LIVEआज की ताजा खबर, 25 अक्टूबर, 2022 : सुएला ब्रेवरमैन की फिर वापसी ऋषि सुनक कैबिनेट में बनीं गृह मंत्री

आज की ताजा खबर, 25 अक्टूबर, 2022 : सुएला ब्रेवरमैन की फिर वापसी ऋषि सुनक कैबिनेट में बनीं गृह मंत्री
आज की ताजा खबर 25 अक्टूबर 2022, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News Live, Hindi Samachar Today Live Updates: सोशल मीडिया मंच व्हाट्सऐप को अपनी सेवाओं में मंगलवार को व्यवधान का सामना करना पड़ा। कई उपयोगकर्ता मेटा के स्वामित्व वाले मंच पर संदेश भेजने या प्राप्त करने में असमर्थ थे, जबकि यूपी के कन्नौज जिले के तिर्वा क्षेत्र में गुल्लक खरीदने गई 12 साल की लड़की एक सरकारी गेस्ट हाउस परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ हालत में पाई गई। वहीं, गुजरात के वड़ोदरा शहर में आतिशबाजी को लेकर दो समुदायों के बीच संघर्ष हो गया जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 19 लोगों को हिरासत में ले लिया। उधर, दिवाली के बाद की सुबह दिल्ली में हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, लेकिन अनुकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों ने प्रदूषक तत्वों को तेजी से जमा होने से रोका और स्थिति पिछले वर्षों से अपेक्षाकृत बेहतर रही। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि शहर में प्रदूषण के प्रकोप को थामने के लिए राजधानी वासियों द्वारा किये जा रहे प्रयास उत्साहजनक हैं, लेकिन अभी लंबी दूरी तय करनी है। बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ ने कहा कि वह पति के निधन से टूट गई हैं और उन्हें हमेशा याद करती रहेंगी। पढ़ें, देश-दुनिया से जुड़ी अहम और बड़ी खबरें:
Rishi Sunak Cabinet:सुएला ब्रेवरमैन की फिर वापसी सुनक कैबिनेट में बनीं गृह मंत्री, की थी प्रवासी भारतीयों की आलोचना
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने मंगलवार को मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण नियुक्तियों के साथ अपनी शीर्ष टीम बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। हाल ही में प्रवासी भारतीयों की आलोचना करके सुर्खियों में आईं सुएला ब्रेवरमैन (Suella Braverman) सुनक कैबिनेट (Sunak cabinet) में ब्रिटेन की गृह मंत्री बनीं हैं, इससे पहले वो पिछली लिज ट्रस सरकार में भी देश की गृह मंत्री थीं, उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।शपथ लेने के बाद ऋषि सुनक ने कैबिनेट का विस्तार करते हुए सुएला ब्रेवरमैन को गृह मंत्रालय की अहम जिम्मेदारी से नवाजा है।
Rishi Sunak बने ब्रिटेन के PM, रूस की मुश्किलें बढ़नी तय, यूक्रेन के लिए भारत समेत अन्य देशों से चर्चा
ऋषि सुनक (Rishi Sunak) ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी भाषण में यूक्रेन को सहयोग देने की बात कही, इससे पहले बोरिस जॉनसन भी यूक्रेन का साथ देने का संकल्प लिया था। इतना ही नहीं ऋषि सुनक के पीएम बनते ही यूके के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली भारत, सिंगापुर, यूक्रेन, यूएई और टर्की से बात कर युद्ध में यूक्रेन के सहयोग की बात कही। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने पीएम ऋषि सुनक को बधाई देते हुए यूक्रेन के लिए दोनों देशों के समर्थन को जारी रखने के लिए कहा। जो बाइडन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री बनने पर ऋषि सुनक को बधाई। साथ ही कहा कि मैं यूक्रेन के लिए हमारे मजबूत समर्थन को जारी रखने सहित वैश्विक सुरक्षा और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने सहयोग को बढ़ाने के लिए तत्पर हूं।
'हिजाब पहनने वाली लड़की भारत की PM बनेगी', असदुद्दीन ओवैसी ने सुनक के बहाने जताई इच्छा
भारतीय मूल के ऋषि सुनक के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने पर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने कहा कि मेरी इच्छा है कि एक दिन हिजाब पहनने वाली लड़की भारत की प्रधानमंत्री बनेगी, बताते हैं कि जब उनसे ऋषि सुनक को लेकर सवाल किया गया, जो ब्रिटेन के पहले भारतीय मूल के प्रधानमंत्री हैं, इसके साथ वो हिंदू भी हैं। ओवैसी ने कहा कि 'मैंने तो बोला है ना इंशाअल्लाह मेरी जिंदगी में या मेरी जिंदगी के बाद एक दिन हिजाब पहनने वाली लड़की हिंदुस्तान की प्रधानमंत्री बनेगी'
