What Happens If Cockroach Bite You: अगर किसी के घर में कॉकरोच दिख जाए तो ज्यादातर लोग उसे सिर्फ गंदगी से जोड़कर देखते हैं। लेकिन कई बार लोगों के मन में एक सवाल भी आता है कि अगर कॉकरोच काट ले तो क्या होगा? क्या इससे कोई गंभीर बीमारी हो सकती है, और क्या कॉकरोच के काटने से मौत भी हो सकती है? इंटरनेट पर भी ऐसे सवाल खूब पूछे जाते हैं। इसकी वजह भी साफ है, क्योंकि कॉकरोच लगभग हर घर में किसी न किसी कोने में नजर आ जाते हैं। हालांकि अच्छी बात यह है कि कॉकरोच इंसानों को बहुत कम काटते हैं। फिर भी अगर ऐसा हो जाए तो सही जानकारी होना जरूरी है ताकि बेवजह डरने की बजाय सही कदम उठाए जा सकें।
डॉक्टर से लें कॉकरोच के काटने से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी।
कॉकरोच काटने से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी के लिए हमने बात की अमृता अस्पताल, फरीदाबाद के वरिष्ठ सलाहकार और इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मोहित शर्मा से। डॉ. के मुताबिक, कॉकरोच के काटने के मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं और ज्यादातर मामलों में यह गंभीर नहीं होता। लेकिन कभी-कभी इसकी वजह से कुछ लोगों में एलर्जी या संक्रमण की समस्या बढ़ सकती है। आइए डॉक्टर से ही समझते हैं कि कॉकरोच के काटने से क्या होता है, इसके लक्षण क्या हैं और इलाज कैसे किया जाता है।
कॉकरोच के काटने से क्या होता है
आमतौर पर यह देखा जाता है कि कॉकरोच इंसानों से दूर ही रहते हैं। वे खाने के टुकड़ों, कचरे और गीली जगहों पर ज्यादा पाए जाते हैं। लेकिन अगर किसी घर में कॉकरोच बहुत ज्यादा हो जाएं या उन्हें खाने की कमी हो, तो वे कभी-कभी इंसान की त्वचा को काट सकते हैं।
डॉ. मोहित शर्मा बताते हैं कि यह काटना आमतौर पर हाथों, पैरों, उंगलियों या चेहरे के आसपास देखा जाता है। ज्यादातर मामलों में इससे कोई बड़ी परेशानी नहीं होती, लेकिन काटी गई जगह पर कुछ समय के लिए दिक्कत महसूस हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: लीची खाकर कम हो सकता है मोटापा, डायटीशियन ने बताई सीक्रेट ट्रिक, बस रोज इतनी मात्रा में खाएं
कॉकरोच के काटने के लक्षण भूलकर न करें अनदेखा
कॉकरोच के काटने के लक्षण क्या हैं
अगर किसी व्यक्ति को कॉकरोच ने काट लिया है तो इसके कुछ आम लक्षण देखने को मिल सकते हैं जैसे:
- सबसे पहले उस जगह पर लाल निशान दिखाई दे सकता है
- कई लोगों को वहां खुजली, जलन या हल्की सूजन महसूस होती है
- कभी-कभी हल्का दर्द भी हो सकता है।
कुछ मामलों में अगर उस जगह पर गंदगी या कीटाणु पहुंच जाएं तो घाव बिगड़ सकता है। तब त्वचा ज्यादा लाल दिख सकती है, पस पड़ सकती है या बुखार भी आ सकता है। इसलिए शरीर के ऐसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: रीढ़ की यह छिपी हुई समस्या किशोरों को बना सकती है उम्रभर का मरीज, माता-पिता की ये 5 लापरवाहियां पड़ सकती हैं भारी
कॉकरोच के काटने पर क्या करें
डॉ. मोहित शर्मा की मानें तो अगर आपको लगता है कि कॉकरोच ने काट लिया है तो सबसे पहले प्रभावित जगह को साफ पानी और साबुन से अच्छी तरह धो लें। इससे गंदगी और कीटाणु हटाने में मदद मिलती है।
