LIVE

आज की ताजा खबर: झारखंड परीक्षा अनियमितता केस में अभय कुमार तिवारी समेत तीन आरोपी रिमांड पर; ग्रेटर नोएडा में 14वीं मंजिल से गिरने से दो मजदूरों की मौत

आज की ताजा खबर 22 अगस्त 2026: ति-आधारित आरक्षण के विरोध में शुक्रवार को जंतर-मंतर पर सैकड़ों युवा जुटे, हालांकि देर शाम पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें हटा दिया। मुंबई में खाने-पीने के स्टोर पर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने मैकडोनल्ड के आउटलेट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है।
आज की ताजा खबर: झारखंड परीक्षा अनियमितता केस में अभय कुमार तिवारी समेत तीन आरोपी रिमांड पर; ग्रेटर नोएडा में 14वीं मंजिल से गिरने से दो मजदूरों की मौत
आज की ताजा खबर 22 अगस्त 2026: जाति-आधारित आरक्षण के विरोध में शुक्रवार को जंतर-मंतर पर सैकड़ों युवा जुटे, हालांकि देर शाम पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें हटा दिया। वहीं, आज यानी 22 अगस्त को भीड़ बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रदर्शनकारी आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाने की मांग कर रहे थे। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने सरकार से मौजूदा आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठाई। यह जुटान इंटरनेट मीडिया के जरिये भी किया गया था।


मुंबई में खाने-पीने के स्टोर पर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने मैकडोनल्ड के आउटलेट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है।

FDA ने खाने की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियों को ठीक न किए जाने पर अब सस्पेंशन ऑर्डर (काम रोकने का आदेश) जारी करना शुरू कर दिया है। हाल की कार्रवाई में मुंबई के सात फूड आउटलेट्स के फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिए गए हैं। इंस्पेक्टर्स ने कीड़ों-मकोड़ों की समस्या, तापमान कंट्रोल में कमी, क्रॉस-कंटैमिनेशन (एक खाने से दूसरे में गंदगी फैलने) का खतरा और पहले बताई गई कमियों को बार-बार ठीक न करने जैसी कई खामियां पाईं।
Aug 22, 2026 | 11:11 PM IST

मथुरा: बालिका आश्रय गृह में 14 वर्षीय नाबालिग मृत मिली, पुलिस को दो लड़कियों पर संदेह

वृन्दावन क्षेत्र में राजकीय बालिका संरक्षण गृह में 14 वर्षीय एक लड़की मृत पाई गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को लड़की को 15 साल की दो अन्य लड़कियों के साथ शौचालय के अंदर जाते देखा गया था। लेकिन, केवल दो लड़कियां ही शौचालय से बाहर आईं। एसएसपी मथुरा ने बताया कि आश्रय गृह की संचालिका की ओर से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने के बाद मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू कर दी गई है। कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है। कुमार ने कहा, ’’मैंने जिला मजिस्ट्रेट के साथ आश्रय गृह का निरीक्षण किया और दो आरोपी लड़कियों और वहां की अन्य लड़कियों से बात की। अब तक एकत्र किए गए परिस्थितिजन्य साक्ष्य घटना में दोनों आरोपी लड़कियों की भूमिका का संकेत देते हैं।’’ एसएसपी ने कहा कि पुलिस और मजिस्ट्रेट की जांच के बाद अन्य विवरण सामने आएंगे।
Aug 22, 2026 | 10:35 PM IST

झारखंड परीक्षा अनियमितता केस में अभय कुमार तिवारी समेत तीन आरोपी रिमांड पर; 18 संदिग्धों से भी हुई पूछताछ

झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में कथित अनियमितता के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) में दर्ज कांड संख्या 01/2025 की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने तीन आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। SIT ने अभय कुमार तिवारी, अक्षय कुमार तिवारी और सुषमा कुमारी को रिमांड पर लिया है और उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, जांच के दौरान मामले से जुड़े 18 संदिग्धों और संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर उनसे भी पूछताछ की गई है। मामले में SIT की जांच लगातार जारी है।
Aug 22, 2026 | 10:24 PM IST

