आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 18-May-2026: देश और दुनिया में सोमवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। केरलम में आज कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। नीट यूजी पेपर लीक केस में सीबीआई ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लातूर से मशहूर कोचिंग संचालक शिवराज मोटेगावकर को गिरफ्तार कर लिया है। यूरोप दौरे के अगले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वीडन के बाद नॉर्वे पहुंचे हैं, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। आइए एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...
आज की 10 बड़ी खबरें।
1. केरलम में बनी UDF सरकार
केरलम में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो हफ्ते बाद नई सरकार का गठन हो गया है। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने आज केरलम के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। इसके साथ-साथ 20 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई है। केरलम की 21 सदस्यीय कैबिनेट में 14 मंत्री ऐसे हैं जो पहली बार कैबिनेट में शामिल हुए हैं। जिसमें 2 महिलाएं और अनुसूचित जाति समुदाय के 2 मंत्री भी शामिल हैं। बता दें कि नई सरकार में कांग्रेस कोटे से 12, मुस्लिम लीग के 5 और एक-एक सदस्य अन्य 4 सहयोगी दलों से लिए गए हैं।
2. NEET पेपर लीक केस में CBI का बड़ा एक्शन
NEET यूजी पेपर लीक मामले में बड़ा अपडेट है. सीबीआई ने लातूर से कोचिंग संचालक शिवराज मोटेगावकर को गिरफ्तार किया है. इससे पहले भी सीबीआई नीट पेपर लीक मामले में कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन नीट पेपर लीक मामले में शिवराज मोटेगावकर की गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है
3. संसद की समिति NEET मामले की करेगी समीक्षा
संसद की एक समिति ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में किए जा रहे सुधारों और नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले की समीक्षा करने का फैसला किया है। इसके लिए समिति ने एनटीए के अध्यक्ष प्रदीप कुमार जोशी और अन्य अधिकारियों को चर्चा के लिए बुलाया है।शिक्षा, महिला, बच्चे, युवा और खेल मामलों से जुड़ी संसद की स्थायी समिति 21 मई को शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से कथित पेपर लीक और एनटीए में सुधारों पर राय लेगी। यह जानकारी राज्यसभा के नोटिस में दी गई है।
4. बंगाल में सुवेंदु सरकार का बड़ा फैसला
बंगाल की सुवेंदु सरकार ने अपनी दूसरी कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर लगाई है। जिसमें महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये, बस में उनका फ्री सफर और 7वें राज्य वेतन आयोग का गठन शामिल है। इसके साथ ही बंगाल कैबिनेट ने जून से धार्मिक कैटेगरी के आधार पर ग्रुप्स को सरकारी मदद बंद करने का फैसला किया है। बता दें कि इसका प्रपोजल हाल ही में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी के संकल्प पत्र में था
5. CM सुवेंदु अधिकारी ने दी बड़ी चेतावनी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के पार्क सर्कस में हुई हिंसा के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पर हमले की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। मामले में अब तक 40 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
6. 32वें ग्लोबल अवार्ड से सम्मानित हुए PM मोदी
स्वीडन के बाद अब नॉर्वे ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान नॉर्वे की ओर से विदेशी नागरिकों को दिए जाने वाले सबसे बड़े सम्मानों में शामिल है। ‘ग्रैंड क्रॉस’ रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट का सर्वोच्च ग्रेड माना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान वैश्विक कूटनीति, भारत-नॉर्वे संबंधों को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके नेतृत्व के योगदान के लिए दिया गया।
7. भारत की पहली बुलेट ट्रेन की तस्वीर आई सामने
भारतीय रेलवे ने देश की पहली बुलेट ट्रेन का डिजाइन पब्लिक कर दिया है। जापानी तकनीक से लैस इस ट्रेन का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। देश की प्रस्तावित पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन की तस्वीर पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आई है। यह तस्वीर नई दिल्ली स्थित रेल मंत्रालय के गेट नंबर-4 पर लगाई गई है, जहां इसे देखने के लिए लोगों में उत्सुकता दिखाई दे रही है।
8. बढ़ेगी गर्मी, IMD ने जारी किया अलर्ट
देशभर में मौसम ने एक साथ कई रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों के लिए भारी बारिश, तेज हवाओं और हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में कुछ दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है और तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
9. रूस से तेल खरीद पर अडिग भार
भारत ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिकी प्रतिबंधों या वॉशिंगटन की किसी भी नीति बदलाव से इतर रूस से कच्चे तेल की खरीद जारी रखेगा। पेट्रोलियम मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने सोमवार को कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं, इसलिए तेल आयात का फैसला पूरी तरह व्यावसायिक जरूरतों और उपलब्ध सप्लाई पर आधारित रहेगा।
10.अफ्रीका में इबोला का खतरा बढ़ा
अफ्रीका के कई देशों में बढ़ते इबोला संक्रमण के बीच भारत सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है और एयरपोर्ट्स व बंदरगाहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि फिलहाल भारत में इबोला का कोई मामला नहीं है, लेकिन स्क्रीनिंग, क्वारंटीन और टेस्टिंग व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
