LIVEआज की ताजा खबर, सात नवंबर, 2022 Highlights: महाराष्ट्र पहुंची भारत जोड़ो यात्रा

आज की ताजा खबर, सात नवंबर, 2022 Highlights: महाराष्ट्र पहुंची भारत जोड़ो यात्रा
आज की ताजा खबर सात नवंबर, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News Highlights, Hindi Samachar Today Highlights: आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पाटीदार कोटे के पूर्व नेता अल्पेश कथीरिया समेत 12 और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य विकल्प के तौर पर खुद को पेश करने वाली अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ ने सोमवार को उम्मीदवारों के नाम की अपनी 11वीं सूची जारी की। अब तक ‘आप’ ने 130 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। गुजरात की 182-सदस्यीय विधानसभा के लिए दिसंबर महीने में क्रमश: एक और पांच दिसंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी। ‘आप’ की ओर से जारी 11वीं सूची में कथीरिया को सूरत शहर की पाटीदार बहुल वराछा रोड सीट से टिकट दिया गया है, जो वर्तमान में पूर्व मंत्री और भाजपा के विधायक किशोर कनानी के पास है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात नवंबर को रात करीब नौ बजे पड़ोसी राज्य तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में प्रवेश कर गई।
प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी
इमरान खान की पार्टी बृहस्पतिवार को लॉन्ग मार्च फिर शुरू करेगी
इमरान खान पर हमले की वजह से पिछले सप्ताह स्थगित किया गया पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) का लॉन्ग मार्च बृहस्पतिवार को फिर शुरू होगा। पार्टी के दो नेताओं ने सोमवार को यह बात कही। लाहौर के जमान पार्क में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी ने घोषणा की कि बृहस्पतिवार को लॉन्ग मार्च उसी स्थान से फिर से शुरू होगा जहां खान पर हमला हुआ था।
हमने सिख परंपराओं और विरासत को सशक्त बनाने का प्रयास किया : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने सिख परंपराओं और विरासत को सशक्त बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने पहले सिख गुरु नानक देव की 553वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा के आवास पर आयोजित एक समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान वह विशेष अरदास में भी शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी को पता है कि मैंने कार्यकर्ता के तौर पर लंबा समय पंजाब में बिताया। उस दौरान कई बार हरमंदिर साहब पर मत्था टेकने का मौका मिला।’’
राजस्थान : ट्यूबवेल से पानी लेने पर दलित व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या
राजस्थान के जोधपुर में ट्यूबवेल से पानी लेने पर 46 वर्षीय दलित व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र पहुंची भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हो सकते हैं आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही पार्टी की 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हो सकते हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली 'शिवसेना- उद्धव बालासाहेब ठाकरे' के एक नेता ने यह जानकारी दी।
कोयंबटूर कार धमाके के छह आरोपियों को चेन्नई ले जाया गया
तमिलनाडु के कोयंबटूर शहर में पिछले महीने हुए कार विस्फोट के छह आरोपियों को सोमवार को सशस्त्र बल रिजर्व पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच चेन्नई की एक जेल ले जाया गया।
महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव होंगे: आदित्य ठाकरे
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार आने वाले महीनों में गिर जाएगी। ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मध्यावधि चुनाव के लिए कमर कसने को कहा।
राजस्थान के कुछ जिलों में अगले दो दिनों में बारिश के आसार
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ जिलों में आगामी दो दिनों के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं। जयपुर मौसम केन्द्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार को राज्य के अधिकांश भागों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। आगामी 24 घंटों में बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव : भाजपा उत्तरी व दक्षिणी हिस्से से रथ यात्रा निकालेगी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले अपनी कमर कसते हुए राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से से "रथ यात्रा" निकालने की योजना बनाई है जिसमें प्रदेश के सभी 224 निर्वाचन क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। यह यात्रा मौजूदा 'जन संकल्प यात्रा' के पूरा होने के तुरंत बाद शुरू की जाएगी।
बिहार में भाजपा नेता की हत्या
बिहार के कटिहार जिले में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व जिला परिषद सदस्य संजीव मिश्रा तेलटा थाना क्षेत्र में अपने घर के पास कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे तभी मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने उन पर गोलियां चलाईं।
