LIVE

06 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज़: RBI ने रेपो रेट में नहीं की कटौती, पीएम मोदी आज करेंगे नए सेंट्रल विस्टा भवन का उद्घाटन, धराली में बादल फटने से 4 लोगों की मौत

06 अगस्त 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: आरबीआई ने रेपो रेट में कोई कटौती नहीं की है। रेपो रेट को 5.5 फीसदी पर ही बरकरार रखा गया है। सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों के लिए ऐसे कुल दस भवनों का निर्माण होना है। इनमें से कर्तव्य भवन-3 बनकर तैयार हो गया है इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 अगस्त को करेंगे। साथ ही वह शाम छह बजे कर्तव्य पथ पर एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। इनमें मंत्रालयों के अधिकारी कर्मचारी भी शामिल होंगे। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली में बादल फटने के कारण खीर गंगा नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और कई मकान व होटल तबाह हो गए। जानकारी के अनुसार अब तक 130 लोगों को बाहर सुरक्षित निकाला जा चुका है।
06 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज़: RBI ने रेपो रेट में नहीं की कटौती, पीएम मोदी आज करेंगे नए सेंट्रल विस्टा भवन का उद्घाटन, धराली में बादल फटने से 4 लोगों की मौत
06 अगस्त 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: आरबीआई ने रेपो रेट में कोई कटौती नहीं की है। रेपो रेट को 5.5 फीसदी पर ही बरकरार रखा गया है। सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों के लिए ऐसे कुल दस भवनों का निर्माण होना है। इनमें से कर्तव्य भवन-3 बनकर तैयार हो गया है इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 अगस्त को करेंगे। साथ ही वह शाम छह बजे कर्तव्य पथ पर एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। इनमें मंत्रालयों के अधिकारी कर्मचारी भी शामिल होंगे। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली में बादल फटने के कारण खीर गंगा नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और कई मकान व होटल तबाह हो गए। जानकारी के अनुसार अब तक 130 लोगों को बाहर सुरक्षित निकाला जा चुका है।

  • पीएम मोदी आज करेंगे नए सेंट्रल विस्टा भवन का उद्घाटन

  • धराली में बादल फटने से 4 लोगों की मौत

  • भारत, रूस ने रक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर प्रतिबद्धता दोहराई

  • कश्मीर मुद्दा भारत-पाक के बीच तनाव का मुख्य कारण: प्रधानमंत्री शरीफ

  • विवादित टिप्पणी के लिए भाजपा एमएलसी फुके ने माफी मांगी
Aug 6, 2025 | 06:50 PM IST

सेना प्रमुख मुनीर के राष्ट्रपति बनने की अटकलें निराधार: पाकिस्तानी सेना

पाकिस्तानी सेना ने उन अटकलों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है कि सेना प्रमुख असीम मुनीर अगले राष्ट्रपति बनने की योजना बना रहे हैं। सेना की यह प्रतिक्रिया ऐसे वक्त आई है, जब पिछले कुछ हफ्तों में सोशल मीडिया पर अटकलें लगाई जा रही थीं कि मुनीर राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की जगह लेने की योजना बना रहे हैं। सरकारी पीटीवी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर सेना प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी के पत्रिका ‘द इकोनॉमिस्ट’ को दिए साक्षात्कार को पोस्ट किया। इसमें चौधरी ने स्पष्ट किया कि सेना प्रमुख मुनीर की राष्ट्रपति पद में कोई रुचि नहीं है और ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। उन्होंने कहा, फ़ील्ड मार्शल असीम मुनीर के पाकिस्तान के राष्ट्रपति बनने की बातें पूरी तरह से निराधार हैं।
10 जुलाई को गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने राष्ट्रपति जरदारी के पद छोड़ने की अफवाहों को खारिज करते हुए इसे एक दुर्भावनापूर्ण अभियान करार दिया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ज़रदारी के सशस्त्र बलों के नेतृत्व के साथ मजबूत और सम्मानजनक संबंध हैं। नकवी ने जोर दिया कि मुनीर का "एकमात्र ध्यान" पाकिस्तान की मजबूती और स्थिरता पर है, और किसी और चीज पर नहीं।
Aug 6, 2025 | 06:42 PM IST

