LIVEआज की ताजा खबर 06 सितंबर 2026: दक्षिण दिल्ली में इमारत गिरने की घटना में 5 की मौत, कई की हालत गंभीर; अमित शाह ने गोवा में BJP कार्यालय का उद्घाटन किया
आज की ताजा खबर 06 सितंबर 2026: बिहार में बाढ़ को लेकर दहशत बढ़ती जा रही है। हाजीपुर में भी गंडक नदी का रिंग बांध देर रात टूट जाने से बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। करीब 400 से 500 घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
केंद्र सरकार ने शनिवार को देश के विभिन्न हाईकोर्ट में आठ चीफ जस्टिस नियुक्त किए हैं। यह नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के कुछ दिनों बाद हुई हैं। केतन अग्रवाल हत्या केस में पुलिस ने शनिवार को बताया कि पुणे में महिला के मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में दो मुख्य आरोपियों, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के बाद अब एक तीसरे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

आज की ताजा खबर 06 सितंबर 2026: दक्षिण दिल्ली में इमारत गिरने की घटना में 5 की मौत, कई की हालत गंभीर; अमित शाह ने गोवा में BJP कार्यालय का उद्घाटन किया
आज की ताजा खबर 06 सितंबर 2026: पटना के बाद वैशाली जिले में भी बाढ़ का कहर देखा गया है। हाजीपुर में भी गंडक नदी का रिंग बांध देर रात टूट जाने से बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। करीब 400 से 500 घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। लगभग 20 फीट हिस्से में बांध टूटने के बाद लाखों रुपये के केले के बागान और फसलें पूरी तरह डूब गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हाई अलर्ट के बावजूद प्रशासनिक टीम मौके पर नहीं पहुंची और लोगों को समय पर सहायता नहीं मिल सकी। रात के अंधेरे में ग्रामीण खुद बांध टूटने वाली जगह पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे।
केंद्र सरकार ने शनिवार को देश के विभिन्न हाईकोर्ट में आठ चीफ जस्टिस नियुक्त किए हैं। यह नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के कुछ दिनों बाद हुई हैं। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश वल्लुरी कामेश्वर राव को पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं, मुंबई उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति रवींद्र वी. घुगे कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे।
केतन अग्रवाल हत्या केस में पुलिस ने शनिवार को बताया कि पुणे में महिला के मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में दो मुख्य आरोपियों, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के बाद अब एक तीसरे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए इस व्यक्ति की पहचान रितेश हांगे के रूप में हुई है, जो चेतन चौधरी का मित्र है और कथित तौर पर 18 जून को लोहागढ़ किले में रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की योजना बनाने में शामिल था, जब अग्रवाल सिया गोयल के साथ ट्रेकिंग पर थे।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मिलिटेंट्स ने छह आम लोगों की हत्या कर दी
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में मिलिटेंट्स ने छह आम लोगों की हत्या कर दी है, लोकल पुलिस ने रविवार को बताया। मस्तुंग शहर के स्टेशन हाउस ऑफिसर अब्दुर रऊफ ने बताया कि रविवार को बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में छह आम लोगों की गोलियों से छलनी लाशें मिलीं।
दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक- राहुल गांधी
अरुणाचल पुलिस ने मानव तस्करी मामले का भंडाफोड़ किया, 38 लोगों को बचाया
अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने अलग-अलग जगहों से 34 बच्चों समेत 38 लोगों को बचाया है और मानव तस्करी में कथित तौर पर शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बच्चों को अरुणाचल प्रदेश के आलो, मेचुका, पासीघाट, नाहरलागुन, ईटानगर और लोंगडिंग क्षेत्रों के अलावा असम से भी बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले महीने नामसाई थाने में मानव तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच नामसाई के पुलिस उपाधीक्षक केंगो दिरची कर रहे हैं। यह जांच पुलिस अधीक्षक सांगे थिनले की निगरानी में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) और जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू), नामसाई के समन्वय से की जा रही है।
दिल्ली सत्य निकेतन हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं तथा हादसे से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पुलिस चौकी परिसर में जन्मदिन पर केक काटने का वीडियो वायरल, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक चौकी परिसर में एक व्यक्ति द्वारा जन्मदिन का केक काटने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और मामले की जांच के आदेश जारी किये गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो अड्डा बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति केक काटता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि पास में एक उपनिरीक्षक समेत कुछ पुलिसकर्मी खड़े नजर आ रहे हैं। पुलिस परिसर में निजी आयोजन को लेकर इस वीडियो पर सवाल उठाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जिम्मेदारी निचलौल के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बसंत सिंह को सौंपी गई है। सिंह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि घटना कब हुई और किन परिस्थितियों में चौकी परिसर में जन्मदिन मनाया गया। