आज की ताजा खबर, 1 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मोदी ने विमान को गिरने से बचाने वाले पायलट मच्छार को 'नायक' बताया, रुबियो का ईरानी प्रतिनिधिमंडल को जल्द न्यूयॉर्क छोड़ने का आदेश...वॉलीबॉल क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान से 0-3 से हारा भारत
भारतीय खिलाड़ी पूरी तरह लय से बाहर नजर आए और विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर काबिज पाकिस्तान के खिलाफ एक घंटे 22 मिनट तक चले पहले क्वार्टर फाइनल में 19-25, 23-25, 18-25 से हार गए। इस हार के साथ विश्व रैंकिंग में 48वें स्थान पर मौजूद भारत की 1986 में दक्षिण कोरिया में कांस्य पदक जीतने के बाद पहली बार पोडियम पर जगह बनाने की उम्मीद भी खत्म हो गई। पुरुष वॉलीबॉल में भारत ने एशियाई खेलों में दो अन्य पदक भी जीते हैं जो 1958 में कांस्य और 1962 में रजत पदक हैं। पढ़ें- देश और विदेश की अन्य खबरें
विमान ईंधन की कीमत 137 रुपये प्रति लीटर हुई, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़े
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी के अनुरूप विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत बृहस्पतिवार से 16 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी गई है और साथ ही 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में 62.59 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने यह जानकारी दी।तेल कंपनियों के अनुसार, घरेलू विमानन कंपनियों के लिए एटीएफ की कीमत 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
इससे पहले सितंबर में एटीएफ की कीमत 6.28 रुपये प्रति लीटर यानी 5.46 प्रतिशत बढ़ाई गई थी। अगस्त में भी इसमें पांच रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। विमानन कंपनियों की कुल परिचालन लागत में एटीएफ की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक होती है। ऐसे में ईंधन की कीमतें विमानन कंपनियों की लागत को प्रभावित करने वाला एक प्रमुख कारक हैं।
विमान ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी के साथ ही वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 62.59 रुपये बढ़ाई गई है।
सितंबर में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इससे पहले जुलाई और अगस्त में लगातार दो महीनों में इसकी कीमत क्रमश: 183.50 रुपये और 192 रुपये घटाई गई थी। ये कटौती जून में कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद की गई थी। उस समय वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची कीमतों के कारण वाणिज्यिक एलपीजी महंगी हो गई थी।
फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,373 रुपये बढ़कर 1,740.50 रुपये से 3,113.50 रुपये हो गई थी। इसके बाद जुलाई और अगस्त में इसमें कमी की गई।
ताजा बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में मानक कीमतों में उतार-चढ़ाव और रुपये-डॉलर विनिमय दर के आधार पर किए गए हैं। एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा की जाती है। स्थानीय करों, जैसे मूल्य वर्धित कर (वैट) के कारण अलग-अलग राज्यों में इनकी कीमतें अलग हो सकती हैं।
घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 942 रुपये ही रहेगी।
पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति प्रभावित होने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी आने के बाद मार्च से जून के बीच घरेलू रसोई गैस की कीमत 89 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई थी।
मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। अभी इनके दाम में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
रुबियो ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल को तय समय से पहले न्यूयॉर्क छोड़ने का आदेश दिया
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान के विदेश मंत्री और संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने आए उनके प्रतिनिधिमंडल को तय समय से पहले न्यूयॉर्क छोड़ने का आदेश दिया। अमेरिका के दो अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने दोनों देशों के बीच शत्रुता के बावजूद ईरान के राष्ट्रपति और विदेश मंत्री तथा उनके प्रतिनिधिमंडलों को विश्व नेताओं की वार्षिक बैठक में शामिल होने के लिए वीजा जारी किए थे। हालांकि, उन पर कड़ी पाबंदियां लगाई गई थीं।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान पिछले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र में संबोधन देने के एक दिन बाद न्यूयॉर्क से रवाना हो गए थे जबकि विदेश मंत्री अब्बास अराघची न्यूयॉर्क में ही रुके हुए थे। बताया गया कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने, संघर्ष समाप्त करने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर वार्ता फिर शुरू करने के मुद्दे पर अमेरिका के साथ अप्रत्यक्ष बातचीत में शामिल होने के लिए रुके थे।