ग्रेटर नोएडा में 14वीं मंजिल से गिरने से दो मजदूरों की मौत

ग्रेटर नोएडा में एक रेजिडेंशियल सोसाइटी में कंस्ट्रक्शन का काम करते समय शनिवार को 14वीं मंजिल से गिरने से दो मजदूरों की कथित तौर पर मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना बिसरख पुलिस स्टेशन की सीमा के अंदर गोल्फ होम्स सोसाइटी में हुई। पुलिस ने मरने वालों की पहचान सरकार (19) और जमाल शेख (45) के तौर पर की है, जो दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। पुलिस ने कहा कि 14वीं मंज़िल से गिरने के बाद दोनों मज़दूर घायल हो गए और उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिसरख पुलिस ने कॉन्ट्रैक्टर को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि वे ज़रूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर रहे हैं।
Aug 22, 2026 | 09:32 PM IST

गुरुग्राम में मुख्यमंत्री सैनी को काले झंडे दिखाने पर कांग्रेस के आठ कार्यकर्ता हिरासत में

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले को काले झंडे दिखाने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने शुक्रवार को कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उन पर वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने और सरकारी काम में रुकावट डालने के आरोप लगाए हैं। यह विरोध प्रदर्शन उस समय हुआ, जब सैनी जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक में शामिल होने के बाद गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित ’चौपाल’ कार्यक्रम और जेनएच स्टार्टअप समिट-2026 में शामिल होने जा रहे थे। इसके अलावा, घटना को लेकर संबंधित दो क्षेत्रों के पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) को ’कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया है। वहीं, सिविल लाइंस थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "सरकार हर नागरिक के लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करती है। हालांकि, विरोध प्रदर्शन की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी काम में बाधा डालने या वीआईपी सुरक्षा को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।" कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन राव के नेतृत्व में 15 से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर अपनी जेबों से काले कपड़े निकालकर मुख्यमंत्री के काफिले की ओर लहराए। काफिले के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। राव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए यह प्रदर्शन किया।
Aug 22, 2026 | 07:37 PM IST

दिल्ली पुलिस ने बिश्नोई-मलिक गिरोह से जुड़े व्यक्ति को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने लॉरेंस बिश्नोई-रणदीप मलिक गिरोह से कथित तौर पर जुड़े 40 वर्षीय एक व्यक्ति को दो करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान अमरजीत उर्फ अमर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को लगातार तकनीकी और जमीनी स्तर पर निगरानी के बाद रानी बाग इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता के पुलिस से संपर्क करने के बाद अप्रैल में मौर्या एन्क्लेव थाने में एक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे एक ऐसे व्यक्ति के फोन और संदेश मिले थे, जिसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का रणदीप मलिक बताया था। पुलिस के अनुसार फोन करने वाले ने कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की मांग की और धमकी दी कि यदि रकम नहीं देने पर शिकायतकर्ता और उसके परिवार की हत्या कर दी जाएगी। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को चैट और संदेश भी सौंपे थे। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) एचजीएस धालीवाल ने बताया कि अमरजीत कथित तौर पर रंगदारी मामले में शामिल था और फरार था। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत कार्यवाही भी शुरू की गई थी जबकि दिल्ली उच्च न्यायालय में उसकी अंतरिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी। धालीवाल ने आगे बताया कि एक विशेष सूचना के आधार पर पुलिस टीम 20 अगस्त को शाम करीब 5 बजे रानी बाग के मुल्तानी मोहल्ला पहुंची और अमरजीत की मौजूदगी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम को देख लिया और भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद उसे द्वारका स्थित अपराध शाखा कार्यालय लाया गया और औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमरजीत के कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई और रणदीप मलिक गिरोहों से संबंध थे और रंगदारी के लिए संभावित लक्ष्य की पहचान करने में भूमिका निभाई थी। बताया जा रहा है कि रंगदारी की रकम क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से मांगी गई थी। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता को कथित तौर पर मांगी गई रकम अंतरित करने के लिए एक पेमेंट लिंक भी भेजा गया था। पुलिस के अनुसार उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के त्रिनगर निवासी अमरजीत ने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और पहले करोल बाग के मोबाइल फोन बाजार में काम करता था। पुलिस के अनुसार, वह इस साल अप्रैल तक कथित रूप से अवैध शराब के कारोबार में शामिल था और रंगदारी का मामला दर्ज होने के बाद भूमिगत हो गया था।
Aug 22, 2026 | 07:31 PM IST

