LIVE

ताजा खबर, दो नवंबर, 2022: विधानसभा उपचुनाव में बिहार के मोकामा-गोपालगंज राजद, भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला

ताजा खबर, दो नवंबर, 2022: विधानसभा उपचुनाव में बिहार के मोकामा-गोपालगंज राजद, भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला
ताजा खबर, दो नवंबर, 2022: विधानसभा उपचुनाव में बिहार के मोकामा-गोपालगंज राजद, भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला

आज की ताजा खबर दो नवंबर 2022, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News, Hindi Samachar Today Updates: बिहार विधानसभा की दो सीटों-मोकामा और गोपालगंज पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। दोनों सीटों पर सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। उपचुनाव के लिए पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दो महीने पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने के बाद कमजोर हुई भाजपा और प्रदेश में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल सबसे बड़ी पार्टी राजद के लिए तीन नवंबर को होने वाले इस उपचुनाव को पहले शक्ति परीक्षण के तौर पर देखा जा रहा है। राजद के सामने जहां अपनी मोकामा विधानसभा सीट को बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं पार्टी गोपालगंज सीट को भाजपा से छीनने के लिए जीतोड़ कोशिश भी कर रही है। गोपालगंज सीट पिछले चार चुनावों से भाजपा की झोली में जा रही है। उधर, भाजपा ने भी मोकामा सीट पर जीत दर्ज करने के लिए अपनी सारी ताकत झोंक दी है। वह गोपालगंज में लगातार पांचवीं बार जीत का परचम लहराने की कोशिशों में भी जुटी है। पढ़ें, आज की बड़ी और अहम खबरें:

NOV 02, 2022 21:26 IST

गोपाल राय ने दी Work From Home की सलाह

दिल्ली की वायु की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गई है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की योजना को उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी लागू करने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए लोगों से घर से काम करने और वाहन साझा करने की अपील की। पूरी खबर पढ़ें
NOV 02, 2022 19:00 IST

टी20 विश्व कप : भारत ने बांग्लादेश टाइगर्स के जबड़े से छीनी जीत

भारतीय क्रिकेट टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को 5 रन के करीबी अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। इसके साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में एंट्री की तरफ एक कदम और बढ़ा दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें
NOV 02, 2022 18:10 IST

बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस इंटरसेप्टर AD-1 का परीक्षण सफल

भारत ने ओडिशा के एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से बड़े किल एल्टीट्यूड ब्रैकेट वाले दूसरे चरण की बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (BMD) इंटरसेप्टर एडी-1 मिसाइल का पहला उड़ान परीक्षण किया। सभी बीएमडी हथियार प्रणाली तत्वों की भागीदारी के साथ उड़ान परीक्षण किया गया। पूरी खबर पढ़ें
NOV 02, 2022 16:32 IST

प्रदर्शनों के कारण भाजपा पंजाब के किसानों को पराली जलाने के लिए निशाना बना रही : राय

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि कृषि कानूनों के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों की वजह से वह पंजाब में किसानों को पराली जलाने के लिए निशाना बना रही है।कृषि कानूनों को अब वापस ले लिया गया है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने कहा कि पंजाब में किसान पराली जलाने को मजबूर हैं, क्योंकि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने पराली नहीं जलाने के लिए उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करने की राज्य सरकार की योजना का समर्थन नहीं किया। राय ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हर कोई एक ही सवाल कर रहा है कि दिल्ली और पंजाब में आप के सत्ता में होने के बावजूद पराली जलाने की घटनाओं में कमी क्यों नहीं आई? पराली जलाने की घटनाओं में कमी नहीं आई है क्योंकि केंद्र ने समर्थन देने से इनकार कर दिया।’’ दिल्ली एवं पंजाब की सरकारों ने जुलाई में संयुक्त रूप से केंद्र को प्रस्ताव भेजा था कि वे कृषि प्रधान राज्य में किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए नकद प्रोत्साहन देने में मदद करें।
NOV 02, 2022 16:31 IST