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि युवक को चौकी में केक काटने की अनुमति किसने दी थी और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका थी। अड्डा बाजार चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने इससे पहले बताया था कि पुलिसकर्मी जन्माष्टमी का कार्यक्रम मना रहे थे और इसी दौरान खैराती गांव का एक युवक वहां पहुंचा और उसने अपने जन्मदिन का केक काटने की अनुमति मांगी। उन्होंने बताया था कि वह इस तरह के निजी आयोजनों से दूर रहते हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बलिया में बाढ़ के पानी में डूबने से दो नाबालिग लड़कों की मौत
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दुबहर थाना क्षेत्र में रविवार को बाढ़ के पानी में डूबने से दो नाबालिग लड़कों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रघुनाथपुर गांव के पांच दोस्त दो मोटरसाइकिलों से रविवार दोपहर दुबहर-बलिया बंधा स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले मार्ग पर टेकार पुलिया (मां काली मंदिर) माधोमठ के पास पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि चार दोस्त बाइक खड़ी कर बाढ़ के पानी में नहाने लगे, जबकि पांचवां दोस्त सड़क पर ही खड़ा रहा। पुलिस के अनुसार, नहाने के दौरान चारों दोस्त डूबने लगे, जिसके बाद बाहर खड़े युवक ने उन्हें डूबता देख शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि लोगों की मदद से दो युवकों को बचा लिया गया जबकि दो नाबालिग लड़के डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुबहर थाना प्रभारी अनुपम जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम के प्रयास से डूबे लड़कों के शव बरामद कर लिए गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अभिषेक गौड़ (17) और अनीस अंसारी (16) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाषा सं आनन्द जितेंद्र
केरलम में नदी के पास दो बोरियों में महिला और बच्चे के शवों के अंग मिले
केरलम के अगली में चेराकडव के पास रविवार को भवानी नदी में लावारिस पड़ी दो बोरियों से एक महिला और एक बच्चे के शवों के अंग बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मवेशी चराने वालों ने करीब साढ़े तीन बजे नदी के सूखे हिस्से में पड़ी दो बोरियां देखीं। बोरियों से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुदुर पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बोरियों की जांच की। दोनों बोरियों में एक महिला और एक बच्चे के सिर समेत शरीर के अन्य अंग मिले। पुलिस ने बताया कि आसपास के इलाके में तलाशी ली गई, लेकिन कोई अन्य बोरी या शव के अंग नहीं मिले। शव के अंग काफी सड़ चुके हैं, जिससे उनकी शिनाख्त करना मुश्किल हो रहा है। एक गवाह के बयान के आधार पर पुदुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि शव के अंगों को मुर्दाघर भेज दिया गया है और सोमवार को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस पड़ोसी जिलों तथा केरलम और तमिलनाडु में हाल में दर्ज हुए गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मुरादाबाद में दो दिन से जारी बारिश के बाद चार मंजिला मकान ढहा, कोई हताहत नहीं
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के मुगलपुरा इलाके में दो दिन की भारी बारिश के बाद रविवार को चार मंजिला एक मकान ढह गया हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने एहतियात के तौर पर एक दिन पहले ही इमारत को खाली कराकर सील कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार, पीतल कारोबारी सरफराज अली के इस मकान को शुक्रवार को असुरक्षित घोषित कर सील कर दिया गया था और सभी लोगों को इमारत से बाहर निकाल दिया गया था। उन्होंने बताया कि मकान मालिक को इस इमारत को गिराने के निर्देश भी दिए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम अचानक मकान गिर गया, जिससे मलबा आसपास के घरों, दुकानों और सड़क पर फैल गया। उन्होंने बताया कि इमारत में बनी कई दुकानें बंद थीं और पुलिस ने पहले ही इलाके में लोगों की आवाजाही रोक दी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के कारण मुरादाबाद के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
सत्य निकेतन इमारत हादसा : भाजपा अध्यक्ष नवीन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को इमारत ढहने के बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात कर हालात की जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा और प्रह्लाद जोशी ने भी गुप्ता से बात की। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के दक्षिणी परिसर के पास सत्य निकेतन की एक संकरी गली में लड़कों के छात्रावास के रूप में इस्तेमाल हो रही 50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत रविवार अपराह्न ढह गई। इस हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नवीन ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की दुखद घटना बेहद चिंताजनक है। स्थिति का जायजा लेने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की।’’ नवीन ने कहा कि राहत और बचाव अभियान ’’युद्धस्तर पर’’ चलाया जा रहा है और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ’’मुश्किल की इस घड़ी में प्रभावित सभी लोगों की सुरक्षा और कुशलता की कामना करता हूं।’’ इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने भी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की और इमारत ढहने की घटना के संबंध में जानकारी ली।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नड्डा ने मुख्यमंत्री को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से हरसंभव आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया। सूत्रों ने बताया कि नड्डा ने दिल्ली स्थित एम्स तथा केंद्र सरकार के अन्य अस्पतालों के निदेशकों से घटना में घायल लोगों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास सत्य निकेतन में निजी इमारत ढहने की खबर से बेहद दुखी हूं। मैंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की है, जो व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि बचाव एवं राहत उपाय तेजी से किए जा रहे हैं।’’
अमित शाह ने गोवा में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया, दिल्ली हादसे के बाद कार्यक्रम जल्दी खत्म
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए प्रदेश मुख्यालय का उद्घाटन किया, हालांकि दिल्ली में इमारत ढहने की घटना के बाद कार्यक्रम जल्द खत्म कर दिया गया। तीन दिवसीय गोवा दौरे पर आए शाह पणजी के पास चिंबल गांव में स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और उद्घाटन किया। समारोह के बीच मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दिल्ली हादसे के कारण कार्यक्रम जल्द खत्म करने की घोषणा की। अधिकारियों ने बताया कि रविवार दोपहर दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग मलबे में फंस गए। इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के ’पीजी’ के रूप में किया जा रहा था। सावंत ने कहा, ’’चूंकि नई दिल्ली में एक दुखद घटना हुई है, इसलिए हमने कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।’’ उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल से रवाना हो चुके शाह ने नए कार्यालय भवन के उद्घाटन पर पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं। कार्यक्रम में गोवा भाजपा अध्यक्ष दामोदर नाइक, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक और राज्यसभा सदस्य सदानंद शेत तानावडे समेत कई नेता मौजूद थे।
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में दो की मौत, पांच की हालत गंभीर
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में तीन लोगों की मौत और कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ी अफवाह फैलाने के लिए पुलिस ने मामले दर्ज किए
उत्तर प्रदेश के शामली जिले की साइबर अपराध पुलिस ने हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड के फरार आरोपियों के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी खाते बनाकर अफवाह और दहशत फैलाने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। शामली के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुमित शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि जांच के दौरान साइबर अपराध पुलिस ने सोशल मीडिया पर करीब 16 फर्जी खातों की पहचान की, जिनके माध्यम से भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही थीं।
उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुक्ला ने लोगों से ऐसी फर्जी सूचनाओं को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने बताया कि अफवाह फैलाने के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों के नाम से दो संदेश प्रसारित किए गए थे, जिनमें अंकित बालियान की हत्या के बाद और लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। शामली में 26 अगस्त को जिम से निकलकर कार की ओर जाते समय अज्ञात हमलावरों ने अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने चार शूटरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने चारों शूटरों की पहचान कर ली थी, जिनमें से सुमित और मोहित को 31 अगस्त को शामली जिले में हुई पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिस ने हत्याकांड के फरार दो शूटरों सत्यम और आर्यन पर घोषित इनाम की राशि 50-50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर दी है। दोनों आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
चेन्नई में टीवीके पदाधिकारी की हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार
शहर के बेसंत नगर में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के एक पदाधिकारी की हथियारों से लैस गिरोह ने हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। इस हत्या के बाद विपक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। अधिकारियों ने बताया कि हत्या के मामले में अब तक कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात कन्नन नाम के व्यक्ति का पीछा किया गया और धारदार हथियारों से हमला किया गया।अधिकारियों के अनुसार, कन्नन एक ’हिस्ट्रीशीटर’ था और उसका आपराधिक इतिहास था। हमले की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसे व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुरानी दुश्मनी इस हत्या की वजह हो सकती है और यह बदले की कार्रवाई का मामला प्रतीत होता है। इस घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए। विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि टीवीके ’’अपराधियों के पनाह लेने की जगह बन गई है।’’ द्रमुक नेता ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल एक हिस्ट्रीशीटर को खुलेआम सड़क पर दौड़ाकर मार दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही वह कानून-व्यवस्था है जिसे तमिलनाडु में स्थापित करने का दावा सरकार करती है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री और टीवीके संस्थापक सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु विधानसभा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विपक्ष की आलोचना का जवाब देना है। पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के अध्यक्ष डॉ. अंबुमणि रामदास ने सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने पिछले पखवाड़े में उपनगरों में हुई हत्या और एटीएम लूट की तीन घटनाओं का जिक्र किया। रामदास ने कहा कि कन्नन की हत्या से लोगों में डर पैदा हो गया है।
राजनाथ सिंह तीन दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका जाएंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार से श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वह दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सैन्य संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। आधिकारिक बयान के अनुसार, सिंह के साथ रक्षा और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा, ’’रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आठ से 10 सितंबर तक श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।’’ मंत्रालय ने कहा कि सिंह श्रीलंका के नेतृत्व के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे और कोलंबो में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इसने कहा, ’’भारत और श्रीलंका के बीच गहरे सभ्यतागत संबंध और बहुआयामी साझेदारी है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा, आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग तथा दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित है।’’ मंत्रालय ने कहा, ’’रक्षा मंत्री की श्रीलंका यात्रा से मजबूत समुद्री और रक्षा साझेदारी समेत पारस्परिक हित वाले क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच पारंपरिक रूप से मजबूत एवं मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी।’’
दिल्ली में सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर अमित शाह ने जताया दुख
अमित शाह ने रद्द किया अपना गोवा दौरा
दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की खबर मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपना गोवा का इवेंट कैंसिल कर दिया है। उन्हें आज गोवा के चिंबेल में नए बने BJP स्टेट ऑफिस बिल्डिंग का उद्घाटन करना था।
लखनऊ में डबल-डेकर बस में आग लगी, सभी 30 यात्री सुरक्षित
गोरखपुर से गुजरात जा रही 30 यात्रियों को ले जा रही एक डबल-डेकर बस में रविवार को लखनऊ में मेदांता हॉस्पिटल के पास शहीद पथ पर आग लग गई, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं, पुलिस ने बताया। एडिशनल DCP (साउथ) रल्लापल्ली वसंत कुमार ने कहा कि पुलिस को सुशांत गोल्फ सिटी थाना इलाके में बस में आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। पुलिस ने कहा कि बस ड्राइवर के मुताबिक, बस चलते समय एक टायर में आग लग गई, जिसके बाद आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने कहा कि सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, हालांकि आग में उनका कुछ सामान खराब हो गया। कुमार ने कहा, "इस घटना में किसी की जान नहीं गई है।"
लखनऊ में गड्ढे में भरे पानी में डूबने से छह साल के बच्चे की मौत
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में शनिवार शाम पेड़ उखड़ने से बने गड्ढे में फिसलकर गिरे छह वर्षीय बच्चे की डूबने से की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बाबू बनारसी दास थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब चार बजे यह घटना हुई और मृतक की पहचान डीह गांव निवासी हर्षित चौरसिया के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हर्षित अपने एक दोस्त के साथ घर से कुछ दूर घूम रहा था और इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से पानी भरे गड्ढे में गिर गया। बयान के अनुसार, हर्षित का दोस्त घटना की जानकारी देने के लिए उसके परिजनों के पास गया, जिसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों के हवाले से बताया कि घटनास्थल पर मशीन से एक पेड़ उखाड़ा गया था, जिससे वहां एक गहरा गड्ढा बन गया था और उसमें पानी भर गया था।
केप वर्डे के फोगो द्वीप में बस दुर्घटना में कम से कम 25 लोगों की मौत
अफ्रीकी द्वीपीय देश केप वर्डे में एक सड़क दुर्घटना में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया और अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह दुर्घटना शनिवार को फोगो द्वीप के पहाड़ी इलाके में कैम्पानास डी सिमा मार्ग पर हुई। हादसे में एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और कई लोग घायल भी हुए।
अमित शाह ने सीएम प्रमोद सावंत के साथ की बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ गृह मंत्रालय (MHA) के विभिन्न विभागों के साथ गोवा से संबंधित प्रमुख विषयों और प्रशासनिक मामलों पर चर्चा करने के लिए एक समीक्षा बैठक की।