चंदौली में अनुपयोगी कुएं में उतरे चार लोगों में से तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार को एक अनुपयोगी कुएं में उतरे चार लोगों में से तीन की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने यह जानकारी दी। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी चंद्रकुमार गर्ग ने आशंका जताई कि शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में यह घटना जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई होगी। चकिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मृतकों की पहचान किड़हिरा गांव निवासी जमाल (35), तौकीर (18) और आलम (18) के रूप में हुई है। जिलाधिकारी गर्ग ने बताया कि कुआं काफी पुराना था और लंबे समय से अनुपयोगी था। उन्होंने बताया कि कुएं में लगा सबमर्सिबल पंप खराब हो गया था, जिसे निकालने के लिए जमाल, तौकीर, आलम और शमशेर ने कुएं के ऊपर लगी पट्टियां हटाईं और बारी-बारी से अंदर उतरे। अधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला और उस समय सभी बेहोशी की हालत में थे। उन्होंने बताया कि चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जमाल, तौकीर और आलम को मृत घोषित कर दिया जबकि चौथे व्यक्ति शमशेर का इलाज जारी है। जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे के संबंध में पूछे जाने पर बताया कि उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। चकिया सदर कोतवाली के थाना प्रभारी (एसएचओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Aug 22, 2026 | 07:27 PM IST

अदालत ने व्यक्ति को पत्नी पर तेजाब फेंकने की कोशिश के मामले में दोषी ठहराया

दिल्ली की एक अदालत ने एक व्यक्ति को अलग रह रही पत्नी पर तेजाब फेंकने की कोशिश करने और उसका चेहरा बिगाड़ने की धमकी देने के मामले में दोषी ठहराया है। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष ने उसके खिलाफ ’’पुख्ता और पूरी तरह पुष्ट मामला’’ पेश किया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी ने सनोज यादव को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 326बी और 506 के तहत तेजाब फेंकने की कोशिश और आपराधिक धमकी देने का दोषी ठहराया। अदालत ने 18 अगस्त को पारित आदेश में कहा, ’’यह तथ्य कि तरल पदार्थ गेट पर गिरकर उसे दागदार करने के बजाय गेट के बाहर सड़क पर गिरा, अचानक दरवाजा बंद होने की घटना के पूरी तरह अनुरूप है। सनोज के कब्जे से बरामद बोतल में पाए गए तरल पदार्थ की वैज्ञानिक जांच के दौरान पता चला कि वह सल्फ्यूरिक और हाइड्रोक्लोरिक एसिड था। वैज्ञानिक रिपोर्ट में संदेह की कोई गुंजाइश नहीं है।’’ अभियोजन के अनुसार, वैवाहिक विवाद और घरेलू हिंसा के कारण यादव और उसकी पत्नी विनीता जून 2020 से अलग रह रहे थे।
अदालत को बताया गया कि यादव ने विनीता को बार-बार फोन कर धमकी दी थी कि वह उसके चेहरे पर तेजाब फेंक देगा। घटना से दो दिन पहले विनीता ने धमकियों के संबंध में संगम विहार थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। अदालत को बताया गया कि चार अगस्त 2022 को यादव कथित तौर पर पीले रंग के तरल पदार्थ से भरी बोतल लेकर संगम विहार स्थित विनीता के मायके के बाहर पहुंचा। विनीता के गेट खोलने पर उसने उस पर तरल पदार्थ फेंकने की कोशिश की, लेकिन उसने तेजी से गेट बंद कर दिया, जिससे तरल पदार्थ बाहर गिर गया। अदालत को बताया गया कि बाद में पुलिस ने यादव के पास से बोतल बरामद की। फोरेंसिक जांच में पता चला कि तरल पदार्थ में अत्यधिक घातक सल्फ्यूरिक और हाइड्रोक्लोरिक एसिड मौजूद था। अदालत ने बचाव पक्ष की इस दलील को खारिज कर दिया कि विनीता को कोई चोट नहीं लगी, इसलिए अपराध नहीं बनता। अदालत ने कहा कि तेजाब हमले के प्रयास से संबंधित प्रावधान के तहत वास्तविक चोट लगना आवश्यक नहीं है और प्रयास स्वयं दंडनीय है। अदालत ने यादव के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि उसकी पत्नी के घर चाय पीने के बाद उसे नशीला पदार्थ दे दिया गया था। अदालत ने कहा कि इस दावे के समर्थन में उसने कोई चिकित्सकीय रिकॉर्ड या अन्य साक्ष्य पेश नहीं किया।
अदालत ने पाया कि विनीता की गवाही की पुष्टि उसकी मां, भाई और बेटी के बयानों के साथ-साथ फोरेंसिक साक्ष्यों और तेजाब की बोतल की बरामदगी से हुई। यादव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अदालत सजा पर दलीलें 25 अगस्त को सुनेगी।
Aug 22, 2026 | 06:23 PM IST

