Right Way To Eat Curd In Hindi: गर्मियों के मौसम में ठंडा रहने के लिए हम सभी ऐसी चीजों का सेवन करते हैं, जो कूलिंग भी हो और हेल्दी भी। जब गर्मी को मात देने की बात आती है, तो दही और इससे बने ड्रिंक लोगों की पहली पसंद होते है। दही एक सुपर हेल्दी फूड है। सिर्फ इसलिए नहीं क्योंकि यह शरीर को ठंडक देता है। बल्कि इसलिए क्योंकि यह पोषक तत्वों का पावरहाउस भी है। इसमें प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन बी, फैट्स और कई अन्य जरूरी न्यूट्रिएंट्स भी होते हैं। इनके अलावा, दही में एक खास चीज होती है, जो इसे किसी भी अन्य फूड के कई गुणा हेल्दी और शक्तिशाली बनाती है। वह है इसमें मौजूद बैक्टीरिया। दही को एक बेहतरीन प्रोबायोटिक माना जाता है। अगर सही तरीके से इसका सेवन किया जाए तो, पाचन क्रिया दुरुस्त करने से शरीर को फौलाद जैसा मजबूत बनाने तक कई चमत्कारी फायदे मिल सकते हैं। लेकिन हम में से ज्यादातर लोग गर्मी में गलत तरीके से दही का सेवन करते हैं। इससे उनकी सेहत को फायदा कम बल्कि नुकसान ज्यादा होते हैं। गर्मी में दही खाते समय आपको किस गलती से बचना चाहिए और इसके सेवन का सही तरीका क्या है, इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
Right Way To Eat Curd
गर्मी में दही खाते समय न करें ये गलती - Mistake To Avoid While Eating Curd In Summer
गर्मी में ज्यादातर लोगों आपने देखा होगा कि वे बर्तन में दही डालते हैं और सीधा इसका सेवन करना शुरू कर देते हैं। कुछ लोग इसमें चीनी मिला लेते हैं, तो वहीं कुछ नमक मिलाकर इसका सेवन करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं, गर्मी में दही का सेवन इस तरह करने से परहेज करने की सलाह दी जाती है। हम में से ज्यादातर लोग ऐसा मानते हैं कि दही की तासीर ठंडी होती है और शरीर में जाने के बाद यह हमारे शरीर को ठंडक प्रदान करती है, लेकिन आपको बता दें आयुर्वेद की सभी संहिताओं में दही को गर्म बताया गया है। आयुर्वेद के अनुसार, दही की तासीर ठंडी नहीं बल्कि गर्म होती है। यही कारण है कि दही खाने वाले लोगों को अक्सर चेहरे पर कील-मुंहासे जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए गर्मी में कभी भी दही को सीधे तौर पर खाने की सलाह नहीं दी जाती है, नमक मिलाकर तो बिल्कुल भी नहीं। नमक मिलाकर दही का स्वाद भले ही बढ़ सकता है, लेकिन इसमें मौजूद बैक्टीरिया नष्ट हो जाते हैं, जो दही के प्राण होते हैं। इस तरह दही खाने से आपकी सेहत को कई नुकसान हो सकते हैं जैसे,
- त्वचा से जुड़ी समस्याएं
- शरीर में गर्मी बढ़ सकती है
- पाचन क्रिया खराब हो सकती है
- एलर्जी हो सकती है
- आंत स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है
गर्मी में दही खाने का सही तरीका क्या है - Right Way To Having Curd In Summer In Hindi
भले ही दही की तासीर गर्म होती है, लेकिन क्या आप जानते हैं लस्सी और छाछ की तासीर ठंडी होती है, जबकि दोनों को ही दही से तैयार किया जाता है। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है? आयुर्वेद के अनुसार, जब आप दही से छाछ या लस्सी बनाई जाती है, तो इनमें पानी मिलाकर इन्हें पतला किया जाता है। जब दही में पानी मिलाया जाता है, तो इसकी तासीर बैलेंस हो जाती है। इसकी गर्मी कम हो जाती है और यह शरीर को ठंडक देती है। इस तरह दही में मौजूद बैक्टीरिया भी बरकरार रहते हैं। इसलिए अगर आप गर्मी में दही का फायदा लेना चाहते हैं, तो दही में पानी मिलाकर, लस्सी या छाछ के रूप में इसका सेवन करें।
लेकिन ध्यान रखें कि आप भले ही दही में कुछ मीठा मिला सकते हैं फिर चाहे वह चीनी हो, शक्कर, बूरा, गुड़ या मिश्री, लेकिन नमक मिलाने की सलाह नहीं दी जाती है। अगर आप दही में नमक मिलाकर खाना ही चाहते हैं, तो ऐसे में सफेद नमक के बजाए सेंधा नमक का प्रयोग करें, वह भी बहुत थोड़ी मात्रा में।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
