मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले से विस्फोटकों से भरा एक बड़ा देसी रॉकेट बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह रॉकेट करीब 9 फीट लंबा और लगभग 200 किलोग्राम वजनी है। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे रविवार को एस लोनफाई और तुईकोंग गांवों के आसपास के इलाके से जब्त किया।
मणिपुर में देशी रॉकेट बरामद (प्रतीकात्मक फोटो- Socio Pulse)
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि यह बरामदगी ऐसे समय में हुई है जब राज्य में अस्थिरता और हिंसा की घटनाएं अब भी पूरी तरह थमी नहीं हैं। रॉकेट को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया और सुरक्षित रूप से विस्फोटक सामग्री को हटाया गया। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह रॉकेट किसने और किस उद्देश्य से तैयार किया था।
तलाशी अभियान जारी
अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार, यह देसी तौर पर निर्मित रॉकेट किसी स्थानीय हथियारबंद समूह द्वारा बनाया गया हो सकता है। बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है और तलाशी अभियान जारी है।
पिछले साथ हुआ था रॉकेट से हमला
गौरतलब है कि सितंबर 2024 में मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के मोइरांग में हुए रॉकेट हमले में एक बुज़ुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियां लगातार रॉकेट और विस्फोटक निर्माण से जुड़े नेटवर्क पर नजर रख रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें ताकि ऐसे खतरनाक हथियारों के इस्तेमाल को रोका जा सके।