कुछ खबरों के मुताबिक, अराघची की बुधवार तक न्यूयॉर्क में रुकने की योजना थी।
अमेरिका के दो अधिकारियों के अनुसार, सप्ताहांत में ईरान और कतर के मध्यस्थों के बीच हुई बैठकों में बहुत कम प्रगति होने के बाद रुबियो का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सोमवार को ईरानी प्रतिनिधिमंडल से कहा कि अराघची और उनके दल को तत्काल न्यूयॉर्क छोड़ना होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने वाले पायलट मच्छार को ‘नायक' करार दिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की सराहना करते हुए उन्हें ’’नायक’’ करार दिया और कहा कि उनके साहस पर देश को गर्व है।मच्छार ने दुबई-तेल अवीव की फ्लाईदुबई उड़ान के सह-पायलट का मुकाबला किया, जो कथित तौर पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास कर रहा था।
मोदी ने कैप्टन मच्छार की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद की और ’’बड़ी त्रासदी’’ टाली।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे। इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गया। बाद में उसका मार्ग सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। मोदी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’कैप्टन स्मित मच्छार एक नायक हैं। सबसे गंभीर खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और अटूट संकल्प दिखाया। उनके साहस ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद की और बड़ी त्रासदी टाली।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। उन्होंने कहा, ’’मैं उनके जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’
पुरुष वॉलीबॉल क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान से 0-3 से हारा भारत
भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम का एशियाई खेलों में 40 साल बाद पदक जीतने का सपना बृहस्पतिवार को उस समय टूट गया जब उसे क्वार्टर फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी और ऊंची रैंकिंग वाले पाकिस्तान के हाथों 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।भारतीय खिलाड़ी पूरी तरह लय से बाहर नजर आए और विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर काबिज पाकिस्तान के खिलाफ एक घंटे 22 मिनट तक चले पहले क्वार्टर फाइनल में 19-25, 23-25, 18-25 से हार गए।
इस हार के साथ विश्व रैंकिंग में 48वें स्थान पर मौजूद भारत की 1986 में दक्षिण कोरिया में कांस्य पदक जीतने के बाद पहली बार पोडियम पर जगह बनाने की उम्मीद भी खत्म हो गई। पुरुष वॉलीबॉल में भारत ने एशियाई खेलों में दो अन्य पदक भी जीते हैं जो 1958 में कांस्य और 1962 में रजत पदक हैं।
भारत की ओर से अश्वल राय ने सर्वाधिक नौ अंक जुटाए जबकि जेरोम विनीत, जोएल बेंजामिन जेबराज और चिराग यादव ने आठ-आठ अंक बनाए।
पाकिस्तान की ओर से मुराद खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 अंक जुटाए जबकि उस्मान फरयाद अली ने 13 अंक बनाए।
भारत ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले जीते थे। उसने वियतनाम, हांगकांग चीन और ऊंची रैंकिंग वाले कतर को हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
'गुजरात के बेटे पर पूरे देश को गर्व': कॉकपिट में 174 जिंदगियां बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की वीरता पर बोले CM भूपेंद्र पटेल
'हमें इस बहादुर पायलट पर गर्व है'...पूरा देश कर रहा कैप्टन स्मित मच्छार की सलामती के लिए दुआएं
'मोदी का फंडा साफ है- जनता से वसूली करो, दोस्त की तिजोरी भरो'...कांग्रेस का पीएम पर निशाना
Times Now Amazing Indian awards 2026: किरेन रिजिजू बोले- जमीनी स्तर से शीर्ष तक हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे
UP BJP में सह-प्रभारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा, जानिए किसे मिली क्या जिम्मेदारी? समझें रणनीति
© 2026 Times Horizon Private Limited