दिल्ली विधानसभा परिसर में ब्रिटिशकालीन ‘फांसी घर’ पर हंगामा, आतिशी को सदन से निकाला गया

दिल्ली विधानसभा परिसर में ब्रिटिशकालीन तथाकथित ‘फांसी घर’ की प्रमाणिकता को लेकर बुधवार को भाजपा सदस्यों के साथ तीखी बहस के बाद विपक्ष की नेता आतिशी और आम आदमी पार्टी (आप) के अन्य विधायकों को मार्शलों की मदद से सदन से बाहर निकाल दिया गया। विधानसभाध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि 2022 में जिस कक्ष का जीर्णोद्धार किया गया और तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उद्घाटन किया, वह वास्तव में एक ‘टिफिन रूम’ था, न कि औपनिवेशिक काल का फांसी स्थल। मंत्री कपिल मिश्रा ने पिछली आप सरकार पर झूठा वृत्तांत पेश करके इतिहास से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक टिफिन रूम को नकली फांसी स्थल में बदलने में करोड़ों रुपये खर्च किए, हमारे शहीदों का अपमान किया और लोगों को गुमराह किया। हालांकि, आप विधायक संजीव झा ने इस कमरे के ऐतिहासिक महत्व का बचाव करते हुए तर्क दिया कि ऐसे कई फांसी स्थलों का कभी आधिकारिक तौर पर रिकॉर्ड नहीं रखा गया।
Aug 6, 2025 | 05:48 PM IST

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में छह इनामी नक्सलियों समेत नौ नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में 24 लाख रुपये के छह इनामी नक्सलियों समेत कुल नौ नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में बक्सू ओयाम (27), बुधराम पोटाम (36), हिड़मा ऊर्फ हिरिया (26), मंगू उईका ऊर्फ टोग्‍गी (38), रोशन कारम ऊर्फ सोनू (24), मंगलों पोड़ियाम (23), कमलू हेमला ऊर्फ कुम्मा (28), बुधराम हेमला (47) और पण्डरू पूनेम (38) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नक्सली बक्सू ओयाम माड़ डिवीजन के अंतर्गत कंपनी नंबर एक में पार्टी सदस्य है और उस पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित है। एरिया कमेटी सदस्य बुधराम पोटाम और हिड़मा ऊर्फ हिरिया पर पांच—पांच लाख रुपये का इनाम है। अधिकारियों ने बताया कि मंगू उईका, चिन्नापल्ली एरिया कमेटी पार्टी सदस्य रोशन कारम और भैरमगढ एरिया कमेटी पार्टी सदस्य मंगलों पोड़ियाम पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों का ग्रामीणों के साथ हो रहा सकारात्मक संवाद, सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के व्यापक प्रचार प्रसार से नक्सलियों का माओवादी संगठन से मोहभंग हुआ है।
Aug 6, 2025 | 04:38 PM IST

ओडिशा के केंद्रपाड़ा में प्रेमी के ब्लैकमेल से परेशान कॉलेज छात्रा ने खुद को आग लगाई

ओडिशा में महिला उत्पीड़न और अपराधों का सिलसिला जारी है। बालासोर का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब ओडिशा के केंद्रपाड़ा में बुधवार को एक कॉलेज छात्रा ने अपने प्रेमी द्वारा ब्लैकमेल किए जाने के बाद अपने घर में कथित तौर पर आत्मदाह कर लिया। 12 जुलाई के बाद से ओडिशा में किसी महिला के जलने से मरने की यह तीसरी घटना है। यह ताजा घटना पट्टामुंडई (ग्रामीण) थाना क्षेत्र के काठियापाड़ा गांव में सुबह हुई। लगभग 20 वर्षीय छात्रा के पिता ने दावा किया कि जब वह घर में अकेली थी, तो उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। उन्होंने दावा किया कि वह एक आदमी के साथ रिश्ते में थी और उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि उसने छह महीने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Aug 6, 2025 | 04:17 PM IST

