कश्मीर (Kashmir) में रविवार यानि कि 1 जनवरी 2023 को जिस आतंकी ने सीआरपीएफ (CRPF) के जवान से हथियार छीना था, वो अब पुलिस के कब्जे में आ गया है। उसके परिवार वालों ने ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आतंकी के पास से हथियार बरामद कर लिया गया है।
कश्मीर में जवान से छिना गया हथियार बरामद
क्या है पूरा मामला
रविवार को ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ के जवान का हथियार एक संदिग्ध आतंकी ने छीन लिया था। जवान से जबरदस्ती हथियार छीनने के बाद आतंकी तुरंत मौके से फरार हो गया। जिस जवान का हथियार छीना गया था वो पुलवामा जिले के राजपोरा इलाके के पास गश्त ड्यूटी पर तैनात था। उसी समय जवान पर घात लगाकर हमला किया गया।
सर्च ऑपरेशन शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही जल्द ही और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच गए और इलाके को घेर लिया। भारतीय सेना, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) पुलवामा और सीआरपीएफ की इकाइयां हथियार की बरामदगी और आतंकवादी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान चलाने लगी।
परिवार ने ही पुलिस को सौंपा
घटना के तुरंत बाद आतंकी की पहचान कर ली गई थी। संदिग्ध की पहचान इरफान गनी के रूप में हुई थी। जिसके बाद सेना उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रही थी। इसी बीच आतंकी के परिवार को भी इस घटना की जानकारी मिल गई। आतंकी जैसे ही घर पहुंचा, उसे परिवार वाले ही सेना के हवाले कर गए। कश्मीर एडीजीपी ने कहा- पुलिस परिवार के सहयोग से करीब 25 साल के इरफान बशीर गनी को एके-47 राइफल सहित पकड़ लिया गया है। हम परिवार की भूमिका की सराहना करते हैं।"
