कल्याण-डोम्बिवली नगर निगम (KDMC) में शनिवार को राजनीतिक खींचतान और तेज हो गई, जब शिवसेना (UBT) ने अपने चार पार्षदों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। चर्चा है कि ये पार्षद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। यह घटना ऐसे समय हुई है जब शिवसेना महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पांच पार्षदों के समर्थन से 122 सदस्यीय केडीएमसी में बहुमत के करीब पहुंच रही है। शिंदे गुट के पास फिलहाल 53 पार्षद हैं, जबकि राज्य स्तर पर उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी के पास 50 पार्षद हैं। एमएनएस के पांच पार्षदों और लापता शिवसेना (यूबीटी) के चार पार्षदों के समर्थन से शिवसेना केडीएमसी में बहुमत का आंकड़ा 62 तक पहुंचा सकती है।
शिवसेना UBT सांसद संजय राउत ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
सेना यूबीटी के केडीएमसी में 11 पार्षद, 4 लापता
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, सेना (यूबीटी) के केडीएमसी में 11 पार्षद हैं। इनमें से केवल सात ने ही कोंकण संभागीय आयुक्त के पास औपचारिक रूप से एक समूह के रूप में पंजीकरण कराया है। खबरों के मुताबिक, दो पार्षद शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में हैं, जबकि दो अन्य का फिलहाल कोई पता नहीं चल पा रहा है। स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के चलते शिवसेना (यूबीटी) के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ने वाले इन दोनों पार्षदों के एमएनएस में वापस लौटने की संभावना है।
संजय राउत बोले, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, हमारे पार्षदों के लापता होने पर हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हम केडीएमसी में पोस्टर लगाएंगे। वे हमारे चुनाव चिन्ह पर चुने गए थे। वे गद्दार हैं और जीत के 24 घंटे बाद ही उन्होंने अलग रास्ता चुन लिया। स्थानीय शिवसेना (यूबीटी) नेता शरद पाटिल ने कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पार्टी नेताओं के अनुसार, जिन पार्षदों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, वे हैं मधुर म्हात्रे, कीर्ति धोणे, राहुल कोट और स्वप्निल केने। हालांकि, ठाणे के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि लापता व्यक्तियों का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि माना जा रहा है कि पार्षदों ने अपनी मर्जी से ऐसा किया है।
सत्ताधारी महायुति और ठाकरे बंधुओं के बीच तनाव
इस घटनाक्रम से दोनों खेमों—सत्ताधारी महायुति और ठाकरे बंधुओं में तनाव पैदा हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) पहले ही शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को एमएनएस के समर्थन पर अपनी नाराजगी जता चुकी है। एक वरिष्ठ एमएनएस नेता ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं को यह स्पष्ट कर दिया था कि अगर एमएनएस ने शिंदे गुट का समर्थन नहीं किया होता, तो उसके पार्षद पार्टी में शामिल हो जाते। इस बीच, मीरा भायंदर नगर निगम (MBMC) में शिवसेना ने विपक्ष में बैठने का फैसला किया है। एमबीएमसी की 95 सीटों में से भाजपा ने 78, कांग्रेस ने 13 और शिवसेना ने तीन सीटें जीती हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन ने कहा कि शिवसेना के तीन पार्षद मूल रूप से कांग्रेस से हैं। उन्होंने कहा, हम और शिवसेना विपक्ष में रहेंगे।