विपक्ष की नेता आतिशी को मार्शलों ने बाहर निकाला

दिल्ली विधानसभा परिसर में ब्रिटिशकालीन 'फांसी घर' को लेकर हंगामे के बीच विपक्ष की नेता आतिशी को मार्शलों ने बाहर निकाला।
Aug 6, 2025 | 03:55 PM IST

राज्यसभा में में नहीं थमा हंगामा, बैठक पूरे दिन के लिए स्थगित

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को राज्यसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बज कर तीस मिनट पर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे की वजह से आज भी उच्च सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया। एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे जब बैठक शुरू हुई तो पीठासीन अध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता की अनुमति से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट मणिपुर (2025-26) सदन के पटल पर रखा।
इसी बीच विपक्षी सदस्यों ने एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ सदस्य अपने स्थानों से आगे आ कर ‘वोट की चोरी बंद करो’ और ‘एसआईआर पर चर्चा हो’ जैसे नारे लगाने लगे।
Aug 6, 2025 | 03:46 PM IST

अमेरिकी समयसीमा से पहले ट्रंप के दूत करेंगे पुतिन से मुलाकात

क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति कायार्लय) ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यहां मुलाकात कर रहे हैं। यह बैठक व्हाइट हाउस द्वारा रूस को यूक्रेन के साथ शांति समझौता करने के लिए दी गई समय सीमा से कुछ दिन पहले हो रही है। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि शांति समझौता नहीं करने पर रूस को गंभीर आर्थिक दंड का सामना करना पड़ सकता है, जिससे रूस से तेल खरीदने वाले देश भी प्रभावित हो सकते हैं। रूस के लिए ट्रंप की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त होगी।
क्रेमलिन ने बैठक के बारे में तुरंत और जानकारी नहीं दी। इससे पहले, TASS द्वारा प्रसारित फुटेज में दिखाया गया था कि विटकॉफ ने क्रेमलिन से कुछ ही दूरी पर स्थित जार्यादे पार्क में रूसी राष्ट्रपति के निवेश एवं आर्थिक सहयोग दूत किरिल दिमित्रीव के साथ सुबह-सुबह सैर की। दिमित्रिव ने हाल के महीनों में इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच तीन दौर की सीधी वार्ताओं और रूसी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच चर्चाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Aug 6, 2025 | 02:25 PM IST

मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायकों का पुलिस की वर्दी पहनकर प्रदर्शन

मध्य प्रदेश में विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों के आक्रामक तेवर बने हुए है। कांग्रेस विधायकों ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में पुलिस कांस्टेबल भर्ती घोटाले पर विधानसभा में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के विधायक पुलिस जवानों की वर्दी पहनकर पहुंचे थे। कांग्रेस ने राज्य में पुलिस कांस्टेबल भर्ती घोटाले का आरोप लगाते हुए विधानसभा परिसर में जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी भी की। कांग्रेस ने इस भर्ती घोटाले को व्यापमं पार्ट-दो बताया है।



Aug 6, 2025 | 02:24 PM IST

पालघर हत्याकांड का तीन साल से फरार दोषी पंजाब में गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर में 2016 में हुई हत्या के मामले में तीन साल से फरार दोषी व्यक्ति को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि आरोपी शंकर जगदीश मुखिया उर्फ समोसेवाला बार-बार अपना नाम और पहचान बदलकर पुलिस की नजरों से बचता रहा। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक समीर अहिरराव ने बताया कि उसे 15 सितंबर 2016 को नालासोपारा इलाके में दिलीप बासनेट नामक व्यक्ति की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था।
Aug 6, 2025 | 02:23 PM IST