पेड़ से लटका मिला 12वीं के छात्र का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के एक गांव में 12वीं कक्षा के एक छात्र का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आयुष (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि छात्र पर एक छात्रा के परिजनों ने मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी थी। पुलिस के मुताबिक, शव बरामद होने के बाद छात्र के परिजनों ने छात्रा के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया। रामपुर मनिहारन थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) उम्मेद सिंह ने बताया कि घटना रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र के जटिया खेड़ी की है। उन्होंने बताया कि आयुष शुक्रवार को स्कूल गया था और इसी दौरान गांव की एक छात्रा के परिजनों ने उस पर छात्रा के साथ मारपीट और जबरदस्ती करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकारी ने बताया कि शाम के समय आयुष का शव गांव के एक बाग में मिला और उसके गले में रस्सी बंधी हुई थी तथा रस्सी का एक हिस्सा पेड़ से बंधा था। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन, पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता कंवरपाल ने सात लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग उनके घर आए थे और आयुष के बारे में पूछताछ करने के बाद वापस चले गए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Aug 22, 2026 | 06:22 PM IST

झारखंड के रामगढ़ में इस्पात के कारखाने में आग लगने से तीन कर्मचारियों की मौत

झारखंड के रामगढ़ जिले में इस्पात के कारखाने में आग लगने से कम से कम तीन कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की आधी रात के आसपास हेलाल स्थित इस्पात कारखाने के ’कैप्टिव पावर प्लांट’ में आग लग गई। कैप्टिव पावर प्लांट का मतलब है किसी फैक्टरी या उद्योग द्वारा अपनी जरूरत की बिजली खुद पैदा करने के लिए लगाया गया बिजली संयंत्र। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से झुलसे कम से कम चार कर्मचारियों में से तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। बरकाकाना थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान रांची निवासी संजीव कुमार केसरी (50), बोकारो के रहने वाले विनीत महतो (25) और गढ़वा जिले के अभिषेक पांडे (24) के रूप में हुई है। घायल तरुण राजवार का रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्य कारखाना निरीक्षक मनीष सिन्हा ने कहा, "इस्पात कारखाने ’मां छिन्नमस्तिका इस्पात’ के ’कैप्टिव पावर प्लांट’ में आग लग गई। जांच के लिए दो-सदस्यीय टीम को मौके पर भेजा गया है, जिसमें एक कारखाना निरीक्षक और छोटानागपुर के मुख्य उपनिरीक्षक शामिल हैं।" प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय कारखाने में बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि नियंत्रण कक्ष के अत्यधिक गर्म होने के कारण टरबाइन में विस्फोट हुआ जिसके बाद संयंत्र में आग लग गई।
Aug 22, 2026 | 06:17 PM IST

इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी गैंग से संपर्क का आरोप, कर्नाटक पुलिस ने 28 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार

कर्नाटक पुलिस ने 28 साल के सैयद अबू बकर को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह दो साल से इंस्टाग्राम के जरिए एक पाकिस्तानी गैंग के संपर्क में था। उसे काउंटर इंटेलिजेंस सेल और सेंट्रल IB अधिकारियों से मिले इनपुट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस उससे कथित लिंक, ट्रैवल और ट्रेनिंग के बारे में पूछताछ कर रही है। BNS प्रोविज़न के तहत केस दर्ज किया गया है।
Aug 22, 2026 | 03:40 PM IST

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम के लिए पुणे पहुंचे

Aug 22, 2026 | 03:39 PM IST

देहरादून में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर, महिला की मौत

देहरादून के राजपुर क्षेत्र में कैनाल रोड पर एक कार ने सड़क किनारे खड़े दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई और एक अन्य महिला घायल हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने शुक्रवार देर रात करीब पौने एक बजे दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि कार की टक्कर से मोटरसाइकिल और स्कूटर पर बैठी दो महिलाएं घायल हो गईं और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि डोईवाला निवासी नैना राजपूत (26) की एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि निधि कश्यप का सरकारी दून अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। उसने बताया कि दोनों महिलाएं अपने परिजनों के साथ देर रात फिल्म देखकर सिनेमाघर से निकली थीं और सड़क किनारे अपने वाहन खड़े करके बातचीत कर रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने कार चालक राजपुर निवासी सुमित यादव (20) और उसके साथी हाशिम (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
उन्होंने पुलिस को बताया कि ब्रेक नहीं लगने के कारण कार सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त कार को भी कब्जे में ले लिया है।
Aug 22, 2026 | 03:38 PM IST

