LIVE02 जून 2025 हिंदी न्यूज़: देशभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 4 हजार के करीब, सिक्किम में सैन्य शिविर पर भूस्खलन, तीन जवानों की मौत
02 जून 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: देश में कोरोना के मामले फिर बढ़ते नजर आ रहे हैं। ऐसे में, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 2 जून तक देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 3,961 तक पहुंच चुके हैं। भारत में कोरोना के सबसे अधिक मामले केरल से सामने आ रहे हैं। केरल में इस वक्त 1400 एक्टिव केस हैं। सिर्फ एक दिन में यहां 64 नये केस देखने को मिले। राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में कोरोना वायरस के 47 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली में एक 22 वर्षीय महिला, जो पहले से ही फेफड़े की बीमारी से पीड़ित थी, कोरोना संक्रमण के कारण उसकी मौत हो गई। कोलोराडो के बोल्डर में बड़ी घटना सामने आई है, प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा कि एक व्यक्ति ने हमास द्वारा गाजा में बंधकों की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर मोलोटोव कॉकटेल फेंका। संघीय जांच ब्यूरो (FBI) रविवार को इजरायली बंधकों की रिहाई की मांग कर रहे यहूदी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर हमला होने के बाद कोलोराडो के बोल्डर में 'लक्षित आतंकी हमले' की जांच कर रहा है। यूपी के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। ट्रक और अर्टिगा गाड़ी में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। मौके पर ही अर्टिगा सवार तीन पुरुष और एक महिला की दर्दनाक मौत हुई है।

02 जून 2025 हिंदी न्यूज़: देशभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 4 हजार के करीब, सिक्किम में सैन्य शिविर पर भूस्खलन, तीन जवानों की मौत
02 जून 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: देश में कोरोना के मामले फिर बढ़ते नजर आ रहे हैं। ऐसे में, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 2 जून तक देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 3,961 तक पहुंच चुके हैं। भारत में कोरोना के सबसे अधिक मामले केरल से सामने आ रहे हैं। केरल में इस वक्त 1400 एक्टिव केस हैं। सिर्फ एक दिन में यहां 64 नये केस देखने को मिले। राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में कोरोना वायरस के 47 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली में एक 22 वर्षीय महिला, जो पहले से ही फेफड़े की बीमारी से पीड़ित थी, कोरोना संक्रमण के कारण उसकी मौत हो गई। कोलोराडो के बोल्डर में बड़ी घटना सामने आई है, प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा कि एक व्यक्ति ने हमास द्वारा गाजा में बंधकों की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर मोलोटोव कॉकटेल फेंका। संघीय जांच ब्यूरो (FBI) रविवार को इजरायली बंधकों की रिहाई की मांग कर रहे यहूदी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर हमला होने के बाद कोलोराडो के बोल्डर में 'लक्षित आतंकी हमले' की जांच कर रहा है। यूपी के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। ट्रक और अर्टिगा गाड़ी में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। मौके पर ही अर्टिगा सवार तीन पुरुष और एक महिला की दर्दनाक मौत हुई है।
- कोलोराडो में यहूदी समुदाय के एक कार्यक्रम पर Molotov Cocktail से अटैक
- बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की मौत
- अमेरिका के बोल्डर में हमले में छह जख्मी, एफबीआई ने आतंकी घटना बताई
- भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर वर्ष के अंत से पहले हो सकता है फैसला: गोयल
- असम: बाढ़ से चार लाख से अधिक लोग प्रभावित, 10 लोगों की मौत
पुतिन कर रहे नए हमले की तैयारी, जेलेंस्की और मैक्रों से मिलने के बाद यूएस सीनेट सदस्यों ने जताई आशंका
