LIVE
ताजा खबर, हिंदी समाचार, 01 अप्रैल 2024 : कांग्रेस को SC से राहत, केजरीवाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 01 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: कांग्रेस पार्टी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जानकारी के अनुसार, 3500 करोड़ को लेकर इनकम टैक्स फिलहाल कोई करवाई नहीं करेगी। 24 जुलाई को होगी अगली सुनवाई। दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को आज अदालत में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कांग्रेस को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में एक और झटका लगा है। यहां सीएम मोहन यादव के दौरे के पहले नगर निगम के महापौर विक्रम अहाके कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...
APR 01, 2024 22:45 IST
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए दो और उम्मीदवार घोषित किए
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को दो और उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने महाराष्ट्र के अकोला से अभय काशीनाथ पाटिल और तेलंगाना की वारंगल सीट से कादियाम काव्या को टिकट दिया है। पार्टी अब तक कुल 214 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इससे पहले कांग्रेस ने नौ अलग-अलग सूचियों में 212 उम्मीदवार घोषित किए थे।
APR 01, 2024 22:19 IST
लोकसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा : शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को घोषणा की कि वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। बादल ने राज्य की संसदीय सीट के लिए उम्मीदवारों पर चर्चा के लिए यहां पार्टी नेताओं, जिला पार्टी अध्यक्षों और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के सदस्यों के साथ एक दिवसीय बैठक के बाद यह घोषणा की।
APR 01, 2024 20:37 IST
मांड्या से कांग्रेस उम्मीदवार वेंकटरमण गौड़ा, उनकी पत्नी के पास 633 करोड़ रुपये की संपत्ति
लोकसभा चुनाव के लिए मांड्या से कांग्रेस के उम्मीदवार वेंकटरमण गौड़ा और उनकी पत्नी कुसुम ने 622.96 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। गौड़ा ‘स्टार चंद्रू’ के नाम से लोकप्रिय हैं।सोमवार को नामांकन के साथ दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक, गौड़ा की पत्नी उनसे ज्यादा अमीर हैं। गौड़ा की निजी संपत्ति 267.05 करोड़ रुपये और ‘हिंदू अविभाजित परिवार’ के तहत विरासत में मिली संपत्ति 26.59 करोड़ रुपये है यानी उनके पास कुल मिलाकर 293.64 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
APR 01, 2024 20:18 IST
मोदी सरकार का मतलब सिर्फ भ्रष्टाचारियों को ‘सुरक्षा की गारंटी' है: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान को लेकर सोमवार को उन पर पलटवार किया और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘भ्रष्टाचारियों का अड्डा’ बन चुकी है। उन्होंने यह दावा भी किया कि मोदी सरकार का मतलब सिर्फ भ्रष्टाचारियों को ‘सुरक्षा की गारंटी’ है।
APR 01, 2024 19:55 IST
कर्नाटक में अमित शाह करेंगे जद (एस) नेताओं से बातचीत
जनता दल-सेक्यूलर (जद-एस) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि वह अपनी पार्टी नेताओं के साथ मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्य के भाजपा नेताओं के साथ नाश्ते पर होने वाली बैठक में लोकसभा चुनाव से पहले कर्नाटक के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी स्थिति पर अपनी जानकारी से अवगत कराएंगे।
APR 01, 2024 19:10 IST
गाजा में फलस्तीनियों के लिए सहायता आपूर्ति लेकर पहुंचे जहाज
साइप्रस के विदेश मंत्री सी. कोम्बोस ने सोमवार को कहा कि युद्ध प्रभावित गाजा में फलस्तीनियों की मदद के लिए सैकड़ों टन सहायता आपूर्ति लेकर कई जहाज पहुंचे हैं। कोम्बोस ने एसोसिएटेड प्रेस से कहा कि तीन जहाजों को सहायता आपूर्ति उतारने की अनुमति मिल गई है।
APR 01, 2024 18:40 IST
लालू यादव पर सम्राट चौधरी का पलटवार
RJD अध्यक्ष लालू यादव द्वारा सोनपुर के हरिहर नाथ मंदिर में पूजा किए जाने पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "...यह PM मोदी का डर है जिसके कारण वे मंदिर गए, भगवान की शरण में पहुंचे... मैं कामना करता हूं कि वे स्वस्थ्य रहें लेकिन हारना तो तय है..."
APR 01, 2024 18:27 IST
चुनाव से पहले भाजपा खेल रही झूठ और फरेब का खेल: कमलनाथ
कांग्रेस नेता कमलनाथ ने अपने संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा से कुछ विश्वस्त नेताओं के दल बदलने की पृष्ठभूमि में सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकसभा चुनाव से पहले ‘झूठ, फरेब और सौदेबाजी का खेल’ खेलने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में धनबल, बाहुबल और प्रशासन की शक्ति का दुरुपयोग कर रही है और नेताओं को धमकाया जा रहा है। कमलनाथ के करीबी विधायक कमलेश शाह गत शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए तो छिंदवाड़ा से महापौर विक्रम अहाके ने भी सोमवार को सत्तारूढ़ दल की सदस्यता ले ली।
APR 01, 2024 16:21 IST
राजस्थान की आधा दर्जन लोकसभा सीटों पर कड़े मुकाबले की संभावना
राजस्थान में लगभग सभी लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो गई है जहां इस बार लगभग आधा दर्जन सीटों पर मुकाबला कड़ा या रोचक रहने की संभावना है। राज्य में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं जिन पर इस महीने दो चरणों में मतदान होगा। कांग्रेस ने 22 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि नागौर और सीकर सीट गठबंधन के तहत राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और माकपा के लिए छोड़ी है। पार्टी ने बांसवाड़ा सीट पर अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। वहीं केंद्र व राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी भाजपा ने सभी 25 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
APR 01, 2024 15:22 IST
नोएडा में तेज़ रफ्तार कार की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्चे की मौत
उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिले में एक तेज़ रफ्तार कार ने एक महिला और उसके दो वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी। घटना में बच्चे की मौत हो गई। थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार रात शाहबाज महबूब अपनी पत्नी और बेटे के साथ सड़क पर पैदल जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी पत्नी और दो साल के बेटे को टक्कर मार दी।
APR 01, 2024 14:47 IST
भविष्य की जरूरतों के वित्तपोषण के लिए नये बैंक ढांचे के अध्ययन की जरूरत: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वित्तीय उद्योग परिदृश्य में उभरते बदलावों के साथ ‘नये बैंक ढांचे’ के अध्ययन की जरूरत है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 90वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि बदलते परिदृश्य में ‘वित्तपोषण, परिचालन और कारोबारी मॉडल’ के नये तरीकों की आवश्यकता हो सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बैंक उद्योग को यह सुनिश्चित करने के लिए आगे बढ़ने की जरूरत है ताकि वह देश के भविष्य की वृद्धि के लिए जरूरी परियोजनाओं की कर्ज जरूरतों को पूरा कर सके।
APR 01, 2024 14:12 IST
दिल्ली विधानसभा की बैठक आठ अप्रैल तक स्थगित
दिल्ली विधानसभा की बैठक सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों की नारेबाजी के बीच आठ अप्रैल तक स्थगित कर दी गयी। ‘आप’ विधायक राजेश गुप्ता ने भाजपा पर आबकारी नीति मामले में एक आरोपी से चुनावी बॉण्ड के जरिए 60 करोड़ रुपये वसूलने का आरोप लगाया और भाजपा से इस पर जवाब मांगा।
APR 01, 2024 13:30 IST
EC ने अपमानजनक टिप्पणियों के लिए दिलीप घोष और सुप्रिया श्रीनेत को लगाई फटकार
निर्वाचन आयोग ने महिलाओं की गरिमा के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के लिए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता दिलीप घोष और कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को फटकार लगाई है। घोष ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और श्रीनेत ने अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। आयोग ने कहा कि वह आश्वस्त है कि दोनों नेताओं ने निम्न स्तर का व्यक्तिगत हमला किया और यह आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन है। उन्हें आदर्श आचार संहिता की अवधि के दौरान सार्वजनिक बयानों में सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है।
APR 01, 2024 12:23 IST
चीन ने अरुणाचल प्रदेश की 30 जगहों के बदले नाम
अरुणाचल प्रदेश को लेकर चीन अपने नापाक इरादों से बाज नहीं आ रहा है। चीन का कहना है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का नहीं बल्कि चीन का हिस्सा है। इस बार चीन ने अरुणाचल प्रदेश के कई जगहों के नाम बदल दिए हैं। जानकारी के अनुसार, चीन ने अरुणाचल प्रदेश में विभिन्न स्थानों के 30 नए नामों की चौथी लिस्ट जारी की है। यहां पढ़े पूरी खबर
APR 01, 2024 12:14 IST
केजरीवाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को आज अदालत में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
यहां पढ़े पूरी खबर
यहां पढ़े पूरी खबर
APR 01, 2024 11:31 IST
पन्नू मामले की जांच में भारत के अपने सुरक्षा हित जुड़े हैं : जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को कहा कि खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में एक सरकारी अधिकारी की कथित संलिप्तता की जांच में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा हित जुड़े हुए हैं। उन्होंने भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी के एक बयान के बारे में पूछे गए सवाल पर पत्रकारों से कहा, हम इसकी जांच कर रहे हैं क्योंकि हमारा मानना है कि इस जांच में हमारे खुद के राष्ट्रीय सुरक्षा हित जुड़े हुए हैं।
APR 01, 2024 10:10 IST
PM मोदी ने उत्कल दिवस पर ओडिशा के लोगों को दीं शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ‘उत्कल दिवस’ के अवसर पर ओडिशा के लोगों को शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता एवं समृद्धि की कामना की। एक अप्रैल, 1936 को अलग राज्य के रूप में ओडिशा का गठन हुआ था। पहले राज्य का नाम उड़ीसा था, जिसे 2011 में बदलकर ओडिशा कर दिया गया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, सभी को उत्कल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! यह दिन हमें ओडिशा और उसके गतिशील लोगों की समृद्ध संस्कृति और विरासत की याद दिलाता है।
APR 01, 2024 08:17 IST
कांग्रेस छोड़ने वाले विधायक को गद्दार कहने के लिए माफी मांगें नकुल नाथ: मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए अमरवाड़ा के विधायक कमलेश शाह के बारे में टिप्पणी के लिए छिंदवाड़ा के मौजूदा सांसद और कांग्रेस उम्मीदवार नकुल नाथ से माफी की मांग की। नकुल नाथ ने शनिवार को छिंदवाडा़ में रैली को संबोधित करते हुए शाह को ‘गद्दार’ कहा था।मुख्यमंत्री यादव ने नाथ के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश कांग्रेस के नेता अपने बेटों को नेता बनाने के लिए जोर लगा रहे हैं।
APR 01, 2024 08:14 IST
प्रवासी भारतीयों ने किया बीजेपी समर्थन रैली का आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में बीजेपी के प्रवासी समर्थकों ने अटलांटा में एक कार रैली का आयोजन किया। रैली में लगभग 150 कारों ने भाग लिया, सभी कारें भाजपा और भारतीय झंडों से सजी हुई थीं और उन्होंने 'अबकी बार 400 पार', 'मैं हूं मोदी परिवार' लिखी तख्तियां प्रदर्शित कीं।
APR 01, 2024 07:55 IST
इक्वाडोर में हुई गोलीबारी में आठ लोगों की मौत
इक्वाडोर के तटीय शहर गुआयाक्विल में बंदूकधारियों के एक समूह के हमले में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गए। गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार को स्थानीय समयानुसार रात करीब सात बजे हथियारबंद व्यक्ति वाहन में सवार होकर आए और लोगों के समूह पर हमला कर दिया।
