भूटान में सिर्फ 6 घंटे में कैसे बने 108 बौद्ध स्तूप? जानिए PM मोदी वाले 76वें स्तूप की पूरी कहानी

Bhutan PM Modi Stupa: भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में बनाए गए 108 पवित्र बौद्ध स्तूपों में से 76वें स्तूप को प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस सम्मान पर अपनी भावना व्यक्त की।

Bhutan PM Modi Stupa: भूटान ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐसा सम्मान दिया है, जो इससे पहले किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री को नहीं मिला। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में बनाए गए 108 पवित्र बौद्ध स्तूपों में से एक खास स्तूप को प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित किया है। यह 76वां स्तूप है, जिसे अब हमेशा के लिए पीएम मोदी के नाम से जाना जाएगा। भूटान के राजा ने सोशल मीडिया पर इस ऐतिहासिक पल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह विशेष समर्पण सोमवार को तब किया गया, जब गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में 108 स्तूपों का निर्माण पूरा हो गया। इस अवसर पर भूटान के राजा और भारत के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संयुक्त रूप से एक विशेष तख्ती का अनावरण किया। इसी तख्ती पर 76वें स्तूप को पीएम मोदी को समर्पित किए जाने का उल्लेख है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस सम्मान पर अपनी भावना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे भूटान के राजा और भूटान की जनता की गर्मजोशी और उदारता के इस भाव से गहराई से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैं इसे भारत के लोगों की ओर से गहरी कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। यह जंगचुब चोर्टेन हमारी साझा आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत और हमारे लोगों के बीच दोस्ती के विशेष बंधन का एक स्थायी प्रतीक बना रहेगा।

Stupa

76वां स्तूप (फोटो साभार- @KirenRijiju/AI)

6 घंटे में बने 108 स्तूप

इन 108 स्तूपों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि भूटान ने 1 नवंबर 2026 को मात्र 6 घंटे के भीतर सभी 108 बौद्ध स्तूपों का निर्माण कर इतिहास रच दिया। भूटान में इन स्तूपों को स्थानीय भाषा में 'जंगचुब चोर्टेन' कहा जाता है। 108 स्तूपों का एक साथ बनना सिर्फ निर्माण का काम नहीं था, बल्कि यह एक आध्यात्मिक अनुष्ठान था। सैकड़ों भिक्षुओं, कारीगरों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने मिलकर इस काम को पूरा किया। भूटान की परंपरा में इस तरह का सामूहिक निर्माण शांति, समृद्धि और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है। बता दें कि 'गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी' भूटान के राजा का ड्रीम प्रोजेक्ट है। यह एक ऐसा शहर होगा, जो भूटान की पारंपरिक आध्यात्मिकता और ग्रॉस नेशनल हैप्पीनेस की अवधारणा को आधुनिक इनोवेशन, ग्रीन टेक्नोलॉजी और आर्थिक विकास के साथ जोड़कर बनाएगा। इन 108 स्तूपों का निर्माण इसी शहर की आध्यात्मिक नींव रखने के लिए किया गया।

End of Feed