World Meningitis Day 2026: सिरदर्द को अक्सर तनाव, कम नींद या माइग्रेन से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन दर्द बहुत तेज हो और साथ में बुखार, गर्दन की अकड़न या उलझन भी हो तो तुरंत मेडिकल मदद जरूरी है क्योंकि यह मेनिनजाइटिस हो सकता है। विशेषज्ञों से जानिए कि मेनिनजाइटिस के चेतावनी संकेत क्या होते हैं और इसकी जांच कैसे करा सकते हैं।
बुखार और सिरदर्द कब बन जाते हैं मेनिनजाइटिस, कहां बन जाता है जान का खतरा (AI IMAGE)
सिरदर्द होते ही हम अक्सर उसकी वजह भी खुद तय कर लेते हैं। आज पानी कम पिया होगा। रात को नींद पूरी नहीं हुई। ऑफिस में तनाव ज्यादा था। कई बार ये वजहें सही भी होती हैं। लेकिन जब दर्द सामान्य से अलग हो और उसके साथ दूसरे लक्षण आने लगें, तो केवल आराम करके उसके ठीक होने का इंतजार करना सही नहीं होता।
मान लीजिए, किसी को तेज सिरदर्द के साथ बुखार है। फिर गर्दन अकड़ने लगे या वह बातचीत के दौरान उलझने लगे। तो ये गंभीर लक्षण है। ऐसे में इसे सामान्य वायरल मानकर टालना परेशानी बढ़ा सकता है।
मेनिनजाइटिस क्या होता है
दिमाग और रीढ़ की हड्डी को ढकने वाली झिल्लियों में सूजन मेनिनजाइटिस कहलाती है। बैक्टीरिया, वायरस और दूसरे कारण इसके लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, बैक्टीरियल मेनिनजाइटिस से प्रभावित लगभग हर छह में से एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है और हर पांच में से एक को गंभीर जटिलताओं का सामना करना पड़ता है। मेनिनजाइटिस के प्रति लोगों को सचेत करने के लिए ही हर साल 5 अक्टूबर को वर्ल्ड मेनिनजाइटिस डे मनाया जाता है।
बैक्टीरियल मेनिनजाइटिस में समय पर इलाज खास तौर पर जरूरी है। इसलिए लक्षण देखकर घर पर यह तय करने की कोशिश न करें कि संक्रमण हल्का है या गंभीर। डॉक्टर की जांच से ही आगे का रास्ता तय होता है। इसकी पहचान केवल सिरदर्द के आधार पर नहीं की जा सकती।
मेनिनजाइटिस के कुछ रूप, खासकर बैक्टीरियल मेनिनजाइटिस, तेजी से गंभीर हो सकते हैं। यही वजह है कि डॉक्टरों ने इसी बीमारी के संकेतों को समय रहते पहचानने की जरूरत बताई है।
सिरदर्द और बुखार कब सामान्य वायरल से अलग हो सकते हैं
पारस हेल्थ गुरुग्राम के एसोसिएट कंसल्टेंट–न्यूरोलॉजी डॉ. अभिषेक दीक्षित बताते हैं कि सिरदर्द के साथ बुखार हो तो उसे हमेशा सामान्य वायरल संक्रमण नहीं मानना चाहिए। खासकर तब, जब लक्षण गंभीर हों, अचानक शुरू हुए हों या लगातार बढ़ रहे हों।
उनके मुताबिक, मेनिनजाइटिस में तेज सिरदर्द, बुखार, गर्दन की अकड़न, उल्टी और रोशनी से परेशानी हो सकती है। कुछ मरीजों में भ्रम या असामान्य सुस्ती भी दिखाई देती है।
ध्यान दें कि ऐसी स्थिति में दर्द की तीव्रता देखना काफी नहीं। यह नोट करना भी जरूरी है कि मरीज सामान्य तरह बात कर रहा है या नहीं, आसपास की बातों को समझ पा रहा है या नहीं। इस पर भी ध्यान देना चाहिए कि मरीज को जगाना आसान है या मुश्किल।
