्याय के तहत निहित शक्तियों का दुरुपयोग करने का दोषी पाया गया था और इसलिए सरकार ने उनकी नियुक्ति समाप्त कर दी थी। यहां पढ़ें पूरी खबर
OCT 10, 2024 10:27 IST

इजरायल ने लेबनान के सिविल डिफेंस सेंटर पर बरसाए बम, 5 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत

इजरायल और लेबनान में चल रही लड़ाई हर दिन और भयानक होती जा रही है। दोनों ओर से एक-दूसरे पर बम बरसाए जा रहे हैं। इसी बीच, दक्षिणी लेबनान में एक नागरिक सुरक्षा केंद्र पर इजरायल ने एक हवाई हमला किया है। इस हमले में 5 स्वास्थ्यकर्मियों की जान चली गई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
OCT 10, 2024 09:17 IST

रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

रतन टाटा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएल टाटा से बात की और संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारत सरकार की ओर से रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। राजकीय सम्मान के साथ रतन टाटा की अंतिम विदाई होगी।
OCT 10, 2024 06:36 IST

महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा के निधन पर राज्य में शोक दिवस की घोषणा की

महाराष्ट्र सरकार ने उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को राज्य में शोक दिवस की घोषणा की है। इस बीच मुंबई पुलिस के दक्षिण क्षेत्र के अतिरिक्त आयुक्त अभिनव देशमुख ने कहा कि सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3:30 बजे तक रतन टाटा का पार्थिव शरीर दर्शन के लिए NCPA में रखा जाएगा। जो भी लोग दर्शन के लिए आएंगे उनसे अपील है कि वहां पार्किंग की सुविधा नहीं है तो उन्हें पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा और अपनी पार्किंग की व्यवस्था देख कर आएं। पुलिस पूरी तरह से तैनात रहेगी।
OCT 10, 2024 05:40 IST

ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की, 'सबसे अच्छा इंसान' बताया

अमेरिका में नवंबर में प्रस्तावित राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘‘सबसे अच्छा इंसान’ बताया और कहा कि वह ‘‘उनके दोस्त हैं।’’ ट्रंप ने फ्लैगरेंट पॉडकास्ट के दौरान एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की, जिसे बुधवार को अपलोड किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी, भारत। वह मेरे दोस्त हैं। वह सबसे अच्छे इंसान हैं।’’