बारिश के चलते थमा भारत-बांग्लादेश मैच

NOV 02, 2022 15:59 IST

आकाश एयर 23 नवंबर से बेंगलुरु-पुणे मार्ग पर उड़ानें शुरू करेगी

विमानन कंपनी आकाश एयर बेंगलुरु-पुणे मार्ग पर 23 नवंबर से उड़ानें शुरू करेगी। कंपनी ने बुधवार को बयान में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस उड़ान के साथ यह शहर इस नई एयरलाइन के नेटवर्क में नौवां गंतव्य होगा।इसमें कहा गया है कि सात अगस्त को परिचालन शुरू करने वाली आकाश एयर को नवंबर के अंत तक लगभग 58 दैनिक उड़ानें और 400 साप्ताहिक उड़ानें पार करने की उम्मीद है। एयरलाइन ने कहा कि बढ़ती मांग के कारण बेंगलुरु और मुंबई के बीच संपर्क सुविधा 23 नवंबर से बढ़ाई जाएगी। इससे इस मार्ग पर दैनिक उड़ानें सात हो जाएंगी। आकाश एयर 23 नवंबर को बेंगलुरु और पुणे के बीच सेवाएं शुरू करने के बाद 26 नवंबर से इस मार्ग पर दूसरा फेरा शुरू करेगी।
NOV 02, 2022 15:56 IST

कोहली और राहुल के अर्धशतकों से भारत के छह विकेट पर 184 रन

विराट कोहली का एडीलेड ओवल पर शानदार प्रदर्शन बदस्तूर जारी रहा और उनके नाबाद अर्धशतक की मदद से भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच में बुधवार को छह विकेट पर 184 रन बनाये। कोहली ने 44 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 64 रन जोड़े । बांग्लादेश के किसी गेंदबाज के पास उनके शानदार स्ट्रोक्स का कोई जवाब नहीं था। पर्थ की तुलना में यहां की पिच धीमी थी जिस पर बांग्लादेश के गेंदबाज पावरप्ले के बाद दबाव में आ गए । के एल राहुल ने 31 गेंद में 50 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की। कोहली ने दूसरे विकेट के लिये राहुल के साथ 67 और तीसरे विकेट के लिये सूर्यकुमार यादव के साथ 38 रन की साझेदारी की । आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज हुए यादव ने 15 गेंद में 30 रन बनाये। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पहले ही ओवर में तसकीन अहमद की गेंद पर जीवनदान मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और सात गेंद में दो रन बनाकर आउट हो गए।
NOV 02, 2022 15:12 IST

यूपी: व्यक्ति ने दहेज को लेकर पत्नी और बच्चों को आग के हवाले किया

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक चौंकाने वाली घटना में 29 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर मिट्टी का तेल डालकर कथित तौर पर आग लगा दी। पुलिस ने कहा कि घटना मंगलवार शाम को मोजी गोपालपुर में हुई जो कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। बिजनौर के एसपी दिनेश सिंह ने कहा कि आरोपी की पहचान अरुण कुमार और उसके दो भाइयों और उसकी मां सहित उसके परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनकी 26 वर्षीय पत्नी वंदना, चार साल की बेटी और एक साल के बेटे सहित तीनों पीड़ितों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
NOV 02, 2022 15:10 IST

सरकार ने एथनॉल की कीमत बढ़ाई

केंद्र सरकार ने बुधवार को पेट्रोल में मिलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले एथनॉल की कीमत बढ़ा दी। गौरतलब है कि सरकार पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना बना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने दिसंबर, 2022 से शुरू होने वाले आपूर्ति वर्ष के लिए एथनॉल की कीमत को बढ़ाकर 65.60 रुपये प्रति लीटर करने का फैसला किया। यह अभी 63.45 रुपये प्रति लीटर है। सूत्रों ने बताया कि सी-हेवी शीरे से बनने वाले एथनॉल की दर 46.66 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 49.40 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इसी तरह बी-हेवी शीरे से बनने वाले एथनॉल की दर 59.08 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 60.73 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
NOV 02, 2022 15:10 IST