इसके बाद कोई सामान्य एंटीसेप्टिक क्रीम लगाई जा सकती है। अगर खुजली या जलन ज्यादा हो रही है तो ठंडी पट्टी रखने से आराम मिल सकता है। एक बात का खास ध्यान रखें कि काटी गई जगह को बार-बार खुजलाएं नहीं। ऐसा करने से त्वचा छिल सकती है और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
ध्यान रखें कि अगर सूजन बढ़ती जा रही हो या दर्द ज्यादा महसूस हो रहा हो तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहता है।
कॉकरोच ने काट लिया है तो घर पर करें ये आसान उपाय
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: गर्मियों में डायबिटीज कंट्रोल रखने के लिए अपनाएं ये 5 आयुर्वेदिक डिनर
कॉकरोच काटने का इलाज घर पर कैसे करें
आयुर्वेद की विशेषज्ञ, पंचकर्म स्पेशलिस्ट और आयुर्वेदिक स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा की मानें तो कॉकरोच काटने के हल्के मामलों में कुछ आसान घरेलू उपाय राहत दे सकते हैं जैसे:
- एलोवेरा जेल लगाने से जलन और खुजली कम हो सकती है
- ठंडी सिकाई भी आराम पहुंचा सकती है
- सबसे जरूरी बात यह है कि उस जगह को साफ रखा जाए
हालांकि घरेलू उपाय केवल शुरुआती राहत के लिए हैं। अगर घाव बड़ा होने लगे, पस आने लगे या बुखार जैसा महसूस हो तो घर पर इलाज करने की बजाय डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
क्या कॉकरोच के काटने से मौत हो सकती है
आमतोर कॉकरोच के काटने से जुड़ा यह सवाल लोगों को सबसे ज्यादा परेशान करता है। डॉ. मोहित शर्मा के अनुसार, कॉकरोच के काटने से सीधे मौत होने की संभावना बेहद कम होती है। सामान्य तौर पर यह केवल खुजली, लालिमा या हल्की सूजन जैसी परेशानी पैदा करता है।
हालांकि जिन लोगों को किसी चीज से जल्दी एलर्जी हो जाती है या जिनकी शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत कमजोर होती है, उनमें समस्या थोड़ी बढ़ सकती है। अगर ऐसी स्थिति में समय पर इलाज न मिले तो दिक्कत गंभीर हो सकती है। लेकिन सामान्य परिस्थितियों में कॉकरोच का काटना जानलेवा नहीं माना जाता।
कॉकरोच का काटना लोगों के लिए कितना खतरनाक हो सकता है
इंसानों के लिए कितना खतरनाक है कॉकरोच का काटना
विशेषज्ञों का कहना है कि कॉकरोच के काटने से ज्यादा चिंता उनकी गंदगी और उनसे फैलने वाले कीटाणुओं की होती है। कॉकरोच अक्सर कूड़े-कचरे और गंदी जगहों पर घूमते हैं। ऐसे में वे कई तरह के बैक्टीरिया अपने साथ ला सकते हैं।
यही वजह है कि घर को साफ रखना, खाने की चीजों को ढककर रखना और कचरे को समय पर बाहर फेंकना बहुत जरूरी माना जाता है। अगर घर में कॉकरोच लगातार दिखाई दे रहे हैं तो उन्हें खत्म करने के उपाय भी करने चाहिए।
डॉक्टर क्या देते हैं सलाह
डॉक्टर कहते हैं कि कॉकरोच का काटना सुनने में डरावना लग सकता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में यह गंभीर नहीं होता। आमतौर पर इससे खुजली, लाल निशान या हल्की सूजन जैसी समस्या होती है। कॉकरोच के काटने से मौत होने की संभावना बेहद कम होती है, लेकिन अगर सूजन तेजी से बढ़े, घाव में संक्रमण दिखे या सांस लेने में परेशानी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
डॉ. मोहित शर्मा के मुताबिक, सही समय पर देखभाल और साफ-सफाई ही इस समस्या से बचने का सबसे अच्छा तरीका है। इसलिए घर को साफ रखें और कॉकरोचों को पनपने का मौका न दें।