Russia-Ukraine War: अमेरिकी सीनेट के दो वरिष्ठ सदस्यों ने रविवार को चेतावनी देते हुए कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में एक नए सैन्य हमले की तैयारी करते हुए शांति वार्ता में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो सप्ताह उस युद्ध के भविष्य को आकार दे सकते हैं जिसके कारण कई शहर पहले ही तबाह हो गए हैं और लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं। रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम और डेमोक्रेटिक सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात करने तथा रूस की बमबारी से तबाह हुए इलाकों का दौरा करने के बाद पेरिस में एसोसिएटेड प्रेस से बात की।
केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक 4 जून को होगी
केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक 4 जून को राष्ट्रीय राजधानी के सुषमा स्वराज भवन में होने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जो 9 जून को मोदी 3.0 सरकार के अपने कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने से कुछ दिन पहले हो रही है। पिछले साल, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए ने लोकसभा चुनावों में 293 सीटें हासिल की थीं। भाजपा ने अपने दम पर 240 सीटें जीती थीं। भारतीय संसद के 543-सदस्यीय निचले सदन में, 272 न्यूनतम बहुमत का आंकड़ा है। सूत्रों के अनुसार, बैठक के एजेंडे में पिछले एक साल में सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा, आंतरिक मामले और केंद्र सरकार के सत्ता में 11 साल पूरे होने के अवसर पर जनता तक पहुंचने की तैयारी शामिल होगी।
चीन का अमेरिका पर पलटवार, कहा- वॉशिंगटन ने टैरिफ समझौते को गंभीर रूप से किया कमजोर
चीन ने सोमवार को अमेरिका पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उसने एआई चिप निर्यात नियंत्रण दिशा-निर्देशों, चीन को चिप डिजाइन सॉफ्टवेयर की बिक्री रोकने और चीनी छात्रों के वीजा रद्द करने जैसे कई प्रतिबंध लगाकर हाल ही में जिनेवा में हुए व्यापार समझौते का गंभीर उल्लंघन किया है। वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि अमेरिका ने चीन के खिलाफ लगातार कई भेदभावपूर्ण प्रतिबंधात्मक उपायों को लागू करके जिनेवा में चीन-अमेरिका आर्थिक और व्यापार वार्ता के दौरान बनी आम सहमति को गंभीर रूप से कमजोर कर दिया है।
उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस आरोप का खंडन किया कि चीन ने "हमारे साथ समझौते का पूरी तरह से उल्लंघन किया है"। प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी उपायों में एआई चिप निर्यात नियंत्रण पर दिशा-निर्देश जारी करना, चीन को चिप डिजाइन सॉफ्टवेयर की बिक्री रोकना और चीनी छात्रों के वीजा रद्द करने की घोषणा करना शामिल है। खास बात है कि चीन ने छात्र वीजा को व्यापार और टैरिफ से संबंधित मुद्दों के साथ जोड़ दिया है।
सिक्किम में सैन्य शिविर पर भूस्खलन, तीन जवानों की मौत
Landslide in Sikkim: भारी बारिश से जूझ रहे सिक्किम में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां सैन्य शिविर पर भूस्खलन से तीन सैन्यकर्मी शहीद हो गए हैं और 6 सैनिक लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम 7 बजे मंगन जिले के लाचेन कस्बे के पास भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। अधिकारी ने एक बयान में कहा कि क्षेत्र में भारी और लगातार बारिश के बाद एक भयावह भूस्खलन हुआ, जिसमें तीन सैनिकों की मौत हो गई। इनकी पहचान हवलदार लखविंदर सिंह, लांस नायक मुनीश ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखड़ा के रूप में हुई है।
बिहार चुनाव लड़ने पर बोले चिराग पासवान
चिराग पासवान ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के अपनी पार्टी के अनुरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह पार्टी के फैसले का सम्मान करेंगे, चाहे वह कुछ भी हो। उन्होंने कहा कि मैं अपनी पार्टी की इच्छा का पालन करूंगा। फिलहाल, हमने इस पर चर्चा नहीं की है।
यहां पढ़ें पूरी खबर न्यायालय का असम में निर्वासन अभियान पर याचिका पर विचार से इनकार
उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को उस याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया जिसमें आरोप लगाया गया है कि असम सरकार ने राष्ट्रीयता सत्यापन किए बिना या सभी कानूनी उपायों के समाप्त हुए बिना संदिग्ध विदेशी लोगों को हिरासत में लेने और निर्वासित करने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। न्यायमूर्ति संजय करोल और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने याचिकाकर्ता को इस मामले में गुवाहाटी उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को कहा। पीठ ने याचिकाकर्ता ‘ऑल बीटीसी माइनॉरिटी स्टूडेंट्स यूनियन’ की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े से पूछा, ‘‘आप गुवाहाटी उच्च न्यायालय क्यों नहीं जा रहे हैं?’’ हेगड़े ने कहा कि यह याचिका उच्चतम न्यायालय के पूर्व के एक आदेश पर आधारित है। पीठ ने कहा, ‘‘कृपया गुवाहाटी उच्च न्यायालय जाएं।
ओडिशा: एसटीएफ ने 50 लाख रुपये मूल्य के हाथी के दो दांत जब्त किए
ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कुल 50 लाख रुपये मूल्य के हाथी के दो दांत जब्त किए हैं और वन्यजीवों के अंगों की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। संदिग्ध की पहचान बौद्ध जिले के चरदा गांव निवासी प्रमोद परिदा के रूप में हुई है। बयान में कहा गया है कि उसे रविवार शाम करीब सात बजे बौद्ध जिले के तेलीबांधा चाक के पास हाथी के दांत के साथ गिरफ्तार किया गया। बयान के अनुसार, एसटीएफ टीम ने बौद्ध जिले के वन अधिकारियों की मदद से बौद्ध-सोनपुर रोड (एनएच-57) पर तेलीबांधा चाक के पास छापेमारी की और परिदा को पकड़ लिया तथा हाथी दांत के टुकड़े जब्त कर लिए।
भारत-ओमान व्यापार समझौते पर जल्द ही अच्छी खबर आएगी : गोयल
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और ओमान के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत आगे बढ़ रही है और इस पर जल्द अच्छी खबर आ सकती है।
इस साल जनवरी में गोयल की मस्कट यात्रा के बाद वार्ता को बेहद जरूरी प्रोत्साहन मिला। आधिकारिक तौर पर व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के रूप में नामित इस समझौते के लिए वार्ता औपचारिक रूप से नवंबर 2023 में शुरू हुई थी।
ओडिशा के नयागढ़ में पति की हत्या के आरोप में पत्नी और बेटा गिरफ्तार
ओडिशा के नयागढ़ जिले में पति की हत्या के आरोप में एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान नयागढ़ जिले के शिशिर साहू के रूप में की गई है। नयागढ़ के उप मंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ज्योति रंजन सामंतराय ने रविवार को बताया कि शिशिर का अधजला शव बरामद होने के एक दिन बाद उसकी पत्नी नमिता और पुत्र अभिषेक को गिरफ्तार किया गया। सामंतराय ने बताया कि शुक्रवार रात जिले के बारामासीदंडा क्षेत्र स्थित दंपति के घर में हुई इस घटना में नमिता को मामूली चोटें आईं, जबकि अभिषेक पूरी तरह सुरक्षित है।
केदारनाथ मंदिर पहुंची सीएम रेखा गुप्ता, परिवार संग की पूजा अर्चना
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को अपने परिवार के साथ केदारनाथ धाम पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। सीएम रेखा गुप्ता ने रविवार को हरिद्वार में साधु-संतों से मुलाकात की थी। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। सीएम गुप्ता ने पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए कहा था, "उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व, कार्यशैली और विजन से हर बार प्रेरणा मिलती है। उनकी कई नीतियां जनकल्याण का सशक्त उदाहरण हैं, जिन्हें हम दिल्ली में भी अपनाने की दिशा में कार्य करेंगे और दिल्ली को संवारेंगे। उत्तराखंड निस्संदेह पूरे देश के लिए एक सकारात्मक मॉडल है। ऐसे व्यवहारिक, दूरदर्शी और जनसेवा को समर्पित नेतृत्व से संवाद करना हमेशा सीखने का अवसर होता है।
विराट कोहली के स्वामित्व वाले पब पर एफआईआर
