योग की सावधानियां: आपने ये अक्सर ही सुना होगा कि योगा को सुबह की पहली किरण के साथ करना चाहिए क्योंकि इस समय पेट खाली होता है। तो योगा करने का ये नियम इतना जरूरी क्यों है। क्यों योगासन के लिए खाली पेट रहना जरूरी है? योग विशेषज्ञों और स्वास्थ्य गुरुओं का मानना है कि खाली पेट योगासन करने से केवल आपका शरीर तो फुर्तीला बनता ही है बल्कि मानसिक शांति और भरपूर ऊर्जा भी देता है। इसी के साथ पाचन संबंधी समस्याओं को भी दूर रखता है।
Yoga Karne ke Niyam
योगासन के समय खाली पेट क्यों रहना चाहिए का जवाब देते हुए योग4लाइफ की को-फाउंडर और योगा ट्रेनर कविता अरोड़ा कहती हैं कि योगासन करते समय पेट पर दबाव पड़ता है। अगर आपने खाना खाने के बाद योग किया तो इस प्रेशर के कारण खाना ऊपर चढ़ने लगता है और शरीर में गैस्ट्रिक, एसिडिटी, खट्टी डकार आदि की समस्याएं हो सकती हैं।
कविता बताती हैं कि भोजन करने के तुरंत बाद योगासन करने से न केवल पाचन प्रक्रिया बाधित हो सकती है बल्कि इसके कारण कई समस्याएं भी हो सकती हैं। यह प्राइमरी रूल है कि खाना खाने के बाद शरीर की ऊर्जा पाचन क्रिया पर लगती है। लेकिन खाने के बाद यदि हम एक्सरसाइज करने लगें तो वही एनर्जी योग पर लग जाती है, जिसका प्रभाव नकारात्मक हो सकता है। खाना खाने के बाद योगासन नहीं करना चाहिए, इसके पीछे एक और वजह यह भी है कि जब पेट भरा रहता है तो आप बहुत सारे आसन को अच्छे से नहीं कर पाते हैं।
आयुर्वेद और योग के जानकारों का मानना है कि जब हम खाना खाते हैं, तो शरीर की ऊर्जा पाचन में लग जाती है। ऐसे में योग आसनों के लिए जरूरी लचीलापन और एकाग्रता प्रभावित होती है। खाली पेट योगासन करने से शरीर की सारी ऊर्जा आसनों और प्राणायाम में लगती है, जिससे रक्त संचार बेहतर होता है और अंगों को ऑक्सीजन मिलता है।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी खाली पेट योगासन के फायदे साफ हैं। खाना खाने के बाद पेट में रक्त प्रवाह पाचन के लिए केंद्रित होता है। अगर इस दौरान योग या आसन करते हैं, तो पेट पर दबाव पड़ सकता है। इससे अपच, जी मचलना या असहजता हो सकती है। खाली पेट योग करने से शरीर हल्का रहता है और यह लचीलापन और मांसपेशियों की ताकत को बढ़ाता है।
हालांकि, एक्सपर्ट का मानना है कि खाना खाने के बाद 5 से 10 मिनट वज्रासन जरूर करना चाहिए। अगर आपको शाम को योगा करना है तो खाने और योग के बीच में कम से कम तीन से साढ़े तीन घंटे का गैप रखना चाहिए। यानी अगर आपने दोपहर दो बजे लंच किया है तो शाम पांच से छह बजे के बीच योग कीजिए। फिर इससे कोई मुश्किल नहीं होगी। इससे पाचन प्रक्रिया पर भी असर नहीं पड़ेगा। इनपुट -आईएएनएस