ओडिशा के अंगुल में NTPC संयंत्र में विस्फोट से पांच कर्मचारी घायल

ओडिशा के अंगुल जिले में राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के ताप विद्युत संयंत्र में शुक्रवार रात विस्फोट होने से कम से कम पांच कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 12.30 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि विस्फोट में घायल हुए पांच संविदा कर्मचारियों में से तीन का इलाज एनटीपीसी के अस्पताल में जारी है, जबकि दो को बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। एनटीपीसी थाने की प्रभारी निरीक्षक संयुक्ता खिल्लर ने कहा, ’’हल्के विस्फोट में पांच कर्मचारी घायल हो गए हैं। सभी को तुरंत एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया है।’’ अधिकारी ने बताया कि घायलों में से तीन की हालत स्थिर है।
Aug 22, 2026 | 03:36 PM IST

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत, आठ घायल

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई टक्कर में तीन मजूदरों की मौत हो गई है तथा आठ अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी गांव के करीब शनिवार तड़के ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई टक्कर में पिकअप वाहन में सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई तथा आठ अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि 11 मजदूर एक पिकअप वाहन में सवार होकर प्रतापपुर क्षेत्र से शंकरगढ़ की ओर रवाना हुए थे, जब वह सेवारी गांव के करीब पहुंचे तब उनका वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। इस घटना में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई तथा आठ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शवों और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर ले जाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
Aug 22, 2026 | 03:16 PM IST

गुजरात में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई, तीन की हालत गंभीर

गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से शनिवार को एक और पीड़ित का उपचार के दौरान मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पीड़ित हार्दिक किलजी की शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को मौत हो गई। वहीं, शहर के सिविल अस्पताल और छह अन्य निजी अस्पतालों में अब भी इलाज करा रहे 17 मरीजों में से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। इसमें बताया गया कि अत्यधिक जहरीले पदार्थ ’मेथनॉल’ युक्त शराब का सेवन करने वाले कम से कम 17 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 18 अन्य लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है। इस घटना के सिलसिले में वरतेज थाने में दर्ज प्राथमिकी में 21 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुजरात में शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने भारत में निर्मित लोकप्रिय विदेशी शराब (आईएमएफएल) ब्रांड के नाम वाली बोतलों में पैक की गई जहरीली शराब का सेवन किया था। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मद्य निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-इरादतन हत्या, मिलावट और जहर देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) को सौंप दी गई है। यह गुजरात पुलिस की विशेष इकाई है, जो पूरे राज्य में अवैध शराब और जुआ गतिविधियों पर नजर रखती है।
Aug 22, 2026 | 03:15 PM IST

पाकिस्तान के पंजाब में 18 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पिछले एक सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़े 18 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के अनुसार, प्रांत के विभिन्न जिलों में खुफिया जानकारी के आधार पर 100 से अधिक अभियान चलाए गए। सीटीडी ने बताया कि फैसलाबाद, सियालकोट, सरगोधा, साहिवाल, हाफिजाबाद, गुजरांवाला, भक्कर, लाहौर और मुल्तान जिलों से आईएसआईएस, अल-कायदा और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान समेत प्रतिबंधित संगठनों से संबंध रखने के आरोप में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। संदिग्धों के पास से तीन किलोग्राम से अधिक विस्फोटक, आठ डेटोनेटर, 13.1 फुट सेफ्टी फ्यूज, 4.5 फुट ’प्राइमा कॉर्ड’ (विस्फोट करने में इस्तेमाल होने वाला तार), चार पिस्तौल और 21 गोलियां बरामद की गईं। सीटीडी ने कहा कि ये संदिग्ध पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। उसने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिये गए हैं और आगे की जांच जारी है।
Aug 22, 2026 | 03:13 PM IST

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एनआईसीयू में आग, एक नवजात की मौत और दो झुलसे

