मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं आज तेजी से लोगों के बीच बढ़ती जा रही हैं। जिससे निजात पाने के लिए जरूरी है कि आप मानसिक स्वास्थ्य की शांति के प्रयासों पर थोड़ा अधिक ध्यान दें। आपकी इस जरूरत को ध्यान में रखते हुए मानसिक शांति का एक नया ट्रेंड सामने आ रहा है। जिसे कोजीमैक्सिंग कहा जाता है। ये सेल्फ केयर की एक नई तकनीक है, जो आपकी मेंटल हेल्थ को बेहतर बनाने का काम करती है। सोशल मीडिया के माध्यम से कोजीमैक्सिंग आज युवा पीढ़ी में काफी पॉपुलर हो रहा है। ये तनाव से दूर रहने का एक बेहद कारगर और आरामदायक तरीका है, जो आपकी मेंटल हेल्थ को दुरुस्त बनाने का काम करता है। आइए जानते हैं इसके बारे मे विस्तार से...
क्या है कोजीमैक्सिंग? - What is Cozymaxxing?
कोजीमैक्सिंग एक सेल्फ केयर की तकनीक है, जो हल्के और आरामदायक वातावरण के माध्यम से मानसिक शांति पाने करने पर केंद्रित है। इसमें हल्के रंगों की लाइटिंग में रहना, मुलायम कंबल का इस्तेमाल करना, आसपास सुगंधित मोमबत्तियाँ जलाना, और आरामदायक कपड़े पहनना जैसी चीजें शामिल हैं। कोजीमैक्सिंग की प्रक्रिया व्यक्ति के शरीर और मन को आराम देने के लिए जानी जाती है। जिससे उसका तनाव कम हो और मानसिक स्थिति में सुधार हो सके। कोजीमैक्सिंग के फायदे जानने के लिए हमने बात की पारस अस्पताल गुरुग्राम के मनोचिकित्सक डॉ. अनिल कुमार से
बहुत जरूरी है कोजीमैक्सिंग
डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जब आज के समय में लगातार तनाव, थकावट और डिजिटल उत्तेजना लोगों में बढ़ती जा रही है, तो ऐसे में कोजीमैक्सिंग काफी जरूरी प्रक्रिया हो सकती है। कोजीमैक्सिंग आपको ऐसी कंडीशन में एक मानसिक संतुलन प्रदान करता है। कोजीमैक्सिंग से हम अपने आसपास आरामदायक माहौल बनाते हैं, जैसे - सॉफ्ट लाइटिंग, शांत दिनचर्या, आरामदायक कपड़े और रिलेक्स करने वाली एक्टिविटी। ये सभी चीजें आपके तंत्रिका तंत्र को सक्रिय करती हैं और कोर्टिसोल हार्मोन के स्तर को कम करती हैं। यही कारण है कि कोजीमैक्सिंग आज काफी चर्चा में रहता है।
कोजीमैक्सिंग के साइड इफेक्ट
डॉ. अनिल कुमार कहते हैं कि आरामदायक कंडीशन में रिलेक्स हमारे मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, लेकिन अत्यधिक आरामदायक माहौल में बहुत देर तक रुके रहना भी आपके नुकसान पहुंचा सकता है। यदि आप कोजीमैक्सिंग के चलते जब जिम्मेदारियों से बचने लगें, सामाजिक दूरी बनाने लगें और फिजिकल एक्टिविटी बहुत कम कर दें, तो ये फायदे की जगह नुकसानदायक बन सकती है। इसमें आपका लक्ष्य यह होना चाहिए कि 'Cozymaxxing' का उपयोग केवल खुद को रिसेट करने के लिए किया जाए। ताकि फिर से आप पूरी क्षमता के साथ अपने दैनिक काम कर सकें।
कब डॉक्टर की सलाह है जरूरी?
यदि लगातार कोजीमैक्सिंग की प्रक्रिया से गुजरने के बाद भी आपको तनाव का स्तर बना हुआ है। तो आपको डॉक्टर की सलाह लेने पर विचार करना चाहिए। डॉ. अनिल कुमार कहते हैं कि कोजीमैक्सिंग मेंटल रिलेक्सेशन की एक प्रक्रिया हो सकती है। लेकिन इसे मेडिकल हेल्प का विकल्प नहीं माना जा सकता है। कई तरह के तनाव और चिंताएं ऐसी होती हैं, जिससे उबरने के लिए आपको दवाओं की आवश्यकता होती है। इसलिए हमेशा एक्सपर्ट की राय लेना जरूरी है।
कोजीमैक्सिंग के लाभ - Benefits of Cozymaxxing
- तनाव में कमी: आरामदायक वातावरण में रहने से हमारे शरीर में तनाव हार्मोन कोर्टिसोल का स्तर कम होता है, जिससे तनाव में कमी आती है और मानसिक शांति मिलती है।
- बेहतर नींद: आरामदायक वातावरण में कंफर्टेबल कंबल लेकर सोना आपकी रात्रि की नींद को क्वालिटी पूर्ण बना सकता है। वहीं रात में ली गई बेहतर नींद आपको अगले दिन ऊर्जा से भरा हुआ रखती है।
- भावनात्मक संतुलन: कोजीमैक्सिंग करने से व्यक्ति व्यक्ति अपनी भावनाओं को समझने और उन्हें कंट्रोल करने में कारगर हो जाता है, जिससे उसकी मानसिक स्थिति संतुलन में बनी रहती है।
कोजीमैक्सिंग कैसे करें?
- कोजीमैक्सिंग के लिए आप आरामदायक वातावरण बनाएं। जिसमें सॉफ्ट लाइटिंग करना, सुगंधित मोमबत्तियाँ जलाना, और आरामदायक कंबल का उपयोग करना शामिल है।
- कोजीमैक्सिंग के लिए आप आरामदायक कपड़े भी पहन सकते हैं। आरामदायक और मुलायम कपड़े जैसे स्वेटपैंट्स या आरामदायक टी-शर्ट्स पहनकर आप काफी रिलेक्स फील करते हैं।
- आसपास का माहौल सुगंधित रखें इसके लिए आप लैवेंडर, वेनिला या कैमोमाइल जैसे सुगंधित तेलों और मोमबत्तियों का उपयोग कर सकते हैं। खुशबूदार वातावरण आपको मानसिक शांति प्रदान करता है।
- कोजीमैक्सिंग के लिए आपको अपनी पसंदीदा चीजें करनी चाहिए जिसमें आप किताब पढ़ना, हल्का संगीत सुनना, या गर्म चाय पीना जैसी गतिविधियाँ कर सकते हैं। हालांकि आपको ऐसी चीज का चुनाव करना चाहिए जो आपके मन को शांति दें।
- कोजीमैक्सिंग के लिए जरूरी है कि आप कुछ दिन डिजिटल डिटॉक्स करें। जी हां मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों हमारी मेंटल हेल्थ को खराब कर रहे हैं। इसलिए इनसे कुछ समय के लिए दूर रहें, जिससे मानसिक शांति बनी रहे।
निष्कर्ष
कोजीमैक्सिंग मानसिक शांति पाने का एक सरल और प्रभावी तरीका है। यह प्रक्रिया व्यक्ति को अपने शरीर और मन को आराम देने के लिए प्रेरित करती है, जिससे जीवन में संतुलन और सुख की अनुभूति होती है। इसलिए, यदि आप भी तनाव से मुक्ति पाना चाहते हैं, तो कोज़ीमैक्सिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और मानसिक शांति का अनुभव करें।
