Best Seeds For Men Health (पुरुषों के लिए 5 फायदेमंद बीज): हम अक्सर बड़ी-बड़ी चीजों पर ध्यान देते हैं, लेकिन कई बार छोटी चीजें ही सेहत के लिए ज्यादा असरदार साबित होती हैं। खासकर पुरुषों की हेल्थ की बात करें, तो फर्टिलिटी, हार्ट हेल्थ, कमजोरी या स्ट्रेस जैसी समस्याएं धीरे-धीरे बढ़ने लगती हैं। ऐसे में कुछ साधारण बीज शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। आयुर्वेदिक डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट दीक्षा भावसार के मुताबिक किचन में आसानी से मिलने वाले 5 बीज पुरुषों की स्पर्म क्वालिटी, प्रोस्टेट हेल्थ और ओवरऑल फिटनेस को सपोर्ट करते हैं। अगर इन्हें सही तरीके से डाइट में शामिल किया जाए तो लंबे समय तक फायदा मिल सकता है।
कद्दू के बीज
कद्दू के बीज में जिंक अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पुरुषों की फर्टिलिटी के लिए जरूरी माना जाता है। जिंक स्पर्म बनने की प्रक्रिया को सपोर्ट करता है और उनकी क्वालिटी बेहतर करने में मदद कर सकता है। इसमें मौजूद ओमेगा-3 और मैग्नीशियम हड्डियों की मजबूती और शरीर की ताकत बनाए रखने में भी सहायक माने जाते हैं।
अलसी के बीज
अलसी के बीज में ALA यानी ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है, जो हार्ट हेल्थ को सपोर्ट करता है और कोलेस्ट्रॉल बैलेंस रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद लिग्नान प्रोस्टेट हेल्थ के लिए उपयोगी माने जाते हैं। हालांकि आयुर्वेद के अनुसार जिन लोगों का स्पर्म काउंट कम है या जो कंसीव करने की प्लानिंग कर रहे हैं, उन्हें अलसी के बीज लेने से पहले सावधानी रखनी चाहिए।
चिया सीड्स
चिया सीड्स शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देने के लिए जाने जाते हैं। ये मसल्स को मजबूत रखने और हार्मोन बैलेंस बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। जो पुरुष जल्दी थक जाते हैं या कमजोरी महसूस करते हैं, उनके लिए चिया सीड्स डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
काले तिल
काले तिल एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं और आयुर्वेद में इन्हें रिप्रोडक्टिव हेल्थ के लिए अच्छा माना जाता है। ये स्पर्म मोटिलिटी और लिबिडो को सपोर्ट करने में मदद कर सकते हैं। इसके साथ ही तिल दिमाग और याददाश्त के लिए भी लाभकारी माने जाते हैं।
सूरजमुखी के बीज
सूरजमुखी के बीज में विटामिन E, जिंक और सेलेनियम पाए जाते हैं, जो स्पर्म सेल को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। ये प्रोस्टेट और दिल की सेहत को सपोर्ट करते हैं और शरीर में स्ट्रेस कम करने में भी सहायक माने जाते हैं। नियमित सेवन से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है।
रोज कैसे खाएं ये 5 बीज
डॉ. दीक्षा भावसार के अनुसार इन पांचों बीजों को बराबर मात्रा में मिलाकर रोज लगभग 1 चम्मच लिया जा सकता है। आप इसे सुबह खाली पेट या शाम के समय हल्के स्नैक की तरह ले सकते हैं। छोटी-सी यह आदत धीरे-धीरे शरीर पर अच्छा असर दिखा सकती है और पुरुषों की सेहत को अंदर से मजबूत बनाने में मदद कर सकती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