सिद्धू मूसेवाला केस में अफसाना खान से 5 घंटे हुई पूछताछ, बंबीहा गैंग से संबंध को लेकर हो रही जांच
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। अब बिग बॉस फेम और पंजाबी गायिका अफसाना खान को NIA ने तलब किया है। लॉरेंस गैंग और हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों ने खुलासा किया है कि अफसाना खान बंबीहा गैंग की करीबी है। अफसाना का बंबीहा गैंग से क्या तालुकात है और कब-कब अफसाना की बंबीहा गैंग से बात हुई इन सभी बातों पर जांच एजेंसियां काम कर रही है। इसी मामले को लेकर नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी ने अफसाना खान को तलब किया। यहां तक कि इस सिलसिले में अफसाना से 5 घंटे पूछताछ की गई है।
बिहार में Nitish Kumar का फरमान! Chhath Puja के दिन भी खुले रहेंगे रजिस्ट्रेशन ऑफिस, कर्मचारियों में आक्रोश
सूर्य उपासना का सबसे बड़ा पर्व छठ पूरे बिहार में धूमधाम से मनाया जाता है। इसे बिहार का सबसे बड़ा त्योहार भी कहा जाता है। इस मौके पर पूरे प्रदेश में स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में छुट्टी रहती है। लेकिन इस साल छठ पूजा (Chhath Puja) के दिन निबंधन कार्यालय (Registration office) खुला रखने का आदेश दिया गया है। इस पर बीजेपी शासित राज्य त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के ओएसडी संजय मिश्रा (Sanjay Mishra) ने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने एक और तुगलकी फरमान जारी किया है।
सीएम योगी ने टेलिस्कोप और विशेष चश्मे से देखा सूर्य ग्रहण का नजारा, लोगों की दी ये नसीहत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने मंगलवार शाम तारामंडल स्थित वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला पहुंचकर आंशिक सूर्यग्रहण (Surya Grahan) का नजारा देखा। टेलिस्कोप और विशेष चश्मे से खगोलीय घटना का अवलोकन करने के साथ ही उन्होंने वैज्ञानिकों से ग्रहण की आवृत्ति, समय और ग्रहों को लेकर जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री मौजूद लोगों को यह भी समझाते रहे कि कोई भी नंगी आंखों से सूर्यग्रहण न देखे।
ऋषि सुनक बने ब्रिटेन के PM,लोग बधाई दे रहे क्रिकेटर आशीष नेहरा को, क्या है मामला
ऋषि सुनक (Rishi Sunak) के यूनाइटेड किंगडम (UK) यानी ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बन गए हैं, ये एक ऐतिहासिक घटना है, वहीं ऋषि सुनक के ब्रिटेन के पीएम बनने के बाद ट्विटर पर लोग पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को भी बधाइयां दे रहे हैं, निवर्तमान पीएम लिज ट्रस के इस्तीफे के बाद सोमवार को सुनक ब्रिटेन की कंजरवेटिव पार्टी के नए नेता के तौर पर चुना गया वे ब्रिटेन के पीएम बनने वाले पहले भारतवंशी बन गए हैं। ऋषि सुनक पर कई मीम्स बन रहे हैं साथ ही इंडियन क्रिकेटर आशीष नेहरा (Indian Cricketer ashish nehra)को भी बधाई दी जा रही है, दरअसल एक जैसा लुक और कद-काठी होने की वजह से लोग इसे लेकर मजा ले रहे हैं, और मीम्स की बाढ़ सी आ गई है।
Surya Grahan: देश के विभिन्न हिस्सों में दिखा सूर्य ग्रहण, श्रद्धालुओं ने सरोवरों, नदियों में लगाई डुबकी
वर्ष 2022 का आखिरी सूर्य ग्रहण (Surya Grahan) 25 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में देखा गया। शाम 4.30 बजे से ये ग्रहण देश के अलग अलग हिस्सों में दिखाई दिया। सबसे पहले श्रीनगर में सूर्य ग्रहण देखा गया। दिल्ली में ग्रहण की शुरुआत शाम 4:29 बजे हुई। यह ग्रहण शाम में लगा इसलिए इस खगोलीय घटना का अंत दिखाई नहीं दिया क्योंकि यह सूर्यास्त के बाद होगा। खगोल विज्ञान प्रेमियों ने चंद्रमा द्वारा सूर्य के प्रकाश को ढक देने के इस खगोलीय घटना को टकटकी लगा कर बड़ी रुचि के साथ देखा। दिल्ली, नोएडा, जम्मू, मुंबई, अमृतसर और लखनऊ में लोगों ने सूर्य ग्रहण को देखा।
Surya Grahan:आपकी राशि पर सूर्य ग्रहण का कैसा असर, काम बनाएगा या बिगाड़ेगा?
