Yoga For Headache And Stress: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सिरदर्द और तनाव आम समस्या बन गए हैं। देर तक काम करना, नींद की कमी, और बढ़ता स्ट्रेस ये सब मिलकर माइग्रेन या सिरदर्द को और बढ़ा देते हैं। दवाओं से थोड़ी देर राहत तो मिलती है, लेकिन असर टिकता नहीं। ऐसे में योगासन एक नैचुरल और लंबे समय तक असर देने वाला उपाय है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, कुछ खास योगासन मस्तिष्क को शांत करते हैं, रक्त प्रवाह को बेहतर बनाते हैं और शरीर को तनावमुक्त कर सिरदर्द से राहत देते हैं।
योग से पाएं सिरदर्द और तनाव से छुटकारा
योग से क्यों मिलता है सिरदर्द में आराम
योग सिर्फ शरीर को नहीं, बल्कि मन को भी संतुलित करता है। यह मांसपेशियों का तनाव कम कर रक्त प्रवाह को सामान्य करता है। जब मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन और रक्त पहुंचता है, तो दर्द और भारीपन कम महसूस होता है। योगासन नियमित रूप से करने से माइग्रेन की तीव्रता भी घटती है और शरीर में ऊर्जा बनी रहती है।
बालासन
बालासन यानी ‘चाइल्ड पोज़’ सिरदर्द में राहत देने का सरल लेकिन असरदार आसन है। यह आसन शरीर और दिमाग के बीच संतुलन बनाता है। इसे करने से मस्तिष्क को ठंडक मिलती है, तनाव घटता है और सिर हल्का महसूस होता है। अगर दिनभर के तनाव से सिर भारी लगता है, तो बालासन का कुछ मिनट अभ्यास तुरंत आराम दिला सकता है।
सेतुबंधासन
सेतुबंधासन को ब्रिज पोज भी कहा जाता है। यह आसन सिरदर्द और माइग्रेन दोनों में फायदेमंद माना जाता है। इसे करने से शरीर के ऊपरी हिस्से में रक्त का प्रवाह संतुलित होता है, जिससे मस्तिष्क तक ऑक्सीजन पहुंचती है और दर्द कम होता है। यह आसन थकान मिटाने और मूड को बेहतर करने में भी मदद करता है।
पादंगुष्ठासन
पादंगुष्ठासन से शरीर की मांसपेशियां खिंचती हैं और मस्तिष्क में रक्त प्रवाह बढ़ता है। इससे मानसिक एकाग्रता बढ़ती है और सिरदर्द की तीव्रता घटती है। यह आसन रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाता है और पूरे शरीर को हल्का महसूस कराता है। रोजाना इसका अभ्यास करने से स्ट्रेस और माइग्रेन दोनों में सुधार आता है।
पश्चिमोत्तानासन
यह आसन मस्तिष्क और शरीर दोनों के बीच संतुलन स्थापित करता है। यह मानसिक थकान कम कर मस्तिष्क में नई ऊर्जा भरता है। नियमित रूप से पश्चिमोत्तानासन करने से सिरदर्द की समस्या धीरे-धीरे नियंत्रित होती है और दवाओं पर निर्भरता घटती है। यह आसन न सिर्फ राहत देता है बल्कि मन को शांत भी रखता है।
अगर आप बार-बार सिरदर्द या माइग्रेन की परेशानी से जूझ रहे हैं, तो दवाओं के बजाय योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इन आसनों का नियमित अभ्यास तनाव कम करेगा, नींद सुधारेगा और शरीर में नई ऊर्जा भरेगा।
Inputs: IANS
