CM Vijay Shedule: तमिलनाडु में सरकार के 100 दिन पूरे होने पर अभिनेता से राजनेता बने और राज्य के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की कार्यशैली को लेकर उनकी पार्टी (तमिलगा वेट्री कझगम - TVK) के वरिष्ठ नेता और मंत्री आधव अर्जुन ने बड़े खुलासे किए हैं। एक कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि सीएम विजय रोजाना 18 से 20 घंटे काम कर रहे हैं और उनके दिन की शुरुआत सुबह 4 बजे ही हो जाती है।
सीएम विजय की दिनचर्चा
सुबह 4 बजे से समीक्षा बैठकें
मंत्री आधव अर्जुन के अनुसार, मुख्यमंत्री विजय सुबह 4 बजे ही उठकर विभिन्न विभागों के मंत्रियों और शीर्ष अधिकारियों को फोन मिला देते हैं और सरकार के कामकाज और विभागों की प्रगति का अपडेट लेते हैं। विजय की सादगी और काम के प्रति समर्पण की तारीफ करते हुए मंत्री ने उन्हें एक "राजनीतिक संन्यासी" बताया। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत का जश्न मनाने के बजाय विजय का पूरा ध्यान केवल इस बात पर केंद्रित रहता है कि राज्य की समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए और आगे क्या कदम उठाए जाएं।
भ्रष्टाचार पर नकेल और पारदर्शिता
सरकार के पहले 100 दिनों में सबसे बड़ा ध्यान वित्तीय गड़बड़ियों को रोकने और पारदर्शिता लाने पर रहा है। हालांकि निचले स्तर पर वर्षों से चले आ रहे भ्रष्टाचार को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ऊपर से नीचे पूरे सिस्टम को सुधारने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शीर्ष स्तर से व्यवस्था में बदलाव लाने का प्रयास कर रही है, और विजय ने अधिकारियों को बार-बार कहा है कि वित्तीय गड़बड़ियों को रोकना होगा और सभी सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखनी होगी।
सचिवालय कार्यालय के नवीनीकरण पर विवाद
विपक्षी दल (DMK) द्वारा सीएम कार्यालय के 5.54 करोड़ रुपये के नवीनीकरण के टेंडर पर उठाए गए सवालों पर आधव अर्जुन ने स्पष्ट किया कि यह किसी व्यक्तिगत विलासिता" के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यालय में शौचालय और मेहमानों/प्रतिनिधिमंडलों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिसे सुधारने के लिए यह कदम उठाया गया है।
