40 की उम्र के बाद महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं। जिसमें कुछ बदलाव पोषण से जुड़े तो कुछ हार्मोनल चेंजेस के हो सकते हैं। उम्र के इस पड़ाव पर जल्दी थकान और कमजोर हड्डियां आम समस्याएं बनती जा रही हैं। इसके अलावा चेहरे पर आने वाली झुर्रियां भी उम्र का इशारा करने लगती हैं। लेकिन क्या आप 40 के बाद भी जवान दिखना चाहती हैं तो आपके लिए हम कुछ कारगर योगासन लेकर आए हैं। जी हां आज हम आपको 3 ऐसे योगासनों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे आप रोजाना कर अपनी उम्र के असर को कम कर सकती हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से..
1. सर्वांसान
शरीर पर उम्र के असर को कम करने के लिए यह एक बेहद कारगर योगासन है। इस आसन को करने के लिए योगा मैट पर सीधे लेट जाएं। अब अपने पैरों को ऊपर की ओर उठाएं और अपने हाथों से कमर को सहारा दें। इस दौरान अपने पैरों को बिल्कुल सीधा रखें। इस पूर्ण अवस्था में कुछ देर रुकने के बाद वापस सामान्य स्थिति में आएं। इस प्रक्रिया को कम से 5-6 बार दोहराएं।
2. हलासन
चेहरे की झुर्रियां खत्म करने और कमर की लचक और मजबूती को बढ़ाने के लिए हलासन एक कारगर योगासन है। इसके लिए आप योगा मैट पर सीधे पीठ के बल लेट जाएं। इसके बाद अपनी हथेलियों को जमीन की ओर रखें। इसके बाद सांस अंदर भरते हुए पैरों को धीरे-धीरे उठाएं और और 90 डिग्री का कोण बनाएं। अब अपनी पीठ को भी ऊपर उठाते हुए सांस बाहर छोड़ते हुए पैरों को पीछे की ओर ले जाएं। इसके बाद धीरे-धीरे पैरों के पंजों को जमीन से छूने की कोशिश करें। इस स्थिति में 1 मिनट तक रुकने का प्रयास करें।
3. शीर्षासन
इसे हैड पोज के नाम से भी जाना जाता है। चेहरे पर उम्र के असर को सबसे तेजी से कम करने के लिए इसे जाना जाता है। इसके लिए आप योगा मैट पर सीधे लेट जाएं और खुद को बैलेंस करते हुए सिर के बल खड़े हो जाएं। इस समय आपको अपने हाथों से भी शरीर को सहारा देना है। इस स्थिति में 1 मिनट तक रुकने का प्रयास करें। यह आपके लिए बेहद फायदेमंद योगासन साबित होता है।
