New Drug Helps Treat Childhood Cancer: बच्चों में होने वाला न्यूरोब्लास्टोमा एक ऐसा कैंसर है जो अक्सर दोबारा लौट आता है और कई बार कीमोथेरेपी भी उस पर असर नहीं करती। ऑस्ट्रेलिया के शोधकर्ताओं ने अब एक नई दवा के कॉम्बिनेशन की पहचान की है, जो इस चुनौती को कम कर सकती है। यह नया तरीका कैंसर सेल के छिपे हुए रास्तों को पकड़कर ट्यूमर की ग्रोथ रोकने में मदद कर सकता है, जिससे बच्चों के इलाज के और बेहतर विकल्प सामने आते हैं।
न्यूरोब्लास्टोमा के इलाज में नई उम्मीद
न्यूरोब्लास्टोमा के इलाज में नई उम्मीद
ऑस्ट्रेलिया के शोधकर्ताओं ने एक ऐसी दवा का पता लगाया है जो बच्चों में पाए जाने वाले न्यूरोब्लास्टोमा कैंसर के उपचार में मददगार हो सकती है। यह कैंसर दिमाग के बाहर बनने वाला सबसे आम ठोस ट्यूमर है और इसकी सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इलाज के बाद भी 10 में से 9 मामलों में बीमारी दोबारा लौट आती है। नई खोज के अनुसार, यह दवा कैंसर सेल की उस प्राकृतिक रक्षा-व्यवस्था को बायपास करती है जो कीमोथेरेपी के असर को रोक देती है।
रोमिडेप्सिन कैसे कर रहा है असर
गारवन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च की टीम ने समझाया कि मंजूर की गई लिम्फोमा दवा रोमिडेप्सिन कैंसर सेल के उन रास्तों को सक्रिय कर देती है, जिनसे कीमोथेरेपी-रेसिस्टेंट सेल भी नष्ट हो सकते हैं। आमतौर पर मानक कीमोथेरेपी जेएनके पाथवे पर निर्भर करती है, लेकिन दोबारा हुए ट्यूमर में यह पाथवे काम करना बंद कर देता है। रोमिडेप्सिन इस बंद रास्ते को बाइपास कर दूसरे सेल-डेथ पाथवे को सक्रिय कर ट्यूमर को खत्म करने में मदद करता है।
परीक्षण में दिखा मजबूत प्रभाव
जानवरों पर किए गए प्रयोगों में यह कॉम्बिनेशन न सिर्फ ट्यूमर की ग्रोथ रोकने में सफल रहा, बल्कि मरीज की रिकवरी की संभावना भी बढ़ी। स्टडी में यह भी पाया गया कि इस संयोजन से कीमोथेरेपी की डोज कम की जा सकती है, जिससे छोटे बच्चों में साइड इफेक्ट कम होने की उम्मीद है। यही वजह है कि इसे न्यूरोब्लास्टोमा के नए इलाज के रूप में तेजी से आगे बढ़ाया जा सकता है।
अभी और परीक्षण जरूरी
शोधकर्ताओं का कहना है कि रोमिडेप्सिन पहले से ही दूसरे कैंसर में उपयोग की जा रही दवा है, इसलिए इसे बच्चों के लिए सुरक्षित मानने के संकेत मौजूद हैं। हालांकि, न्यूरोब्लास्टोमा के मामलों में इसे क्लिनिकली उपयोग करने से पहले व्यापक परीक्षण और ट्रायल की जरूरत होगी ताकि इसकी सुरक्षा और प्रभाव पूरी तरह साबित किया जा सके।
Inputs: IANS