शिमला में कार नदी में गिरी, तीन लोगों की मौत

शिमला जिले में पब्बर नदी में एक कार के गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह दुर्घटना चिरगांव के पास आधी रात के आसपास हुई जब चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और नदी से शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान हिमांशु, विशाल ठाकुर और अभय के रूप में हुई है। सभी शिमला के चिरगांव क्षेत्र के निवासी थे।
Aug 6, 2025 | 02:22 PM IST

झारखंड में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया: पुलिस

झारखंड के गुमला जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में माओवादी संगठन से जुड़े ‘पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) का एक एरिया कमांडर मारा गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मारे गए माआवोदी पर 15 लाख रुपये का इनाम था।
Aug 6, 2025 | 02:22 PM IST

पेटीएम अब पूरी तरह से भारतीय कंपनी, चीनी स्वामित्व समाप्त

पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस का स्वामित्व अब पूरी तरह से भारतीयों के हाथ में है। करीब नौ साल पहले पेटीएम के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कंपनी के स्वामित्व ढांचे के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में कहा था, ‘‘ हम मारुति जितने ही भारतीय हैं।’’ यह कथन जिसे कभी प्रतीकात्मक माना जाता था, अब वास्तविकता को दर्शाता है जहां पेटीएम अब भावना और शेयरधारिता दोनों ही दृष्टि से पूरी तरह से भारतीय कंपनी बन गई है।
Aug 6, 2025 | 02:21 PM IST

विपक्ष ने खेल से संबंधित विधेयकों को जेपीसी को भेजने की मांग की

कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर आग्रह किया कि लोकसभा की कार्यसूची में सूचीबद्ध खेल से संबंधित दो विधेयकों को संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के विचार के लिए भेजा जाए। विपक्षी दलों ने कहा कि ये विधेयक राष्ट्रीय महत्व के हैं और इन पर व्यापक सहमति की जरूरत है। बिरला को लिखे गए पत्र में राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक, 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक, 2025 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि ये दोनों विधेयक खेलों के शासन और नियमन में व्यापक सुधार से संबंधित है तथा इनका ‘‘हमारे खेल, खिलाड़ियों, खेल संघों और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत की स्थिति’’ पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
Aug 6, 2025 | 01:42 PM IST

लोकसभा की कार्यवाही बाधित, बैठक दो बजे तक स्थगित

विपक्षी दलों के सदस्यों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर बुधवार को लोकसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजकर पांच मिनट पर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले विपक्षी सदस्यों ने प्रश्नकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सदन में मौजूद होने की मांग करते हुए हंगामा किया और कार्यवाही आरंभ होने के तीन मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मानसून सत्र में पिछले कई दिन से एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा कर रहे हैं, जिससे सदन में गतिरोध बना हुआ है।
Aug 6, 2025 | 01:38 PM IST

उत्तराखंड के आपदा प्रभावित इलाकों का सीएम धामी ने किया निरीक्षण

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराकाशी में बादल फटने की घटने के बाद प्रभावित इलाके का हवाई निरीक्षण किया। उन्होंने इसका वीडियो भी अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर साझा किया है, जिसमें वो हेलीकॉप्टर पर सवार होकर पूरी स्थिति का जायजा लेते हुए नजर आ रहे हैं। अपने हवाई सर्वेक्षण के बारे में उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जानकारी दे दी थी। अपने पोस्ट में उन्होंने कहा था कि उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र के निरीक्षण के लिए रवाना हो रहा हूं। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। प्रभावितों को शीघ्र एवं समुचित सहायता पहुंचाने हेतु हम पूर्ण सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्यरत हैं।
Aug 6, 2025 | 01:37 PM IST