दिल्ली हवाई अड्डे पर 30 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देश में 30 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन की तस्करी करने के लिए नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया गया है। सीमाशुल्क अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को दोहा से होते हुए लागोस से आने के बाद आरोपी को रोका गया। अधिकारी ने कहा कि उसके पास से 30 करोड़ रुपये मूल्य की लगभग चार किलो हेरोइन बरामद की गई। उन्होंने कहा कि यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। हेरोइन भी जब्त की जा चुकी है।
NOV 02, 2022 15:09 IST

अभिनेत्री हंसिका मोटवानी ने उद्यमी सोहेल कथूरिया से की सगाई

अभिनेत्री हंसिका मोटवानी ने बुधवार को कहा कि उन्होंने उद्यमी सोहेल कथूरिया से सगाई कर ली है। अभिनेत्री (31) ने सोशल मीडिया पर कथूरिया की ओर से मिले विवाह प्रस्ताव की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उद्यमी एफिल टॉवर के सामने घुटनों के बल बैठकर उन्हें अंगूठी पहनाते नज़र आ रहे हैं। मोटवानी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘अभी और हमेशा के लिए।’’ कथूरिया ने उनकी पोस्ट पर कमेंट में कहा, ‘‘तुम्हें बहुत सारा प्यार...मेरी ज़िंदगी। अभी और हमेशा के लिए।’’अभिनेता वरुण धवन, अनुष्का शेट्टी, खुशबू सुंदर, ईशा गुप्ता और करण टैकर सहित फिल्म जगत के सहयोगियों ने उन्हें बधाई दी।
NOV 02, 2022 12:53 IST

सपा में जिम्मेदारी मिलने का इंतजार : शिवपाल यादव

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया (प्रसपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की जसवंतनगर सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि उन्हें सपा में खुद को कोई जिम्मेदारी दिए जाने का इंतजार है। संभल के एचोंडा कमबोह में आयोजित कल्कि महोत्सव से इतर मंगलवार रात संवाददाताओं से बातचीत में इस सवाल पर कि उन्हें क्या बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी, शिवपाल ने कहा, “हमें जिम्मेदारी मिलने का इंतजार है। इंतजार है, देखिए।”उन्होंने कहा, “अभी नेता जी (सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव) के जाने के बाद हम लोग शोक में हैं। इस महीने नेता जी का जन्मदिन (22 नवंबर) भी आने वाला है, जो हम हर साल मनाते थे।” मुलायम के निधन के बाद शिवपाल अपने भतीजे अखिलेश यादव के काफी करीब नजर आए थे। हालांकि, गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव के स्टार प्रचारकों में उन्हें शामिल नहीं किया गया था।
NOV 02, 2022 12:13 IST

नए भारत का ध्यान बड़े सुधारों, व्यापक बुनियादी ढांचे और सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं पर है : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि नया भारत बड़े सुधारों, व्यापक बुनियादी ढांचे और सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएम) ‘इन्वेस्ट कर्नाटक 2022’ के उद्घाटन समारोह में कहा कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के इस दौर में पूरी दुनिया को भरोसा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद तेजी से बढ़ रहा है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य और केंद्र दोनों में एक ही पार्टी की सरकार के साथ कर्नाटक के पास ‘डबल इंजन’ सरकार की शक्ति है। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी प्रतिभा और प्रौद्योगिकी की बात आती है, तो दिमाग में जो नाम सबसे पहले आता है, वो है ब्रांड बेंगलुरु।’’
NOV 02, 2022 11:29 IST