सेंसेक्स 235 अंक चढ़कर फिर 61,000 अंक के पार, बैंक, वाहन शेयरों में तेजी
घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स करीब 235 अंक चढ़कर फिर 61,000 अंक के स्तर को पार कर गया। वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच बैंक, वाहन और धातु शेयरों में अच्छी लिवाली से बाजार में तेजी रही।
चोटिल डेविड मलान का भारत के खिलाफ सेमीफाइनल खेलना संदिग्ध
इंग्लैंड के बल्लेबाज डेविड मलान का चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में खेलना संदिग्ध है। मलान को शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ चार विकेट से मिली जीत के दौरान चोट लगी थी । दुनिया के पूर्व नंबर एक टी20 बल्लेबाज को श्रीलंकाई पारी के दौरान मैदान छोड़ना पड़ा और वह लौटकर बल्लेबाजी के लिये नहीं आ सके ।
भाजपा की नोटबंदी ने संपूर्ण व्यापार जगत को अव्यस्थित किया: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को नोटबंदी के मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की नोटबंदी और जीएसटी ने संपूर्ण व्यापार जगत को अव्यवस्थित कर दिया है और भ्रष्टाचार चरम पर है।
आजम खान पहुंचे हाईकोर्ट
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने नफरत फैलाने वाला भाषण देने के मामले में दोषसिद्धि के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उच्चतम न्यायालय ने इस मामले पर राज्य सरकार, निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा है।
बांदा में 24 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला
उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक ने बबूल के पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। हालांकि, युवक के परिजनों ने हत्याकर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गुजरात में कांग्रेस का हाल
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुजरात को लेकर दावा किया है कि ये झूठा प्रचार हो रहा है कि कांग्रेस नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा- "कांग्रेस के बारे में बहुत प्रचार किया गया। ऐसा माहौल बनाया गया कि कांग्रेस दिख नहीं रही है। ये एक षड्यंत्र है। कांग्रेस कैंपेन कर रही है। हमारी पांचों रैली शानदार हुई हैं। APP ने जिस तरह झूठ का सहारा लेकर प्रचार किया अब उनकी हवा निकलती जा रही है।"
दिल्ली में नौ नवंबर से फिर खुलेंगे प्राथमिक विद्यालय, घर से काम करने का आदेश वापस
दिल्ली सरकार ने सोमवार को फैसला किया कि राजधानी में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद नौ नवंबर से प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोला जाएगा। उसने अपने 50 प्रतिशत कर्मियों के घर से काम करने के आदेश को भी वापस ले लिया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है और पराली जलाने की घटनाओं में भी कमी आई है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए क्रमिक कार्रवाई कार्ययोजना (जीआरएपी) के चरण-4 के तहत लागू पाबंदियां हटाने का फैसला किया गया है।’’ राय ने कहा, ‘‘प्राथमिक विद्यालय नौ नवंबर से फिर से खुलेंगे और 50 प्रतिशत सरकारी कर्मियों के घर से काम करने के आदेश को भी वापस लिया जा रहा है।’’
अडाणी समूह को रणनीतिक भागीदारों की तलाश : रिपोर्ट
देश के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडाणी का समूह अपनी दीर्घकालिक निवेश रणनीति के अनुरूप रणनीतिक भागीदारों की तलाश में है। फिच समूह की कंपनी क्रेडिटसाइट्स ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। क्रेडिटसाइट्स ने रिपोर्ट में कहा कि अडाणी समूह अत्यधिक पूंजी-गहन नए या असंबद्ध क्षेत्रों में उतर रहा है। समूह ऊर्जा से लेकर परिवहन और खनन क्षेत्रों में विस्तार कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘हमारा आकलन है कि समूह की कई कंपनियां आक्रामक विस्तार योजनाओं के कारण काफी अधिक कर्ज ले चुकी हैं। उनकी विस्तार योजनाओं ऋण-वित्तपोषित हैं। क्रेडिटसाइट्स के अनुसार, अडाणी समूह आगे भी विस्तार और अधिग्रहण को जारी रखने की मंशा रखता है। विस्तार की वजह से अतिरिक्त ऋण लेने से कंपनी की कर्ज क्षमता खराब हो सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हम अडाणी समूह पर कर्ज को लेकर चिंतित हैं।
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में विस्फोटक लगाने में शामिल दो ‘हाइब्रिड' आंतकवादी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में पिछले महीने विस्फोटक लगाने में शामिल दो ‘‘हाइब्रिड’’ आतंकवादियों को बारामूला से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो रिमोट से चलने वाले परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) भी बरामद किए हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कश्मीर, विजय कुमार ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सोपोर पुलिस ने केनुसा बांदीपोरा में हाल ही में आईईडी विस्फोट की घटना का खुलासा किया है। दो हाइब्रिड आतंकवादी इरशाद गनी और केनुसा बांदीपोरा के वसीम राजा को गिरफ्तार किया गया। डेटोनेटर के साथ दो रिमोट नियंत्रित आईईडी बरामद हुए।’’