डॉ. दीक्षित के अनुसार - हर व्यक्ति में बीमारी के कारण और लक्षण अलग हो सकते हैं। कुछ मरीजों में ये सभी संकेत नहीं दिखते। कुछ मामलों में हालत तेजी से बिगड़ सकती है और दौरे या होश कम होने जैसी परेशानी विकसित हो सकती है।
मेनिनजाइटिस के किन लक्षणों पर तुरंत अस्पताल जाएं
डॉ. दीक्षित कहते हैं कि अगर किसी व्यक्ति को तेज सिरदर्द और बुखार के साथ भ्रम, गर्दन की अकड़न, बार-बार उल्टी, दौरे या जागे रहने में परेशानी हो तो उसे तुरंत मेडिकल जांच करानी चाहिए।
इन संकेतों को पहचानना जरूरी है:
- तेज या सामान्य से अलग सिरदर्द।
- बुखार के साथ गर्दन में अकड़न।
- बार-बार उल्टी होना।
- बात समझने या जवाब देने में उलझन।
- असामान्य सुस्ती या जगाने में मुश्किल।
- दौरा पड़ना।
- नई कमजोरी या बोलने में परेशानी।
अचानक शुरू हुआ बेहद तेज सिरदर्द भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। जरूरी नहीं कि इसकी वजह मेनिनजाइटिस ही हो, लेकिन ऐसी स्थिति मेडिकल जांच मांगती है।
डॉ. दीक्षित के अनुसार- मेनिनजाइटिस की शुरुआती पहचान और सही इलाज जरूरी है, क्योंकि इसके कुछ रूप, विशेषकर बैक्टीरियल मेनिनजाइटिस, जानलेवा हो सकते हैं और इनमें तत्काल चिकित्सा की जरूरत होती है।
बच्चों में मेनिनजाइटिस के संकेत कैसे दिख सकते हैं
शिशुओं और छोटे बच्चों में बीमारी का अंदाजा लगाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। वे अपनी परेशानी बता नहीं पाते। ऐसे में उनके रोज के व्यवहार में आए बदलावों पर ध्यान दें।
बच्चा दूध या खाना कम लेने लगे, ज्यादा चिड़चिड़ा हो, सामान्य से कम सक्रिय दिखे या उसे जगाने में परेशानी हो तो मेडिकल मदद लें। सभी लक्षण आने का इंतजार करना ठीक नहीं है।
क्या हर सिरदर्द में CT स्कैन या MRI जरूरी है
तेज सिरदर्द होते ही कई लोगों के मन में पहला सवाल आता है कि क्या ब्रेन का स्कैन कराना पड़ेगा? लेकिन जांच का फैसला केवल दर्द के आधार पर नहीं होता।
सिटी इमेजिंग एंड क्लिनिकल लैब्स के फाउंडर एवं पार्टनर और कंसल्टेंट रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आकार कपूर बताते हैं कि हर सिरदर्द या संदिग्ध मेनिनजाइटिस वाले मरीज को नियमित तौर पर ब्रेन इमेजिंग की जरूरत नहीं होती। CT या MRI कराने का फैसला मरीज की जांच और उस खास समस्या पर निर्भर करता है, जिसकी पड़ताल की जा रही है।
उनके मुताबिक, इमेजिंग दिमाग की बनावट से जुड़ी असामान्यताओं या जटिलताओं को पहचानने में मदद कर सकती है। कुछ चुने हुए मामलों में लंबर पंक्चर से पहले स्कैन करना जरूरी हो सकता है।
डॉ. कपूर के अनुसार, इमेजिंग को पूरी मेडिकल जांच के एक हिस्से के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए। हर मरीज के लिए स्कैन को पहला कदम मान लेना सही नहीं है।