ईडी के सामने पेश हुए एक्टर विजय देवरकोंडा

अभिनेता विजय देवरकोंडा बुधवार को बेटिंग ऐप्स प्रमोशन से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। वह सुबह करीब 11 बजे हैदराबाद के बशीरबाग स्थित ईडी के कार्यालय पहुंचे। ईडी विजय से बेटिंग ऐप्स के साथ उनके करार और प्रचार के लिए मिले भुगतान के बारे में पूछताछ कर सकती है। विजय इस मामले में ईडी के सामने पेश होने वाले दूसरे अभिनेता हैं। इससे पहले, 30 जुलाई को अभिनेता प्रकाश राज से पांच घंटे तक पूछताछ हुई थी। प्रकाश राज ने बताया कि उन्होंने साल 2016 में एक सट्टेबाजी ऐप के लिए विज्ञापन किया था, लेकिन इसके लिए उन्होंने कोई भुगतान नहीं लिया था। उन्होंने बताया कि उन्हें बाद में एहसास हुआ कि यह विज्ञापन नहीं करना चाहिए था।
Aug 6, 2025 | 01:37 PM IST

राज्यसभा ने दी सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि, फिर हुआ हंगामा कार्यवाही स्थगित

राज्यसभा में पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि दी गई। सत्यपाल मलिक दो बार राज्य सभा के सदस्य रह चुके हैं। बुधवार को उप सभापति हरिवंश नारायण ने राज्य सभा में दिवंगत के प्रति श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश से 2 बार संसद के उच्च सदन के सदस्य बने। पहली बार वे 1982 में सदन के सदस्य बनें। इसके बाद वे वर्ष में 1989 सदन के सदस्य रहे। 24 जुलाई 1946 को जन्मे सत्यपाल मलिक ने अपने चुनावी जीवन की शुरुआत उत्तर प्रदेश विधानसभा से की थी। वह 1974 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य बने थे। वह अलीगढ़ से नौवीं लोक सभा के लिए सांसद भी चुने गए थे। राज्यसभा में जानकारी देते हुए उप सभापति ने कहा कि सत्यपाल मलिक विभिन्न राज्यों के राज्यपाल भी रह चुके हैं। वह बिहार, गोवा, मेघालय व जम्मू कश्मीर राज्यपाल रह चुके थे। उन्होंने बतौर राज्यपाल उड़ीसा का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाला था। उनका राजनीतिक व सामाजिक जीवन कई दशक लंबा रहा।
Aug 6, 2025 | 01:36 PM IST

पंजाब : मोहाली के ऑक्सीजन सिलेंडर प्लांट में भीषण विस्फोट, दो की मौत

पंजाब के मोहाली में बुधवार को एक ऑक्सीजन बनाने वाली यूनिट में हुए विस्फोट में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। विस्फोट के समय, फेज 9 के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इस यूनिट में लगभग 25 कर्मचारी मौजूद थे। हाई टेक गैसेस प्राइवेट लिमिटेड, पीजीआई, चंडीगढ़ और क्षेत्र के अन्य सरकारी अस्पतालों को मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति करती है। अभी विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। विस्फोट की सूचना मिलते ही उप-विभागीय मजिस्ट्रेट सहित वरिष्ठ पुलिस और नागरिक प्रशासन के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) दमनदीप कौर ने घटना की पुष्टि की।
Aug 6, 2025 | 10:24 AM IST

सांसद आर सुधा की चेन छीनने का मामला सुलझा

Aug 6, 2025 | 10:10 AM IST

मौद्रिक नीति समिति ने रेपो दर को 5.5% पर अपरिवर्तित रखने का किया फैसला

Aug 6, 2025 | 09:15 AM IST

संभल की जामा मस्जिद के प्रमुख के खिलाफ दर्ज हुई FIR

संभल की जामा मस्जिद प्रबंधन समिति के प्रमुख और अन्य पर 'निषेधाज्ञा का उल्लंघन' करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि शाही जामा मस्जिद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जफर अली, सरफराज, ताहिर, हैदर और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में शिकायत पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई। यहां पढ़ें पूरी खबर
Aug 6, 2025 | 08:39 AM IST

मूसलाधार बारिश से चंडीगढ़-मनाली हाईवे फिर बंद

हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी मूसलाधार बारिश से एक बार फिर आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के चलते चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी के पंडोह क्षेत्र में स्थित 9 मील पर मंगलवार रात को भूस्खलन हो गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात लगभग 8 बजे अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से हाईवे पर यातायात ठप हो गया। इस दौरान मार्ग को नुकसान भी पहुंचा है, और क्षेत्र में अब भी बारिश का दौर जारी है, जिससे राहत कार्यों में बाधा आ रही है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मंडी की ओर से नागचला और कुल्लू की ओर से 9 मील से पहले भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अधिकारियों के अनुसार, यदि बारिश थमती है, तो मार्ग को 3 से 4 घंटे में बहाल किया जा सकता है। बता दें है कि इस क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों से चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य के कारण बार-बार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। कटिंग के कारण पहाड़ी कमजोर हो चुकी है और बारिश होते ही मंडी-पंडोह के बीच सफर करना जोखिम भरा हो जाता है। बारिश के समय अधिकांश मौकों पर यह मार्ग यातायात के लिए बंद ही रहता है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। आज भी मौसम विभाग द्वारा मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Aug 6, 2025 | 07:03 AM IST

राहुल गांधी आज चाईबासा MP MLA कोर्ट में होंगे पेश

राहुल गांधी आज झारखंड के चाईबासा एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में पेश होंगे। यह आदेश अदालत ने खुद उनके वकील की सहमति से तय तारीख पर जारी किया था। मामला चाईबासा निवासी प्रताप कटियार द्वारा दायर एक डिफेमेशन केस से जुड़ा है।
Aug 6, 2025 | 07:01 AM IST

विवादित टिप्पणी के लिए भाजपा एमएलसी फुके ने माफी मांगी

भाजपा के विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) परिणय फुके ने शिवसेना को लेकर अपनी विवादास्पद टिप्पणी के लिए मंगलवार को माफी मांग ली। उन्होंने खुद को भंडारा जिले में "शिवसेना का पिता" बताया था जिससे विवाद खड़ा हो गया था और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेताओं ने टिप्पणी पर ऐतराज़ जाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता की आलोचना की थी।
Aug 6, 2025 | 07:01 AM IST

कश्मीर मुद्दा भारत-पाक के बीच तनाव का मुख्य कारण: प्रधानमंत्री शरीफ

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर मुद्दा भारत के साथ तनाव का मुख्य कारण है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने के नयी दिल्ली के फैसले की आलोचना की। भारत सरकार ने पांच अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया था और पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया था।
Aug 6, 2025 | 07:00 AM IST

भारत, रूस ने रक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर प्रतिबद्धता दोहराई

रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने देश के उप रक्षा मंत्री कर्नल-जनरल अलेक्जेंडर फोमिन से मुलाकात की और इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। रूसी रक्षा मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, भारतीय दूत ने कर्नल जनरल फोमिन से मुलाकात की, जो अंतरराष्ट्रीय रक्षा सहयोग के प्रभारी हैं, और बैठक "रूसी-भारतीय संबंधों के लिए पारंपरिक गर्मजोशी और मैत्रीपूर्ण माहौल" में हुई।
Aug 6, 2025 | 07:00 AM IST

धराली में बादल फटने से 4 लोगों की मौत

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली में बादल फटने के कारण खीर गंगा नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और कई मकान व होटल तबाह हो गए। जानकारी के अनुसार अब तक 130 लोगों को बाहर सुरक्षित निकाला जा चुका है।
Aug 6, 2025 | 07:00 AM IST

पीएम मोदी आज करेंगे नए सेंट्रल विस्टा भवन का उद्घाटन

सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों के लिए ऐसे कुल दस भवनों का निर्माण होना है। इनमें से कर्तव्य भवन-3 बनकर तैयार हो गया है इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 अगस्त को करेंगे। साथ ही वह शाम छह बजे कर्तव्य पथ पर एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। इनमें मंत्रालयों के अधिकारी कर्मचारी भी शामिल होंगे।