साल 2022 का आखिरी सूर्य ग्रहण (Surya Grahan) 25 अक्टूबर यानी आज लगा है। भारत में भी ये सूर्य ग्रहण (Solar eclipse) देखा गया है। ये सूर्य ग्रहण देश के उत्तर पश्चिम भाग में दिखाई दिया। सूर्य ग्रहण का सूतक काल 12 घंटे पहले शुरू हो जाता है। वहीं आज चंद्रमा आंशिक रूप से सूर्य पर गहरी छाया डाला। शाम 4 बजकर 28 मिनट से 5 बजकर 30 मिनट तक ये सूर्य ग्रहण लगा। देश में सूर्य ग्रहण कुल 1 घंटा 13 मिनट के लिए रहा। भारत में सूर्य ग्रहण का समापन सूर्यास्त के आस-पास ही हुआ। इस दौरान करीब 40 से 50 प्रतिशत सूर्य...चंद्रमा से ढका।
ऋषि सुनक बने ब्रिटेन के पीएम, भारत के पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने क्यों कहा, यह ऐतिहासिक घटना है?
भारत के पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने मंगलवार को ऋषि सुनक (Rishi Sunak) के यूनाइटेड किंगडम (UK) यानी ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बनने को 'ऐतिहासिक घटना' बताया। उन्होंने ने एएनआई को बताया कि यह एक ऐतिहासिक घटना है। इसके अलावा, वह केवल सात साल के लिए हाउस ऑफ कॉमन्स के सदस्य रहे। वह असाधारण व्यक्ति हैं। पहले वह ट्रेजरी के चांसलर थे और उस समय वह बहुत छोटे थे।पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि यह देखते हुए कि कंजर्वेटिव पार्टी के पास एक गैर-श्वेत (गौरों के बीच काले) नेता है, यह असाधारण है, यह ब्रिटेन में हुए बदलाव को दर्शाता है। हालांकि सिंह का मानना है कि कंजरवेटिव पार्टी में अव्यवस्था से निपटने के साथ-साथ ब्रिटेन में वर्तमान आर्थिक और राजनीतिक स्थिति के कारण सुनक बहुत कठिन समय में प्रधानमंत्री बने हैं।
अयोध्या में बन रहे Ram Mandir की नई तस्वीरें आईं सामने, देखिए Exclusive तस्वीरें
अयोध्या (Ayodhya) में राम मंदिर (Ram Mandir) का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। इसकी नई तस्वीरें सामने आई हैं। आप EXCLUSIVE तस्वीरें देख सकते हैं। इसको लेकर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करा रहे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कहा है कि मंदिर निर्माण का 50% कार्य पूरा हो चुका है और कार्य की प्रगति संतोषजनक है। ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने मीडिया को बताया कि मेन राम मंदिर का 40% और कुल मिलाकर परिसर में 50% कार्य पूरा हो चुका है। हम निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता से संतुष्ट हैं।
पति की मानहानि, बिना सबूत ‘‘ व्याभिचारी और शराबी' कहना क्रूरता के समान : बंबई उच्च न्यायालय
बंबई उच्च न्यायालय ने एक मामले में कहा कि पति की मानहानि, उसे बिना सबूत व्याभिचारी और शराबी कहना क्रूरता के समान है। इसके साथ ही अदालत ने पुणे के दंपति के विवाह विच्छेद के परिवार अदालत के आदेश को बरकरार रखा। न्यायमूर्ति नितिन जामदार और न्यायमूर्ति शर्मिला देशमुख की खंडपीड ने यह आदेश 50 वर्षीय महिला की अपील को खारिज करते हुए 12 अक्टूबर को सुनाया। महिला याचिकाकर्ता ने पुणे की परिवार अदालत द्वारा नवंबर 2005 में दिए गए फैसले को चुनौती दी थी जिसमें उसके और उसके पति के विवाह संबंध के विच्छेद की अनुमति दी गई थी। महिला का पति सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी था जिसकी उच्च न्यायालय में सुनवाई लंबित रहने के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद अदालत ने उसके कानूनी उत्तराधिकारी को मामले में प्रतिवादी के तौर पर शामिल करने का निर्देश दिया।