आतंकवाद से पीड़ित परिवारों के बच्चे बनेंगे डॉक्टर, गृह मंत्रालय ने मांगे नाम

गृह मंत्रालय ने 2022-23 के लिए आवंटित एमबीबीएस/बीडीएस सीटों को भरने के लिए राज्यों से आतंकवाद से पीड़ित परिवारों के जीवनसाथी और बच्चों के नाम मांगे हैं। इनके लिए केंद्र की तरफ से 4 सीटें आवंटित की गई हैं। नियम के तहत उन बच्चों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके माता-पिता दोनों को आतंकवादियों ने मार डीला है।देश में कहीं भी आतंक का शिकार हुए परिवार के बच्चे भी अब डॉक्टर बन सकेंगे। केंद्र ने एक आदेश जारी करते हुए तीन राज्यों के मेडिकल कॉलेजों में आतंक पीड़ित परिवारों के बच्चों के लिए चार एमबीबीएस सीटें आरक्षित की हैं। गृह मंत्रालय की तरफ से इसके लिए राज्यों से 15 नवंबर तक नाम भेजने को कहा गया है।
NOV 02, 2022 11:29 IST

बीजिंग में शी जिनपिंग से मिले शहबाज शरीफ

पाकिस्तान के दौरे पर आए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच विशेष रूप से आर्थिक क्षेत्रों में आपसी सहयोग पर चर्चा की। बुधवार को एक फेसबुक पोस्ट में, शरीफ ने बताया कि सीपीईसी सहित चीन और पाकिस्तान के बीच बहुपक्षीय सहयोग बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर आपसी सहमति बनी। पाकिस्तानी नेता ने बैठक की तस्वीरें भी पोस्ट कीं। शरीफ दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मंगलवार की रात बीजिंग पहुंचे।
NOV 02, 2022 09:54 IST

उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपण के जवाब में दक्षिण कोरिया ने दागीं तीन मिसाइलें

दक्षिण कोरिया ने कहा है कि उसने उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपणों के जवाब में हवा से सतह पर मार करने वाली तीन मिसाइलों का परीक्षण किया है। दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, उसके लड़ाकू विमानों ने बुधवार को प्रतिद्वंद्वियों की पूर्वी सीमा के पास तीन मिसाइलें दागीं। सेना ने बताया कि उत्तर कोरियाई मिसाइल परीक्षणों के जवाब में यह कार्रवाई की गई। उत्तर कोरिया ने कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी एवं पश्चिमी तटों के पास 10 से अधिक मिसाइलें दागी हैं। दक्षिण कोरिया का कहना है कि उत्तर कोरिया की एक मिसाइल समुद्री सीमा के पास गिरी थी।
NOV 02, 2022 08:56 IST

एक्ट्रेस पूजा भट्ट भी भारत जोड़ो यात्रा में हुईं शामिल

NOV 02, 2022 08:55 IST

तमिलनाडुः चेन्नई में बारिश, जगह-जगह जलभराव

NOV 02, 2022 07:04 IST

झारखंड में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार' अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ

झारखंड सरकार ने दीपावली एवं छठ पर्व के बाद ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ अभियान का दूसरा चरण मंगलवार से प्रारंभ कर दिया है जो 14 नवंबर तक चलेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अभियान के दूसरे चरण के आरंभ के दौरान दो नवंबर को स्वयं साहेबगंज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। साहेबगंज में मुख्यमंत्री कुल 10,481 लाख रुपये की 14 योजनाओं का शिलान्यास एवं नौ योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। साथ ही लाभार्थियों के बीच परिसंपत्ति का वितरण भी किया जायेगा।
NOV 02, 2022 07:04 IST

स्वतंत्रता सेनानी विश्वनाथ दास का निधन

स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित विश्वनाथ दास का मंगलवार को निधन हो गया। वह 106 साल के थे। यह जानकारी पारिवारिक सूत्रों ने दी। दास का कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों के चलते निधन हो गया। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्वतंत्रता सेनानी के निधन पर शोक व्यक्त किया। पटनायक ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अतुलनीय है।प्रधान ने ट्वीट किया, ‘‘विश्वनाथ दास के निधन के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को आने वाली पीढ़ियों द्वारा याद किया जाएगा। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’