विराट कोहली के स्वामित्व वाले पब 'वन8 कम्यून' के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बेंगलुरु के रत्नम कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल पर स्थित इस पब के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (सीओटीपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये मामला स्मोकिंग जोन निर्धारित न करने को लेकर है। पुलिस को शिकायत मिली थी कि 'वन8 कम्यू'न पब में स्मोकिंग जोन के नियमों का उल्लंघन हो रहा है। कब्बन पार्क पुलिस ने सीओटीपीए अधिनियम के उल्लंघन के लिए स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। पब पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 4 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अमेरिका के बोल्डर में हमले में छह जख्मी, एफबीआई ने आतंकी घटना बताई
अमेरिका के कोलोराडो के बोल्डर स्थित एक आउटडोर मॉल में गाजा में बंधक बनाए गए इजराइली लोगों की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए पहुंचे समूह पर रविवार को हुए हमले में छह लोग जख्मी हो गए। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने इसे तत्काल ‘‘लक्षित आतंकवादी हमला’’ बताया। डेनवर फील्ड ऑफिस के प्रभारी विशेष एजेंट मार्क मिचलेक ने बताया कि संदिग्ध की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद साबरी सोलिमन के रूप में हुई है, जिसने ‘‘फलस्तीन को आजाद करो’’ के नारे लगाए तथा हमले में खुद से बनाए हुए ‘फ्लेमथ्रोवर’ हथियार का इस्तेमाल किया जिससे आग की लपटें निकलीं। सोलिमन को हिरासत में ले लिया गया है। उसपर क्या आरोप लगाए गए हैं, इस बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन अधिकारियों ने कहा है कि उसे घटना के लिए पूरी तरह से जवाबदेह ठहारया जा सकता है।
भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर वर्ष के अंत से पहले हो सकता है फैसला: गोयल
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच प्रस्तावित व्यापक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है और साल के अंत से पहले इसपर फैसला हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत व्यापार वार्ताओं में कार्बन टैक्स और वनों की कटाई जैसे यूरोपीय संघ के कुछ नियमों पर अपनी चिंताओं को प्रकट करेगा। गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, "हमें यूरोपीय संघ के तौर-तरीकों और नियमों को लेकर कुछ चिंताएं हैं, इसी तरह सामने कुछ ऐसे मामले हैं जिन पर वे चर्चा करना चाहेंगे। सभी मुद्दे सामने हैं और हम एक निष्पक्ष, संतुलित व न्यायसंगत एफटीए पर बातचीत करेंगे।
असम: बाढ़ से चार लाख से अधिक लोग प्रभावित, 10 लोगों की मौत
असम में बाढ़ और भूस्खलन से दो और लोगों की मौत के साथ ही मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है जबकि रविवार को 20 से अधिक जिलों में चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। राज्य की सात प्रमुख नदियां उफान पर हैं। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने आगाह किया कि राज्य और पड़ोसी क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश के कारण निचले इलाकों और नदी के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए स्थिति अधिक खराब होने की आशंका है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति की जानकारी लेने के लिए शर्मा से फोन पर बात की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। जबकि कई एजेंसियां बचाव और राहत कार्यों में लगी हुई हैं।
बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की मौत
यूपी के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। ट्रक और अर्टिगा गाड़ी में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। मौके पर ही अर्टिगा सवार तीन पुरुष और एक महिला की दर्दनाक मौत हुई है।
कोलोराडो में यहूदी समुदाय के एक कार्यक्रम पर Molotov Cocktail से अटैक
कोलोराडो के बोल्डर में बड़ी घटना सामने आई है, प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा कि एक व्यक्ति ने हमास द्वारा गाजा में बंधकों की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर मोलोटोव कॉकटेल फेंका। संघीय जांच ब्यूरो (FBI) रविवार को इजरायली बंधकों की रिहाई की मांग कर रहे यहूदी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर हमला होने के बाद कोलोराडो के बोल्डर में 'लक्षित आतंकी हमले' की जांच कर रहा है।