विवाह में अपनी पसंद की स्वतंत्रता निजी आजादी का मूलतत्व : अदालत
दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा है कि विवाह में पसंद की स्वतंत्रता संविधान का एक आंतरिक हिस्सा है और आस्था के सवालों का जीवनसाथी चुनने की स्वतंत्रता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। इसके साथ ही अदालत ने कहा कि पुलिस से उम्मीद की जाती है कि वह ऐसे जोड़ों की सुरक्षा के लिए त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करे जिन्हें अपने परिवार के सदस्यों सहित अन्य लोगों से खतरे की आशंका है। अदालत ने यह टिप्पणी शिकायतकर्ता व्यक्ति पर हत्या के कथित प्रयास और शारीरिक हमले से जुड़े मामले से संबंधित जमानत याचिकाओं पर गौर करते हुए की। शिकायतकर्ता ने जिस महिला से शादी की थी, उसके परिवार के लोगों ने उस पर कथित तौर पर हमला किया था। महिला ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता की पत्नी के परिवार के सदस्यों ने उसका अपहरण कर लिया था और बेरहमी से उसकी पिटाई की व धारदार हथियारों से भी हमला किया।
केन्या से लाया जा रहा है पाकिस्तानी पत्रकार का शव
केन्या में छिपकर रहने के दौरान नैरोबी पुलिस की गोली का शिकार हुए पाकिस्तान के एक पत्रकार का शव मंगलवार को इस्लामाबाद लाया जा रहा है। इस घटना से पाकिस्तान का पत्रकारिता जगत स्तब्ध है और उसने घटना के मामले में विस्तृत जांच की मांग की है। अरशद शरीफ की रविवार रात को गोली लगने से मौत हो गयी थी। वह केन्या की राजधानी के बाहरी क्षेत्र में एक चौकी से तेजी से एक गाड़ी से गुजर रहे थे, तभी पुलिस ने उन पर गोली चला दी। नैरोबी पुलिस ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि बच्चे के अपहरण की एक घटना में शामिल इसी तरह की कार की उसे तलाश थी और गलती से पत्रकार पर गोली चला दी गयी।
ईएसआईसी योजना से अगस्त में 14.62 लाख नये अंशधारक जुड़े
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की सामाजिक सुरक्षा योजना से अगस्त, 2022 में लगभग 14.62 लाख नये अंशधारक जुड़े। आधिकारिक आंकड़ों में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। ‘भारत में पे-रोल रिपोर्टिंग- रोजगार परिदृश्य -अगस्त-2022’ शीर्षक से राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की तरफ से जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईएसआईसी की योजना से वित्त वर्ष 2021-22 में कुल 1.49 करोड़ अंशधारक जुड़े। यह आंकड़ा 2020-21 में 1.15 करोड़, 2019-20 में 1.51 करोड़ और 2018-19 में 1.49 करोड़ था। ईएसआईसी की योजनाओं में सितंबर, 2017 से मार्च, 2018 तक लगभग 83.35 लाख नए अंशधारक शामिल हुए थे। रिपोर्ट में कहा गया कि सितंबर, 2017 से अगस्त, 2022 तक ईएसआईसी की योजना से कुल 7.22 करोड़ अंशधारक जुड़े।
हिमाचल चुनाव: कांग्रेस ने हमीरपुर से पुष्पेंद्र वर्मा को बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस ने 12 नवंबर को होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन मंगलवार को हमीरपुर सीट से डॉ पुष्पेंद्र वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया। वह राज्य के पूर्व उद्योग मंत्री रंजीत सिंह वर्मा के बेटे हैं। राज्य की 68 विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना 17 अक्टूबर को जारी की गयी थी और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। मतगणना आठ दिसंबर को होगी।