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में रखी ’वॉर्मर मशीन’ में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात कथित तौर पर आग लगने से तीन नवजात झुलस गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना रात करीब दो बजे हुई। वॉर्मर मशीन के फिलामेंट में स्पार्किंग के बाद आग लग गई, जिससे उसमें रखे तीन नवजात झुलस गए। अस्पताल के कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। ’वॉर्मर मशीन’ एक ऐसा चिकित्सीय उपकरण है जिसका उपयोग इलाज के दौरान मरीज के शरीर के तापमान को सामान्य बनाए रखने के लिए किया जाता है। छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे ने बताया कि तीनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से एक नवजात की हालत गंभीर थी और उसे सर्जरी की जरूरत थी। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे जबलपुर रेफर किया गया। दुबे ने बताया, ’’इनमें से एक बच्ची की इलाज के दौरान जबलपुर में मौत हो गई। उसके माता-पिता शिवानी वर्मा और आदित्य वर्मा हैं। बच्ची का जन्म घटना से कुछ घंटे पहले रात करीब 10 बजे हुआ था। अन्य दोंनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।’’ अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने घटना के कारणों की जांच शुरू की है। इस बीच, मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। सिंघार ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अस्पताल इलाज का भरोसा देते हैं, लेकिन भाजपा शासन में अस्पताल ही जान के दुश्मन बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एनआईसीयू में आग लगने से एक नवजात की मौत और दो बच्चे झुलस गए हैं। सिंघार ने भोपाल के दीपशिखा अस्पताल में भी आग लगने की घटना का जिक्र किया। सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से प्रदेश के सभी अस्पतालों का तत्काल अग्नि ऑडिट कराने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
Aug 22, 2026 | 11:41 AM IST

मुरादाबाद की सोसाइटी में लिफ्ट में फंसी 8 साल की बच्ची

मुरादाबाद के मझौला थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड की ग्रीन आर्किड सोसाइटी में एक 8 वर्षीय बच्ची लिफ्ट में फंस गई, जिससे सोसाइटी में हड़कंप मच गया। बी ब्लॉक निवासी संदीप शुक्ला की बेटी कीर्ति शुक्ला, जो कक्षा 4 की छात्रा है, स्कूल से लौटने के बाद अपने फ्लैट की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिफ्ट बीच में ही अटक गई और बच्ची काफी देर तक उसमें फंसी रही। बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए परिजन और सोसाइटी के लोग लगातार प्रयास करते रहे। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे वे परेशान हैं और लिफ्टों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
Aug 22, 2026 | 08:54 AM IST

मुंबई के वर्सोवा स्थित रिहायशी इमारत में भीषण आग, 4 घंटे बाद पाया गया काबू



मुंबई के वर्सोवा इलाके में यारी रोड स्थित जोहरा आघाड़ी नगर की एक रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल पर देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोका गया। वर्सोवा पुलिस और अडानी इलेक्ट्रिसिटी की टीम भी मौके पर मौजूद रही। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
Aug 22, 2026 | 07:18 AM IST

रायसीना रोड पर चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचा परिवार



दिल्ली के रायसीना रोड पर सड़क के बीचोंबीच एक कार में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विसेज की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। कार मालिक ने बताया कि वह अपने परिवार को लेने जा रहे थे, तभी उनकी कार अचानक गर्म होने लगी। शुरुआत में उन्हें इसका एहसास नहीं हुआ, लेकिन एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें इसकी जानकारी दी। इसके बाद वे तुरंत कार से बाहर निकल गए। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि सभी लोग सुरक्षित हैं। कार मालिक ने यह भी कहा कि यह हादसा उनके एक दोस्त के साथ भी हो सकता था और शायद उन्होंने उसे आज बचा लिया।
Aug 22, 2026 | 07:01 AM IST

मुंबई में McDonald's समेत सात फूड आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड

मुंबई में खाने-पीने के स्टोर पर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने मैकडोनल्ड के आउटलेट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। FDA ने खाने की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियों को ठीक न किए जाने पर अब सस्पेंशन ऑर्डर (काम रोकने का आदेश) जारी करना शुरू कर दिया है। हाल की कार्रवाई में मुंबई के सात फूड आउटलेट्स के फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिए गए हैं। इंस्पेक्टर्स ने कीड़ों-मकोड़ों की समस्या, तापमान कंट्रोल में कमी, क्रॉस-कंटैमिनेशन (एक खाने से दूसरे में गंदगी फैलने) का खतरा और पहले बताई गई कमियों को बार-बार ठीक न करने जैसी कई खामियां पाईं।
Aug 22, 2026 | 07:00 AM IST

जातिगत आंदोलन के खिलाफ जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी

जाति-आधारित आरक्षण के विरोध में शुक्रवार को जंतर-मंतर पर सैकड़ों युवा जुटे, हालांकि देर शाम पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें हटा दिया। वहीं, आज यानी 22 अगस्त को भीड़ बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रदर्शनकारी आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाने की मांग कर रहे थे। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने सरकार से मौजूदा आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठाई। यह जुटान इंटरनेट मीडिया के जरिये भी किया गया था।