पुणे में दीपावली के मौके पर आग लगने की 15 घटनायें, मकान जल कर खाक
महाराष्ट्र के पुणे शहर में दीपावली के मौके पर आग लगने की 15 घटनायें हुयी और एक घटना में पूरा मकान जल गया, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। दमकल अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। पुणे नगर निगम के अधिकारी ने दमकल विभाग के हवाले से कहा कि सोमवार की देर रात शहर के औंध इलाके में स्थित एक मकान में आग लग गयी, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पुणे में शाम सात बजे से रात 11 बजे तक आग लगने की 15 घटना हुयी। उन्होंने बताया कि आग लगने की ये घटनाएं संभवत: पटाखों के कारण हुयी हैं। अधिकारी ने बताया कि ऐसी ही एक घटना में 12 मंजिला इमारत के पहले तल पर स्थित एक फ्लैट में आग लग गयी
बाज जैसी आंख नहीं आपकी', पाकिस्तान की हार से खिसियाए अफरीदी
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने भारत के खिलाफ आखिरी ओवर में दी गई नो-बॉल को लेकर अंपायर पर अपनी खीझ निकाली है। जब स्पिनर मोहम्मद नवाज ने नो-बॉल फेंकी, तब भारत को जीत के लिए 13 रन की जरूरत थी। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2022 में विजयी आगाज किया। भारत ने रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 4 विकेट से शिकस्त दी। यह मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसका रिजल्ट आखिरी गेंद पर आया। विराट कोहली ने 53 गेंदों में नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली। भारत की टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ यह छठी जीत है। हालांकि, मेलबर्न का मुकाबला विवाद से अछूता नहीं रहा। स्पिनर मोहम्मद नवाज द्वारा आखिरी ओवर में डाली गई नो-बॉल पर कंट्रोवर्सी हो गई। कई पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी, जो हार को पचा नहीं पा रहे, वो नो-बॉल को मुद्दा बना रहे हैं। इस कड़ी में अब पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी का नाम भी जुड़ गया है।
मध्य रेलवे जल्द ही चार और स्टेशनों पर रेल बोगी के अंदर रेस्तरां खोलेगा
मध्य रेलवे रेल कोच के अंदर भोजन करने वालों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करने के लिए जल्द ही महाराष्ट्र में चार और स्टेशनों पर रेस्तरां स्थापित करेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मध्य रेलवे ने पिछले साल मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) में इस तरह का एक रेस्तरां खोला था जबकि दूसरा रेस्तरां इस साल की शुरुआत में नागपुर स्टेशन पर स्थापित किया गया था। ये रेस्तरां रेल बोगी के अंदर बने होते हैं। इसमें एक साथ 40 से अधिक लोग भोजन कर सकते हैं। मध्य रेलवे ने एक विज्ञप्ति में कहा कि जल्द ही इसी तरह के रेस्तरां अकुर्दी, चिंचवड़, बारामती (पुणे) और मिराज (सांगली) स्टेशनों पर खोले जाएंगे।
व्हाट्सऐप उपयोगकर्ताओं को सेवाओं में व्यवधान का सामना करना पड़ा
सोशल मीडिया मंच व्हाट्सऐप को अपनी सेवाओं में मंगलवार को व्यवधान का सामना करना पड़ा। कई उपयोगकर्ता मेटा के स्वामित्व वाले मंच पर संदेश भेजने या प्राप्त करने में असमर्थ थे। ट्विटर पर 'हैशटैग व्हाट्सऐप डाउन' ट्रेंड कर रहा था और कई उपयोगकर्ताओं ने इस मुद्दे पर मजेदार मीम शेयर करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया। सेवाओं में व्यवधान पर व्हाट्सऐप की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी।